बलौदा बाजार

भाजपा सरकार के इशारों पर ईडी द्वारा चैतन्य की गिरफ्तारी-शैलेश नितिन
25-Jul-2025 9:34 PM
भाजपा सरकार के इशारों पर ईडी द्वारा चैतन्य की गिरफ्तारी-शैलेश नितिन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 25 जुलाई। कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने संक्षिप्त चर्चा में कहा कि भाजपा की पूरी सरकार एवं सरकार के सभी मंत्रियों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा की गई गिरफ्तारी को सही साबित करने के लिए पत्रकार वार्ता की गई है, जो कि निम्नस्तरीय हैं। भाजपा के मंत्रियों द्वारा भूपेश बघेल के ऊपर पुत्र मोह का जो आरोप लगाया जा रहा है वह सरासर निंदनीय हैं। चैतन्य बघेल से केवल भूपेश ही नहीं अपितु पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं को उनसे लगाव हैं। भाजपा सरकार के इशारों पर ईडी द्वारा चैतन्य बघेल के जन्मदिन के अवसर पर की गई गिरफ्तारी को लेकर पूरे प्रदेश के लोगों में नाराजगी हैं।

 

आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के साथ ही अडानी के द्वारा हसदेव जंगल की कटाई शुरू कर दी थी जबकि उस समय प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा भी नहीं हुई थी। उसी प्रकार पिछले दिनों तमनार के जंगलों को काटा गया हैं। उसका जवाब भारतीय जनता पार्टी को देना पड़ेगा। अदानी जैसे उद्योगपति को फायदा पहुंचाने के लिए प्रदेश के आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन की जिस प्रकार लूट की जा रही है उसका जवाब प्रदेश की भाजपा सरकार को देना होगा। आदिवासियों के साथ हो रहे इस प्रकार के व्यवहार को कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी, हम इनकी आराजकता का डटकर जवाब देंगे।


अन्य पोस्ट