छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 सितंबर। विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश मंगलवार को जहां घरों में पारंपरिक रूप से विराजित होंगे। वहीं पंडालों में भी लंबोदर महाराज की मूर्ति की स्थापना की जाएगी। राजनांदगांव शहर में पारंपरिक रूप से गणेश उत्सव की व्यापक धूम बनी रहेगी।
सिद्धी विनायक भगवान श्रीगणेश यानी विघ्नहर्ता लंबोदर महाराज को कल श्री गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर घरों और पूजा पंडालों में उत्साह का माहौल है। इसी के साथ ही संस्कारधानी में 11 दिनों तक गणेशोत्सव की धूम रहेगी। गणेश चतुर्थी पर भगवान श्रीगणेश को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापित किया जाएगा। वहीं गणेश मूर्तियों की बिक्री के लिए महावीर चौक स्थित फ्लाई ओवर के नीचे दुकानें सजकर तैयार हो गई है। इसके अलावा बाजार में भी मूर्तियां बिक्री के लिए पहुंच गई है। इधर गणेश समितियों ने भी भगवान गणेश को स्थापित करने के लिए पंडालों की तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं 19 सितंबर को श्रीगणेश चतुर्थी पर्व को लेकर मूर्तिकारों ने भी श्रीगणेश की मूर्तियों को सजा ली है।
इधर पूजा पंडाल समितियों के पदाधिकारियों ने भी पंडालों और लोग घरों में भगवान श्रीगणेश की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करने की तैयारी शुरू कर दी है। गणेश उत्सव के लिए शहर के प्रमुख समितियों की ओर से तैयारी कर ली गई है। शासन के निर्देशानुसार मूर्तियों की बिक्री शुरू हो गई है। आकर्षक एवं अलग-अलग रूपों में भगवान श्रीगणेश की मूर्तियों का लोग दर्शन करेंगे। शुरूआत के एक-दो दिन बाद विसर्जन तक शहर का वातावरण धार्मिकमय हो जाता है। इस बीच मंगलवार को विघ्नहर्ता के विराजते ही गणेश पर्व उत्सव का आगाज होगा।
इधर गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर जिले के शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान श्रीगणेश के जयकारे के साथ हर्षोल्लास का माहौल निर्मित है। आज शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के पंडालों व घर-घर भगवान श्रीगणेश को स्थापित करने समितियों के पदाधिकारी व लोगों की भीड़ बाजार क्षेत्र में बनी हुई है। इससे शहर में चहल-पहल की स्थिति निर्मित हो गई है।
गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर शहर कृत्रिम रौशनी में जगमग होगा। भगवान श्रीगणेश के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ सडक़ों शहर की पर नजर आएगी। ग्रामीण इलाकों के लोग आज सुबह से ही मूर्ति ले जाने मूर्तिकारों के पास पहुंच रहे हैं। जिले के दूरस्थ इलाकों के ग्रामीण स्थानीय मूर्तिकारों से ही प्रतिमा की खरीदी कर रहे हैं। वहीं भगवान गणेश की मूर्तियों को समितियों द्वारा ले जाने का क्रम सुबह से ही बना हुआ है। हालांकि मौसम की मार से बचने अधिकांश समितियां बीते एक-दो दिनों पूर्व ही प्रतिमाओं के ले जा चुके हैं।
गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर शहर के महावीर चौक स्थित फ्लाई ओवर के नीचे गणेश प्रतिमाओं की दुकानें सजी हुई है। वहीं शहर के विभिन्न इलाकों के मूर्तिकारों के पास गणेश समितियों के पदाधिकारियों के अलावा लोगों की भीड़ उमडने लोगों की चहल-पहल बढ़ गई है।
घर और ऑफिस के लिए शुभ मुहूर्त
मिली जानकारी के अनुसार गणेश चतुर्थी पर्व पर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापना करने लोग शुभ मुहूर्त की तैयारी में जुटे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि घरों में श्रीगणेश जी की प्रतिमा स्थापित करने सुबह 9.30 से 11 बजे व सुबह 11.25 से दोपहर 2 बजे तक शुभ मुहूर्त है। वहीं दुकान, कार्यालय और फैक्ट्रियों में प्रतिमा स्थापित करने के लिए सुबह 10 से 11.25 और दोपहर 12 से 1.20 तक शुभ मुहूर्त को लेकर लोग तैयारी कर रहे हैं।
साज-सजावट की दुकानें तैयार
गणेश पर्व पर घरों में गणेश की प्रतिमा स्थापित करने जहां लोग तैयारी में जुटे हुए हैं। वहीं साज-सजावट की दुकानें भी बाजार में सजकर तैयार हो गई है। दुकानों में साज-सजावट की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ भी उमड़ रही है। इसके अलावा पूजन सामग्रियों की दुकानों में भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इधर बाजार क्षेत्र और मूर्तिकारों तथा गणेश प्रतिमा दुकानों में लोगों की भीड़ बढऩे से बाजार क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई है।
प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमा निर्माण पर कार्रवाई के निर्देश
गणेश पर्व को ध्यान में रखते एवं प्लास्टर आफ पेरिस की प्रतिमा का निर्माण प्रतिबंधित किए जाने नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता के निर्देश पर गत् दिनों नगर निगम की टीम ने शहर के गणेश प्रतिमा निर्माण स्थल का निरीक्षण कर मूर्तिकारों से प्रतिमा निर्माण के लिए मिट्टी का उपयोग करने समझाईस दी थी। निगम की टीम ने मानव मंदिर चौक, कृष्णा टॉकिज के सामने, हमालपारा सहित अन्य क्षेत्रों के गणेश प्रतिमा निर्माण स्थल का निरीक्षण कर मूर्तिकारों को गणेश प्रतिमा निर्माण में प्लास्टर ऑफ पेरिस का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए थे। गणेश प्रतिमा का निर्माण के लिए मिट्टी का उपयोग किया जाना है। यदि प्लास्टर आफ पेरिस की प्रतिमा का निर्माण करते पाया जाएगा तो संबंधित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। आबकारी अधिकारी वृत्त-अं.चौकी द्वारा गत दिवस 16 सितंबर को प्राप्त सूचना के आधार ग्राम मुंजाल में आरोपी शैलेन्द्र कुमार पिता श्यामलाल कोड़ापे 32वर्ष निवासी मुंजाल के कृषि भुमि में निर्मित लारी की तलाशी लेने 30 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ फूल से निर्मित कच्ची शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम किया गया है। इसी प्रकार ग्राम मुंजाल, झिटिया सीमा नाला के पास अवैध शराब की सूचना तस्दीक करने व विधिवत तलाशी लेने पर मौके से एक प्लास्टिक ड्रम में 100 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ फूल से निर्मित कच्ची शराब एवं 500 किग्रा महुआ लाहन बरामद किया गया। शराब के मालिक के संबंध में आसपास गांव वालों से पूछताछ करने पर जानकारी नहीं होने पर मौके पर उक्त मदिरा को जब्त कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) लावारिस प्रकरण कायम किया गया है।
उल्लेखनीय है कि सचिव सह आबकारी आयुक्त महादेव कावरे द्वारा अवैध शराब विक्रय पर कार्रवाई करने निर्देशित किया गया है। मोहला-मानपुर-अं. चौकी कलेक्टर एस. जयवर्धन द्वारा जिले में अवैध शराब विक्रय के विरुद्ध संघन अभियान चलाकर कार्रवाई करने निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशन के परिपालन में सहायक आयुक्त आबकारी एके सिंग द्वारा विभाग को मुस्तैदी से कार्रवाई करने कहा गया है। उक्त कार्रवाई के दौरान आबकारी प्रधान आरक्षक राजकपूर कुमर्रा, आरक्षक महेन्द्र कोमरे, भूपेन्द्र वर्मा उपस्थित थे।
सुबह से शिव मंदिरों में उमड़ी विवाहित महिलाओं की भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। हरितालिका पर्व होने के चलते बीती रात विवाहित महिलाओं ने कडुभात (करेले की सब्जी) का सेवन कर पति की दीर्घायु के लिए कठिन शुरू कर लिया। वहीं आज सुबह से महिलाएं शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु और परिवार की मंगल कामना की। इधर तीज पर्व पर जहां घरों में परिवार के सदस्यों के बीच रौनक बनी रही। वहीं मायके लौटी महिलाओं का आसपास की रहने वाली सहेलियों और अन्य लोगों से मेल-जोल का क्रम बना रहा। तिजहारिनों के मायके लौटने के बाद महिलाओं का अपने माता-पिता और भाईयों व बहनों के बीच हंसी-ठिठोली का क्रम बना रहा।
इधर हरितालिका तीज पर्व को लेकर कपड़ा और आभूषण दुकानों में महिलाओं की भीड़ भी उमड़ रही है। इसके अलावा पूजन सामग्रियों की खरीदी करने महिलाओं का बाजार क्षेत्र में चहल-पहल बनी हुई है। इधर विवाहित महिलाएं दोपहर बाद पूजन की तैयारियों में जुट गई। इससे व्रतधारी महिलाएं देर रात तक भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना करेंगी।
तीजा पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह और भक्तिभाव का माहौल बना हुआ है। सौभाग्यवती महिलाएं अपने मायके में रहकर तीजा व्रत धारण किया। कल सुबह विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर व्रत पारण किया जाएगा। विवाहित महिलाओं ने रविवार को कडुवा भोजन करने के बाद सोमवार दिनभर पति की दीर्घायु को लेकर व्रत रखा। इधर पर्व को लेकर बाजार में महिलाओं ने जमकर खरीदी की। वहीं तीजा पर्व को लेकर कपड़ा, ज्वेलरी, श्रृंगार सहित अन्य दुकानों में महिलाओं की अच्छी खासी उपस्थिति रही। गत् दो-तीन दिनों से तीजा पर्व को लेकर खरीदी के लिए अच्छी खासी उपस्थिति लोगों की बनी हुई है। आगामी दिनों में भी बाजार में चहल-पहल बने रहने की संभावना है। वहीं पर्व के चलते यात्री वाहनों में भी भीड़ का माहौल बना हुआ था।
कल सुबह पूजन के बाद व्रत का होगा पारण
पति की लंबी आयु की कामना लेकर कठिन व्रत रखने वाली सुहागिन महिलाएं कल मंगलवार सुबह भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर व्रत का पारण करेंगी। व्रत तोडऩे से पूर्व स्थानीय सरोवरों और तालाबों में भगवान शिव और पार्वती की पूजा-अर्चना करेंगी। घर लौटने के बाद महिलाओं द्वारा स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया जाएगा। साथ ही उनके द्वारा खानपान का सिलसिला दिनभर चलेगा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। राजधानी रायपुर में गत दिनों कांग्रेस अल्प संख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहे।
इस अवसर पर राजनांदगांव जिला अल्प संख्यक विभाग कांग्रेस के राजिक सोलंकी एवं उड़ीसा प्रभारी अब्दुल कलाम के नेतृत्व में राजनांदगांव से बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। एयरपोर्ट मार्ग राम मंदिर के पास इमरान प्रतापगढ़ी का भव्य स्वागत किया। जिला अल्पसंख्यक विभाग के राजिक सोलंकी एवं उड़ीसा प्रभारी कलाम खान की पीठ थपथपाई।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। भारतीय मजदूर संघ ने रविवार को राष्ट्रीय श्रम दिवस विश्वकर्मा जयंती पर मजदूरों की विशाल रैली निकाली। रैली शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते जयस्तंभ चौक में सभा के रूप में समाप्त हुई। इसके पूर्व सीजे पटेल गोदाम जीई रोड़ में आयोजित समारोह को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखे प्रहार करते कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मजदूरों के लिए जन्म से लेकर मृत्यु तक की कालजयी योजनाएं तैयार की गई थी। जिसका लाभ प्रदेश के लाखों गरीब मजदूरों को मिला था, किन्तु सत्ता परिवर्तन के बाद प्रदेश के वर्तमान मुखिया भूपेश बघेल ने श्रमिक कल्याण की ज्यादातर योजनाओं को बंद कर दिया।
विशेषकर असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का व्यापक पैमाने पर शोषण हो रहा है। भारतीय मजदूर संघ के मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुनील किरवई ने कहा कि देश के मजदूरों के लिए भगवान विश्वकर्मा उनके आराध्य है। वे विश्व के ऐसे व्यक्तित्व है, जिन्होंने त्याग-तपस्या बलिदान का उदाहरण देते अपने पुत्र के वध के लिए महर्षि दधिचि की हड्डियों से हथियार तैयार किया था। वे निर्माण के देवता है, उनकी उपासना ही मजदूरों के कल्याण का मार्ग है। समारोह का संचालन भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश संगठन मंत्री योगेशदत्त मिश्रा ने किया।
समारोह में सुदर्शनदास मानिकपुरी, गजानंद मिश्रा, बहल राम, केशवराम सिन्हा, ठाकुर राम, नरेशराम साहू, लाखन सिंह कुशवाहा, अल्का, संध्यादेवी, सोमन राव, सुमरन दास बंजारे, कुशलराम यादव, कमल सिन्हा, मुकुटराम साहू, गुमान ठाकुर, संतोष, रामखिलावन, गोपीराम, भोलाराम सिन्हा, यशवंत ठाकुर, सूबेदासचंदेल, गैंदा खरे, जितेन्द्र साहू, पल्टन पटेल, बलदाऊ साहू, शत्रुराम साहू, दयालुराम कौशिक, गोपीराम बंजारे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। परिवर्तन यात्रा शुक्रवार को राजनांदगांव पहुंची। जिसका जिला भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ फरहद चौक पर भव्य स्वागत किया गया। बाईक में सवार भाजयुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अगुवानी करते यात्रा को रोड-शो के साथ सभा स्थल तक पहुंचाया।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव व जिला अध्यक्ष रमेश पटेल की मौजूदगी में जिला भाजयुमो ने बाइक रैली के साथ परिवर्तन यात्रा का राजनांदगांव में भव्य स्वागत किया। फरहद चौक पर जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अलावा शहर के दक्षिण-उत्तर व ग्रामीण मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। विधानसभा के अलग-अलग हिस्से से आए युवाओं ने जोश और उमंग के साथ अपने नेताओं को शक्ति प्रदर्शन किया।
गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का भाजयुमो ने मंच पर पुष्पमाला भेंटकर स्वागत किया। मोनू ने परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम के तहत बाइक रैली और सभा में शामिल युवाओं को आभार जताया है। उन्होंने कहा कि गोलू सूर्यवंशी, सज्जन सिंह, प्रखर श्रीवास्तव, आशीष जैन, कमलेश लहरे समेत अन्य लोग शामिल थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। मोहला-मानपुर में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा हमें वादे पूरे करने वाली सरकार चाहिए, वादा खिलाफी करने वाली नहीं, इसीलिए अब कांग्रेस को विदा करें, भाजपा की सरकार लाए। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने घोटाला करने में गाय को भी नहीं छोड़ा, तरह-तरह के घोटाले किए जा रहे है। इतने घोटाले किसी राज्य में नहीं हुए यह घोटाला सरकार है।
सांसद संतोष पांडे ने कहा जिस सरकार में विधायक पर हमला हो जाए वो भरोसे का सम्मेलन कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक छन्नी साहू को मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं, वृहस्पति सिंह को उपमुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं, जयसिंह अग्रवाल को, शैलेश पांडे को मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं और कांग्रेस भरोसे का सम्मेलन करती है।
यात्रा प्रभारी विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि यहां के विधायक रेती के मामले में बड़े प्रसिद्ध है, तेंदूपत्ता की खरीदी तक नहीं की जा पा रही है। धान के मामले भूपेश सरकार केवल झूठ बोल रही है और किसानों को ठग रही है, जब कांग्रेस सरकार ने 2500 रुपए देने का वादा तब धान का समर्थन मूल्य 1750 था, लेकिन लगातार केंद्र द्वारा समर्थन मूल्य बढ़ाने पर किसानों को वो पैसा नहीं दिया गया। आज धान का समर्थन मूल्य 2200 हो चुका है। बारदाना का पैसा तक नहीं दिया गया। भूपेश सरकार ने किसानों को केवल ठगने का काम किया है।
आमसभा में शिवरतन शर्मा , संतोष पांडे, महेश गागड़ा, मदन साहू, सजीव साहू सचिन बघेल, लल्लन मिश्रा, कोमल जंघेल, सचिन बघेल, राजेन्द्र गोलछा, दिलीप वर्मा, नम्रता सिंह, खोरबहराराम यादव, रमेश हिडामे, भोजेश शाह मंडावी, कंचनमाला भुआर्य, ओम चांडक, योगेंद्र कोडापे, नरसिंह भंडारी, राधिका अंधारे, कमलेश, रियाजुद्दीन कुरैशी, रतन तारम, धरमु भुआर्य, शत्रुहन चुरेन्द्र एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का आयोजन नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। स्वच्छता लींग 2.0 कार्यक्रम अंतर्गत शनिवार को महापौर हेमा देशमुख के आतिथ्य में नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने स्वच्छता दीदीयों, शालेय विद्यार्थियों तथा निगम पदाधिकारियों व अधिकारियों, कर्मचारियों को स्वच्छता अपनाने शपथ दिलाई एवं शपथ उपरांत आयोजित स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना की। रैली में स्वच्छता दीदीयों सहित ठा.प्यारेलाल स्कूल, स्टेट हाई स्कूल एवं आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के विद्यार्थियों तथा स्काउट एवं एनसीसी के कैडेटों ने शहर के प्रमुख मार्गो में भ्रमण कर स्वच्छता अपनाने नारा लगाते लोगों को स्वच्छता से जुडने अपील की। इस दौरान निगम परिसर के सामने रोड में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ -सफाई की गई।
कार्यक्रम में महापौर देशमुख ने कहा कि हमारा हिन्दुस्तान स्वच्छ एवं सुंदर हो इसके लिए हम सबकों प्रयास करना है, हमारे स्वच्छता दीदी एवं सफाई मित्र स्वच्छता की ऋण की हड्डी है, इनके कारण ही हमें स्वच्छ वातावरण मिलता है। स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य गणेश पवार ने कहा कि हमें अपने शहर को कचरा मुक्त करना है, इसके लिए आप सबका सहयोग जरूरी है।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता ने कहा कि आज स्वच्छता पखवाड़ा प्रारंभ हो गया है, जो 2 अक्टूबर 2023 तक चलेगा। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत आयोजित रैली के उपरांत नगर निगम कार्यालय के सामने रोड में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ सफाई किया गया तथा स्वच्छता अपनाने स्वच्छता लीग में जनभागीदारी के लिए अपील की गई। कार्यक्रम का संचालन संजीव कुमार मिश्रा ने किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। कलेक्टर डोमन सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ अनाधिकृत विकास का नियमितिकरण संशोधन अधिनियम 2022 के प्रावधानों के अंतर्गत नगर पालिक निगम राजनांदगांव की सीमा क्षेत्र के तहत अनाधिकृत निर्मित आवासीय एवं गैर आवासीय भवनों के नियमितिकरण हेतु राजस्व, नगर निगम एवं नगर तथा ग्राम निवेश के अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर श्री सिंह ने अनुमति के अतिरिक्त तथा बिना अनुमति के अवैध निर्माण प्रकरणों में 77 प्रकरणों को वैध किया। जिनमें राजनांदगांव नगर निगम के 72 प्रकरण तथा छुरिया नगर पंचायत के 5 प्रकरण शामिल है।
राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत तिलोकचंद साहू, नलिनीबाला, शशिकला सिंह, राधा कोर्राम, सुशांत दास, कन्हैया लाल करवड़े, भावेश वाल्दे, नितेश कोचरे, ललिता पगारे, त्रिलोकी साहू, वंदिता शर्मा, सरोज सिमरे, प्रवीण कुमार झा, मधु जैन, प्रभात जैन, कल्याणी तिवारी, ढालसिंह सोनकर, लाजपत देवांगन, तिलोकचंद, चंचल जैन, पूर्णिमा वर्मा, तीरथ सिंह सौंध, नरेश कोचरे, अनिता नशीने, गुरदीप सिंग पंधेर, मिनाक्षी गोसाई, सीता देवी, तुलेश्वर कुमार साहू, मो. बसी, विद्यानंदन देवांगन, रेवालाल प्रजापति, निर्मल कुमार तेजवानी, आशीष कुमार वारके, जानकी सोनी, फनेश्वर सोनकर, शेख हामिद, त्रिलोक सोनकर, गरिमा श्रीवास्तव, सुधा भौमिक, सत्याभामा शर्मा, आसमा खान, संख्या लेंझारे, श्रवण सिंह कोरेटी, गिरीश नंदन, सीमा शांडिल्य, दिनेश कासेकर, गौरव कुमार मेश्राम, राजेश मंधानी, विजय कुमार मेश्राम, नरेश कुमार दामले, कमलेश साव, संजीव कुमार देवांगन, गामेन्द्र नेताम, हर्ष चितलांग्या, रीना सिन्हा, मनोज गिडलानी, प्रेमलाल तारम, अनिता दुबे, दौलत जंघेल, रूखमणी निर्मलकर, दलेश्वर प्रसाद वर्मा, आशीष कुमार साहू, सुशीला साहू, कमलेश कुमार तिवारी, विवेक मिरानी को अनाधिकृत निर्मित आवासीय एवं शीतल देवांगन, संजय अग्रवाल को अनाधिकृत निर्मित गैर आवासीय भवनों के नियमितिकरण के लिए अनुमति प्रदान की गई। इसी तरह नगर पंचायत छुरिया क्षेत्र अंतर्गत जमाल मोहम्मद, अशोक कुमार अग्रवाल, नीलिमा अग्रवाल, किरण अग्रवाल को अनाधिकृत निर्मित आवासीय एवं अशोक कुमार अग्रवाल को अनाधिकृत निर्मित गैर आवासीय भवनों के नियमितिकरण के लिए अनुमति प्रदान की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता, उप संचालक नगर तथा ग्राम निवेश सूर्यभान सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
राजनांदगांव, 18 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीते दिनों छत्तीसगढ़ दौरे पर जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव ने तंज कसा है । मोदी के छत्तीसगढ़ के दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते महेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से राज्य के लोगों को निराशा हुई। प्रधानमंत्री सिर्फ भाजपा की चुनावी संभावनाओं को तलाशने आये थे, लेकिन उनकी सभा में नदारद भीड़ यह बताने के लिये पर्याप्त था कि छत्तीसगढ़ की जनता ने प्रधानमंत्री को और भाजपा दोनों को नकार दिया। भाजपा ने दावा किया था प्रधानमंत्री की सभा में 1 लाख लोग आएंगे, लेकिन पूरी ताकत लगाने के बाद मोदी की सभा में 10 हजार लोग भी एकत्रित नहीं हुए।
महेंद्र ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ अपने मित्र अडानी के व्यापार को बढ़ाने के लिए आए थे। प्रधानमंत्री ने जिस रेल कॉरीडोर का शिलान्यास किया वह छत्तीसगढ़ की जनता के लिये नहीं अडानी के फायदे के लिए थे। मोदी राज में देश का सबसे बड़ा कोयला व्यापारी अडानी समूह बन गया। अडानी के कोयला परिवहन और पावर प्लांटों तक कोयला आसानी से पहुंचे, इसलिये प्रधानमंत्री को इन रेल कॉरीडोरों की चिंता थी। छत्तीसगढ़ की जनता की रेल सुविधाओं की प्रधानमंत्री को कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की बंद रेल यात्री सुविधाओं और रेल की लेटलतीफी पर प्रधानमंत्री मौन रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। लोक शिक्षण संचानालय रायपुर के निर्देशानुसार राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2023-24 का आयोजन 27 से 30 सितम्बर तक किया जाएगा। जिसमें राजनांदगांव जिले को हॉकी, बास्केटबॉल, व्हालीबॉल, सॉफ्टबॉल एवं बैडमिंटन खेलों की मेजबानी मिली है। जिसके तैयारी के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी राजेश सिंह ने बैठक ली।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में पांच खेलों की की मेजबानी राजनांदगांव जिले को मिली है, जिसे सफलतापूर्वक पूर्ण करने का दायित्व पूरी टीम का है। उन्होंने खेल मैदान को व्यवस्थित करने और आने वाले खिलाडिय़ों और आगन्तकों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। खिलाडिय़ों के आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्था की निरंतर मानिटरिंग करते रहें। उन्होंने कहा कि आने वाले खिलाडिय़ों और आगन्तकों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी उषा चटर्जी ने एजेंडा वार चर्चा करते स्थानीय खेल मैदान की जानकारी, खेल मैदान तैयार करने पीटीआई के दायित्व का निर्धारण, आवास व्यवस्था, टीम के आने-जाने यातायात व्यवस्था, उद्घाटन एवं समापन समारोह की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।
खिलाडिय़ों एवं आने वाले आगन्तुकों के आवास व्यवस्था ठाकुर प्यारे लाल स्कूल, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, वेसलियन हिंदी व अंग्रेजी माध्यम स्कूल, गुजराती स्कूल, गुरूनानक स्कूल, रॉयल किड्स स्कूल, जेएमजे स्कूल में किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य के पांच संभाग से 730 प्रतिभागी एवं 130 दल प्रबंधक, कोच, मैनेजर एवंं अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में एमएलबी स्कूल के प्राचार्य सीआर वर्मा, ठाकुर प्यारे लाल स्कूल के प्राचार्य भूषण साव एवं शैलेन्द्र तिवारी, देवेन्द्र सिंह ठाकुर, राधा राव, राज कुमार नंदेश्वर, हेमन्त पांडे, दिग्विजय श्रीवास्तव, स्वप्निल झा, निसार अब्बास, तेजस राहुल, इमरान खान व व्यायाम शिक्षक उपस्थित थे।
कलेक्टर ने आबकारी अधिकारियों की ली बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। कलेक्टर डोमन सिंह ने कलेक्टोरेट कार्यालय के चिप्स कक्ष में आबकारी विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर सिंह ने जिले में विधानसभा निर्वाचन 2023 के शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के स्थापित चेकपोस्ट और बेरियर में किए जा रहे सघन जांच की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को चेकपोस्ट में आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने कहा। जिससे एक अच्छी व्यवस्था बनेगी और अच्छा कार्य होगा। उन्होंने चेकपोस्ट में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने चेक पोस्ट में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्क एवं सक्रिय होकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी गाडिय़ों को नियमित रूप से चेक करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध रूप से मदिरा परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में अवैध रूप से मदिरा विक्रय करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सिंह ने पाटेकोहरा, बागनदी, बोरतलाव सहित जिले के अन्य चेकपोस्ट में तैनात विभागों को सीसीटीवी कैमरा लगाने और रजिस्टर में एन्ट्री करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेकपोस्ट से आने-जाने वाले गाडिय़ों की जानकारी प्रतिदिन देने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत के अनुरूप चेकपोस्ट के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने कहा।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से वेयर हाउस का जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर निरंतर वाहनों की जांच की जा रही है। बैठक में डिप्टी कलेक्टर गौतम पाटिल, सहायक आयुक्त आबकारी अशोक कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानानुसार कृषकों को फसल उत्पादन में क्षति के अतिरिक्त बुआई नहीं हो पाने, रोपण बाधित होने, मौसम प्रतिकूलताओं के कारण नुकसान, स्थानीय आपदाओं की स्थिति होने पर कृषकों को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से फसल बीमा योजना लागू की गयी है। इस योजना के तहत शासन द्वारा कृषकों को फसलों के नुकसान पर अलग-अलग धन राशि प्रदान की जाती है। अंतिम भुगतान हेतु दावा गणना आयुक्त भू-अभिलेख छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अधिसूचित क्षेत्र एवं अधिसूचित फसलों के लिए निर्धारित न्यूनतम अनिवार्य संख्या में किए गए फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त औसत उपज के आकड़ों के आधार पर की जाती है तथा पात्रता अनुसार दावा राशि बीमा कंपनी द्वारा बैंक के माध्यम से कृषकों के खातों में अंतरित की जाती है।
उप संचालक कृषि नागेश्वर लाल पाण्डे ने बताया कि जिले में रबी वर्ष 2022-23 के लिए 72 हजार 480 कृषकों ने बीमा कराया था। जिसमें 43 हजार 22 पात्र कृषकों को 5145.45 लाख रुपए का दावा राशि की गणना की गई है। विकासखंड डोंगरगांव तथा डोंगरगढ़ में क्रमश: 5431.68 हेक्टेयर तथा 24875.49 हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों का बीमा हुआ था। डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम आसरा अंतर्गत 537.95 हेक्टेयर में चना फसल का बीमा हुआ था। फसल कटाई प्रयेाग से प्राप्त आंकड़ों की गणना के आधार पर बीमा कंपनी द्वारा ग्राम आसरा में लगभग 19000 रुपए प्रति हेक्टेयर का दावा भुगतान निर्धारित किया गया तथा 131 कृषक दावा भुगतान हेतु पात्र थे। फसल बीमा कंपनी भारतीय कृषि बीमा कंपनी द्वारा फसल क्षति दावा भुगतान अब तक 80 कृषकों (1446 पात्र आवेदन) को 63.57 लाख रुपए का सफल भुगतान हो चुका है, शेष 51 कृषक (130 पात्र आवेदन) को 5.05 लाख रुपए का दावा भुगतान प्रक्रियाधीन है।
इसी प्रकार रबी वर्ष 2022-23 के लिए डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम मनकी अंतर्गत 109.345 हेक्टेयर में चना फसल का बीमा हुआ था। फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों की गणना के आधार पर ग्राम आसरा में लगभग 10169 रुपए प्रति हेक्टेयर का दावा भुगतान निर्धारित हुआ था। जिसमें 77 कृषक ( 618 आवेदन) दावा भुगतान हेतु पात्र है। अद्यतन 49 कृषकों (553 पात्र आवेदन) को राशि 9.83 लाख रुपए का सफल भुगतान हो चुका है। शेष 28 कृषक (63 पात्र आवेदन) को 1.28 लाख रुपए का दावा भुगतान प्रक्रियाधीन है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिले के ग्रामों में कृषकों को फसल बीमा कराने एवं दावा राशि के भुगतान के संबंध में विभिन्न तकनीकी कारणों से समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षा स्तर का किया आंकलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 सितंबर। मोहला-मानपुर-अं. चौकी कलेक्टर एस जयवर्धन ने शुक्रवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के मोहला एवं मानपुर विकासखंड के स्कूलों में नियुक्त ट्यूटर शिक्षकों से भेंट किया। कलेक्टर ने ट्यूटर शिक्षकों से परिचय प्राप्त कर उनकी योग्यता, ज्ञान, शिक्षकीय क्षमता के साथ ही सामान्य ज्ञान के स्तर आंकलन किया।
कलेक्टर ने ट्यूटर शिक्षकों से कहा कि ट्यूटर शिक्षकों की भर्ती का मूल उद्देश्य रोजगार प्राप्त करना या रोजगार देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इनका मूल उद्देश्य शिक्षकीय विहीन अथवा एकल शिक्षकीय शालाओं में शिक्षकों की भर्ती कर बच्चों के शिक्षा के स्तर और ज्ञान में वृद्धि किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित करते कहा कि सभी नियुक्त ट्यूटर शिक्षक अपने संपूर्ण ऊर्जा और ज्ञान बच्चों का भविष्य संवारने में लगाएं। उन्होंने कहा कि जिस विषय के लिए नियुक्त किया गया है, उस विषय में बच्चों को ईमानदारी पूर्वक अध्ययन कराया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को पढ़ाते समय, बच्चों के सहज समझए क्षमता और उनकी ज्ञान को मापदंड में रखते अध्ययन कराएं। कलेक्टर ने कहा कि एक अच्छे शिक्षक का परिचय देते बच्चों को प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार करें। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दीप्ति गौते, अपर कलेक्टर प्रेमलता चंदेल, जिला शिक्षा अधिकारी केके बंजारे एवं ब्लाक खंड शिक्षा अधिकारी राजेंद्र देवांगन समेत सभी नियुक्त 105 ट्यूटर शिक्षक उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 सितंबर। कलेक्टर डोमन सिंह ने गुरुवार को राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पेण्ड्री और डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम तुमड़ीबोड़ के खेतों में पहुंचकर गिरदावरी कार्य का सत्यापन किया।
कलेक्टर ने मौके पर खेतों में लगाए गए फसल और पटवारी द्वारा दर्ज गिरदावरी कार्य का मिलान कर गिरदावरी कार्य की पारदर्शिता की जांच की। कलेक्टर ने गिरदावरी कार्य को 1 अक्टूबर 2023 के पहले अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गिरदावरी के कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए और इसे समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गिरदावरी कार्य में लापरवाही करने वाले संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गिरदावरी कार्य का मुख्य उद्देश्य किसान द्वारा लगाए गए फसल व रकबा का गिरदावरी में दर्ज फसल व रकबा का सत्यापन करना है। नियमानुसार पटवारी द्वारा मौके पर जाकर खेतों में किसानों द्वारा बोई गई फसल का सत्यापन किया जाता है। गिरदावरी कार्य के आधार पर धान खरीदी, शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि, शासन से मिलने वाली योजना का लाभ किसानों को मिलता है। कलेक्टर ने गिरदावरी कार्य के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे गिरदावरी कार्य को पारदर्शिता एवं ईमानदारीपूर्वक करें। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि गिरदावरी कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पेंड्री के किसान नन्दा, दसरू, अशोक, संदीप और भोगेश्वर के खेत में लगी फसल का मौके पर गिरदावरी से सत्यापन किया। डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम तुमड़ीबोड़ के किसान हर्ष पींचा के खेत में भिंडी और धान की फसल को गिरदावरी से मिलान किया गया। तुमड़ीबोड के किसान अश्वनी वाघमारे के खेत में कोई भी फसल नहीं लगी पाई गई। इसे मौके पर ही गिरदावरी से मिलान किया गया।
गिरदावरी कार्य के निरीक्षण के दौरान एसडीएम डोंगरगांव अश्वन कुमार, तहसीलदार घुमका सोमित मेरिया, तहसीलदार डोंगरगांव प्यारेलाल नाग, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, कोटवार, किसान मौके पर उपस्थित थे।
बायोमेट्रिक धान खरीदी से किसानों को होगी सुविधा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 सितंबर। मुख्य सचिव अभिताभ जैन ने शुक्रवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान खरीदी के संबंध में कलेक्टर्स की बैठक ली। इस दौरान कलेक्टर डोमन सिंह उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव जैन ने गिरदावरी, खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में किसान पंजीयन की प्रगति, बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी, खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान उपार्जन के लिए बारदाने की व्यवस्था, खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में चावल उपार्जन की प्रगति, पीडीएस की राशि वसूली की स्थिति, अवैध उत्खनन व परिवहन पर रोकथाम के संबंध में चर्चा की। मुख्य सचिव ने कहा कि 1 नवम्बर 2023 से धान की खरीदी प्रारंभ हो रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी धान खरीदी के लिए पहले से पूरी व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। गिरदावरी त्रुटि रहित होना चाहिए। सभी कलेक्टर पटवारी हल्कों का निरीक्षण करें। उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता देते करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में किसान पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली तथा आधार अपडेशन, नामिनेशन के कार्य में प्रगति लाने कहा, जिन ग्रामों में किसान पंजीयन की गति धीमी है, वहां निरीक्षण कर गति लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव जैन ने कहा कि इस वर्ष से बायोमेट्रिक आधारित धान खरीदी की जा रही है। ऐसे बुजुर्ग किसान जो स्वयं धान उपार्जन केन्द्र में उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं, तो उनके नामिनी धान उपार्जन केन्द्र में उपस्थित होकर बायोमेट्रिक एथेंटिकेशन के आधार पर धान विक्रय कर सकते हैं। इसके लिए ट्रस्टेड पर्सन द्वारा भी बायोमेट्रिक एथेंटिकेशन कर धान विक्रय किया जा सकता है। उन्होंने बायोमेट्रिक आधारित खरीदी प्रणाली के प्रशिक्षण की उपयुक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बायोमेट्रिक आधारित खरीदी प्रणाली की जानकारी हेतु खरीदी केन्द्र स्तर पर किसानों के लिए प्रचार-प्रसार करने कहा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा 20 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। इसके लिए सख्त मानिटरिंग की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के लिए बारदाने की व्यवस्था कर लें। भारत शासन से 3 लाख बारदाने की अनुमति प्राप्त हो गई है। पीडीएस के पुराने बारदानों का सत्यापन करने कहा। उन्होंने नान में मिलर्स के पंजीयन, नान में समय पर चावल जमा करने तथा अवैध उत्खनन व परिवहन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डोमन सिंह ने जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में किसान पंजीयन प्रगति के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ सुधीर सोनी, उप पंजीयक सहकारिता शिल्पा अग्रवाल, जिला विपणन अधिकारी प्रियंका देवांगन, डिप्टी कलेक्टर गौतम पाटिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 सितंबर। शहर विकास की कड़ी में वार्ड नं. 22 आशानगर में अधोसंरचना मद अंतर्गत 90 लाख रूपए की लागत से सीमेन्ट कांक्रिटिंग रोड, इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कराया जाना है। जिसके लिए महापौर हेमा देशमुख ने भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि राज्य शासन द्वारा द्वारा शहर में मूलभूत सुविधा रोड, नाली के लिए राशि उपलब्ध कराए थे। जिससे वार्डो में विकास कार्य कराए जा रहे है। इसी कडी में आशानगर में 90 लाख रूपए की लागत से सीमेन्ट रोड, इंटरलॉकिंग तथा नाली का निर्माण कराया जा रहा है। इस अवसर उप अभियंता अशोक देवांगन सहित आशानगर वासी उपस्थित थे।
मोहड़ में बनेगा सामुदायिक भवन
इसी कडी में वार्ड नं. 7 रामनगर में अधोसंरचना मद अंतर्गत 10 लाख रूपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, वार्ड नं. 49 मोहड में 3 लाख रूपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण एवं वार्ड नं. 30 कैलाश नगर कंचनबाग में मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत 5 लाख रूपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण के अलावा वार्ड नं. 9 शंकरपुर में अधोसंरचना मद अंतर्गत 19 लाख रूपए की लागत से मुक्तिधाम उन्नयन कार्य कराया जाना है। उक्त कार्य कराए जाने शुक्रवार को चारों वार्डो में अलग-अलग आयोजित कार्यक्रम में महापौर हेमा देशमुख ने भूमिपूजन किया।
मोहारा मेला स्थल में होगा विकास कार्य
विकास कार्य की कड़ी में लोगो की मांग पर मोहारा मेला स्थल में विकास कार्य कराने मुख्यमंत्री ने राशि उपलब्ध कराए हैं। जिससे मोहारा मेला स्थल में विभिन्न विकास कार्य कराया जाना है। उक्त उद्गार महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने भूमिपूजन के अवसर पर दिए। उन्होने कहा कि संस्कारधानी का मोहारा मेला पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है, जो प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन आयोजित किया जाता है। प्रात: लोग शिवनाथ नदी में स्नान कर दीप दान करते हैं और दोपहर में भव्य मेला लगता है, आज-कल तो तीन दिनों का मेला होता है। उन्होने कहा कि मेला स्थल मे सुविधा विस्तार के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 2 रोड़ रूपए की स्वीकृति दिए है। जिससे मेला स्थल में सीमेन्ट कांक्रिटिंग रोड़, इंटरलॉकिंग, मंच, शौचालय, निर्माण के अलावा विद्युतीकरण कर सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। उक्त कार्य प्रारंभ कर समय सीमा में पूर्ण किया जाएगा, ताकि इस वर्ष के मेला मे इसका लाभ लोगो को मिल सकें।
दुर्ग से जा रहा था नागपुर, नांदगांव में जांच के दौरान पकड़ाया
राजनांदगांव, 17 सितंबर। दुर्ग से नागपुर जाने वाली एक लग्जरी बस में सवार होकर गांजा तस्करी करने वाले एक युवक को पुलिस ने पकड़कर कार्रवाई की। पुलिस ने युवक के पास से 10 किलो गांजा कीमती 80 हजार रुपए तथा एक नग मोबाईल कीमती 10 हजार रुपए भी जब्त किया गया। आरोपी के विरूद्ध नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023-24 के मद्देनजर निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना क्षेत्रांतर्गत लगातार संदिग्ध वाहनों एवं असामाजिक तत्वों तथा अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा, नशीली पदार्थ एवं शराब बिक्री करने वालों के विरूद्व चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 सितंबर को मुखबीर की सूचना मिली कि दुर्ग की ओर से एक लग्जरी बस आ रही है, जो नागपुर की ओर जाने वाली है। उक्त बस में एक व्यक्ति काले रंग के बैग में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखा है।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर पुराना बस स्टैंड चैक रॅायल बस बुकिंग ऑफिस के सामने राजनांदगांव के पास पहुॅचे, जहां पर लग्जरी बस आकर रूकी बस को चेक करने पर एक व्यक्ति काले रंग का बैग रखा, जिसे नाम-पता पूछने पर अपना नाम व पता अनिकेत वर्मा पिता विकास कुमार वर्मा 25 साल साकिन डी-5 तानसेन नगर हजीरा वार्ड नं. 13 थाना केलागेट ग्वालियर मध्यप्रदेश बताया। उसके हाथ में रखे बैग को चेकिंग करने पर बैग के अंदर पीले रंग की दो नग पालिथीन पैकेट में जो सेलोटेप लगा था। जिसमें 10 किलो 184 ग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमती 80 हजार रुपए मिला। आरोपी के पास मादक पदार्थ गांजा रखने ले जाने के संबंध में कोई वैध कागजात नहीं रखना पाए जाने से मौके पर जब्त किया गया। साथ ही आरोपी का एक नग सेमसंग कंपनी का एंड्राइड मोबाईल कीमती 10 हजार रुपए भी जब्त किया गया।
आरोपी का कृृत्य नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध सबूत पाए जाने से अप. क्र. 729/23 धारा 20(बी) नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया। माननीय न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल राजनांदगांव में दाखिल किया गया।
लोगों ने 15 साल मीठा खाने के बाद 5 साल मिर्ची का स्वाद चखा है
राजनांदगांव, 17 सितंबर। भाजपा की परिवर्तन यात्रा शनिवार को फरहद चौक से प्रारंभ होकर कृषि उपज मंडी में आमसभा में परिवर्तित हो गई। मंडी के विशाल प्रांगण में आयोजित सभा को संबोधित करते गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अपने भाषण की शुरूआत जय जोहार कहकर की।
सावंत ने कहा कि आज अटल को याद कर रहा हूं, जिन्होंने एक सोच के साथ छत्तीसगढ़ का निर्माण किया। युवाओं के हाथ में काम होए, महिलाएं सुरक्षित हो, प्रदेश का विकास हो। 15 साल प्रदेश तेज गति से विकास कर रहा था, लेकिन अब विकास रूक गया है। लोगों ने 15 साल मीठा खाने के बाद मिर्ची का स्वाद चखा है। मैं कांग्रेस सरकार से कहना चाहता हूं कि वह अपना रिकॉर्ड कार्ड पेश करें। कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। भाजपा की डबल इंजन सरकार फिर से लानी है। बघेल सरकार में कानून व्यवस्था ठप है। महिलाओं के साथ रोज दुष्कर्म हो रहे हैं, छत्तीसगढ़ में जिस प्रकार से घोटाले हो रहे हैं वह मैंने कभी सुने नहीं थे। इसी निकम्मी सरकार को विदा करना है और विकास की सरकार को फिर से लाना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के 5 दिनों में ही परिवर्तन का तूफान चलने लगा है, 5 वर्ष में भूपेश सरकार ने केवल लूट की सरकार चलाई है। भ्रष्टाचार की सरकार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
भूपेश बघेल को यह जान लेना चाहिए जो जनता गद्दी देना जानती है, वह गद्दी से उतारना भी जानती है। छत्तीसगढ़ के हक का पैसा अब बाहर नहीं भेजा जाएगा। छत्तीसगढ़ के लोगों को उनका हक मिले, इसके लिए भाजपा सरकार को लाना होगा। अरुण साव ने कहा कि इस सरकार ने झूठे वायदे करके जनता का गाड़ी कमाई का पैसा कांग्रेस के आकाओं को भेजा है। मीडिया सेल के अनुसार सर्वप्रथम स्वागत प्रतिवेदन प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने दिया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा जिस लक्ष्य को लेकर परिवर्तन यात्रा निकल रही है, कार्यकर्ताओं की मेहनत से वो लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा भूपेश बघेल की पहचान अब एक लबरा मुख्यमंत्री के रूप में हो गई है। उन्होंने कहा चारो तरफ अंधेरा है, पहरेदार लुटेरा है। जितने भवन हमने बनाए हैं उसकी पोताई तक कांग्रेस सरकार नहीं करवा पा रही है। हर गांव में करोड़ों रुपए के विकास कार्य हुए, रोड कनेक्टिविटी का काम हुआ, भूपेश बघेल एक भी काम अगर उन्होंने राजनांदगांव में किया है तो बताए। भ्रष्ट और निक्कमी कांग्रेस सरकार को बदलने का समय आ गया है। सांसद संतोष पांडे ने कहा कि परिवर्तन यात्रा ने संदेश दे दिया है कि छत्तीसगढ़ में परिवर्तन होकर रहेगा। छत्तीसगढ़ में कमल खिलकर रहेगा। कांग्रेस नेताओं के भड़काऊ बयान बता रहे हैं कि कांग्रेसी हमारे सनातन धर्म के विरोधी हैं, जो सनातन को गाली दे रहा है, उन्हें जनता जरूर सबक सिखाएगी। भूपेश बघेल हमर भांचा राम-राम करते हैं, अपनी पार्टी के लोगों द्वारा सनातन धर्म के अपमान पर चुप क्यों हैं? सभा का सफल संचालन यात्रा के संयोजक शिवरतन शर्मा एवं सावन वर्मा ने किया। सभा में प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव, सांसद संतोष पांडे, खूबचंद पारख, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, शिवरतन शर्मा, धर्मजीत कौशिक, जिला अध्यक्ष रमेश पटेल, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सचिन बघेल, मुकेश बघेल एवं रवि सिन्हा उपस्थित थे।
परिवर्तन यात्रा का ऐतिहासिक और जोशीला स्वागत
भाजपा की बहुप्रतीक्षित परिवर्तन यात्रा के अपने तय समय से 3 घंटा विलंब संध्या 6 बजे फरहद चौक पर पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ता, नागरिकों व महिलाओं ने ऐतिहासिक स्वागत किया। यात्रा के रथ पर विराजमान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित अन्य बड़े नेताओं का स्वागत किया गया । युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मोनू बहादुर के नेतृत्व में वंदे मातरम, भारत माता की जयघोष के साथ मोटर साइकिल रैली निकाली। फरहद चौक से लेकर सभा स्थल मंडी तक के मार्ग को झंडेए बैनर कटआउट से सजाया गया था। परिवर्तन यात्रा रात्रि 6.45 बजे मंडी सभा स्थल पहुंची, जहां आम सभा के माध्यम से कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को वरिष्ठ नेताओं द्वारा विस्तार से बताया गया।
मौत के लिए खराब रोड़ को जिम्मेदार ठहराते परिजनों को 5 लाख मुआवजा देने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 सितंबर। सुरगी इलाके में बीती रात को एक अधेड़ की सडक़ हादसे में मौत होने के बाद रविवार सुबह ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। महात्मा गांधी और मृतक की तस्वीर लेकर सुरगी गांव के लोग सडक़ में बैठक गए। बकायदा टेंट लगाकर ग्रामीणों ने हादसे के लिए खराब सडक़ को जिम्मेदार ठहराते प्रशासन से मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए का तत्काल मुआवजा देने की मांग की।
बीती रात को लगभग 9.30 बजे के आसपास कोटराभाठा के रहने वाले 50 साल के अनुप साहू को एक ट्रक ने अचानक अपने चपेटे में ले लिया। हादसे में घटनास्थल पर ही अधेड़ की मौत हो गई। इस घटना से भडक़े ग्रामीणों ने आज सुबह राजनांदगांव-गुंडरदेही मार्ग को बंद कर दिया। सिर्फ दो पहिया वाहनों को आवाजाही की छूट दी गई। बड़ी वाहनों की सडक़ में कतार लग गई। ग्रामीण लगातार खराब सडक़ को दुरूस्त करने के लिए पहले भी आवाज उठाते रहे हैं। कुछ दिनों पहले भी ग्रामीणों ने सडक़ में उतरकर प्रदर्शन किया था। इस बीच कल हुए सडक़ हादसे में ग्रामीणों को भडक़ा दिया।
आज सुबह से ग्रामीण प्रदर्शन करने के लिए सडक़ में उतर आए। महात्मा गांधी और मृतक की तस्वीर को लेकर चक्काजाम करते ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। इस बीच मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। सुरगी पुलिस के जवानों ने चक्काजाम के दौरान होने वाले किसी भी आपात स्थिति से निपटने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए। हालांकि प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से संपर्क नहीं किया गया। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक ग्रामीणों का सडक़ पर प्रदर्शन जारी रहा।
रमन ने कहा : प्रतिशोध की तमाम हदें पार की कांग्रेस सरकार ने
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 17 सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य की कथित घोटालों और खराब कानून व्यवस्था को लेकर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि भूपेश सरकार चंद दिनों की मेहमान है। उनका आरोप है कि नैसर्गिक संपदा से भरपूर इस राज्य को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोटालों और भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। शराब, गोबर, कोयला और चावल घोटालों में यह सरकार पूरी तरह से डूबी हुई है। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस को राज्य की बागडोर सौंपी थी। आर्थिक स्थिति को सुधारने के बजाय सूबे के खदानों और प्राकृतिक संसाधनों के जरिये कांग्रेस ने अपनी जेबें भर ली।
गोवा के सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता भली-भांति समझ चुकी है। अब राज्य में परिवर्तन होना तय है। परिवर्तन यात्रा में शामिल होने दो दिनी दौरे के बाद रविवार को मीडिया से मुखातिब होते गोवा के सीएम ने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार बनने का वक्त आ गया है। कांग्रेस सरकार के दिन अब गिनती के दिन रह गए हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रयान अभियान में भारत ने वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट छाप छोड़कर विश्व गुरू का तमगा हासिल किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 9 साल के कार्यकाल में पूरी दुनिया में भारत की साख को मजबूत किया है।
छत्तीसगढ़ सरकार को मोदी सरकार ने बीते 5 साल में 2 लाख करोड़ रुपए बुनियादी संरचना को मजबूत करने के लिए दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करने की मांग करते कहा कि इससे जनता को भली-भांति समझ में आ जाएगा कि छत्तीसगढ़ किस दिशा में तरक्की कर रहा है। सावंत ने कहा कि यह सुनकर बड़ा आश्चर्य हुआ कि गोबर जैसे योजना में भी सरकार ने अपने हाथ काले किए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में घोटाले करने वालों को निश्चिततौर पर जेल जाना होगा। चारा घोटाले में लालूप्रसाद यादव को जेल यात्रा करनी पड़ी। शराब घोटाले में मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े अफसरों को जेल जाने पर गोवा के सीएम ने कहा कि जल्द ही कई और बड़े लोग सलाखों के पीछे होंगे।
इधर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बदतर हो गई है। उन्होंने खुज्जी विधायक छन्नी साहू पर हुए कातिलाना हमले को खराब कानून व्यवस्था का नमूना बताते कहा कि कांग्रेस विधायक की सुरक्षा ही ताक पर है। ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाते कहा कि विधायक छन्नी साहू ने अपना मंगलसूत्र अफसर के टेबल में रख दिया था। जिससे पता चलता है कि यह सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल प्रतिशोध में इस कदर डूबे हैं कि उन्होंने राजनांदगांव में हुए करोड़ों रुपए के हुए विकास कार्यों को रोक दिया। नई कार्ययोजना को तैयार करने के बजाय उन्होंने पुरानी योजनाओं पर ही ब्रेक लगा दिया। राजनांदगांव को अपने कार्यकाल में 300 करोड़ रुपए से ज्यादा दिए। वहीं प्रधानमंत्री सड़क योजना की 2 हजार किमी की सड़कें खस्ता हालत में है। परिवर्तन यात्रा को एक अहम पड़ाव बताते पूर्व सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस बुरी हार झेलने के लिए तैयार है। भाजपा सत्ता में वापस लौटेगी। पत्रकारवार्ता में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, शिवरतन शर्मा, सांसद संतोष पांडे, मधुसूदन यादव, खूबचंद पारख, रमेश पटेल, जीएस मिश्रा, नीलू शर्मा, सचिन बघेल समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
खैरागढ़ जिले के मोहगांव इलाके में वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 सितंबर। खैरागढ़ जिले के मोहगांव इलाके में पैसे के लेनदेन उपजे विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने साथी ग्रामीण की हत्या कर दी। हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बकरकट्टा क्षेत्र के गेरूखदान का रहने वाला रैइताम मरावी 5 माह पहले अपने परिवार के साथ रोजी-मजदूरी करने के लिए पटपर खार भावना जंगल में जाकर बस गया था। वह घास-फूंस की झोपड़ी बनाकर अपनी पत्नी के साथ रहता था। इस दौरान रैइताम मरावी ने अपने छोटे भाई रूतुम मरावी को भी परिवार संग बसने के लिए साथ ले आया। पटपर खार में बसने के लिए बाबूनवागांव के रहने वाले गणेश गोंड ने ही सभी को राजी किया था। गांव में बसने पर गणेश गोंड का परिवार में आना-जाना था।
रोजाना वह रैइताम मरावी के साथ घूमना-फिरना भी करता था। पिछले कुछ दिनों से गणेश गोंड द्वारा रैइताम और उसके परिवार से गांव में बसाने का अहसान जताते हुए रोजी-मजदूरी से मिले रकम से हिस्से की मांग करने लगा। वह सभी को गांव में बसाकर अहसान जताने की कोशिश करता था। इसके एवज में वह परिवार से पैसा की मांग करने लगा। परिवार द्वारा कई बार उसे मना भी किया गया। 14 सितंबर की सुबह गणेश गोंड सीधे रैइताम मरावी के साथ घर में बैठकर शराब पी रहा था। उस दौरान रैइताम मरावी का छोटा भाई रूतुम मरावी घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद घर लौटने के दौरान गणेश खून से सने हंसिये को लेकर घराबराते भाग रहा था। छोटे भाई को सामने आते देखकर रास्ते से हट जाने की धमकी दी। घर जाकर देखने पर रैइताम मरावी खून से लथपथ मृत हालत में मिला।
मिली जानकारी के मुताबिक हंसिये से वार के चलते मृतक का गला लगभग धड़ से अलग होने की स्थिति में था। इधर पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपी गणेश गोंड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गैंदाटोला पुलिस ने नांदगांव के भाजपा नेता के रिश्तेदार के खदान में मारा छापा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 16 सितंबर। छुरिया क्षेत्र के हैदलकोडो में संचालित एक क्रेशर खदान में गैंदाटोला पुलिस की छापामार कार्रवाई में जुआ खेलते दर्जनभर जुआरी लाखों रुपए की रकम के साथ सपड़ाए। पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि जिस क्रेशर खदान में पुलिस ने धावा बोला वह जिला भाजपा से जुड़े एक नेता के रिश्तेदार का है। पुलिस की धमक से वहां काफी खलबली मच गई। मामले को दबाने के लिए पुलिस पर राजनीतिक दबाव भी बनाया गया, लेकिन एसपी के कड़े रूख के कारण जुआरी पुलिस से बच नहीं पाए। मिली जानकारी के मुताबिक हैदलकोडो में तरूण गांधी का एक क्रेशर प्लांट है। गैंदाटोला पुलिस को जुआरियों की मौजूदगी की भनक लग गई थी।
पुलिस ने शाम 4 बजे के आसपास क्रेशर खदान में धावा बोला। पुख्ता सूचना होने के कारण सभी जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने मौके पर 12 लोगों को धरदबोचा। उनके पास से लगभग 4 लाख रुपए की नगद राशि जब्त की है। साथ ही 13 नग टच स्क्रीन मोबाइल, एक नग की-पेड मोबाइल तथा आधा दर्जन चार पहिया वाहन को भी जब्त किया। पुलिस ने इस तरह नगद राशि और सामानों का कीमत मिलाकर 33 लाख रुपए की जब्ती की है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ध्रुव जुआ खेलने की सूचना पर एक टीम लेकर पहुंचे। पुलिस को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि क्रेशर खदान में हुई कार्रवाई के चलते संचालक ने राजनीतिक रूप से कार्रवाई को टालने की कोशिश की। पुलिस के कडे रूख के सामने भाजपा नेता का दबाव काम नहीं आया।
इधर पुलिस ने सौरभ सिंह पिता बुद्धेश्वर सिंह ठाकुर चिखली राजनांदगांव, कुबेर वैष्णव पिता विरेन्द्र बहादुर राजनांदगांव, प्रतीक कुमार ठाकुर पिता पवन कुमार ठाकुर डोंगरगांव, अमिताभ जैन पिता संतोष जैन डोंगरगांव, प्रमोद अग्रवाल पिता झिंगरलाल अग्रवाल डोंगरगांव, नरेश सोनकर पिता मदन सोनकर बगदई डोंगरगांव, सौरभ सिंह पिता शैलेन्द्र सिंह राजपूत बगदई डोंगरगांव, मुकेश कुमार जैन पिता अमरचंद जैन डोंगरगांव, राजू खान पिता रमजान खान डोंगरगांव, योगेश कुमार जैन पिता प्रकाशचंदन जैन डोंगरगांव व जागेश्वर साहू पिता हनुमान साहू डोंगरगांव को पकड़कर कार्रवाई की। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी का धौंस दिखाकर मांग रहा था सरकारी फाईलें, सभी गिरफ्तार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 16 सितंबर। राजनांदगांव के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में एसीबी में पदस्थ रहे एक आरक्षक ने अपने तीन साथियों संग सरकारी दस्तावेजों को दिखाने की मांग करते काफी हंगामा खड़ा किया। एसीबी का धौंस दिखाकर आरक्षक ने कार्यालय के अधिकारियों से शासकीय फाईलों को देखने के लिए दबाव बनाया।
क्षेत्रीय अधिकारी द्वारा आरक्षक और उसके साथियों से परिचय पत्र मांगने पर पता चला कि पूर्व में आरक्षक एसीबी में पदस्थ रहा। उस दौरान मिले आईडी कार्ड का वह आज पर्यन्त भी अनाधिकृत तरीके से उपयोग कर रहा है। इस मामले को लेकर परिवहन अधिकारी ने उच्चाधिकारियों से बातचीत की। उनके निर्देश पर सभी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में शुक्रवार दोपहर को संदीप तिवारी नामक एक आरक्षक तीन साथियों की एसीबी की एक टीम बनाकर पहुंचा। कार्यालय में पहुंचते ही आरक्षक तिवारी ने खुद को एसीबी की टीम से जुड़ा बताते हुए सरकारी कागजात मांगे।
एसीबी का नाम सुनकर परिवहन अधिकारियों के होश उड़ गए। उस दौरान लंच करने घर गए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विरेन्द्र सिंह खबर मिलने के बाद फौरन कार्यालय पहुंचे। बातचीत में उन्होंने आईडी दिखाने की मांग कर दी। आरक्षक ने एसीबी में पदस्थापना के दौरान पूर्व में मिले परिचय पत्र को दिखाया। इसके बाद परिवहन अधिकारी ने अपने शीर्ष अफसरों को मामले की जानकारी दी। बताया गया कि संदीप तिवारी पूर्व आईपीएस जीपी सिंह के कार्यकाल में एसीबी में पदस्थ रहे। उसके बाद वह मूल जिले नारायणपुर वापस चला गया। वर्तमान में वह नारायणपुर में ही पदस्थ है। आरक्षक के रवैये को देखते हुए परिवहन अधिकारी ने लालबाग थाना में शासकीय कार्य में बाधा डालने और उत्पात मचाने के तहत शिकायत की। जांच के दौरान पुलिस ने आरक्षक तिवारी और उसके साथी अर्जुन यादव, दीपक शुक्ला और हेमंत यादव को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री सिंह ने 'छत्तीसगढ़' से कहा कि अनाधिकृत तौर पर शासकीय दस्तावेजों को दिखाने की मांग आरक्षक और उसके साथियों द्वारा की जा रही थी। इस आधार पर पुलिस से शिकायत की गई थी। उधर गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। इस बीच नारायणपुर एसपी पुष्कर शर्मा ने 'छत्तीसगढ़' से कहा कि इस संबंध में जानकारी ली जा रही है। इसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 सितंबर। रेलवे विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी कर फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई की। आरोपी से पुलिस ने नगदी रकम एक लाख रुपए और एक कार जब्त किया। बताया गया कि फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तैयार कर लोगों से लाखों रुपए लेकर ठगी करता था।
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ के अछोली निवासी योगेश हिरवानी ने 2 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराया कि आरोपी सुनील पटेल निवासी उमरपोटी दुर्ग और राजेश महिलांगे पदुमतरा खैरागढ़ व अन्य 2 व्यक्तियों द्वारा रेल्वे विभाग में टिकट एक्जामिनर के पद पर नौकरी लगाने के नाम से विभिन्न किस्तों में 18 लाख 50 हजार रुपए लेकर प्रार्थी से ठगी किया है। रिपोर्ट पर अपराध कायम कर मामले को विचेचना में लिया गया। प्रार्थी वर्ष 2022 में खैरागढ़ पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई के दौरान जान पहचान पदुमतरा निवासी राजेश महिलांगे से हुई थी, जो रेल्वे विभाग में नौकरी लगाने की बात बताया था। इसके एवज में 13 लाख रुपए मांग किए थे एवं अपने बड़े अधिकारी के रूप में सुनील पटेल निवासी दुर्ग से मिलाया था, जो नौकरी लगाने का अश्वासन दिया। दोनों की बातों में आकर घर वालों की रजामंदी से घर के पुराने जेवर, सोना चांदी को विक्रय कर बैंक के माध्यम से एवं नगदी राशि कुल 13 लाख रुपए दिए थे। 18 नवंबर 2022 को स्पीड पोस्ट के माध्यम से हावड़ा डिविजन रेल्वे मैनेजर के समक्ष उपस्थित होने अपाइंन्टमेंट मिला, जिस पर 21 नवंबर 2022 को हावड़ा डिविजन रेल्वे मैनेजर के समक्ष उपस्थित हुआ। हेड ऑफिस में विभिन्न कागजातों पर हस्ताक्षर करवाया। सर्विस बुक भराकर ट्रेनिंग में जाने आदेश की कापी दिया गया, जहां कलकत्ता में 45 दिन तक ट्रेनिंग दिया गया।
ट्रेनिंग के दौरान ट्रेनिंग अधिकारी को बैंक के माध्यम से 50 हजार व नगदी 05 लाख रुपए मांग किए जाने पर दिया गया। प्रार्थी को ट्रेनिंग के दौरान संदेह होने पर अपने घर वापस आया, पैसों की मांग करने पर आरोपियों के द्वारा टालमटोल करता रहा।
प्रकरण की गंभीरता को देखते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ प्रभात पटेल मार्गदर्शन पर निरीक्षक रामअवतार ध्रुव के नेतृत्व में सायबर टीम के सहयोग से आरोपी की पता तलाश में जुट गई। आरोपी सुनील पटेल 39 साल निवासी उमरपोटी दुर्ग को 4 सितंबर को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया, जो रेल्वे विभाग मे नौकरी लगाने के नाम पर झूठा आश्वासन देकर राजेश महिलांगे पदुमतरा खैरागढ़ व अन्य 02 व्यक्तियों के साथ मिलकर 18 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करना बताया। पूर्व में आरोपी सुनील पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। प्रकरण के आरोपी राजेश महिलांगे फरार था। जिसकी लगातार पता तलाश की जा रही है। सूचना प्राप्त हुआ कि राजेश महिलांगे अपने घर में लुक छिप कर रहा है। सूचना पर ग्राम पदुमतरा पहुंचकर घेरबंदी कर पकड़ा है पूछताछ पर आरोपी द्वारा प्रार्थी से लिए पैसों से एक स्वीप्ट कार खरीदना बताया तथा एक लाख रुपए को जब्त कराया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त कर जेल भेजा गया। अन्य आरोपियो की पता तलाश जारी है। शीघ्र गिरफ्तार की जाएगी।
——---