ताजा खबर
भोपाल, 12 मार्च। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि प्रदेश सरकार ने नयी आबकारी नीति में शराब पीने पर नैतिक प्रतिबंध लगाया है।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जन-कल्याण और विकास कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है।
चौहान यहां रवींद्र भवन में प्रदेश की ‘मातृ शक्ति के सम्मान, सुरक्षा एवं हितों के अनुरूप आबकारी नीति’ लाने पर अपने अभिनंदन समारोह में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने कहा, ‘‘सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर रोक लगाई गई है। दुर्घटनाएं रोकने और समाज-सुधार की दृष्टि से यह बड़ा कदम है।’
उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को मैं मां, बहन, बेटी और मित्र के रूप में देखता हूं। दीदी को कभी निराश नहीं करूंगा। माता-बहनों और बेटियों पर अत्याचार के खिलाफ मैंने और दीदी ने मिल कर कार्य किया है। इसी का परिणाम लाडली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना है।
चौहान ने कहा, “मैं वर्षों से उमा दीदी के साथ काम करता आया हूं। दीदी जगत-कल्याण के लिए कार्य करती हैं। वे अन्याय कभी सहन नहीं करती हैं। समाज-सुधारक हैं। नशा मुक्ति, गाय की रक्षा और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही हैं। सरस्वती उनके कंठ में विराजमान हैं।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के माध्यम से बहनों के खाते में प्रतिमाह एक-एक हजार रूपए डाले जाएंगे।
चौहान ने कहा कि मैं दीदी के सुझावों पर हमेशा कार्य करूंगा। अच्छे कार्यों के लिए मुझे सदैव दीदी का आशीर्वाद मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। उनकी प्रेरणा से ही मैं यह कार्य कर पाया हूं। बेटी और बहन के कल्याण के लिए बेहतर से बेहतर कार्य किये जाएंगे।
इस अवसर पर उमा भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने नयी आबकारी नीति लाकर ऐतिहासिक कार्य किया है। इसके लिये उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, “नयी नीति से मैं बहुत खुश हूं। मुझे आत्म-संतोष है। मुख्यमंत्री ने मेरे मन की कामना पूरी की है। ऐसी आबकारी नीति भारत के किसी भी राज्य में नहीं है।”
भारती ने कहा कि नयी नीति में शराब पीकर वाहन नहीं चला सकते हैं और न ही सड़क पर चल सकते हैं। यह नीति ऐसे हालात पैदा कर देगी कि लोग शराब छोड़ने के लिए मजबूर हो जायेंगे। समाज की मर्यादा रखने में यह नीति मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि नीति का पालन कराना प्रशासन के साथ जन-प्रतिनिधियों की भी बड़ी जिम्मेदारी है।
पुलिसकर्मियों का समर्थन करते हुए भारती ने कहा, ‘‘पुलिस को शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को बिना किसी डर के दंडित करना चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।’’ (भाषा)
भोपाल, 12 मार्च (भाषा)। मध्य प्रदेश पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता को कथित तौर पर 'कॉल गर्ल' द्वारा पीटे जाने की खबर साझा करने के लिए प्रदेश कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट संभालने वाले के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस ने एक हिंदी अखबार की खबर साझा की थी, जिसमें दावा किया गया था कि ‘अय्याशी के बाद पैसे नहीं देने पर कॉल गर्ल ने भाजपा नेता को सैंडल से पीटा’।
भोपाल पुलिस की अपराध शाखा के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने भाजपा नेता राजेंद्र गुप्ता की शिकायत पर शुक्रवार रात भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (2) के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।’’
अधिकारी ने बताया कि भाजपा की भोपाल जिला इकाई के मीडिया प्रभारी गुप्ता ने शिकायत में कहा कि तथ्यों की पुष्टि किए बिना ट्वीट किया गया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘एक प्रतिष्ठित अखबार की खबर पोस्ट करने पर भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘समाज के सभी वर्गों के बीच विश्वास खो चुकी भारतीय जनता पार्टी की सरकार अब अभिव्यक्ति के हर माध्यम को कुचल देना चाहती है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लड़ती रहेगी।’’
पटना, 12 मार्च। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के इस दावे को शनिवार को “अफवाह” बताया कि उनके और परिवार के करीबी सदस्यों के परिसरों पर छापेमारी के दौरान उसे अपराध से अर्जित 600 करोड़ रुपये के बारे में पता चला है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव फिलहाल अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में हैं। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि यदि उन्होंने छापेमारी के बाद हस्ताक्षर किए जाने वाले पंचनामे को सार्वजनिक कर दिया तो भाजपा शर्मिंदा हो जाएगी।
यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहते हुए कथित होटल के बदले जमीन घोटाले का जिक्र करते हुए कहा, “याद करिए- 2017 में भी कथित 8,000 करोड़ का लेन-देन, हजारों करोड़ का मॉल, सैंकड़ों संपत्तियां, अभी चंद महीनों पहले गुरुग्राम में अरबों का व्हाइटलैंड कंपनी का अर्बनक्यूब मॉल भी मिला था। भाजपाई अब कथित 600 करोड़ का नया हिसाब लाने से पहले अपने सूत्रों को पुराने का तो हिसाब दे देते।”
राजद के नेता ने कहा, “भाजपा सरकार द्वारा सूत्रों के हवाले से इधर-उधर की भ्रामक अफवाह फैलाने अथवा खबर प्लांट करवाने की बजाय रेड के बाद हस्ताक्षर किए जाने वाले पंचनामा (जब्ती की सूची) ही सावर्जनिक कर देनी चाहिए। अगर हम इसे सार्वजनिक कर देंगे तो इन बेचारे नेताओं की क्या इज्जत रहेगी? सोच लो..।”
इससे पहले आज प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि उसने राजद प्रमुख लालू प्रसाद के परिवार के खिलाफ रेलवे से जुड़े धनशोधन मामले में छापा मारने के बाद एक करोड़ रुपये की “बेहिसाब नकदी” जब्त की है और “ अपराध से अर्जित 600 करोड़ रुपये का पता लगाया है।” (भाषा)
नयी दिल्ली, 12 मार्च। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) की पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर सवाल उठाया।
बीबीसी ने पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी और चर्चित एंकर गैरी लाइनकर को सोशल मीडिया पर ब्रिटेन सरकार की आव्रजन नीतियों की आलोचना करने पर निलंबित कर दिया है और “दक्षिणपंथियों की ओर से प्रतिक्रिया की आशंका” के मद्देनजर एक वृत्तचित्र के प्रसारण पर रोक लगा दी है। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए ठाकुर ने यह बात कही।
ठाकुर ने लाइनकनर को निलंबित करने के दो समाचार साझा करते हुए बीबीसी पर निशाना साधा।
उन्होंने ट्वीट किया, “पत्रकारिता की निष्पक्षता व स्वतंत्रता के बारे में बड़े-बड़े दावे करने वाले बीबीसी द्वारा अपने स्टार एंकर को सोशल मीडिया गतिविधि को लेकर निलंबित करते देखना दिलचस्प है। एक और दिलचस्प बात यह है कि बीबीसी ने उस वृत्तचित्र के प्रसारण को निलंबित कर दिया है, जिससे उसे समाज के एक वर्ग के नाराज होने का डर था।”
ठाकुर ने कहा, ‘‘फर्जी विमर्श कायम करना और नैतिक पत्रकारिता स्वाभाविक रूप से विरोधाभासी हैं। मनगढ़ंत तथ्यों के जरिए दुष्प्रचार में लिप्त लोगों से स्पष्ट रूप से नैतिक समझ या पत्रकारिता की स्वतंत्रता के लिए खड़े होने की उम्मीद नहीं की जा सकती।’’
उल्लेखनीय है कि इस साल जनवरी में सरकार ने 2002 के गुजरात दंगों पर बीबीसी के वृत्तचित्र ‘द मोदी क्वेश्चन’ पर प्रतिबंध लगाते हुए इसे दुष्प्रचार का हथकंडा करार दिया था।
पिछले महीने, आयकर विभाग ने दिल्ली और मुंबई में बीबीसी कार्यालयों में एक सर्वेक्षण किया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बीबीसी पर हमलावर रुख अपनाते हुए इसे ‘सबसे भ्रष्ट’ करार दिया था। साथ ही बीबीसी पर भारत के खिलाफ ‘विषैला’ प्रचार करने का आरोप लगाया था। (भाषा)
गुवाहाटी, 12 मार्च। गौहाटी उच्च न्यायालय ने महिला अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की तुलना ‘ राक्षस’ से करने के मामले में एक वकील को आपराधिक अवमानना का दोषी करार दिया है।
न्यायमूर्ति कल्याण राय सुराणा और न्यायमूर्ति देवाशीष बरुआ की खंडपीठ ने वकील उत्पल गोस्वामी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद शुक्रवार को आदेश पारित किया।
दरअसल, वकील ने पहले एक याचिका दायर की थी जो जोरहाट के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की अदालत में लंबित थी। वकील ने न्यायाधीश के पहनावे के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दावा किया था कि उन्होंने अधिवक्ताओं की दलील नहीं सुनी, अदालत को नियंत्रित करने की कोशिश की और पौराणिक राक्षस 'भस्मासुर' की तरह व्यवहार किया।
इसके बाद उच्च न्यायालय ने मामले में स्वत: संज्ञान लिया।
उच्च न्यायालय द्वारा मांगे गए एक हलफनामे में, गोस्वामी ने अपराध स्वीकार किया और बिना शर्त माफी मांगी।
उच्च न्यायालय ने वकील को दोषी करार दिया और 10,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत पर रिहा कर दिया।
मामले पर 20 मार्च को दोबारा सुनवाई होगी। (भाषा)
नयी दिल्ली, 12 मार्च। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की अनदेखी करने के रवैये को खत्म किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुरुषों और लड़कों को समझना चाहिए कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जबतक समाज अपनी जिम्मेदारी को नहीं समझेगा और खुद में बदलाव नहीं लाएगा तबतक दिल्ली को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने की सभी कोशिशें बेकार जाएंगी।
केजरीवाल दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार के विजेताओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार वितरित कर वह रोमांचित महसूस कर रहे हैं, खासतौर पर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की महिला चालको को।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार डीटीसी बेड़े में और महिला चालकों को शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ उन्होंने डीटीसी की 31 महिला चालकों को सम्मानित किया।
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) द्वारा शुरू किए गए पुरस्कार समारोह में करीब 100 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार उन महिलाओं को दिया जाता है जिन्होंने महिलाओं के प्रति असाधारण साहस और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है।
समारोह को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘साल में सभी 365 दिन महिलाओं के लिए हैं लेकिन यह महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए एक खास दिन है। एक कहावत है : उम्र महज एक संख्या है। आज इस कार्यक्रम में 104 वर्षीय और 106 वर्षीय महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है। हमें उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज डीसीडब्ल्यू अवार्ड्स प्रतिष्ठित पुरस्कार बन गए हैं। पुरस्कार जीतने वाली सभी महिलाओं को बधाई।’’
केजरीवाल ने कहा, ‘‘ यह कहावत है कि उम्र महज संख्याएं हैं। आज इस कार्यक्रम में 104 और 106 साल उम्र की महिलाओं को सम्मानित किया गया है। हमें इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।’’
तीन बुजुर्ग महिलाओं 105 वर्षीय कुट्टियम्मा कोंथी और रमा बाई और 95 वर्षीय भगवानी देवी डागर को सम्मानित किया गया है। (भाषा)
भोपाल, 12 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लोकसभा सदस्य प्रज्ञा ठाकुर ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को विदेशी धरती पर दिए गए उनके कुछ विवादास्पद बयानों के लिए उन्हें देश से निकाल करके फेंक दिया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता गांधी ने सोमवार को लंदन में ब्रिटिश सांसदों से कहा था कि भारत की लोकसभा में विपक्ष के लिए माइक अकसर ‘खामोश’ करा दिए जाते हैं। राहुल ने हाउस ऑफ कॉमन्स परिसर में स्थित ग्रैंड कमेटी रूम में विपक्षी दल लेबर पार्टी के भारतीय मूल के सांसद वीरेंद्र शर्मा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की।
मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से सांसद ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि चाणक्य ने कहा था कि ‘‘विदेशी महिला से उत्पन्न पुत्र कभी देशभक्त नहीं हो सकता’’ और ‘‘राहुल गांधी ने इस कथन को सच साबित कर दिया है।’’
ठाकुर ने आगे कहा, ‘‘हमारे भारत के नहीं हो, मान लिया हमने, क्योंकि जो आपकी माताजी हैं वह इटली की हैं।’’
वह राहुल गांधी द्वारा संसद में विपक्ष की आवाज दबाए जाने के आरोपों पर पूछे गए सवालों का जवाब दे रही थीं।
पलटवार करते हुए भाजपा सांसद ने दावा किया कि कांग्रेस संसद की कार्यवाही चलने नहीं दे रही है।
ठाकुर ने कहा, ‘‘अगर संसद का कामकाज आराम से हो तो ज्यादा काम हो सकेगा। (लेकिन) अगर ज्यदा काम होगा, तो उनका (कंग्रेस) अस्तित्व नहीं बचेगा। उनका (कांग्रेस) अस्तित्व समाप्ति की कगार पर है। अब उनका मस्तिष्क भी भ्रष्ट हो रहा है।’’
ठाकुर ने कहा, ‘‘वे (राहुल गांधी) नेता हैं। आपको जनता ने चुना है और आप जनता का अपमान कर रहे हैं। देश का अपमान कर रहे हैं आप।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप विदेशों में बैठ करके कहते हो कि हमें संसद में बोलने का अवसर नहीं मिल रहा है। इससे शर्मनाक बात और कुछ नहीं हो सकती। इन पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करना चाहिए कि हमारे देश में कैसी राजनीति कर रहे हैं यह। अब इनको राजनीति का अवसर नहीं देना चाहिए। इनको इस देश से निकाल करके फेंक दें।’’
भाजपा सांसद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्यप्रदेश में कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं।
मालूम हो कि प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ 29 सितंबर 2008 को महाराष्ट्र के मालेगांव में हुए बम विस्फोटों के संबंध में मामला दर्ज है। इसमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे। (भाषा)
नयी दिल्ली, 12 मार्च। दिल्ली पुलिस ने उस फार्महाउस से कुछ दवाइयां बरामद की है जहां अभिनेता-फिल्म निर्माता सतीश कौशिक एक पार्टी में शामिल हुए थे। इसके एक दिन बाद दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कौशिक (66) का बृहस्पतिवार की तड़के गुरुग्राम के एक अस्पताल ले जाते वक्त दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
उनकी बुधवार रात को तबीयत बिगड़ी थी और उन्हें दिल्ली से सटे गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अस्पताल से कौशिक की मौत की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद, आगे की कार्यवाही के लिए शव को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (डीडीयू) अस्पताल ले जाया गया था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) राजीव कुमार ने बताया कि अब तक की पूछताछ में पता चला है कि कौशिक अपने मैनेजर संतोष राय के साथ बुधवार सुबह लगभग 10 बजे दिल्ली आये थे और अपने दोस्त विकास मालू के बिजवासन स्थित घर में ठहरे थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिनेता के मैनेजर के मुताबिक, उन्होंने अपराह्न तीन बजे तक होली मनाई थी और शाम या रात में कोई पार्टी नहीं हुई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मैनेजर के मुताबिक रात लगभग नौ बजे कौशिक ने खाना खाया और फिर टहलने के बाद अपने कमरे में चले गये थे और फिर उन्होंने फिल्मों की कुछ ‘क्लिप’ देखी।
कुमार ने बताया कि देर रात लगभग 12 बजे कौशिक ने अपने मैनेजर को बुलाया जो बगल के कमरे में ही ठहरे थे और उन्होंने बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान घटनास्थल पर या मृतक के कमरे से कुछ भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है, सिवाय कुछ दवाओं के। उसने बताया कि सभी प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए।
पुलिस ने बताया कि मौके से लगे सीसीटीवी फुटेज को भी जब्त कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि डीडीयू अस्पताल में डॉक्टरों के बोर्ड ने बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि मृत्यु का प्रारंभिक कारण कोरोनरी धमनी में रुकावट के कारण दिल का दौरा पड़ना है और मौत स्वाभाविक प्रतीत होती है।
कुमार ने बताया कि हृदय और रक्त एफएसएल की हिस्टोपैथोलॉजी अध्ययन रिपोर्ट के अवलोकन के बाद ही अंतिम राय के बारे में बताया जायेगा।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कौशिक के परिवार के संपर्क में है और उन्होंने किसी तरह की साजिश का कोई संदेह नहीं जताया है।
उन्होंने बताया कि बहरहाल, सीआरपीसी की धारा 174 के तहत पुलिस की कार्रवाई जारी है।
‘‘तेरे नाम’’ और ‘‘मुझे कुछ कहना है’’ जैसी फिल्मों का निर्देशन करने वाले कौशिक के परिवार में पत्नी शशि और बेटी वंशिका है। (भाषा)
नयी दिल्ली, 12 मार्च। प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को बताया कि भारतीय रेल के ‘नौकरियों के बदले जमीन’ घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के परिवार के खिलाफ छापों में एक करोड़ रुपये की अघोषित नकदी जब्त की है और अपराध के माध्यम से प्राप्त 600 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है।
केन्द्रीय एजेंसी ने कहा कि लालू प्रसाद के परिवार और उनके सहयोगियों के लिए रियल एस्टेट और अन्य क्षेत्रों में किए गए निवेशों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
ईडी ने शुक्रवार को लालू प्रसाद के पुत्र व बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के दिल्ली स्थित परिसर सहित परिवार के सदस्यों के विभिन्न परिसरों पर छापा मारा।
केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हाल ही में इस मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री पति-पत्नी लालू प्रसाद और राबड़ी देवी से पूछताछ की थी।
ऐसा आरोप है कि संप्रग सरकार में 2004 से 2009 में लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहते हुए, भारतीय रेल में नौकरी के बदले लोगों ने यादव परिवार और उनके सहयोगियों को भूखंड उपहार में दिए हैं या फिर उन्हें जमीनें सस्ते दाम पर बेचा है।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने तेजस्वी यादव को पूछताछ के लिए शनिवार को बुलाया था, लेकिन वह व्यक्तिगत कारणों से उपस्थित नहीं हो सके और नयी तारीख देने का अनुरोध किया है।
वहीं, ईडी ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘छापों में अघोषित एक करोड़ रुपये नकद, 1,900 अमेरिकी डॉलर सहित विदेशी मुद्रा, सोने के 540 सिक्के, सोने के करीब 1.5 किलोग्राम गहने, जिनकी कीमत 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है, मिले।’’
एजेंसी ने कहा, ‘‘(लालू प्रसाद के) परिवार के सदस्यों के नाम वाले विभिन्न संपत्तियों के दस्तावेज, बिक्री दस्तावेज आदि सहित तमाम दस्तावेज, बेनामी संपत्ति के रिकॉर्ड मिले हैं जो अवैध तरीके से अर्जित भूखंड़ों की ओर संकेत करते हैं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं।’’
केन्द्रीय एजेंसी ने कहा कि छापों के दौरान ‘‘अभी तक अपराध के माध्यम से अर्जित करीब 600 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है जो 350 करोड़ रुपये की अचल और 250 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति के रूप में है।’’
विशेष रूप से तेजस्वी यादव का नाम लेते हुए ईडी ने कहा कि दक्षिण दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कालोनी में बना डी-1088 एक चार मंजिला बंगला है जो एबी एक्सपोर्टस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से है।
इस मामले में कंपनी को ‘लाभार्थी फर्म’ कहा गया है।
ईडी ने कहा कि इस कंपनी के मालिक तेजस्वी यादव और उनके परिवार के लोग हैं और वही इसे चलाते हैं, और ऐसा दिखाया गया है कि इस मकान को महज चार लाख रुपये में खरीदा गया है जबकि इसकी बाजार में मौजूदा कीमत करीब 150 करोड़ रुपये है। (भाषा)
नयी दिल्ली, 12 मार्च। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कथित ‘नौकरी के बदले जमीन’ घोटाले के सिलसिले में पूछताछ के लिए शनिवार को निजी कारणों का हवाला देते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के सामने पेश नहीं हुए।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने तेजस्वी को पहले चार मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह सीबीआई अधिकारियों के समक्ष पेश नहीं हुए थे, जिसके बाद शनिवार को पेश होने को कहा गया।
अधिकारियों के अनुसार अब तेजस्वी ने निजी कारणों से नयी तारीख की मांग की है। उन्होंने कहा कि एजेंसी उन्हें पूछताछ के लिए आगे किसी तारीख पर बुला सकती है।
सीबीआई ने हाल ही में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी से क्रमश: दिल्ली और पटना में पूछताछ की थी।
यह मामला रेलवे में कथित तौर पर नौकरी पाने के लिए लालू प्रसाद के परिवार और उनके सहयोगियों को तोहफे में जमीन देने या सस्ती जमीन बेचने से संबंधित है।
तेजस्वी यादव ने अपने माता-पिता से हाल में हुई पूछताछ के बाद आरोप लगाया था कि जांच एजेंसियां केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं।
तेजस्वी ने गत सोमवार को बिहार विधानसभा परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि यह सभी को पता है कि जांच एजेंसियां भाजपा के राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ काम कर रही हैं, और उन लोगों की मदद कर रही हैं जो उस पार्टी के साथ गठबंधन करने के लिए सहमत हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने मामले में आपराधिक षड्यंत्र और भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के प्रावधानों के तहत लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और 14 अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है और सभी आरोपियों को 15 मार्च को अदालत में पेश होने के लिए समन भेजा गया है।
यादव परिवार के सदस्यों ने आरोपों से इनकार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि चल रही जांच में एजेंसी को मिली ताजा जानकारी के आधार पर आगे की तफ्तीश के तहत नये दौर की पूछताछ हो रही है।
बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार ने शनिवार को संकेत दिया कि वह सहयोगी दल राजद की इस दलील से सहमत हैं कि लालू प्रसाद और उनके परिवार के सदस्यों पर सीबीआई और ईडी की हालिया कार्रवाई ‘राजनीति से प्रेरित’ है। (भाषा)
मस्तूरी पुलिस ने जांच शुरू की
बिलासपुर, 11 मार्च। नवजात और शिशुओं को राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत लगाए जा रहे वैक्सीन से एक नवजात मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने थाने में पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच का भरोसा दिया है।
शुक्रवार की दोपहर में गतौरा का राजू केंवट अपनी पत्नी को साथ लेकर 64 दिन के बच्चे प्रियांशु के साथ टीका लगवाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र गया था। पिता का कहना है कि वह जब उसे टीके के लिए ले गया तो बेटा पूरी तरह से स्वस्थ था। नवजात को 3 टीके एक साथ लगाए गए। टीका लगवा कर लौटा तो उसे तेज बुखार आया और करीब 2 बजे देर रात उसकी सांसें थम गईं। टीका लगने के बाद से ही उसकी तबीयत बिगड़ने लग गई थी। इसकी शिकायत आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता से भी उसने की थी। आरोप है कि ध्यान नहीं दिया गया,यह कहा गया कि यह सामान्य लक्षण हैं। नवजात की मौत के बाद पीड़ित परिजन थाने पहुंच गए। उन्होंने टीकाकरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
मस्तूरी पुलिस ने शिकायत ले ली है। थाना प्रभारी प्रकाश कांत ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वैक्सीनेशन संबंधी कोई परिस्थितियां उत्पन्न हुई होगी तो उसकी जांच की जाएगी और कानून सम्मत कार्रवाई होगी।
-इमरान क़ुरैशी
केरल के रहने वाले सी शुकूर और और उनकी पत्नी डॉक्टर शीना को विशेष विवाह अधिनियम के तहत दोबारा शादी करने को लेकर विरोध का सामना करना पड़ रहा है. मुसलमान संगठनों और विद्वानों ने उनकी इस शादी की कड़ी आलोचना की है.
सी शुकूर पेशे से वकील हैं और डॉक्टर शीना महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी की उपकुलपति रह चुकी हैं. 29 साल पहले 1994 में दोनों की शरिया क़ानून से शादी हुई थी. सी शुकूर इस विरोध के ख़िलाफ़ कहते हैं कि विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी रजिस्टर करके उन्होंने सिर्फ़ अपनी बेटियों के हितों की सुरक्षा की है.
शुकूर और शीना ने केरल के कासरगोड़ ज़िले में होसदुर्ग में सब रजिस्ट्रार के सामने शादी रजिस्टर की थी. उन्होंने ये शादी आठ मार्च को महिला दिवस के मौके पर की थी.
इस दंपति के लिए ये बेहद खुशी का मौका था. उनके परिवार के सदस्य रजिस्ट्रार के दफ़्तर में इकट्ठा हुए. रजिस्ट्रार के सामने हस्ताक्षर करने के बाद उनके परिवार के सदस्यों और दोस्तों ने ताली बजाई. सी शुकूर के भाई की पत्नी शकीरा मुनीर इस शादी की गवाह बनीं.
शुकूर ने बीबीसी हिंदी से कहा, ''बिल्कुल, हम बेटियों वाले परिवारों को एक संदेश दे रहे हैं कि हमारे क़ानून में उनके पास ये विकल्प मौजूद है. वो इस विकल्प के ज़रिए इस समाज में अपनी बेटियों को बेटों के बराबर दर्जा दे सकते हैं.''
शुकूर ने बीबीसी हिंदी को पहले बताया था, "मुस्लिम लॉ के सिद्धांतों में लिंग के आधार पर ढेरों भेदभाव हैं. ये पितृसत्तामक क़ानून है और पुरुषों को प्रधान मानने की मानसिकता के साथ लिखा गया है. ये क़ुरान और सुन्ना की शिक्षाओं के ख़िलाफ़ है."
"अल्लाह के आगे सभी पुरुष और महिला बराबर हैं लेकिन 1906 में डीएच मुल्ला ने 'मुस्लिम लॉ के सिद्धांत' तय करते हुए इसकी जो व्याख्या की उससे ज़ाहिर होता है कि पुरुष महिलाओं से ज़्यादा ताक़तवर हैं और पुरुष महिलाओं का नियंत्रण करेंगे. इसी आधार पर उन्होंने विरासत क़ानून तैयार किया."
शुकूर और उनकी पत्नी की तीन बेटियां हैं. उनके कोई बेटा नहीं है. मौजूदा मुस्लिम लॉ के मुताबिक बेटियों को उनकी ज़ायदाद का दो तिहाई हिस्सा मिलेगा. बाकी का एक तिहाई हिस्सा उनके भाई को हासिल होगा. उनके भाई के एक बेटे और बेटियां हैं. उनके भाई के बच्चों को पिता से सारी संपत्ति हासिल होगी.
शुकूर इसके लिए विकल्प बताते हैं कि भले ही आपकी शादी शरिया के मुताबिक हुई फिर भी मुसलमान दंपति अपनी शादी विशेष विवाह अधिनियम की धारा 15 के तहत अपनी शादी पंजीकृत करा सकते हैं.
इससे मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत जो संपत्ति बेटियों के चाचा या ताऊ को जाती है वो बेटियों के पास ही रहेगी.
लेकिन, उनके इस कदम को लेकर कहा जा रहा है कि ''उन्होंने वो सीमाएं लांघ दी हैं जो उन्हें नहीं लांघनी चाहिए थीं.''
इस्लामिक विद्वान और कोझीकोड में प्रोफाउंड अकादमी के निदेशक मुस्तफ़ा तनवीर बीबीसी हिंदी को बताते हैं, ''विरासत को लेकर इस्लामिक क़ानून स्पष्ट हैं. लेकिन, इसमें जिस समानता की बात हो रही, इस्लाम में समानता के मायने वो नहीं हैं.''
''समानता को लेकर ये बहुत ही आधुनिक समझ है जो महिलावाद, लोकतंत्र और मानवाधिकार की सार्वभौमिक घोषणा जैसे आधुनिक अभियानों से निकली है.''
ये बयान ऐसे समय में आया है जब कुछ मुसलमान संगठन पहले से विरासत क़ानून में बदलाव का विरोध कर रहे हैं.
केरल नदवातुल मुजाहिदीन की युवा ईकाई इत्तेहादुल शुब्बनिल मुजाहिदीन और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमलएल) ये घोषणा कर चुके हैं कि वो मुसलमानों के विरासत के क़ानून में बदलाव की मांग का विरोध करने के लिए अभियान शुरू करेंगे. ये अभियान 15 मार्च से शुरू किया जाएगा.
शरिया और संविधान
शुकूर इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं हैं कि शरिया के तहत विरासत का क़ानून 'दैवीय क़ानून' है.
वह कहते हैं, ''पैगंबर ने उस समय की स्थितियों के अनुसार विचार किया था. उस समय लड़कियों के लिए संपत्ति की अवधारणा नहीं थी. लेकिन, अब समाज इतना विकसित हो गया है कि बेटियों के विकास के अलग-अलग पहलुओं के बारे में सोचने लगा है.''
डॉक्टर शीना कन्नूर विश्वविद्यालय में लॉ डिपार्टमेंट की प्रमुख हैं. वह कहती हैं, ''विरासत एक क़ानून है. ये समान होना चाहिए. साथ ही ये भारत के संविधान के ख़िलाफ़ नहीं होना चाहिए. विरासत को अनुच्छेज 13 के तहत देखा जाना चाहिए.'' संविधान के अनुच्छेद 13 में मूल अधिकारों को संरक्षित किया गया है.
इसके ख़िलाफ़ तनवीर कहते हैं, ''जब निकाह का प्रावधान है तो आप विशेष विवाह अधिनियम को चुन रहे हैं और इस तरह ये दिखा रहे हैं कि आपको धार्मिक आधार के बजाए एक धर्मनिरपेक्ष अनुबंध चाहिए. इस्लाम में इसे प्रोत्साहन नहीं दिया जाता.''
''भारत में हो ये रहा है कि जब इस्लाम से जुड़ा कोई मसला चर्चा के लिए आता है तो उदारवादी और प्रगतिशील लोग इस तरह बोलते हैं कि दुर्भाग्य से धर्मनिरपेक्षता की बात से हिंदुत्व का आभास होता है. इस तरह की चर्चाएं इस्लामोफोबिया को बढ़ाती हैं और उसे अगले स्तर पर ले जाती हैं.''
लेकिन, शुकूर का कहना है कि वो और उनकी पत्नी ''धार्मिक नेताओं और शरिया को चुनौती नहीं दे रहे हैं. हम मौजूदा मुस्लिम पसर्नल लॉ को भी चुनौती नहीं दे रहे हैं. हम सिर्फ़ उस रास्ते को चुन रहे हैं जो कोई भी मुसलमान माता-पिता अपनी बेटी के लिए चुन सकते हैं.''
परिवार में कोई विवाद नहीं
मुसलमान समुदाय में क़ानून और शादी को लेकर इस विवाद का सी शुकूर के परिवार पर कोई असर नहीं पड़ा है.
शुकूर की भाभी शकीरा मुनीर बीबीसी हिंदी से कहती हैं कि दोबारा शादी करने से कोई फर्क नहीं पड़ता. ''अगर हमें शरिया क़ानून के तहत संपत्ति मिल भी जाती तो हम उसे बेटियों को वापस कर देते. मुझे नहीं लगता कि हमारा परिवार इसे स्वीकार करता.''
वह दोबारा शादी करने को लेकर कहती हैं, ''अगर वो समाज में कुछ बदलाव लाने जा रहे हैं, वो भी खासतौर से बेटियों को लेकर, तो ये अच्छी बात है.'' (bbc.com/hindi)
-प्रभाकर मणि तिवारी
पर्वतीय राज्य सिक्किम में शनिवार शाम को भारी बर्फ़बारी के कारण सीमावर्ती इलाके नाथुला से लौट रहे सौ से ज्यादा वाहनों में सवार करीब 900 पर्यटक रास्ते में ही फंस गए.
राहत और बचाव कार्य के लिए सेना उतारनी पड़ी. सिक्किम पुलिस ने इसकी जानकारी दी.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेना के जवानों ने कुछ पर्यटकों को देर रात राजधानी गंगटोक लाया गया.
बाकी लोगों को वहां पास में ही स्थित सेना के शिविर में रात गुज़ारनी पड़ी. उनको सुबह राजधानी पहुंचाने का इंतज़ाम किया जा रहा है.
सेना के सूत्रों ने बताया कि नाथुला और गंगटोक के बीच 15 माइल इलाक़े में 900 पर्यटक फंस गए थे.
यह लोग सीमावर्ती इलाक़े नाथुला और यहां की जानीमानी छांगू झील देखने के बाद लौट रहे थे. ये इलाक़ा गंगटोक से क़रीब 42 किमी दूर है.
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें रास्ते में जमी बर्फ़ को हटाने में जुटी हैं. कुछ पर्यटकों को नज़दीकी सेना छावनी में ले जाकर वहां उनके खाने-पीने और इलाज का इंतजाम किया गया है.
भारी बर्फ़बारी के कारण सिक्किम में प्रशासन ने कुछ दिनों के लिए नाथुला और छांगू झील जाने के लिए पास जारी करने पर रोक लगा दी है. (bbc.com/hindi)
भारतीय जनता पार्टी की भोपाल से लोकसभा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देश से बाहर निकाल देना चाहिए. प्रज्ञा ठाकुर हाल ही में लंदन दौरे पर दिए गए राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया दे रही थीं.
राहुल गांधी ने बीते सोमवार ब्रिटेन के सांसदों के साथ एक कार्यक्रम में कहा था कि भारत में विपक्षी नेताओं के माइक बंद कर दिए जाते हैं.
प्रज्ञा ठाकुर ने ये भी कहा कि चाणक्य के अनुसार "विदेशी मां से जन्मा पुत्र कभी भी देशभक्त नहीं हो सकता है और राहुल गांधी ने इस कथन को सच साबित किया है."
बीजेपी सांसद ने कहा, "आपको (राहुल गांधी) देश की जनता ने चुना है और आप जनता का, देश का अपमान कर रहे हैं. आप हमारे भारत के नहीं हो मान लिया हमने, क्योंकि आपकी माताजी इटली की हैं."
इसके बाद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा, "ये हमने नहीं चाणक्य ने कहा है कि विदेशी महिला से उत्पन्न पुत्र कभी देशभक्त नहीं हो सकता. ये राहुल गांधी ने तय कर दिया. क्योंकि भारत की जनता ने आपको सांसद चुना. इतने सालों तक देश में कांग्रेस की सरकार रही. आपने देश को खोखला कर दिया."
"आप विदेशों में बैठकर कहते हो कि हमें संसद में बोलने का अवसर नहीं मिल रहा है. इससे शर्मनाक बात और कुछ नहीं होती. मैं ऐसे राहुल गांधी को धिक्कारती हूं. इनपर प्रश्चनचिह्न खड़ा करना चाहिए कि कैसे राजनीति कर रहे हैं ये. अब इन्हें राजनीति का अवसर नहीं दिया जाना चाहिए. इनको देश से निकालकर फेंक देना चाहिए."
प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर अब तक कांग्रेस की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
हालांकि कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर अब से कुछ घंटे पहले राहुल गांधी की एक तस्वीर पोस्ट की है. ये तस्वीर उनके लंदन दौरे की है. (bbc.com/hindi)
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा है कि जब वह छोटी थीं, तब उनके पिता ने उनके साथ यौन शोषण किया था.
एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में स्वाति मालीवाल ने कहा, "जब मैं छोटी थी, मेरे अपने पिता मेरा यौन शोषण करते थे. वो मुझे बहुत मारते थे, बहुत पीटते थे. जब वो घर आते थे, तो बहुत डर लगता था."
"मैं कई बार बिस्तर के नीचे छिप जाती थी और पूरी रात प्लानिंग करती थी कि इस तरह के आदमी जो महिलाओं-बच्चों के साथ शोषण करते हैं, उनके कैसे सबक सिखाऊंगी."
कुछ ही दिन पहले बीजेपी की नेता और अब राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य खुशबू सुंदर ने भी अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा था कि जब वो आठ साल की थीं, तब उनके पिता ने उनका यौन उत्पीड़न किया था. उन्होंने कहा था कि ये उनके लिए सबसे मुश्किल परिस्थिति थी.
खुशबू सुंदर ने हाल ही में जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम 'वी द वुमन' में कहा कि जब वह 15 साल की थीं, तब उन्होंने अपने पिता के ख़िलाफ़ बगावत करना शुरू कर दिया. इसके बाद, उनके पिता ने परिवार को बेसहारा छोड़ दिया.
उन्होंने कहा, "जो सबसे मुश्किल चीज़ मुझे लंबे समय तक परेशान करती रही, जिसे भूल नहीं सकती और कभी माफ नहीं करूंगी, लेकिन उसे पीछे छोड़ कर आगे बढ़ूंगी, वह मेरे बचपन में मेरे पिता द्वारा किया गया यौन उत्पीड़न है. जब एक बच्ची या बच्चे का यौन उत्पीड़न किया जाता है, तब यह उसे जीवन भर कचोटता है." (bbc.com/hindi)
किसान सभा ने कहा- सब्सिडी गैस सिलेंडर की तरह खत्म करने की साजिश
रायपुर, 12 मार्च। मोदी सरकार का फरमान है कि अब खाद की दुकान पर सब्सिडी वाला खाद खरीदने वालों को पहले मशीन पर अपनी जाति लिखानी होगी। किसान सभा ने खाद खरीदी के वक़्त किसानों की पहचान के लिए उनकी जाति की शिनाख्त करने को सरासर अनुचित बताया है और आदेश को बेहूदा बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ किसान सभा के अध्यक्ष संजय पराते और महासचिव ऋषि गुप्ता ने कहा है कि अंगूठे के निशान लेने जैसी बायोमेट्रिक प्रणाली का इस्तेमाल लोगों को बाहर करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आधार से जुड़ी खाद बिक्री मशीन लाकर खाद सब्सिडी के मौजूदा तरीके को सीधे बैंक ट्रांसफर की दोषपूर्ण योजना में बदलना चाहती है। अखिल भारतीय किसान सभा ऐसी कोशिशों के सख्त खिलाफ है।
किसान सभा नेताओं ने कहा कि रसोई गैस की सब्सिडी के बैंक ट्रांसफर की योजना के अनुभवों से साफ़ हो चुका है कि यह सब्सिडी देने का नहीं, उसे खत्म करने का तरीका है। सीधे बैंक ट्रांसफर की योजना भूमि स्वामित्व रिकॉर्ड से जुड़ी होती है। इसलिए भूमिहीन और बंटाईदार किसान सब्सिडी से पूरी तरह वंचित हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि खाद की सब्सिडी कीमतों में होनी चाहिए और सरकार को सस्ती तथा नियंत्रित दरों पर आपूर्ति के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध करानी चाहिए। पिछली दो वर्षों में किसानों के गुस्से के चलते सरकार भले खाद की कीमतें बढ़ाने में सफल नहीं हुई, मगर उपलब्धता में भारी कटौती कर दी है। नतीजा यह निकला है कि किसान अपनी आवश्यकता के मुताबिक़ खाद नहीं खरीद पा रहे हैं। खाद की कालाबाजारी बेहिसाब तेजी से बढ़ रही है।
अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध छत्तीसगढ़ किसान सभा ने जाति की जानकारी लेने वाले इस बेतुके आदेश को तत्काल वापस लेने और खाद की बिक्री मशीनों का इस्तेमाल और उनको आधार से जोड़ने का निर्णय वापस लेने की मांग की है तथा किसानो को सस्ती तथा नियंत्रित दरों पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
-बिपाशा
ओपन बिल्ड स्टोर्क, पेंटेड स्टोर्क, कोर्मोरेंट्स जैसे प्रवासी पक्षियों का खूटाघाट, खारंग जलाशय पर स्थित टापू प्रजनन के लिए एक महत्वपूर्ण ठिकाना है। बिलासपुर के पर्यावरण प्रेमी नागरिक इस टापू पर से इन पक्षियों के आशियाने को उजाड़ कर छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल का यहां पर ग्लास हाउस या रेस्टोरेंट जैसी परियोजनाओं के लिए गहन निर्माण कार्य के प्रस्ताव का लगातार विरोध कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने भी इस मुद्दे पर तीव्र विरोध दर्ज कराया है।
सहज बुद्धि और मानवीय बौद्धिक क्षमता का प्रयोग करते हुए देखें तो हम समझ पाएंगे कि इस तरह के निर्माण से इस जलाशय/वेटलैंड इकोसिस्टम को बहुत क्षति पहुंचेगी। हम जिस जलवायु परिवर्तन के दौर में हैं, साथ ही पृथ्वी पर जीवन को कायम रखने के लिए जिन सतत विकास के लक्ष्यों की ओर देखते हैं, इस तरह की मूर्खतापूर्ण परियोजनाओं से तो हम कुछ हासिल नहीं कर सकते बल्कि इस से उलट सब कुछ ध्वस्त कर देंगे।
हमारे देश में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के कानून के तहत वन्यजीवों का वर्गीकरण किया गया है| मुख्य रूप से जिन प्रवासी पक्षियों की यहां बात हो रही है, वे सब चतुर्थ अनुसूची में आते हैं, जिनके शिकार या अवैध व्यापार पर पूर्ण प्रतिबन्ध है। इनके संरक्षण को विशेष महत्व दिया गया है। इस कानून के तहत हमारे देश में विभिन्न प्रवासी पक्षियों के रहवास को संरक्षित क्षेत्र घोषित किये गए हैं। अंतर्राष्ट्रीय महत्व की वेटलैंड (आर्द्रभूमि) पर रामसर सम्मलेन में एक अंतर्राष्ट्रीय संधि हुई जिसमें विशेष रूप से ऐसे प्रवासी एवं अन्य पक्षियों के आवास के संरक्षण का संकल्प है। इस संधि में भारत भी शामिल है। हमारे देश में ऐसे 75 महत्वपूर्ण आर्द्रभूमियों को रामसर साइट घोषित किया गया है। इनमे से कई तो यूनेस्को वर्ल्ड हैरिटेज की सूची में भी शामिल है, जिन्हें विशेष संरक्षण प्राप्त है।
छत्तीसगढ़ में एक भी रामसर साइट नहीं है, लेकिन इसका मतलब ये बिलकुल नहीं कि प्रवासी पक्षियों के आवागमन और आवास की दृष्टि से यहां के वेटलैंड कम महत्वपूर्ण हैं। छत्तीसगढ़ में बांध और उसके जलाशय का पूरा वेटलैंड इकोसिस्टम प्रवासी पक्षियों के रहवास के रूप में बहुत महत्वपूर्ण है। छत्तीसगढ़ में वेटलैंड का अध्ययन और इसकी जैव विविधता की सटीक समयबद्ध मैपिंग की आवश्यकता है। राजस्थान के केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में स्थित भरतपुर बर्ड सेंचुरी रामसर साइट के साथ यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट भी है। जो प्रवासी पक्षी खूंटाघाट खारंग जलाशय में पाई जाती हैं वही भरतपुर में भी हैं। रतनपुर के खूंटाघाट वेटलैंड पर कुछ अध्ययन हुए हैं। इस तरह के निर्माण कार्य से उनके रहवास को जो क्षति होगी उस पर अध्ययन होना चाहिए। भूमि पूजन की इतनी जल्दी क्यों है? यह आकलन जरूरी है। कहीं प्रकृति संरक्षण के अंतर्राष्ट्रीय संघ (आईयूसीएन) की संकटग्रस्त प्रजातियों की श्रेणी का कोई पक्षी तो इस टापू पर नहीं है, यह अध्ययन किए बगैर इसके रहवास को उजड़ने की पूरी तैयारी हो चुकी है।
हमारी सरकारों की ऐसे पर्यावरणीय संवेदनशील मामलों में किस प्रकार की जवाबदेही है, यह तो हम देख ही रहे हैं। हसदेव अरण्य के मुद्दे पर कोयले की भूख समृद्ध वनों को निगल रहा है। ऐसे में नागरिक आन्दोलन की एक महत्वपूर्ण भूमिका है। 1972 में स्टॉकहोम और उसके बाद रिओ डे जनेइरो में सबसे पहले मानव और पर्यावरण के विषय पर हुए सम्मेलन में एक बात स्पष्ट रूप से सामने आई और लेखबद्ध की गई कि पर्यावरणीय समस्याओं का निदान नागरिकों और जन सामान्य के भागीदारी से ही हो सकेगा। बेशर्म सरकारों को जवाबदेह बनाने का यही तरीका है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 11 मार्च। रेप पीड़ित 14 साल की किशोरी ने ग्लानिवश फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना कोटा थाना क्षेत्र के गांव की है। एक सप्ताह पहले स्कूल की छात्रा ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तो रेप और खुदकुशी की पुष्टि हुई। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि पीपरपारा गांव का आरोपी मनीष नेताम (20 वर्ष) स्कूल आने-जाने के दौरान छात्रा से छेड़खानी करता था। उसने इसकी शिकायत घरवालों से भी की थी। आत्महत्या के दिन आरोपी युवक उसके घर में घुस गया था, जब। छात्रा के परिवार के सदस्य काम पर बाहर थे। युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की। तब छात्रा ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर उसका छोटा भाई पहुंचा तो आरोपी युवक उसे धमकाते हुए भाग गया। इस घटना के बाद परेशान छात्रा ने कुछ ही घंटे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी युवक को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
रायपुर, 11 मार्च। छत्तीसगढ़ डायसिस की नई एडहॉक कमेटी का अभिषेकीकरण समारोह रविवार को सेंट पॉल्स कैथेड्रल में आराधाना में होगा। बिशप द राइट रेव्ह. अजय उमेश जेम्स उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। चर्च आफ नार्थ इंडिया की एक्जीक्युटिव कमेटी ने एडहाक कमेटी का गठन किया है। इसमें रेवरेंड केएम बर्मन मुंगेली को उपाध्यक्ष, नितिन लारेंस शेयर को सचिव, अजय जॉन रायपुर को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। कार्यकारिणी सदस्यों में रेवरेंड सुनील कुमार रायपुर, रेवरेंड शैलेष सालोमन बिलासपुर, जयदीप रॉबिंसन बिलासपुर, सुशील गुप्ता रायगढ़, रूचि धर्मराज रायपुर, प्रमोद मसीह रायपुर, विश्वनाथ नागराजू रायपुर, मुक्ता आसना रायपुर, स्मिता बख्श बिलासपुर, मनशीष केजू रायपुर, सिल्विया सॉय बिलासपुर नियुक्त किए गए हैं।
मुंबई, 11 मार्च। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की सबसे महंगी खिलाड़ी स्मृति मंधाना भले ही खराब दौर से गुजर रही हों और उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की काफी खराब शुरूआत के बावजूद महान क्रिकेटर एलिस पैरी ने अपनी कप्तान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें टी20 टूर्नामेंट में बड़ी पारी खेलने के लिये बस एक मौके की जरूरत है।
मंधाना को शुरूआती डब्ल्यूपीएल में 3.4 करोड़ रूपये में खरीदा गया, उन्होंने अभी तक टूर्नामेंट के चार मैचों में 35, 23, 18 और 04 रन बनाये हैं जिसमें टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
पैरी ने शुक्रवार को यहां यूपी वारियर्स द्वारा मिली 10 विकेट की हार के बाद कहा, ‘‘स्मृति को जानते हुए मैं कह सकती हूं कि वह काफी जिम्मेदार खिलाड़ी है, वह अपने ऊपर ज्यादा ही दबाव ले रही है। ’’
भारतीय टीम की उप कप्तान मंधाना स्टार सुसज्जित आरसीबी टीम की अगुआई कर रही हैं जिसमें पैरी, सोफी डेविने और हीथर नाइट जैसी खिलाड़ी शामिल हैं।
छह बार की टी20 विश्व कप विजेता पैरी ने उम्मीद जतायी कि मंधाना इस दौर से जल्द ही निकल जायेंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘नये टूर्नामेंट में ऐसे खिलाड़ियों के साथ खेलना जिनके साथ आप पहले कभी नहीं खेले हों और इतने कम दिन में सभी के साथ घुलना मिलना। मुझे लगता है कि वह शानदार कप्तान हैं। उन्हें बस टूर्नामेंट में बड़ी पारी खेलने के लिये एक मौके की जरूरत है। ’’
वहीं मंधाना ने टीम के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी खुद पर लेते हुए कहा, ‘‘पिछले चार मैचों में, ऐसा हो रहा है। हम अच्छी शुरूआत करते हैं और फिर लगातार विकेट गंवा देते हैं। मैं भी इसकी जिम्मेदारी लेती हूं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाजों को बचाव करने के लिये स्कोर-बोर्ड पर कुछ रन चाहिए होते हैं। हम संतुलित टीम बनाने की कोशिश कर रहे हैं। देखिये कैसा रहता है। ’’
निचले पायदान पर काबिज आरसीबी का सामना अब सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स से होगा। (भाषा)
नयी दिल्ली, 11 मार्च। प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को बताया कि भारतीय रेल के ‘नौकरियों के बदले जमीन’ घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद के परिवार के खिलाफ छापों में एक करोड़ रुपये की अघोषित नकदी जब्त की है और अपराध के माध्यम से प्राप्त 600 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है।
केन्द्रीय एजेंसी ने कहा कि लालू प्रसाद के परिवार और उनके सहयोगियों के लिए रियल एस्टेट और अन्य क्षेत्रों में किए गए निवेशों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
ईडी ने शुक्रवार को लालू प्रसाद के पुत्र व बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के दिल्ली स्थित परिसर सहित परिवार के सदस्यों के विभिन्न परिसरों पर छापा मारा। (भाषा)
बेंगलुरु, 11 मार्च। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को कहा कि उसने कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनावों में 80 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और दिव्यांगों के लिए घर से मतदान (वोट-फ्रॉम-होम) की सुविधा शुरू की है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पहली बार निर्वाचन आयोग 80 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को यह सुविधा देने जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम फॉर्म-12डी के साथ ऐसे मतदाताओं के पास जाएंगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि हम 80 साल से अधिक उम्र के लोगों और इस सुविधा का लाभ नहीं लेने वाले लोगों को मतदान केंद्र पर आने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।’’
कुमार ने कहा कि इस संबंध में गोपनीयता बरती जाएगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन ‘सक्षम’ शुरू किया गया है, जिसमें वे लाग इन कर सकते हैं और मतदान करने की सुविधा का चयन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि एक अन्य मोबाइल एप्लिकेशन, ‘सुविधा’ विकसित की गई है, जो उम्मीदवारों के लिए नामांकन और शपथ पत्र दाखिल करने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल है।
कुमार ने कहा, ‘‘उम्मीदवार बैठकों और रैलियों की अनुमति लेने के लिए ‘सुविधा’ पोर्टल का भी उपयोग कर सकते हैं।’’
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के लाभ के लिए ‘अपने उम्मीदवार को जानें’ (केवाईसी) नामक एक अभियान भी शुरू किया है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बारे में बात करते हुए, उन्होंने कहा कि 224 निर्वाचन क्षेत्रों वाले राज्य में अनुसूचित जाति के लिए 36 सीट और अनुसूचित जनजाति के लिए 15 सीट आरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि यहां 5.21 करोड़ मतदाता हैं जिनमें 2.59 महिला मतदाता हैं।
चुनाव की संभावित तिथि के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह 24 मई से पहले कराया जाना है, जब मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। (भाषा)
नयी दिल्ली, 11 मार्च। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार विपक्ष की न झुकने वाली आवाजों को दबाने में लगी है और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई इसका एक हिस्सा है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित नौकरी के बदले जमीन घोटाले के सिलसिले में पूछताछ के लिए तेजस्वी यादव को पेश होने के लिए समन भेजा है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा सरकार विपक्ष की मुखर आवाजों से इतनी भयभीत क्यों है?’’
उन्होंने ट्वीट कर आरोप लगाया कि सरकार सारे हथकंडे अपनाकर बस विपक्ष की न झुकने वाली आवाजों को दबाने की राजनीति कर रही है।
कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया, ‘‘बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव जी पर एजेंसियों की कार्रवाई इसी राजनीति से प्रेरित है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जनता सब देख रही है, इसका हिसाब लेगी।’’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या के ‘कुटिल प्रयास’ कर रही है।
उन्होंने भी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के परिवार के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय के छापों को लेकर केंद्र पर निशाना साधा था।
अधिकारियों ने बताया कि तेजस्वी को पहले चार मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह सीबीआई अधिकारियों के समक्ष पेश नहीं हुए थे, जिसके बाद शनिवार के लिए एक नयी तारीख दी गयी।
यह मामला रेलवे में कथित तौर पर नौकरी पाने के लिए लालू प्रसाद के परिवार को तोहफे में जमीन देने या सस्ती जमीन बेचने से संबंधित है। यह मामला उस वक्त का है जब राजद प्रमुख 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री थे। (भाषा)
नयी दिल्ली, 11 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा को उनके शानदार करियर के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनकी उत्कृष्टता में दुनिया ने भारत की खेल प्रतिभा की एक झलक देखी।
सानिया ने अपने करियर में छह ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं, उन्होंने पिछले महीने दुबई में अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेलने के बाद टेनिस को अलविदा कह दिया था।
उन्हें बधाई संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि सानिया ने भारतीय खेलों पर एक अमिट छाप छोड़ी है जो आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
युगल में दुनिया की नंबर एक रैंकिंग पर रह चुकी सानिया ने नौ मार्च को अपने ट्विटर हैंडल पर इस बधाई संदेश को पोस्ट किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, ‘‘टेनिस प्रेमियों के लिए यह समझना मुश्किल होगा कि अब से आप पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेलेंगी। ’’
मोदी ने लिखा, ‘‘आपकी उत्कृष्टता में दुनिया ने भारत के खेल कौशल की एक झलक देखी। जब आपने खेलना शुरू किया था तो भारत का टेनिस परिदृश्य बहुत अलग था। आपने जो किया वो यह दर्शाने के लिए था कि अधिक महिलाएं टेनिस खेल में आ सकती हैं और इसमें उत्कृष्टता प्राप्त कर सकती हैं। ’’
प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘‘लेकिन इसके अलावा, आपकी सफलता ने कई अन्य महिलाओं को भी ताकत दी जो खेलों में अपना करियर बनाना चाहती थीं, लेकिन किसी न किसी वजह से ऐसा करने से हिचकिचा रही थीं। ’’
सानिया ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस तरह के प्रेरक शब्दों के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। मैंने हमेशा अपनी क्षमता के अनुसार अपने देश का प्रतिनिधित्व करने में बहुत गर्व महसूस किया है और भारत को गौरवान्वित करने के लिए मैं जो कुछ भी कर सकती हूं वो करना जारी रखूंगी। आपके समर्थन के लिये शुक्रिया। ’’
मोदी ने लिखा कि सानिया की सफलता ने हर भारतीय का दिल गर्व से भर दिया।
उन्होंने लिखा, ‘‘जब आपने 13 जनवरी को 'लाइफ अपडेट' की घोषणा की, तो आपने छह साल की उम्र से अपनी यात्रा को शानदार तरीके से व्यक्त किया, जिसे आगे के वर्षों में एक विश्व स्तरीय टेनिस खिलाड़ी बनने के लिए टेनिस कोर्ट में सचमुच संघर्ष करना पड़ा। ’’
मोदी ने लिखा, ‘‘आपने लिखा कि भारत के लिए पदक जीतना आपके लिए सबसे बड़ा सम्मान कैसे रहा है। मैं कह सकता हूं कि आप भारत की गौरव हैं, जिनकी सफलता ने हर भारतीय के दिल और दिमाग को अत्यंत आनंद से भर दिया है।’’
प्रधानमंत्री ने उस समय को भी याद किया जब सानिया एक कठिन दौर से गुजरी थीं, जब कलाई की चोट ने उनके करियर को लगभग खतरे में डाल दिया था लेकिन इससे बाद वह एक मजबूत युगल खिलाड़ी बनकर उभरीं।
मोदी ने उम्मीद जताई कि सानिया युवा खेल प्रतिभाओं का मार्गदर्शन करना जारी रखेंगी।
सानिया को हाल ही में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का मेंटोर नियुक्त किया गया था। (भाषा)
ईडी दफ़्तर में चली लगभग कई घंटे लंबी पूछताछ के बाद भारत राष्ट्र समिति की नेता के. कविता दफ़्तर से बाहर निकल आई हैं.
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तेलंगाना के मुख्यमंत्री की बेटी और एमएलसी सदस्य के. कविता के ख़िलाफ़ दिल्ली में हुए कथित शराब घोटाले के संबंध में जांच कर रहा है.
शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय ने के. कविता को पूछताछ के लिए अपने दफ़्तर बुलाया था.
बीआरएस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद और तेलंगाना के कई शहरों में के. कविता से पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन किया.
दिल्ली में भी के. चंद्रशेखर राव के घर के बाहर बीआरएस के विधायक और सांसद जुटे रहे.
प्रवर्तन निदेशालय का दावा है कि के. कविता दिल्ली में हुए कथित शराब घोटाले में शामिल हैं.
6 मार्च को ईडी ने के. कविता के क़रीबी कारोबारी अरुण पिल्लई को गिरफ़्तार किया था.
ईडी का आरोप है कि पिल्लई के. कविता के लिए काम करते हैं और उनकी तरफ़ से दिल्ली की शराब नीति के संबंध में होने वाली बैठकों में शामिल होते थे.
ईडी का आरोप है कि ‘साऊथ कार्टल’ ने शराब नीति को अपने पक्ष में प्रभावित करने के लिए दिल्ली की आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपए दिए.
ईडी का दावा है कि ‘साऊथ कार्टल’ के पीछे के. कविता हैं.
सीबीआई दिल्ली में हुए कथित शराब घोटाले के संबंध में दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री को पहले ही गिरफ़्तार कर चुकी है. फिलहाल मनीष सिसोदिया ईडी की हिरासत में हैं. ईडी उन पर अलग से मामला चला रही है.
शराब नीति पर विवाद होने के बाद बीते साल अगस्त में दिल्ली सरकार ने इसे वापस ले लिया था.
भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि दिल्ली की शराब नीति में बड़ा घोटाला हुआ है और इसे शराब के ख़ास कारोबारियों को फ़ायदा पहुंचाने के लिए बनाया गया था. (bbc.com/hindi)