सामान्य ज्ञान

बिल्लियों से फैलने वाला संक्रमण टोक्सोप्लाजमोसिस
29-Sep-2022 5:42 PM
बिल्लियों से फैलने वाला संक्रमण टोक्सोप्लाजमोसिस

टोक्सोप्लाजमोसिस (टोक्सो) एक कोशिकीय परजीवी टोक्सोप्लाजमा गोंड़ी के कारण होने वाला संक्रमण है। यह संक्रमण सबसे अधिक बिल्लियों और उनके मल के संपर्क में आने या कच्चे मांस के सेवन से होता है। यह जीव दुुनिया के आम परजीवियों में से एक है। एक आंकलन के अनुसार अमरीका में 60 लाख से अधिक लोगों में टोक्सोप्लाजमोसिस परजीवी हो सकते हैं। जानकारी के अभाव में बहुत की कम लोगों को इसके लक्षण मालूम पड़ते हैं।  स्वस्थ प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में आमतौर पर इस परजीवी के होने के लक्षण पता ही नहीं चल पाते हैं।

टोक्सोप्लाजमोसिस कुछ लोगों में फ्लू जैसे लक्षण भी पैदा कर सकता है। इससे प्रभावित अधिकतर लोगों में इसके कोई लक्षण नहीं दिखाई देते हैं।  संक्रमित माताओं से जन्में शिशुओं के लिए कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए टोक्सोप्लाजमोसिस जटिल समस्याएं पैदा कर सकता है। जिन परिवारों में बिल्लियां पाली जाती हैं, उन परिवारों में यह संक्रमण होने की ज्यादा आशंका रहती है। संक्रमित मांस खाने से यह परेशानी पहले बिल्ली को होती है और फिर यह परिवार में फैल जाती है। बिल्लियों में टोक्सोप्लाजमोसिस के परजीवी के अंडे दूषित भोजन या फिर पानी से भी हो सकते हैं। टोक्सोप्लाजमोसिस परजीवी बिल्ली में अपना जीवन चक्र पूरा करता है और उसके मल के द्वारा टोक्सोप्लाजमा के लाखों अंडों का उत्पादन करता है। टोक्सोप्लाजमोसिस से पीडि़त व्यक्ति को मांसपेशियों में दर्द, बुखार , सांस लेने में तकलीफ और मस्तिष्क में सूजन जैसी समस्याएं होती हैं। टोक्सोप्लाजमोसिस से पीडि़त माताओं के जन्म लेने वाले बच्चे अंधेपन या मिर्गी की समस्या से पीडि़त हो सकते हैं।


अन्य पोस्ट