बलौदा बाजार

अवैध संबंध, भाभी को मार डाला, देवर हिरासत में
12-Jun-2026 3:26 PM
अवैध संबंध, भाभी को मार डाला, देवर हिरासत में

घर के पीछे बाड़ी में मिली थी खून से लथपथ लाश

 'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलौदाबाजार, 12 जून।
शहर के सिविल लाइन इलाके में एक महिला की उसके ही घर के पीछे बाड़ी में खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।  बलौदाबाजार पुलिस ने आरोपी देवर को हिरासत में ले लिया है।
मृतका की पहचान पुष्पा ध्रुव के रूप में हुई है। महिला का शव घर के पीछे बाड़ी में पड़ा मिला।उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। आसपास खून फैला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और साइबर सेल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सूचना के बाद लगभग 4 बजे पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।

प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले, जिसके आधार पर शक परिवार के ही एक सदस्य पर गया। पुलिस ने मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतका और उसके देवर के बीच पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच इस रिश्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर पहले महिला को छत पर मुक्का मारकर नीचे गिरा दिया। आरोप है कि वह नीचे पहुंचा और पास में रखी ईंट उठाकर महिला के सिर और चेहरे पर लगातार वार करता रहा। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी  लखेश केंवट का कहना है कि महिला के देवर के साथ महिला का प्रेम संबंध था। उसके देवर ने ही भाभी की हत्या की। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। महिला उसे परेशान करती थी, इसलिए आरोपी ने उससे पीछा छुड़ाने के लिए घटना को अंजाम दिया।
मोबाइल कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ी जा सके। पुलिस पड़ोसियों और परिजनों के बयान भी दर्ज कर रही है।


अन्य पोस्ट