बलौदा बाजार

मां की हत्या, थाने पहुंच किया सरेंडर, आरोपी बेटा बंदी
23-Apr-2026 2:52 PM
मां की हत्या, थाने पहुंच किया सरेंडर, आरोपी बेटा बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 अप्रैल।
बलौदाबाजार जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पारिवारिक विवाद के कारण एक बेटे ने अपनी 65 साल की मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। यह पूरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मगरवाय ग्राम की बताई जा रही है।

जानकारी के मतुाबिक, पुलिस ने आरोपी बेटे को तत्काल हिरासत में ले लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है, वहीं घटना की सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घर के अंदर महिला का शव लहूलुहान हालत में मिला। सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान बेबी बाई वर्मा (65 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम धनेश्वर प्रसाद वर्मा (42 वर्ष) बताया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के दौरान आरोपी ने लकड़ी के पटिया से हमला किया, जिससे महिला की मृत्यु हो गई।

पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों की पुष्टि के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, आसपास के लोगों और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

 


अन्य पोस्ट