सामान्य ज्ञान
वेबसाइट द रिचेस्ट डॉट कॉम के अनुसार, प्रजातियों की संख्या के अनुसार विश्व के 10 सबसे बड़े चिडिय़ाघर इस प्रकार हैं-
1- बर्लिन जूलॉजिकल गार्डन-84 एकड़ क्षेत्र में फैले इस चिडिय़ाघर में जानवरों की लगभग डेढ़ हजार प्रजातियां हैं। बर्लिन के टियरगार्डन में स्थित यह चिडिय़ाघर सन् 1844 में खोला गया था। यह जर्मनी का सबसे पुराना चिडिय़ाघर है। इसमें लगभग साढ़े 1जीव-जंतु हैं। हर साल तीन लाख से ज्यादा लोग इसे देखने आते हैं।
2- कोलंबस चिडिय़ाघर और एक्वेरियम-ओहियो के पॉवेल में स्थित इस चिडिय़ाघर में हर साल 23 लाख से ज्यादा दर्शक आते हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका ने कई मौकों पर इस चिडिय़ाघर को सर्वोच्च दर्जा दिया है। यह 580 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इस समय इसमें लगभग 793 प्रजातियों के 9 हजार से ज्यादा जीव-जंतु हैं।
3- टोरंटो चिडिय़ाघर- यह सन् 1974 में कनाडा के टोरंटों में खोला गया था। कनाडा का यह सबसे बड़ा चिडिय़ाघर लगभग 710 एकड़ भू-भाग पर फैला हुआ है। इसे सात हिस्सों में वर्गीकृत किया गया है, जिसमें विश्व के विभिन्न भागों से लाए गए पशु-पक्षी रखे गए हैं। वर्तमान में यहां 491 प्रजातियों के 5 हजार से ज्यादा जानवर हैं।
4- बीजिंग चिडिय़ाघर- इस चिडिय़ाघर में चीन के दुर्लभ जानवरों का संग्रह है। इसका निर्माण 1906 में हुआ था। 219 एकड़ में बने इस चिडिय़ाघर में जानवरों की 950 प्रजातियां हैं। चिडिय़ाघर के पसंदीदा जानवर दक्षिण चीनी बाघ, चीनी घडिय़ाल और चीनी ग्रेट सैलामेंडर हैं। यहां हर साल लगभग छह लाख दर्शक आते हैं।
5- हेनरी डूर्ली चिडिय़ाघर और मछलीघर- नेब्रास्का के ओमाहा में स्थित यह चिडिय़ाघर पहले एक पार्क था, जिसका निर्माण 1864 में किया गया था। अब इसका विस्तार 130 एकड़ में कर दिया गया है। यह चिडिय़ाघर जानवरों की लगभग 962 प्रजातियों का घर है। इसके साथ यह उत्तरी अमेरिका में बिल्ली प्रजाति के जानवरों का सबसे बड़ा संकुल है।
6- मॉस्को चिडिय़ाघर- 1864 में मॉस्को में स्थापित यह चिडिय़ाघर यूरोप के प्राचीनतम चिडिय़ाघरों में से एक है। 53 एकड़ में फैले इस चिडिय़ाघर में जानवरों की लगभग 927 प्रजातियां हैं और जीव-जंतुओं की कुल संख्या 6 हजार के करीब है।
7- नेशनल जूलॉजिकल गरडस ऑफ साउथ अफ्रीका- दक्षिण अफ्रीका के प्रीटोरिया में स्थित यह चिडिय़ाघर 210 एकड़ जमीन पर फैला है। यह दक्षिण अफ्रीका का राष्ट्रीय चिडिय़ाघर है। यहां 705 प्रजातियों के लगभग 9 हजार जानवर हैं।
8- ब्रांक्स चिडिय़ाघर- न्यूयॉर्क के ब्रांक्स में बने इस पार्क के बीच से होकर ब्रोक्स नदी भी बहती है। 265 एकड़ क्षेत्र में विस्तृत इस चिडिय़ाघर में 650 प्रजातियों के लगभग 4 हजार जानवर हैं।
9- लंदन चिडिय़ाघर- यह दुनिया का सबसे पुराना वैज्ञानिक चिडिय़ाघर है, जिसकी स्थापना 1828 में वैज्ञानिक अध्ययन के लिए की गई थी। यह 36 एकड़ जमीन पर बना है। यहां जानवरों की 755 प्रजातियां और लगभग 16 हजार जानवर हैं। इस चिडिय़ाघर द्वारा हाल ही में सुमात्रा के बाघ को बचाने की मदद के लिए टाइगर एसआरएस कार्यक्रम चलाया गया था।
10- सैन डियागो चिडिय़ाघर- कैलीफोर्निया के सैन डियागो के बालाबोआ पार्क में स्थित इस चिडिय़ाघर में 650 प्रजातियों और उपप्रजातियों के लगभग 3 हजार 700 जानवर हैं। यह सौ एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला है। यह संरक्षण और संरक्षण के प्रयासों में सबसे ज्यादा तत्पर चिडिय़ाघरों में से एक माना जाता है।