बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 12 जून। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी. एस. सिंह देव ने गुरुवार को बलौदा बाजार दौरे के दौरान राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद उन्होंने सुशासन तिहार, किसानों की समस्याओं और केंद्र सरकार की कृषि नीतियों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मीडिया से चर्चा करते हुए सिंहदेव ने कहा कि सुशासन केवल कुछ दिनों के अभियान तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनका कहना था कि यदि सरकार वास्तव में जनता के हित में काम करना चाहती है तो उसे पूरे वर्ष लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमित अवधि के कार्यक्रमों से आम जनता की वास्तविक परेशानियां दूर नहीं हो सकतीं।
किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता के मुद्दे पर भी सिंहदेव ने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में कोटा और सीमित मात्रा की बाध्यता किसानों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। सैथ ही आशंका जताई कि ऐसी परिस्थितियों में कालाबाजारी को बढ़ावा मिलने की संभावना रहती है।
उर्वरकों पर विदेशी निर्भरता पर चिंता
केंद्र सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए सिंहदेव ने कहा कि देश अब भी बड़ी मात्रा में उर्वरकों के लिए बाहरी देशों पर निर्भर है। उनका मानना है कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए पहले से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए थी, ताकि किसानों को आपूर्ति संकट का सामना न करना पड़े।
किसानों के मुद्दों पर आक्रामक होगी कांग्रेस
बलौदाबाजार दौरे के दौरान सिंहदेव ने संकेत दिए कि कांग्रेस आने वाले समय में किसानों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े विषयों पर सरकार को लगातार घेरने का काम करेगी।


