बलौदा बाजार

अश्लील वीडियो फैलाने की धमकी दे वसूली, महाराष्ट्र से आरोपी बंदी
03-May-2026 10:00 PM
अश्लील वीडियो फैलाने की धमकी दे वसूली, महाराष्ट्र से आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 3 मई। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर भयादोहन (एक्सटॉर्शन) करने वाले आरोपी को सोनाखान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से हिरासत में लिया गया, जिसकी पहचान तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2024 को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाइल नंबर से उसे उसका अश्लील वीडियो भेजकर वायरल करने की धमकी दी गई और 2000 रु. की मांग की गई। आरोपी द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर प्रार्थी ने 1000 ट्रांसफर भी कर दिए। इसके बाद आरोपी ने दोबारा 15,000 रु. की मांग कर भयादोहन किया।

मामले में धारा 384 भादवि एवं 67ए आईटी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने मोबाइल नंबर, बैंक खाता और क्यूआर कोड का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे आरोपी के महाराष्ट्र के कोल्हापुर में छिपे होने की जानकारी मिली।

सोनाखान पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो बार दबिश दी, लेकिन वह हर बार चकमा देकर फरार हो गया। अंतत: तीसरी बार सटीक रणनीति बनाकर पुलिस ने कोल्हापुर में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमप्रकाश सहिस कुरियारी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने 2 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट