छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
बालक में लिटिल बसंतपुर ने जीता खिताब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जनवरी। छत्तीसगढ़ हॉकी व जिला हॉकी संघ के मार्गदर्शन में रुद्रराक्षम वेलफेयर सोसायटी द्वारा राजनांदगांव हॉकी लीग प्रतियोगिता का फाईनल मैच व समापन समारोह महापौर हेमा देशमुख के मुख्य आतिथ्य एवं जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान की अध्यक्षता में हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव थानेश्वर पाटिला, राजगामी संपदा सदस्य रमेश खंडेलवाल, छग हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी, पूर्व महापौर नरेश डाकलिया, अनिमेश गांधी, ऋषि शास्त्री, गणेश पवार शामिल थे।
समापन समारोह में महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कहते है खेलबो जितबो गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ उनकी इस सोच को सब मिलकर साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि जब दिवंगत मेजर ध्यानचंद आए थे तो उन्होंने हॉकी की नर्सरी की उपाधि राजनांदगांव को दी थी जो सिर्फ किताबों में ही दिख रहा था, किन्तु आज इन खिलाडिय़ों को देखकर लग रहा है कि दिवंगत मेजर ध्यानचंद ने राजनांदगांव को जो नाम दिया है, वह व्यर्थ नहीं है।
अध्यक्षता करते बैंक अध्यक्ष श्री खान ने कहा कि ऐसे लीग मैचों की शुरूआत बड़ी ही अच्छी बात है, ये जो छोटे बच्चे हैं, जो आज पौधे के रूप में हैं वो आने वाले समय में 4 से 5 साल बाद पेड़ का रूप ले लेंगे। मतलब राष्ट्रीय खिलाड़ी बनेंगे। साथ ही अंतरष्ट्रीय खिलाड़ी ये समय कांफिटेसन का है तो आप कुछ भी काम करें। उसमे 100 प्रतिशत के साथ करें। जिससे आने वाले समय सभी खिलाड़ी एक होकर खेले। जिससे टीम में जीत दर्ज कर सके।
विशिष्ट अतिथि शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री छाबड़ा ने कहा कि राजनांदगांव को हॉकी की नर्सरी यूं ही नहीं कहा जाता। राजनांदगांव ने उस टाइम में ओलम्पियन दिया, जब लोग ओलम्पिक का नाम सुनने तरसते थे। ऐसे आयोजनों से छोटे खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ेगा। साथ ही आने वाले समय में अनेक राष्ट्रीय व अंतरष्ट्रीय हॉकी प्लेयर राजनांदगांव से निकलेंगे। साथ ही आने वाले समय कांग्रेस कमेटी द्वारा जूनियर बच्चों का आयोजन किया जाएगा।
बालिका वर्ग में बुधवार को फाईनल मैच बसंतपुर विरुद्ध जमातपारा के मध्य खेला गया,जिसमें बसंतपुर ने अपने खेल का प्रदर्शन किया और एकतरफा मुकाबले में 2 के मुकाबले 7 गोल से जीत दर्ज कर फाईनल का खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग में लिटिल स्टार बसंतपुर विरुद्ध युवक क्लब के मध्य खेला गया। दोनों ही टीमो के मध्य बड़ा ही रोमचकारी मैच देखेने को मिला। मैच के मध्यांतर तक दोनों ही टीम 0-0 के बराबरी पर रही।
मैच के मध्यांतर बाद दोनों ही टीम अपने खेल में परिवर्तन किया और मैच के अंतिम क्षणों में दोनों ही टीम 3-3 की बराबरी कर ली थी। इस फाईनल मैच का रिजल्ट सूट आउट के माध्यम से किया गया और लिटिल स्टार बसंतपुर ने एक के मुकाबले 4 गोल से जीत दर्ज कर फाईनल का खिताब अपने नाम किया। उक्त कार्यक्रम का संचालन रणविजय प्रताप सिंह व आभार प्रदर्शन फिरोज अंसारी ने किया।
राजनांदगांव, 6 जनवरी। अंग्रेजी शिक्षा की विशेषज्ञ श्रीमती वसुंधरा पांडे का लंबी बीमारी के चलते गुरुवार देर शाम को निधन हो गया। वसुंधरा पांडे पूर्व महापौर स्व. विजय पांडे की धर्मपत्नी थी। वह 72 वर्ष की थी। पिछले कुछ दिनों से वह बीमार चल रही थी। श्रीमती पांडे अपने पीछे दो पुत्रियों और एक पुत्र का भरापूरा परिवार छोड़ गई।
श्रीमती पांडे ने अपने जीवनकाल में अंग्रेजी शिक्षा को काफी महत्व दिया। लिहाजा अपने समय की वह चुनिंदा अंग्रेजी में बोलचाल और तालीम देने वाली शिक्षकों में से एक थी। वर्तमान में वह बल्देवबाग स्थित बालभारती स्कूल की संचालिका के तौर पर शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय थी। उन्होंने वेसलियन अंग्रेजी स्कूल की स्थापना के समय से काफी वर्षों तक अपनी सेवाएं दी। बाद में उन्होंने निजी स्कूल बालभारती की स्थापना की। श्रीमती पांडे के द्वारा अपने दौर में अंग्रेजी शिक्षा की महत्ता को लेकर काफी ज्ञानवर्धक जानकारी लोगों को दी गई। उनके द्वारा पढ़ाए गए कई विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। साथ ही देश और विदेश में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस बीच आज दोपहर बाद स्थानीय मुक्तिधाम में उनकी अंत्येष्ठि होगी। श्रीमती पांडे के निधन से शिक्षा और राजनीतिक जगत में शोक व्याप्त है।
ठंडी हवाओं से सीजन में पहली बार सर्द हुआ वातावरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जनवरी। घने कोहरे के बीच उत्तर की सर्दीली हवाओं ने ठिठुरन को रफ्तार दी है। ठंडी हवाओं से सीजन में पहली बार वातावरण बेहद सर्द हो गया है। उत्तरी हवाओं के असर से दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट आई है। बुधवार-गुरुवार की तुलना में शुक्रवार की सुबह भले ही धुंध कम रही, लेकिन सर्द मौसम ने लोगों को जकड़ लिया है। मौसम के साफ होते ही सर्दी अपना कड़ा रूख दिखा सकती है। दो दिन से मौसम में लगातार बदलाव आए। जिसमें घना कोहरा का दौर बकरार रहा। अचानक बढ़े ठंड ने पहली बार लोगों को सर्दीले मौसम का अहसास कराया। दिसंबर का पूरा महीना नर्म-गर्म के बीच गुजर गया। दिसंबर में उम्मीद के विपरीत ठंड के बजाय गर्मी का अहसास हुआ।
बुधवार को घने कोहरे के बीच बूंदाबांदी होने के बाद से पिछले दो दिनों से पारा सामान्य से कम रहा। लिहाजा ठंड के कारण लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ोंं के आगोश में रहना पड़ रहा है। अलाव का सहारा लेकर लोग ठंड से बचने की कवायद कर रहे हैं। चौक-चौराहों में अलाव जलाकर लोग राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों के भीतर नजर डाले तो घने कोहरे के छंटते ही ठंड ने अपना तीव्र असर दिखाया है। ठिठुरन के पीछे उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं का असर है। सर्दीले झोंकों से लोग दिन में भी कांपते दिख रहे हैं। इधर ठंडी हवाओं के झोंको से वनांचल भी ठिठुर रहा है। वनांचल में तापमान लगातार गिरावट की स्थिति में है। पठारी इलाकों में बसे लोगों को धूप भी नसीब नहीं हो रही है। खराब मौसम के कारण दो दिनों से सूर्य की किरणें गायब थी। शुक्रवार को धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। बताया जा रहा है कि मौसम के साफ होते ही तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम हो सकता है। दिन और रात के तापमान में कमी आना तय है। इस दौरान सर्द मौसम काफी परेशान करने वाला साबित हो सकता है।
पुलिस ने 93 खातोदारों की शिकायत पर आरोपी को किया गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जनवरी। धनगांव उपडाकघर में पदस्थ एक सहायक डाकपाल ने हेराफेरी करते हुए सुकन्या-जनधन योजना की राशि को डकार लिया है। एक जिम्मेदार पद पर कार्यरत सहायक डाकपाल ने हितग्राहियों के भरोसे का फायदा उठाते हुए 14 लाख रुपए उनके खाते से निकालकर हजम कर लिया। जब ग्रामीण क्षेत्र के खातेदारों को राशि नहीं मिली, तब उपडाकघर में हुए गोलमाल का भंडाफोड हुआ।
मिली जानकारी के मुताबिक उपडाकघर में मनोज कुमार तारमे बतौर सहायक डाकपाल कार्यरत था। इस दौरान 93 खातेदारों ने सुकन्या और जनधन योजना के तहत राशि जमा किए। 32 साल के झाड़ीखैरी के रहने वाले उपडाकपाल ने अलग-अलग खातेदारों की राशि से जमा पैसे को निकाला, लेकिन शासकीय खाता में राशि जमा नहीं हुई। समय-समय पर ग्रामीणों द्वारा कुछ राशि मांगने पर उनको कुछ पैसे दे दिया जाता था। शासकीय खाता में रिकार्ड संधारण नहीं होता था।
इस प्रकार 2018 से 2021 तक आरोपी ने 14 लाख 18 हजार 900 रुपए की ठगी की। ग्रामीण खातेदारों की शिकायत पर लालबाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सहायक डाकपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध 409, 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। बताया जा रहा है कि कई हितग्राहियों ने अपनी खून-पसीने की कमाई उपडाकघर में जमा की थी। सहायक डाकपाल के करतूतों से ग्रामीण खातेदार जमा पूंजा वापस करने की मांग कर रहे हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। इंडिया का नेशनल खेल महाराष्ट्र नादेड के लिए छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों का चयन हुआ है।
जिसमें सब जूनियर एवं सीनियर में शासकीय उचत्तर माध्यमिक शाला धामनसरा के छात्र भुनेश्वर पटेल, हिमांशु यादव, नवीन कुमार, निखिल पटेल, ईशांत यादव, रूपेश कुमार, सूर्यकुमार, भीनेन्द्र वैष्णव का खेल के लिए छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। साथ में कोच के रूप में संतोष देशमुख व्यायाम शिक्षक एवं राष्ट्रीय एंपायर अनिल दाहिवाले रवि निगम नारायण पुरा टीम लेकर रवाना हुए।
धामनसरा प्राचार्य अजय मसीह, योगेन्द्र दास वैष्णव महामंत्री जिला किसान कांग्रेस राजनांदगांव ने दुर्ग स्टेशन से रात्रि 3 बजे संतरागाछी ट्रेन में विदाई किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। गुड मॉर्निंग राजनांदगांव का आयोजन माह के प्रथम शनिवार 7 जनवरी को राजनांदगांव के पुष्प वाटिका में सुबह 7 बजे से आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण के तत्वाधान में आयोजित गुड मार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम में विविध खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर डोमन सिंह ने इस कार्यक्रम में जिले के अधिक से अधिक नागरिकों को शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के कारण स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने यह पहल की गई है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए शारीरिक गतिविधियां खेल तथा योग-प्राणायाम जरूरी है। स्वस्थ एवं तंदुरूस्त रहने के लिए स्वस्थ जीवन शैली को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में योग-प्राणायाम, कराते, रोप स्कीपिंग, जू-जित्सु, वुशु, टग ऑफ वॉर, स्केटिंग, जिम बॉल, थेरा बैंड, मिलीट्री रोप, एडवांस फिजिकल एक्सरसाईज विथ बोसु बॉल जैसे खेलों के साथ-साथ योग व्यायाम का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन के दौरान शामिल होने वाले लोगों को आयुर्वेदिक काढ़ा एवं प्रोटीन डाइट प्रदाय किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों, सभी ग्राम पंचायतों और सभी हेल्थ वैलनेस सेंटर में भी गुड मॉर्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। कलेक्टर डोमन सिंह ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कृषि एवं इससे जुड़े अन्य विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर सिंह ने कहा कि किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए यह जरूरी है कि कृषि एवं उससे जुड़े उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, कृषि विज्ञान केन्द्र, रेशम, खादी ग्रामोद्योग, कौशल विकास, क्रेडा सहित अन्य विभाग समन्वित तरीके से कार्य करें। जिले में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना की जा रही है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी रखें। महिला स्वसहायता समूह, युवाओं तथा लघु उद्यमी का चिन्हांकन कर लें और उन्हें प्रशिक्षण देने का कार्य प्रारंभ करें।
शासन की सुराजी गांव योजना के तहत रीपा के माध्यम से ग्रामीण उद्योग तथा उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिससे स्थानीय स्तर पर ही कच्चे माल एवं स्रोत का उपयोग करते गौठानों में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उद्यानिकी विभाग द्वारा गौठानों में सामुदायिक बाड़ी, चारागाह के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर विकासखंड में चेतना केन्द्र हैं। इसकी देखरेख करके ज्यादा बेहतर किया जा सकता है। सामुदायिक बाड़ी में जहां आवश्यकता हो वहां ड्रिप पद्धति से सिंचाई की व्यवस्था करने कहा। उन्होंने हर विकासखंड की नर्सरी को व्यवस्थित और अच्छा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि कोदो, कुटकी, रागी के उत्पादन को शासन द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा इस पर विशेष ध्यान देते कार्य करने की आवश्यकता है। जिंक राईस एवं अन्य लघु धान्य फसलों की पैकेजिंग एवं ब्रांडिग का भी कार्य किया जा सकता है। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को फील्ड में कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है। किसानों द्वारा जिले में व्यापक पैमाने पर पैरादान किया जा रहा है। पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था हेतु पैरा शेड तथा कांजी हाऊस में सुरक्षित रखें। पशुओं के चारों के लिए नेपियर घास की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग द्वारा मुर्गीपालन, बतखपालन, बकरीपालन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करने की जरूरत है। किसानों के लिए बैकयार्ड पोल्ट्री फार्म बनाएं। शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन करते हुए किसानों को कृषि से संबंद्ध अन्य गतिविधियों में जोडऩे तथा ऋण की उपलब्धता के लिए बैंक लिंकेज करने की आवश्यकता है। उन्होंने मत्स्य विभाग को गौठानों में बायोफ्लॉक तथा डबरी निर्माण करने के लिए कहा। उन्होंने मछली घर के निर्माण के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह की महिलाओं को गौठानों में मसाला मशीन, आटा मिल उपलब्ध कराएं। विभिन्न उत्पादों के प्रोसेसिंग यूनिट भी लगाए जा सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रेशम पालन एवं हथकरघा उद्योग को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है।
जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने कहा कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के अंतर्गत 4 विकासखंड में समूह की महिलाओं, युवा मितान क्लब सदस्य तथा लघु उद्यमियों का चयन कर लिया गया है तथा प्रशिक्षण का कार्य भी प्रारंभ कर रहे है। उन्होंने बताया कि गौठान में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में रीपा अंतर्गत मसाला प्रोसेसिंग यूनिट, हेचरी यूनिट, पेपर कप एवं दोना पत्तल निर्माण, हथकरघा वस्त्र निर्माण, सोयाबीन बड़ी निर्माण, तेल प्रोसेसिंग यूनिट, फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण एवं पेवर ब्लॉक निर्माण, पशुआहार, मुर्गीदाना, मछली दाना निर्माण, चना प्रसंस्करण यूनिट जैसी गतिविधियां संचालित की जाएगी।
इस अवसर पर सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, सहायक संचालक कृषि टीकम ठाकुर, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीरबल राजपूत, मत्स्य, पशुपालन विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
अब तक 26249 निवेशकों को 18 करोड़ 14 लाख रूपए का किया गया भुगतान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। शासन द्वारा चिटफंड कंपनी के निवेशकों को लगातार राशि वापस करने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार कलेक्टर डोमन सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न चिटफण्ड कंपनियों के निवेशकों को रकम वापसी हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा है। जिले में चिटफंड कंपनी के धोखाधाड़ी की गिरफ्त में आकर कई लोगों ने अपने जीवन भर की जमा पूंजी लगा दी थी। चिटफण्ड कंपनी से निवेशकों को राशि वापस मिलने से राहत मिली है। पूर्व में अनमोल इंडिया कंपनी के राजनांदगांव जिले के कुल 849 निवेशकों को 2 करोड़ 21 लाख रुपए का भुगतान कराया जा चुका है। वर्तमान में 1086 और निवेशकों के एक करोड़ 80 लाख रूपए भुगतान हेतु बैंक को डिमांड ड्राफ्ट तैयार करने के लिए आदेश जारी किया गया है।
अपर कलेक्टर सह नोडल अधिकारी सीएल मारकण्डेय ने बताया गया कि राजनांदगांव जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न चिटफण्ड कंपनियों जैसे याल्स्को रियल स्टेट लिमिटेड, शुभ सांई देवकान लिमिटेड, एव्हीएम रियल स्टेट एण्ड एलाईड लिमिटेड, अनमोल इंडिया लिमिटेड, सहारा इंडिया आदि के लगभग 26249 निवेशकों को कुल 18 करोड़ 14 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है।
राजनांदगांव, 5 जनवरी। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के प्रधान कार्यालय में जिला स्तरीय तकनीकी समूह की बैठक आयोजित की गई। जिसमें खरीफ एवं रबी वर्ष 2023-24 के लिए जिला राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ-छुईखदान-गंडई एवं मोहला-मानपुर-अं.चौकी के विभिन्न फसलों के लिए प्रति एकड़ ऋणमान का निर्धारण एवं उद्यानिकी फसलों का ऋणमान निर्धारण किया। तकनीकी समूह द्वारा अनुशंसित ऋणमान को राज्य स्तरीय तकनीकी समूह को प्रेषित किया जाएगा। बैठक में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के प्रशासक नवाज खान, सुधीर सोनी, गोवर्धन देशमुख, गिरवर जंघेल, अजय मारकंडे, रमेश खंडेलवाल अजय कुमार त्रिपाठी, टीकम सिंह ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बिक्री करने वाले आरोपी महिला पर गातापार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपिया से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमती 3750 रुपए को जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार केसीजी जिले की एसपी अंकिता शर्मा, एएसपी नेहा पांडय, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़ लालचंद मोहले के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी गातापार उप निरीक्षक जीतेन्द्र डहरिया, महिला उप निरीक्षक प्रियंका पैकरा, बिलकिश खान, उप निरी सतीश पुरिया के हमराह में 3 जनवरी को संयुक्त रूप से महिला व पुरूष बल की टीम तैयार कर आरोपी महिला द्वारा अपने घर में छुपाकर रखकर बिक्री करने वाले आरोपी महिला को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। आरोपी महिला को धारा 34(2) आबकारी एक्ट में गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर योगिता देवांगन नामक महिला ग्राम गातापार द्वारा अपने घर में अवैध रूप से अत्याधिक मात्रा में कच्ची महुआ शराब छुपाकर बिक्री करने की नियत से रखा हुआ है। सूचना पर गवाहों के साथ ग्राम गातपार योगिता देवांगन के घर में हमराह स्टाफ एवं महिला बल की उपस्थिति में रेड कार्रवाई किया गया।
रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला के घर 30 लीटर वाले प्लास्टिक जरिकेन में 25 लीटर कच्ची महुआ बरामद किया एवं आरोपी महिला का कृत्य अपराध धारा सदर 34(2) आबकारी एक्ट का पाए जाने से अपराध पंजीबद्व कर विवेचना में लिया गया एवं मामला अजामनतीय होने से माननीय न्यायालय अपर मुख्य न्यायालय खैरागढ़ के समक्ष आरोपी को पेश कर ज्युडिश्यिल रिमांड में लिया जाता है। उक्त कार्रवाई में प्र. आर. सुरेश खुटे, आर. नरेन्द्र ठाकुर, प्रेमसागर बांधव, हेमंत साहू, जय यादव, महिला आर. धनेश ठाकुर का सराहनीय योगदान रहा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। छत्तीसगढ़ तेली बिरादरी फाउंडेशन जिला राजनांदगांव के अध्यक्ष कादिर सोलंकी व फाउंडेशन के तमाम लोगों की जानिब से राजनांदगांव मुस्लिम कब्रिस्तान मठपारा में सफाई अभियान का एक मुहिम चलाया गया। इस मुहिम में अल्लाह के करम से बिरादरी के नौजवान और बुजुर्गों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया। फाउंडेशन के सचिव सद्दाम हुसैन गोरी ने बताया कि ये नेक काम इंशाल्लाह चरणबद्ध तरीके से फाउंडेशन के जरिये चलेगा। जिसमें पूरे कब्रिस्तान की सफाई के साथ मुरूम डलवाना, पौधे लगाने का काम किया जाएगा।
इस नेक काम मे नजमुद्दीन सोलंकी, सब्बू सोलंकी, हिफाजु सोलंकी, रफीक गोरी, शकुर चौहान, सैनु सोलंकी, नूरुद्दीन गोरी, शोहराब सोलंकी, असगर सोलंकी, हबीब सोलंकी, जुनैद चौहान, नब्बू सोलंकी, मैनुद्दीन झाडूडिया, अकबर सोलंकी, जफर खोखर, जावेद गोरी, वसीम सोलंकी, अमन सोलंकी, करीम बडग़ुजर, आजु सोलंकी, साहिल सोलंकी, अजीमुद्दीन बडग़ुजर, फैजान गोरी, आमीन सोलंकी, फारिस गोरी, अल्ताफ सोलंकी, साहिल गोरी, हुसैन, फैजान चौहान, ओमान सोलंकी, नावेद भाटी, गुलाम जिलानी, आसिम सोलंकी के साथ फाउंडेशन के मेम्बर शामिल थे। उक्त जानकारी फाउंडेशन के नब्बू सोलंकी ने दी।
उत्तरी बस्तर से सटे गांवों के आदिवासियों ने अपनाया ईसाई धर्म ?
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। मोहला-मानपुर के अंदरूनी गांवों में नारायणपुर हिंसा पर प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसके पीछे भीतरी गांवों में कई परिवार के आदिवासियों का ईसाई धर्म अपनाना है। पुलिस ने ऐसे कुछ गांवों को चिन्हांकित किया है, जहां बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने ईसाई धर्म को मानना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि ईसाई धर्म अपनाने वालों में सूबे की सरकार में एक बड़े ओहदे में क्षेत्रीय महिला जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं।
उनके सुपुत्र ईसाई धर्म अपनाने के बाद इलाके में बतौर पास्टर धर्म का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। कुछ सालों पहले महिला जनप्रतिनिधि को परिवार समेत आदिवासी समाज ने हुक्कापानी बंद कर दिया था। बताया जा रहा है कि मोहला-मानपुर इलाके में धर्म बदलकर आदिवासियों ने ईसाई धर्म के प्रति जुड़ाव दिखाया है। यही कारण है कि कई ऐसे गांव हैं जहां आसपास के चर्चों में खुलकर आदिवासी प्रार्थना और अन्य सामाजिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि उत्तरी बस्तर कांकेर के सरहदी गांव के आदिवासी ईसाई धर्म के आधार पर धार्मिक रिवाज को मान रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि आदिवासी बाहुल्य मुरारगोटा में 50 फीसदी परिवार ने ईसाई धर्म के प्रति आस्था बना ली है। वहीं गुबियागढ़, बोदरा, दोरबा, कहगांव, दोरदे, हुरेली, पेंदोड़ी, राजकट्टा व सरखेड़ा इलाके में भी ईसाई धर्म मानने वालों की संख्या बढ़ी है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में भी आदिवासियों के ईसाई धर्म अपनाने को लेकर समाज में दो फाड़ की स्थिति बन गई है।
ईसाई बन चुके परिवारों को एक तरह से अलग-थलग भी किया जा रहा है। ईसाई धर्म के प्रचारकों का इस क्षेत्र में लंबे समय से पैठ रहा है। सुदूर गांवों में मानवीय सेवा के नाम पर कथित रूप से प्रचारक ईसाई धर्म अपनाने के लिए अभियान भी चला रहे हैं। पुलिस के पास ऐसे कुछ गांव की सूची भ्ी है, जहां धर्मांतरण के नाम पर तनाव भी फैल सकता है।
नारायणपुर में हुए हिंसा के बाद एमएमसी पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। इस संबंध में एसपी वाय. अक्षय ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि पुलिस के पास ऐसे गांव की सूची है, जहां तनाव फैलने का अंदेशा है। जवानों को इलाके में नजर रखने हिदायत दी गई है। यहां यह बता दें कि उत्तर बस्तर से एमएमसी जिले का एक बड़ा हिस्सा जुड़ा हुआ है। दोनों जिलों से बड़े पैमाने पर लोगों का आवाजाही के जरिये संपर्क रहता है। घटना के मद्देनजर गांवों में एमएमसी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। मौसम के पलटवार से दलहन-तिलहन की खेती को जबर्दस्त नुकसान होने की आशंका से किसान चिंतित हो गए हैं। दलहन-तिलहन की खेती को खराब मौसम से खतरा बढ़ गया है। जनवरी के महीने में मौसम के बदले रूख से चना समेत रबी की फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों के चेहरे में फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंता साफ दिख रही है।
रबी की फसलों में प्रमुख रूप से खराब मौसम से चना, सरसो व राहर की फसलों की पैदावार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इधर बंगाल की खाड़ी से आने वाली ठंडी हवाओं ने राजनांदगांव जिले के मौसम को भी पूरी तरह से पलटकर रख दिया। कल रिमझिम फुहारें पड़ी। दलहन-तिलहन के लिए यह बारिश काफी नुकसानदेही मानी जा रही है। एक जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव जिले में 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में चना की फसल की बुआई हुई है। चना के साथ-साथ तिलहन की खेती को नुकसान होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
उधर असमय बारिश ने धान सोसायटियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है। बारिश के कारण सोसायटियों में खरीदी पर रोक लगा दी गई। धान को बचाने के लिए समिति प्रबंधकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जिले में इस साल 77 लाख क्विंटल से ज्यादा की धान खरीदी हुई है। बारिश के कारण अचानक बदले मौसम ने दलहन-तिलहन के अलावा धान की फसलों को भी चपेटे में लिया है।
गैर मुस्लिम समाजों से कदमताल करने दो दिनी सम्मेलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जनवरी। 7 और 8 जनवरी को राजनांदगांव में मुस्लिम समाज का एक जिला स्तरीय सम्मेलन आहुत होगा। सम्मेलन का उद्देश्य मुस्लिम समाज के युवकों को मुख्यधारा में जोडऩे के अलावा गैर मुस्लिम समाज के संग कदमताल करने के लिए समाज के प्रमुख लोग प्रोत्साहित करना है।
स्थानीय मठपारा स्थित ईदगाह मैदान में दो दिवसीय मुस्लिम समाज सम्मेलन की व्यापक तैयारी चल रही है। गुरुवार को समाज के प्रमुख रईस अहमद शकील, एजाज सिद्दीकी, अब्दुल रसीद समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस सम्मेलन का आयोजन मुख्य रूप से समाज के युवाओं, बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद, दीनी तालीम, व्यवसाय एवं अन्य क्षेत्रों में समाज के मुख्य धारा में लाना है, क्योंकि किसी भी समाज के विकास में शिक्षा की एक अलग भूमिका होती है।
सम्मेलन के संबंध में बताया गया कि एक ही जगह स्टॉल के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। जिसमें शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार, सरकारी नौकरियां, लघु उद्योगों, नए व्यापार, खेल, जीम, कराते, अखाड़ा तथा नशामुक्ति अभियान के संंबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस सम्मेलन में शिक्षा मेले का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें बच्चे अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही समाज द्वारा सम्मेलन में मुस्लिम समुदाय के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान व समाज के इतिहास से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिससे युवाओं और अन्य लोगों को जानकारी मिले कि समाज का अपना एक इतिहास क्या है और देश के तरक्की और आजादी के लड़ाई में समाज ने क्या कुर्बानी दी है।
पत्रकारवार्ता में सामाजिक बंधुओं ने बताया कि दो दिन के इस आयोजन में जिले के अलावा आसपास के शहरी क्षेत्रों के लोग भी पहुंचेंगे। पत्रकारवार्ता में आदिल रिजवी, तनवीर अहमद, आफताब अहमद, जकी अहमद और पिंकू खान उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 04 जनवरी। सर लुई ब्रेल की 214वीं जयंती पर संस्कार श्रद्धांजलि द्वारा दृष्टि विकास संघ व माहेश्वरी पंचायत के सहयोग से दो दिवसीय दृष्टिहीन राष्ट्रीय महासम्मेलन का शुभारंभ मंगलवार को छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के मुख्य आतिथ्य व पद्मश्री पुखराज बाफना की अध्यक्षता में हुआ। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार सुशील कोठारी, कुमार राजू, राम राठी शामिल थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री मुदलियार ने कहा कि प्रभु ने आपको दिव्य दृष्टि दी है। जिसके सहारे आप सामान्य दृष्टि वालों से बेहतर कार्य कर रहे हैं। दृष्टिहीन आईएएस, आईपीएस सहित बड़े-बड़े शासकीय पदों के साथ ही अन्य क्षेत्रों में दृष्टिहीन बंधु बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने संस्कार श्रद्धांजलि को भी इस अच्छे आयोजन के लिए साधुवाद दिया।
डॉ. पुखराज बाफना ने अपने विचार रखे। वरिष्ठ पत्रकार सुशील कोठारी ने कहा कि आप लोग अपनी एकाग्रता के बूते हर असंभव को संभव कर सकने का माद्दा रखते हो। उन्होंने संस्कार श्रद्धांजलि को भी 2006 से लगातार दृष्टिहीनों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने हर संभव प्रयास करने के कार्य की प्रशंसा की। शुभारंभ उपरांत युवक-युवती परिचय सम्मेलन में युवक-युवतियों ने अपना-अपना परिचय दिया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 04 जनवरी। कलेक्टर डोमन सिंह ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कृषि विभाग के अंतर्गत एक्सटेंशन रिफॉम्र्स आत्मा योजना अंतर्गत गवर्निंग बोर्ड की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को कृषि क्षेत्र के अंतर्गत अधिक आमदनी अर्जित करने और नए फसलों के उत्पादन लेने के लिए उन्हें समय-समय पर विषय विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षित कराएं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र किसानों के लिए आमदनी अर्जित करने का सशक्त माध्यम बने, इसके लिए विशेष रणनीति निर्धारित करें। जिले में कोई विशेष किस्म के धान की फसल तैयार करें , जिससे जिले का नाम उस धान के नाम से जाना जाए। वर्तमान में कोदो, कुटकी, रागी जैसे फैसलों की मांग बड़े पैमाने पर बढ़ी है। इसे ध्यान में रखते इन फसलों को लेने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर किसान सभा, संगोष्ठी आयोजित कर उन्हें कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दें। उन्होंने कहा कि किसानों को वर्मी कंपोस्ट खाद के लाभ की जानकारी दें। जिससे किसान इसका उपयोग कर जैविक तरीके से खेती कर सकें और आमदनी बढ़ा सकें। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर जो अग्रणी कृषक हैं, उनका चयन कर उन्हें एक किसान संगोष्ठी के माध्यम से अवसर मुहैया कराएं और उन्हें अपने फसल उत्पादन के अनुभव को अन्य किसानों से साझा करने मंच उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि रीपा योजना अंतर्गत कृषि सेक्टर के लिए जगह चिन्हित कर उद्यानिकी, मत्स्य पालन के लिए किसानों को प्रेरित करें। महिलाओं को केंचुआ उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करें। किसानों को अच्छे गौठानों का भ्रमण कराएं और कंपोस्ट खाद उत्पादन के साथ-साथ योजना के लाभ से अवगत करायें।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि गोधन योजना से किसानों की आमदनी बढ़ी है और इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के नए नए स्रोत विकसित हुए हैं।
आत्मा योजना अंतर्गत जिला वार्षिक कार्य योजना के भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य एवं प्रगति के कार्योत्तर का अनुमोदन एवं परिचर्चा की गई। जिला वार्षिक कार्ययोजना, आत्मा योजना अंतर्गत कोदो एवं रागी प्रसंस्करण इकाई स्थापना हेतु अनुमोदन एवं चर्चा की गई। आत्मा योजना अंतर्गत कार्यरत संविदा स्टाफ की सेवा अवधि विस्तार पर भी बात की गई। बैठक में आत्मा योजना अंतर्गत समिति के सदस्यों ने अपने अपने विचार रखें एवं कृषि को आमदनी के क्षेत्र में सशक्त बनाने के संबंध में अपने सुझाव भी दिए। इस अवसर पर सहायक संचालक कृषि टीकम ठाकुर सहित अन्य अधिकारी व कृषक उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 04 जनवरी। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था राजनांदगांव में भारत सरकार की शिक्षुता प्रशिक्षण अधिनियम 1961 के अंतर्गत नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के तहत 9 जनवरी को सुबह 9 बजे पीएमएनए अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया गया है।
अप्रेंटिसशिप मेला में विभिन्न प्रतिष्ठानों को अप्रेंटिसशिप, प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित किया गया है। सभी शासकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं से आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी अपने सभी शैक्षणिक तथा आवश्यक प्रमाण पत्र के साथ इस मेला में सम्मिलित होकर अवसर का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। पूर्ववती भाजपा शासनकाल में अमृत मिशन योजना के नाम पर जमकर भष्टाचार हुआ। जिसके चलते शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जिसको लेकर वरिष्ठ पार्षद कुलबीर सिंह छाबड़ा ने नगर निगम आयुक्त को लिखित पत्र के माध्यम से कहा कि अमृत मिशन योजना में हुए व्यापक भ्रष्टाचार के कारण कार्य निविदा के नियमानुसार नहीं हो रहा है, ऐसी जानकारी दी गई है।
श्री छाबड़ा ने कहा कि अमृत मिशन योजना के नियमानुसार शहरवासियों को 24 घंटे पानी मिलेगा, यह बताया गया है। अमृत मिशन योजना में नियमानुसार जितने फीट पानी चढ़ाकर जनता को दिए जाना है इसका लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। वहीं शहर के कई वार्डों में नल व पाइप तक नहीं बिछ पाया है। ऐसी स्थिति में अमृत मिशन योजना पूरी तरह से फेल हो रही है और भी बहुत सारी अमृत मिशन के निविदा के नियमों के अनुसार होना चाहिए, वह नहीं हुआ है। ऐेसी स्थिति में ठेकेदार को किसी भी प्रकार का भुगतान निगम प्रशासन द्वारा नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए मेरे द्वारा पूर्व में भी जनहित मामले को लेकर माननीय उच्च न्यायालय के शरण में जनता को न्याय दिलाने जाउंगा, यह जानकारी निगम आयुक्त दी है और पुन: दे रहा हूं। यदि अमृत मिशन जल योजना नियमानुसार पूर्ण होती है तभी भुगतान किया जाए अन्यथा निगम प्रशासन जवाबदार रहेगा। अमृत मिशन योजना में कार्य शुरू होने के दिनांक से आज दिनांक तक अमृत मिशन के ठेकेदार को कितना-कितना, किस-किस दिनांक को कार्य पेटे दिया गया है। इस विषय को लेकर 7 दिवस के अंदर में जानकारी उपलब्ध करवाने का निवेदन किया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी में पुलिस विभाग द्वारा अवैध शराब बिक्री एवं परिवहनकर्ता के विरूद्ध कार्रवाई की गई। फैलो उत्पल आनंद ने बताया कि ग्राम कल्लूबंजारी में अवैध शराब की बिक्री को बंद कराने ग्राम सभा में निर्णय लिया गया, जिसे पुलिस विभाग द्वारा संज्ञान में लेते 2 जनवरी 2023 को सुबह 9 बजे नाका चौक कल्लूबंजारी में बस को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में ग्राम कल्लूबंजारी निवासी जयंत्रीबाई वैष्णव के पास महाराष्ट्र की 55 पौवा शराब बरामद किया गया, जिसे छुरिया थाना लाया गया । इस दौरान सरपंच डोमेन कुमार पटेल एवं सदस्य उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। नागरिकों की समस्या के त्वरित निराकरण के लिए जिलाधीश के निर्देश पर सभी विभागों में प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 1.30 से 2.30 बजे तक जनचौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसी कडी में मंगलवार दोपहर 1.30 बजे नगर निगम सभागृह में आयोजित जनचौपाल में निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित विभागीय प्रमुख नागरिकों की समस्या से अवगत हुए। जनचौपाल में राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, नल कनेक्शन, अमृत मिशन, अतिक्रमण एवं लोककर्म संबंधी 10 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें 03 का त्वरित निराकरण किया गया।
आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि नागरिकों की समस्या से रूबरू होने, उसका निराकरण करने एवं नागरिकों को शासन की योजना का लाभ देने जिलाधीश डी. सिंह के निर्देश पर इस मंगलवार को भी नगर निगम के सभागृह में दोपहर को जनचौपाल लगाया गया। जनचौपाल में 10 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें राशन कार्ड में नाम जोडऩे संबंधित 03, नल कनेक्शन संबंधी 02, लोककर्म से संबंधित 02, प्रधानमंत्री आवास योजना संबंधित 01, अमृत मिशन संबंधित 01 व अतिक्रमण संबंधित 01 कुल 10 प्रकरणो में से राशन कार्ड में नाम जोडऩे संबंधित 03 प्रकरणों का निराकरण किया गया तथा शेष 7 प्रकरणों का अतिशीघ्र निराकरण किया जाएगा।
आयुक्त चतुर्वेदी ने बताया कि जनचौपाल का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों की समस्या का त्वरित निराकरण करना है। चैपाल में आये आवेदनों का उचित समाधान किया जागा, ताकि उन्हें शासन की योजना का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। जनचौपाल में उपायुक्त सुदेश कुमार सिंह, कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके, राजस्व अधिकारी सुनील अग्रहरि, समाज कल्याण अधिकारी भूपेन्द्र वार्डेकर, सहायक अभियंता दीपक अग्रवाल व प्रणय मेश्राम, प्र. सहायक अभियंता संदीप तिवारी, महापौर परिषद के सचिव संजीव कुमार मिश्रा, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा, प्र. कार्यालय अधीक्षक अशोक चौबे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। प्रदेश भाजपा द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मंगलवार को साल्हेवारा मंडल के ग्राम बेलगाव एवं ठाकुरटोला में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री की अभिनव योजना प्रधानमंत्री आवास योजना को फेल करने का प्रयास छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने किया है। जिससे आज ग्रामीणों को आवास से वंचित होना पड़ा है। जिसका विरोध ग्रामीणों को करने का आह्वान किया। साथ ही आंदोलन में आने का आमंत्रण दिया।
पूर्व विधायक श्री जंघेल ने कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार ने गरीबों के हक जो आवास केंद्र द्वारा मिल रहे थे, उसे वापस कर दिया। जिससे लोग आवास से वंचित हो गए। इसका विरोध उनके ही सरकार के वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव ने इसका विरोध किया और इस्तीफा ग्रामीण मंत्रालय से दे दिया। जंघेल ने सभी से मुख्यमंत्री के नाम पर सबको आवास की मांग हेतु आवेदन पत्र भी भरवाया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री जंघेल ने ग्राम लमरा के प्राथमिक स्कूल और मिडिल स्कूल का हालचाल जाना और स्कूल में टीचर की कमी व भवन की जर्जर हालत को देखा। इस संबंध में जिला कलेक्टर से मिलकर समस्या का निदान करने पर चर्चा की। साथ ही ग्राम अचानकपुर में आयोजित होने वाले रामकथा की तैयारी का भी ग्रामीणों से मिलकर जायजा लिया। साथ में भाजपा साल्हेवारा मंडल के महामंत्री मूकचंद नायक, उपाध्यक्ष आंनद पटेल, युवा मोर्चा के जानी मसखरे, भुनेश्वर सेन, रामस्वरूप यादव, देवलाल साहू, रामकुलाल रजक, सुरेश विश्कर्मा, कोमल धुर्वे, हेमंत यादव, फिरतु मेरावी, समारु राम परदेशिनबाई आदि उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनांदगांव में चल रहे सीबीएसई नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के अवसर पर डीपीएस प्रांगण में ओपन स्टेज पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीपीएस के छात्रों ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
देश के विभिन्न प्रांतों एवं विदेशों से आए खिलाडिय़ों ने भी मंच साझा किया। उन्होंने अपने-अपने प्रांतों के लोक संगीत एवं नृत्यों को मनोभाव से प्रस्तुत किया। गीतों एवं नृत्यों में भारतीय संगीत की आनोखी झलक दिख रही थी, जो विभिन्नता में एकता को दर्शाती है।
इस आयोजन से बहुत प्रभावित हुए। शाला प्राचार्य निर्मला सिंह ने बताया कि अगर संगीत न होता तो हमारा जीवन बहुत निरश होता। कभी-कभी संगीत ही हमारा असली सुकुन होता है। कोच, मैनेजर, आब्जर्वर एवं खेल विभाग से जुड़े अधिकारियों ने शाला के निदेशकगण व प्राचार्य निर्मला सिंह की प्रशंसा की।
राजनांदगांव, 04 जनवरी। कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण की आशंका को देखते सभी आवश्यक तैयारी रखें। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में वैक्सीनेशन एवं अन्य आवश्यक तैयारी होनी चाहिए। उन्होंने कोविड-19 संक्रमण का सामना करने मॉक ड्रील के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी विभाग विधानसभा के प्रश्नों का उत्तर सर्वोच्च प्राथमिकता से देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अगले 7 जनवरी को गुड मार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम का आयोजन पुष्प वाटिका में किया जाना है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 12 जनवरी को डोंगरगांव में विकासखंड स्तरीय बिहान मेले का आयोजन किया जाना है। इसकी आवश्यक तैयारी करना सुनिश्चित करें। जिन गौठानों में अच्छा कार्य हो रहा है वहां गौठान मेला का आयोजन किया जाएगा। 8 से 10 ग्रामों के कलस्टर में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां सभी अपने अनुभवों का साझा कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना के तहत जिले के सभी ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत गोबर खरीदी का कार्य किया जा रहा है। इस योजना से गरीब एवं जरूरमंदों को मदद मिलेगी। इसके लिए जिला पंचायत द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
सभी नए गौठानों में समूह की महिलाओं के प्रशिक्षण की व्यवस्था तथा पशुपालकों का पंजीयन होना चाहिए। पशुओं के टीकाकरण, मत्स्य विभाग द्वारा डबरी निर्माण, उद्यानिकी तथा कृषि विभाग द्वारा सामुदायिक बाड़ी निर्माण, मुर्गी पालन, मशरूम उत्पादन एवं अन्य कार्य भी प्रारंभ करें। विद्युत विभाग गौठानों में कनेक्शन उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि डोंगरगांव, छुरिया के सभी शासकीय प्राथमिक स्कूलों में शत-प्रतिशत स्मार्ट टीवी डीएमएफ मद तथा जनसहभागिता से लगाया गया है। राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़ में भी शत -प्रतिशत स्मार्ट टीवी लगाने के कार्य में गति लाएं। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में भी जनसहभागिता से स्मार्ट टीवी लगाने कहा। उक्त बातें कलेक्टर सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कही।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी विकासखंड स्तरीय ग्राम भ्रमण में उपस्थित रहें तथा सौंपे गये कार्यों को अच्छी तरह करें। भेंट मुलाकात के दौरान सामाजिक भवन के लिए एनओसी देने का कार्य शीघ्रता से करें। कौशल विकास को गौठान से लिंक करते कार्य करने की आवश्यकता है। रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में प्रशिक्षण के लिए समूह के सदस्यों का पंजीयन कराएं। उन्होंने छुरिया विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला डुमरडीह में बच्चों की पढ़ाई के लिए बनाएं गए बांस के हट की प्रशंसा की। अन्य विकासखंड में भी ऐसे ही बांस के हट बनाने के लिए कहा।
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चिटफंड कंपनी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अनमोल इंडिया कंपनी के निवेशकों की राशि वापस लौटाई जानी है। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कौशल विकास, मुख्य विकास कार्यों की प्रगति, जमीन मांग, चिन्हांकन, कांजी हाउस, जर्जर सडक़ों की मरम्मत, आवर्ती चाराई, धान उपार्जन, लिगेसी वेस्ट, एसटीपी सिंगल यूज प्लास्टिक के विरूद्ध की गई कार्यवाही, राजगामी सम्पदा, गोधन न्याय योजना अंतर्गत जैविक खाद उत्पादन एवं विक्रय की प्रगति, पैरा दान, सी-मार्ट, धनवंतरी मेडिकल स्टोर, कृष्ण कुंज, छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक, युवा महोत्सव के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा, एसडीएम अरूण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारी जुड़े रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। भाजपा के आरक्षण विरोधी चरित्र को लेकर राजधानी रायपुर में मंगलवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में जनाधिकार हुंकार रैली का आयोजन किया गया। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा के नेतृत्व एवं ब्लॉक अध्यक्ष आसिफ अली के संयोजन में शहर के कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मंगलवार सुबह रामदरबार से रायपुर के लिए रवाना हुए। महारैली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी कुमारी शैलजा, राष्ट्रीव सचिव चंदन यादव, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य नेताओं की भी उपस्थिति रही।
शहर अध्यक्ष श्री छाबड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित आरक्षण विधेयक पर राज्यपाल द्वारा हस्ताक्षर नहीं करने को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जनधिकार महारैली आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों के न्याय के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा जनधिकार महारैली आयोजित की जा रही है। रैली में मोहम्मद यहया, अमित जंघेल, इंशाक खान, हितेश गोन्नाडे, राजेश सेवता, गंगाबाई साहू, सरोज प्रधान, टिकेश्वरी, खिलेश्वरी, आरती, रिया, संगीता, पवन कुमार, नंदनी, रंजू, गिरजा, शीतल, पूर्णिमा, गायत्री साहू, चंदा, भारती, चंद्रकला, पुष्पा, गिरधा, हिरौदी, संतोषी, उषा, शशि, रेवाराम साहू, परस लहरे, बेलन साहू, शरद ठाकुर, दसरू रात्रे, गरीबा लहरे, जगेश्वर ठाकुर, मोहन खरे, मूलचंद खरे, रोशन मानिकपुरी, रामरतन यादव, सालूकराम, जया यादव सहित अन्य शामिल थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जनवरी। प्रदेश किसान कांग्रेस के महामंत्री और जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव ने छत्तीसगढ़ सरकार के नए आरक्षण विधेयक को राज्यपाल द्वारा रोके रखे जाने पर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि आशंका है कि आरक्षण विधेयक किसी के इशारे पर रोके रखा गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार सभी वर्गों को समुचित आरक्षण देने की दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन छत्तीसगढिय़ों का अहित चाहने वाले इसमें अड़ंगा डाल रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के अपरिपक्व नेतृत्व की वजह से यह स्थिति निर्मित हुई है। न्यायपालिका के आदेश के बाद राज्य में आरक्षण व्यवस्था प्रभावित हुई है। जिसका असर कई महत्वपूर्ण क्षेत्र में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आनन-फानन में स्थिति को संभालने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निर्णय लेते नया विधेयक तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने दिन-रात एक कर नया विधेयक तैयार किया और विधानसभा में सर्व सम्मति से इसे पारित भी किया गया, लेकिन राज्यपाल ने इसे अब तक रोके रखा है। सभी दलों के विधायकों की सहमति वाले विधेयक पर सवाल उठाए जा रहे हैं और इसे रोके रखने के बहाने ढूंढे जा रहे हैं। सभी वर्गों को समुचित अवसर देने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों को रोकने की कोशिश की जा रही है, जो कि प्रत्येक छत्तीसगढिय़ा व्यक्ति का अहित है।
श्री यादव ने कहा कि विधेयक पर तात्कालिक निर्णय लिया जाना चाहिए था, किंतु सर्व वर्ग के हित में लिए गए निर्णय पर भी राजनीति हावी हो गई। स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेस की सर्व जन हिताय, सर्व जन सुखाय की नीति विरोधी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।
वे अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोगों के अधिकार से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण विधेयक रोके रखे जाने चलते अब जनता सडक़ों पर अपने अधिकार के लिए उतर रही है। राज्यपाल को जल्द विधेयक को स्वीकृति देनी चाहिए, ताकि प्रदेश में विपरित स्थिति निर्मित न हो।