राष्ट्रीय
चेन्नई, 24 अप्रैल । मद्रास हाईकोर्ट ने 2010 के उस संशोधन को असंवैधानिक घोषित कर दिया है, जिसमें वक्फ संपत्तियों को तमिलनाडु सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत कब्जाधारियों की बेदखली) अधिनियम 1976 के दायरे में लाया गया था।
इस संशोधन ने तमिलनाडु वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को संपदा अधिकारी के रूप में अतिक्रमणकारियों को बेदखल करने का आदेश देने का अधिकार दिया था।
मुख्य न्यायाधीश संजय वी गंगापुरवाला और न्यायमूर्ति डी भरत चक्रवर्ती की मद्रास हाईकोर्ट की पीठ ने बुधवार को राज्य विधानसभा द्वारा 2010 में किए गए संशोधन को 1995 के वक्फ अधिनियम के विरुद्ध घोषित किया।
गौरतलब है कि वक्फ अधिनियम 1995 एक केंद्रीय कानून है।
न्यायाधीशों ने माना कि वक्फ संपत्तियों पर अतिक्रमण करने वालों को केवल 2013 में केंद्रीय कानून में किए गए संशोधन के अनुसार गठित वक्फ न्यायाधिकरणों द्वारा ही बेदखल किया जा सकता है।
पीठ ने राज्य सरकार की इस दलील को मानने से इनकार कर दिया कि तमिलनाडु वक्फ बोर्ड के सीईओ को बेदखली का आदेश देने का विकल्प दिए जाने से राज्य कानून के साथ-साथ केंद्रीय कानून भी सह-अस्तित्व में रह सकता है।
पीठ ने कहा कि वक्फ अधिनियम, 1995 के मूल प्रावधान वक्फ संपत्तियों पर अतिक्रमण या अवैध कब्जे से निपटने के लिए पर्याप्त सख्त नहीं थे।
इसलिए, सच्चर समिति ने सिफारिश की कि पब्लिक परिसर (अनधिकृत कब्जेदारों की बेदखली) अधिनियम, 1971 को वक्फ संपत्तियों पर भी लागू किया जाना चाहिए, क्योंकि ये संपत्तियां भी बड़े पैमाने पर जनता के लाभ के लिए थीं।
हालांकि, तमिलनाडु ने सिफारिश के बाद 2010 में संशोधन लाया, लेकिन कई अन्य राज्यों ने ऐसा नहीं किया। अतिक्रमण हटाने में पूरे देश में एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए संसद ने 2013 में वक्फ अधिनियम में संशोधन किया था।
2013 के संशोधन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वक्फ संपत्तियों के अतिक्रमणकारियों को केवल केंद्रीय अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार ही बेदखल किया जा सकता है।
(आईएएनएस)
भागलपुर, 24 अप्रैल । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को इंडी गठबंधन पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि यह परिवारवाद और भ्रष्टाचारी पार्टियों का गठबंधन है। इस गठबंधन में आधे जेल तो आधे जमानत पर हैं।
बिहार के भागलपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि मीसा भारती और तेजस्वी यादव समेत पूरा परिवार जमानत पर है। जबकि, अरविंद केजरीवाल, हेमंत सोरेन सहित आप के कई नेता जेल में हैं। आज देश बदल रहा है। भागलपुर में सड़कों की स्थिति बदल गई है। आज देश में राजनीतिक सोच, संस्कृति और तौर-तरीके बदल गए हैं। पहले चुनाव में जातियों की बात होती थी, आज विकास की बात होती है। आज विकासवाद पर लोग चर्चा कर रहे हैं। पहले पता नहीं चलता था कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क है। हमने वो दिन भी देखे हैं। आज बदलता बिहार और बदलता भागलपुर भी अपनी आंखों से देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लालू यादव आपातकाल में जेल गए थे। लेकिन, आज वे उसी कांग्रेस के साथ गलबहियां कर रहे हैं। मटन बनाना सिखा रहे हैं। जो भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लड़ रहे थे, वो अब उनके साथ हो गए। कोरोना और यूक्रेन युद्ध के बाद करीब सभी देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति लुढ़क गई। लेकिन, आज भी भारत खड़ा है। भारत की अर्थव्यवस्था आज पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।
(आईएएनएस)
पूर्णिया, 24 अप्रैल । लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा। चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूर्णिया सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई मुद्दों पर जवाब दिया। इस दौरान तेजस्वी यादव ने अपने बयान पर भी सफाई दी।
उन्होंने एक रैली में कहा था, "आप इंडिया गठबंधन को चुनिए। अगर आप इंडिया गठबंधन की बीमा भारती को नहीं चुनते हैं, तो आप एनडीए को चुनो।" तेजस्वी ने अब इस बयान पर सफाई में कहा है कि हमने यह कहा था कि संविधान को बचाना है तो इंडिया को वोट करें, अन्यथा एनडीए चुनाव जीत गई तो संविधान खतरे में पड़ जाएगा।
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि हमारे देश में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। कोई भी व्यक्ति कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पप्पू यादव इससे पहले भी कई चुनाव लड़ चुके हैं, क्या हश्र हुआ है, सबको पता है।
तेजस्वी यादव ने कहा, "पहले चरण का मतदान समाप्त हो चुका है और दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होना है। आज दूसरे चरण के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। यह बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। ये देश के संविधान को बचाने का चुनाव है। लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। गंगा जमुनी तहजीब को बचाने का चुनाव है।"
उन्होंने कहा, भाजपा के उम्मीदवार हों या इनके नेता हों, उन्होंने संविधान को खत्म करने की बात कही है। बार-बार भाजपा के नेताओं ने कहा है कि अगर आप हमें प्रचंड बहुमत दोगे तो हम संविधान को बदल देंगे। भाजपा के किसी शीर्ष नेता ने उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की है।
(आईएएनएस)
कटनी, 24 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और खजुराहो संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि यह लोकसभा चुनाव सिर्फ किसी सांसद को चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि, भारत को अगले पांच साल में दुनिया की बड़ी शक्ति बनाने का चुनाव है।
कटनी जिले के विजयराघवगढ़ के कैमोर मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक को बुधवार को संबोधित करते हुए विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने के लिए आंदोलन किया और बलिदान दिया। हम सभी कार्यकताओं को हर बूथ पर 370 नए वोट बढ़ाकर डॉ. मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि देनी है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वह भारत को विकसित के साथ विश्व गुरू बनाने के कार्य में जुटे हुए हैं। देश में होने जा रहा यह चुनाव सामान्य न होकर 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का चुनाव है। कांग्रेस कार्यकाल में हर तरफ आतंकी घटनाएं, लूट, भ्रष्टाचार, भय, असुरक्षा का माहौल था। हमारी सीमाएं असुरक्षित थी और आए दिन आतंकवादी घटनाएं होती थी। इन 10 वर्षों में मोदी सरकार ने नए भारत का निर्माण किया है।
उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुनिश्चित करने का चुनाव है। कांग्रेस के राज में 2003 के पूर्व मध्य प्रदेश बीमारू राज्य कहलाता था। कानून व्यवस्था बेहाल थी। भाजपा सरकार आने के बाद मध्य प्रदेश शांति का टापू बना है। कांग्रेस के राज में सैनिकों के सिर से फुटबॉल खेलते थे। लेकिन, मोदी सरकार ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की। आज भ्रष्टाचार मुक्त भारत बना और आतंकवाद से मुक्ति मिली है।
(आईएएनएस)
हजारीबाग, 24 अप्रैल । हजारीबाग शहर में रांची-पटना रोड के किनारे स्थित होटल अरण्य विहार में बुधवार को भीषण आग लग गई। कुछ घंटों के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इससे करोड़ों का नुकसान हुआ है।
आग लगने के कुछ देर पहले ही होटल में शादी की पार्टी समाप्त हुई थी। गनीमत यह रही कि यहां आए लोग निकल चुके थे। बताया जा रहा है कि 23 अप्रैल की रात को होटल में शादी थी। शादी संपन्न होने के बाद शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। होटल में टेंट, कैटरर, विद्युत सज्जा, साउंड की बुकिंग थी। उनके सामान भी जल गए हैं।
इस घटना में होटल के पीछे स्थित माउंट कार्मल स्कूल के बच्चे बाल-बाल बच गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे स्कूल को तो कोई नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि आग लगने से होटल में करोड़ों का नुकसान हुआ है।
(आईएएनएस)
लखनऊ, 24 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। जिसका असर चुनाव प्रचार पर दिखाई दे रहा है।
अधिकांश उम्मीदवार बड़ी रैलियों से बच रहे हैं और घर-घर जाकर प्रचार करने पर ज्यादा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
जहां कुछ इलाकों में मंगलवार देर शाम हुई बारिश से हल्की राहत मिली, वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र जैसे अन्य इलाके गर्मी की लहर से जूझ रहे हैं।
बांदा जिले के एक उम्मीदवार ने कहा, "मैं मतदाताओं के घर-घर जा रहा हूं। भीषण गर्मी के कारण मेरी पार्टी के कई कार्यकर्ता पहले ही बीमार पड़ गए हैं।"
42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मंगलवार को बुलंदशहर राज्य में सबसे गर्म दिन रहा। इसके बाद प्रयागराज में 41.6 डिग्री सेल्सियस, बस्ती में 41 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी में 40.9 डिग्री सेल्सियस, सुल्तानपुर और आगरा में 40.8 डिग्री सेल्सियस और झांसी में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
गोरखपुर में सुबह के समय भीषण गर्मी का असर स्कूली बच्चों पर पड़ा। सुबह 11:00 बजे तक पारा 41.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया था, जो दोपहर तक लगभग 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राज्य मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को पूर्वी यूपी, गुरुवार और शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में लू की चेतावनी जारी की है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में शुष्क गर्म हवाएं भी चलेंगी।
राज्य मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने कहा, "पिछले कुछ दिनों में पूर्वी यूपी में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के लिए जिम्मेदार चक्रवाती परिसंचरण अब खत्म हो गया है। इसलिए, आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा, जिस वजह से तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। इसके अलावा, राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली शुष्क गर्म हवाएं राज्य में कहर बरपा रही हैं। इन सभी कारकों से हीटवेव पैदा होने की आशंका है।"
(आईएएनएस)
पटना, 24 अप्रैल । देश में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक दलों के नेताओं का एक दूसरे का हमला करने का सिलसिला जारी है। इस बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने पीएम मोदी पर टिप्पणी की थी। उनकी टिप्पणी पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी।
वो बुधवार को मीडिया से बात कर रहे थे। जब उनसे पूछा गया कि भूपेश बघेल ने कहा है कि पीएम मोदी का मानसिक स्वास्थ्य गड़बड़ा गया है। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अगर उनकी यह भाषा है तो मैं उनको क्या बोलूं। इसलिए हार रहे हैं। मैं बस इतना ही कहूंगा कि इस तरह की शर्मिंदगी भरी बातें ना करें।
इसके अलावा उनसे पूछा गया कि आपके खिलाफ मीरा कुमार के बेटे को उम्मीदवार बनाया गया है, वह कितनी बड़ी चुनौती है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं कभी अपने विरोधी उम्मीदवार का नाम नहीं लेता। शत्रुघ्न सिन्हा लड़े, उनको लगभग तीन लाख वोटों से हराया, उनका नाम नहीं लिया। वो आए हैं उनका स्वागत है, यहां हमारी जीत होगी।
बता दें कि कांग्रेस ने बिहार के पटना साहिब संसदीय क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद के खिलाफ पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के बेटे अंशुल अविजित को उम्मीदवार बनाया है।
राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार भूपेश बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर की गई टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी का मानसिक स्वास्थ्य गड़बड़ा गया है, कोई भी संतुलित व्यक्ति ऐसा नहीं बोलेगा।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 24 अप्रैल । कांग्रेस के मेनिफेस्टो को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली में बीजेपी महिला मोर्चा ने जैसलमेर हाउस से लेकर अकबर रोड तक बुधवार को मार्च निकाला और कांग्रेस के पार्टी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष और अन्य नेता मौजूद रहे।
महिला मोर्चा ने हाथों में बड़े-बड़े बैनर पोस्टर ले रखे थे जिसमें लिखा था -- कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति के विरोध में प्रदर्शन।
महिलाओं के बैनर पोस्टर में यह भी लिखा था -- महिलाओं को मंगलसूत्र बचाना है और कांग्रेस को हराना है।
इस प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की सदस्य जैसलमेर हाउस से मार्च करते हुए अकबर रोड में कांग्रेस मुख्यालय के पास पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "कांग्रेस के घोषणापत्र में 'स्त्री धन' पर जो हमला है वह सीधे-सीधे देश के बहुसंख्यक समाज पर हमला है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने अपने घोषणापत्र में लिखा है कि वे अगर सत्ता में आएंगे तो देश का आर्थिक सर्वे कराएंगे। वे इस संपत्ति को किसे बांटना चाहते हैं? इस देश में हिंदू होना क्या गुनाह है? इनके मंगलसूत्र और गहने छीनकर कांग्रेस किसे देना चाहती है, राहुल गांधी इसका जवाब दें।"
महिला मोर्चा का यह प्रदर्शन जैसलमेर हाउस मान सिंह रोड से करीब 11:30 बजे शुरू हुआ। इस प्रदर्शन को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने दो बैरिकेडिंग की हुई थी जिसमें से एक बैरिकेडिंग को प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया और आगे बढ़ गए।
कांग्रेस मुख्यालय से कुछ पहले ही पुलिस ने दूसरी बैरिकेडिंग की थी। जहां पर दिल्ली पुलिस ने सभी को रोक लिया और प्रदर्शन के बाद उन्हें डिटेन कर लिया गया। महिला मोर्चा का ये प्रदर्शन तकरीबन 1 बजे तक चलता रहा।
(आईएएनएस)
पटना, 24 अप्रैल । भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद मनोज तिवारी बुधवार को चुनाव प्रचार को लेकर बिहार पहुंचे। पटना पहुंचने पर उन्होंने राजद और कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रॉपर्टी जांचकर मुस्लिमों में बांट देने के उनके बयान से पूरा देश सन्न है।
उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान राजद के नेता तेजस्वी यादव के एक बयान के संबंध में पूछने पर कहा कि तेजस्वी सूपड़ा साफ होने के महारथी बन चुके हैं। तेजस्वी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह कहना कि देश के लोगों की प्रॉपर्टी की समीक्षा करेंगे। सोने-चांदी की समीक्षा करेंगे, अल्पसंख्यक में, मुस्लिम में उसको हम बराबर बांट देंगे। मैं समझता हूं इसके बाद कुछ बताने की जरूरत नहीं है कि और देश को बांटने में लगे हुए लोग साफ हो जायेंगे।
कन्हैया कुमार के दिल्ली से उनके खिलाफ चुनाव लड़ने पर तिवारी ने कहा कि बेगूसराय ने 4 लाख से हराकर भेजा था और दिल्ली वाले 5 लाख से ज्यादा मतों से हराकर भेजेंगे। टुकड़े-टुकड़े गैंग को देश का कोई व्यक्ति स्वीकार करने वाला नहीं है।
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के काराकाट से चुनाव लड़ने के संबंध में उन्होंने कहा कि पवन से हम बात करेंगे कि वह राष्ट्रवादी व्यक्ति हैं, इसलिए राष्ट्र के विकास में अपना सहयोग करें।
पवन को छोटा भाई बताते हुए उन्होंने कहा कि उनको आसनसोल से टिकट दिया था लेकिन खुद पवन सिंह ने वहां से चुनाव लड़ने से मना कर दिया और टिकट लौटा दिया लेकिन भविष्य में उनका ध्यान रखा जाएगा। हम पवन से बात करेंगे। पवन बहुत अच्छा लड़का है।
बिहार के लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि चाहे जितनी गर्मी हो, चाहे जितनी ताप हो, भारतीय जनता पार्टी को जीत दिला कर मोदी जी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाएं। तिवारी ने कहा कि चुनावी माहौल अच्छी तरह आप देख रहे हैं। देश का माहौल बहुत अच्छा है। हमें पूरा विश्वास है कि बिहार में भी इस बार भी हम लोग क्लीन स्वीप करेंगे।
(आईएएनएस)
पटना, 24 अप्रैल । बिहार में दूसरे चरण के चुनाव में किशनगंज, पूर्णिया, बांका, भागलपुर और कटिहार के मतदाता 26 अप्रैल को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन सीटों को अपने पक्ष में करने को लेकर सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है।
इन पांच सीटों में से सीमांचल की किशनगंज और पूर्णिया में त्रिकोणात्मक मुकाबला देखने को मिल रहा है जबकि अन्य तीन सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।
इस चरण में महागठबंधन की ओर जहां कांग्रेस के तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं, वहीं राजद के दो प्रत्याशी कड़े संघर्ष में दिख रहे हैं।
एनडीए की ओर से सभी पांच सीटों पर जदयू के प्रत्याशी चुनावी रण में हैं। मुस्लिम बहुल किशनगंज में मुकाबला दिलचस्प है। यहां कांग्रेस से निवर्तमान सांसद मोहम्मद जावेद, जदयू के मुजाहिद आलम और एआईएमआईएम उम्मीदवार अख्तरुल ईमान के बीच है।
एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी यहां आकर रैलियां कर चुके हैं। ऐसे में यहां मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है। वैसे माना यही जा रहा है कि यहां किसी को आसानी से जीत नहीं मिलने वाली।
भागलपुर में जदयू के अजय मंडल का सीधा मुकाबला कांग्रेस के अजीत शर्मा से है। शर्मा अजय मंडल को कड़ी टक्कर दे रहे हैं लेकिन एनडीए भागलपुर में पूरा जोर लगाए हुए है।
बांका में जदयू के गिरधारी यादव का मुकाबला राजद के जय प्रकाश यादव से है। 2019 के लोकसभा में जदयू के गिरधारी यादव ने जय प्रकाश यादव को हराया था। जय प्रकाश इस चुनाव में खूब पसीना बहा रहे हैं। इस कारण यहां कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।
कटिहार में जदयू के दुलाल चंद गोस्वामी और कांग्रेस के तारिक अनवर आमने-सामने हैं। पिछले चुनाव में यहां से दुलाल चंद गोस्वामी विजयी हुए थे। तारिक अनवर इसी सीट से पांच बार सांसद रह चुके हैं और इस चुनाव में 'छक्का' मारने को लेकर कठिन परिश्रम कर रहे हैं।
इस चुनाव की सबसे हॉट सीट पूर्णिया है। यहां मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। पूर्णिया में जदयू के संतोष कुशवाहा और राजद की बीमा भारती के साथ पप्पू यादव के बीच कांटे की टक्कर है। पप्पू यादव ने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबला रोचक बना दिया है।
बहरहाल, मतदाता 26 अप्रैल को अपने जनप्रतिनिधि को चुनने के लिए मतदान करेंगे। लेकिन इतना तय है कि दूसरे चरण में सियासी लड़ाई रोचक है और इस चरण में जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
(आईएएनएस)
लखनऊ, 24 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इनकी मंशा एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण में डकैती डालने की है।
मुख्यमंत्री योगी बुधवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यालय में मीडिया सेंटर का उद्घाटन भी किया।
सीएम योगी ने कहा कि यूपीए सरकार अपने शासनकाल में पूर्व चीफ जस्टिस एवं कांग्रेस सांसद रंगनाथ मिश्रा कमीशन सिफारिशों को लागू करना चाहती थी।
बता दें कि रंगनाथ मिश्रा कमीशन के तहत ओबीसी को मिलने वाले 27 प्रतिशत आरक्षण में छह प्रतिशत अल्पसंख्यक समुदाय को देने की बात कही गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की मंशा एससी, एसटी के अधिकारों में भी घुसपैठ करने की है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यूपीए सरकार में आई सच्चर कमेटी की रिपोर्ट है, जिसे भाजपा के भारी विरोध के कारण उन्हें वापस लेना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में संपत्ति का सर्वे कराने की बात कर रही है। वे लोग उसके बाद संपत्ति का अपने अनुसार बंदरबांट करेंगे। यूपीए सरकार के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस बात का उल्लेख भी किया था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने देश में चार जातियों की बात की है, गरीब, किसान, युवा और महिला। इसमें किसी जाति, मत-मजहब की बात नहीं है।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस को देश की कीमत पर येन केन प्रकारेण सत्ता चाहिए। वह महिलाओं पर बर्बर अत्याचार करने वाले तालिबानी प्रवृत्ति को भारत में लागू करना चाहती है। ये लोग तीन तलाक का समर्थन करते हैं। कांग्रेस देश में शरिया कानून लागू कर तालीबानी विध्वंस की समर्थक है। उनके घोषणापत्र में आधी आबादी के अपमान के इरादे साफ दिखाई देते हैं।
(आईएएनएस)
श्रीनगर, 24 अप्रैल । जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में दो जवान घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के रेन्जी वन क्षेत्र में छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
मठभेड़ में आतंकियों की फायरिंग में दो जवान घायल हो गए। दोनों घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।
दो दिन पहले आतंकवादी राजौरी जिले में एक सेना के जवान के घर में घुस गए थे। सेना का जवान उनके चंगुल से भाग निकला। लेकिन आतंकियों ने सरकारी समाज कल्याण विभाग के एक कर्मचारी की हत्या कर दी थी। कर्मचारी सेना के जवान का भाई है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को सरकारी कर्मचारी की हत्या के लिए जिम्मेदार लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकवादी के बारे में जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 24 अप्रैल । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हर तरफ कड़ी नजर रखी जा रही है। हिंदू सेना ने एक बार फिर नई दिल्ली के अकबर रोड समेत विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस की आलोचना वाले पोस्टर लगाए हैं।
हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने खुद शहर में अकबर रोड और मानसिंह चौराहे सहित दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस के खिलाफ बड़े-बड़े बोर्ड और होर्डिंग लगवाए हैं।
विष्णु गुप्ता ने कहा कि आज हिंदू सेना ने दिल्ली के अकबर रोड पर कांग्रेस के खिलाफ बोर्ड लगाए हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री कहते थे, इस देश के संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार मुसलमानों का है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि सबका साथ सबका विकास और हिंदू विरोधियों का विनाश।
उन्होंने कहा कि यह देश कानून के हिसाब से चलता है, यहां सभी लोग बराबर हैं। जिस समय देश में कांग्रेस की सरकार थी। उस समय डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सांप्रदायिक हिंसा बिल लाया गया। उसमें साफ कहा गया था कि दंगा करने वाला हिंदू ही होता है।
यदि कांग्रेस की सरकार होती तो सांप्रदायिक हिंसा बिल तैयार हो गया होता और दिल्ली दंगों में कानून के हिसाब से नहीं, सांप्रदायिक हिंसा के हिसाब से न्याय होता और हिंदू जेल में होते।
(आईएएनएस)
मुंबई, 24 अप्रैल । महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार और उनकी पत्नी सुनेत्रा को बड़ी राहत मिली है। आर्थिक अपराध शाखा ने दोनों को महाराष्ट्र स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक घोटाले में क्लीन चिट दे दी है। इसके साथ ही उनके भतीजे रोहित पवार से जुड़ी कंपनियों को भी क्लीन चिट दे दी गई है।
आर्थिक अपराध शाखा की ओर से दाखिल किए गए क्लोजर रिपोर्ट में कहा गया है कि जरांदेश्वर को-ऑप शुगर मिल को गुरु कॉमोडिटी से जरांदेश्वर शुगर मिल्स प्राइवेट लिमिटेड को रेंट पर लेने में कोई भी अवैध गतिविधि शामिल नहीं है। ईओडब्ल्यू ने रोहित पवार से जुड़ी कंपनियों को भी अब इस मामले में राहत दे दी है।
मालूम हो कि साल 2020 में ही आर्थिक अपराध शाखा ने अजित पवार और उनके भतीजे रोहित पवार के खिलाफ इस केस को बंद करने के लिए क्लोजर रिपोर्ट दाखिल किया गया था, लेकिन बाद में जब यह मामला कोर्ट में पहुंचा। इसे दोबारा जांच के लिए खोलना पड़ गया। इसके बाद आर्थिक अपराध शाखा ने दूसरी रिपोर्ट दाखिल की, जिसमें कहा गया कि अब तक अजित पवार के खिलाफ ऐसा कोई भी साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे किसी भी नतीजे पर पहुंचा जा सके, लिहाजा इस केस को बंद किया जाए।
दरअसल, यह पूरा मामला राज्य में चीनी सहकारी समितियों, कताई मिलों और अन्य संस्थाओं के जिला और सहकारी बैंकों से पैसे लेने का है। एफआईआर में दावा किया गया था कि बैंक में अनियमितताओं के कारण 1 जनवरी, 2007 से 31 दिसंबर, 2017 के बीच राज्य के खजाने को 25,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
ईओडब्ल्यू ने तब आरोप लगाया था कि चीनी मिलों को बहुत कम दरों पर लोन देने और डिफॉल्टर बिजनेस की संपत्तियों को औने-पौने दामों पर बेचने में बैंकिंग और आरबीआई के नियमों का उल्लंघन किया गया।
(आईएएनएस)
अमेठी, 24 अप्रैल। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं। बीते दिनों उन्होंने राजनीति में आने के संकेत भी दिए थे, जिसके बाद माना जा रहा है कि वो बीजेपी की स्मृति ईरानी के खिलाफ अमेठी से ताल ठोक सकते हैं। लेकिन अभी तक इस बारे में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। इसी बीच, अमेठी में रॉबर्ट वाड्रा को लेकर पोस्टर वॉर शुरू हो गया है।
पार्टी कार्यालय में पोस्टर लगाए गए हैं, लेकिन यह पोस्टर किसने लगाए हैं? अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पोस्टर में कहा गया है कि “अमेठी की जनता करे पुकार, रॉबर्ट वाड्रा अबकी बार, निवेदक अमेठी की जनता”।
यह पोस्टर अमेठी कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज कांग्रेस कार्यालय, हनुमान तिराहा, स्टेशन तिराहा और स्टेशन पर लगाए गए हैं, जिसके बाद से माना जा रहा है।
कांग्रेस ने अभी तक अमेठी से अपने किसी भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है, जबकि बीजेपी ने एक बार फिर से इस सीट पर स्मृति ईरानी पर दांव लगाया है।
2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी ने स्मृति ईरानी को यहां से मैदान में उतारा था। स्मृति ईरानी ने राहुल को हार का स्वाद चखाते हुए उनके ही गढ़ में बीजेपी का झंडा बुलंद कर दिया।
बीते दिनों रॉबर्ट वाड्रा ने राजनीति में आने के संकेत भी दिए थे। उन्होंने कहा था कि वो और उनका परिवार देश के विकास में जीजान से लगा हुआ है और अगर उन्हें देश के विकास में योगदान देने का मौका मिलेगा, तो वो अपने आपको भाग्यशाली समझेंगे।
(आईएएनएस)
साहिबगंज, 24 अप्रैल । झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल में एसिड अटैक में एक ही परिवार के चार लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए धनबाद स्थित मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया है।
वारदात मंगलवार रात दो बजे की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।
जिस परिवार के लोगों पर हमला किया गया, वह राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल के सामने नगर पंचायत की ओर से निर्मित दुकान में एक छोटा सा होटल चलाता है। परिवार के सभी सदस्य उसी दुकान की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर उनपर एसिड फेंक दिया।
35 वर्षीय शेख हसीना, 60 वर्षीय गुलबानो बेवा, उनकी नाबालिग बेटी और 30 वर्षीय आलम शेख इस हमले में बुरी तरह जख्मी हो गए।
हमले की वजह क्या है, यह फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज किए हैं, जिसमें कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। सभी घायलों का प्राथमिक इलाज राजमहल अनुमंडलीय में हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
दो-तीन माह पहले इस परिवार के घर में आग में आग लग गयी थी। घर जलकर राख हो गया था। ऐसे में परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर था।
बाद में उन्होंने अनुमंडल अस्पताल के सामने नगर पंचायत द्वारा निर्मित दुकान को अपना ठिकाना बना लिया।
(आईएएनएस)
श्रीनगर, 24 अप्रैल । जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने बताया कि जिले के रेन्जी वन इलाके में मुठभेड़ चल रही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद जवानों ने कार्रवाई शुरू की। फायरिंग दोनों ओर से जारी है।
पुलिस ने बताया कि बांदीपोरा के अरागाम के रेन्जी वन क्षेत्र में जवान सुबह से तलाशी अभियान चला रहे थे। तभी छिपे हुए आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की और मुठभेड़ शुरू हो गई। हालांकि, अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।
(आईएएनएस)
नोएडा, 24 अप्रैल । उत्तर प्रदेश का गौतमबुद्ध नगर सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला हाईटेक जिला है। लेकिन ये वोटिंग के मामले में पीछे है। आंकड़े बताते हैं कि नोएडा विधानसभा में 2014 में 53.46 प्रतिशत मतदान हुआ था और 2019 में 52.35 प्रतिशत मतदान हुआ था।
इस बार मतदान प्रतिशत को बढ़ाने और मतदाता को जागरूक करने एवं उन्हें बूथ तक लाने के लिए नोएडा की हाईराइज सोसायटी में 52 और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटी में 48 बूथ बनाए जा रहे हैं।
इस बार इन बूथ को बनाने का मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा लोग हाईराइज सोसाइटियों में बूथ पर जाकर अपने मत का प्रयोग करें। पिछले कई बार के चुनाव में देखा गया है कि लोग इस दिन बूथ दूर होने की वजह से वहां नहीं जाते हैं।
आंकड़ों की बात की जाए तो गौतमबुद्ध नगर की लोकसभा में पांच विधानसभा क्षेत्र आते हैं। जिसमें नोएडा, दादरी, जेवर, खुर्जा और सिकंदराबाद शामिल हैं।
साल 2014 में नोएडा में 53.46 प्रतिशत, दादरी में 60.88 प्रतिशत, जेवर में 61.83 प्रतिशत, खुर्जा में 64.48 प्रतिशत, सिकंदराबाद में 64.10 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि 2019 में नोएडा में 52.35 प्रतिशत, दादरी में 60.85 प्रतिशत, जेवर में 65.4 प्रतिशत, खुर्जा में 64.73 प्रतिशत और सिकंदराबाद में 65.93 प्रतिशत मतदान हुआ।
इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि गौतमबुद्ध नगर के शहरी क्षेत्र और हाईराइज इलाकों में मतदान का प्रतिशत कम है और लोग बूथ पर कम पहुंचे।
जिला प्रशासन की इस बार कवायद है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक किया जाए और हाईराइज सोसायटी में रहने वाले लोगों को उनके पास में ही बूथ उपलब्ध कराकर उनको मतदान के लिए प्रेरित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार 2,269 मतदान स्थल बनाए गए हैं। यह पहली बार होगा जब हाईराइज सोसायटियों के अंदर ही बूथ बनाए जाएंगे।
डीएम ने बताया कि 7 बूथ महिलाओं के लिए डेडीकेटेड तौर पर बनाए जाएंगे, 4 बूथ दिव्यांगजनों के लिए, 5 बूथ यूथ के लिए होंगे। जिले में मॉडल बूथ की संख्या 51 होगी। यह वह मॉडल बूथ होंगे जिसमें सभी सुविधा होगी।
(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 24 अप्रैल । सैम पित्रोदा के संपत्ति के बंटवारे वाले बयान को लेकर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने भारत को बर्बाद करने की ठान ली है।
भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने सैम पित्रोदा के बयान को लेकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, "कांग्रेस ने भारत को बर्बाद करने की ठान ली है। अब, सैम पित्रोदा धन के बंटवारे के लिए 50 प्रतिशत विरासत टैक्स की वकालत कर रहे हैं। इसका मतलब यह है कि हम अपनी सारी मेहनत और उद्यम से जो कुछ भी बनाएंगे, उसका 50 प्रतिशत छीन लिया जाएगा। यह 50 प्रतिशत उस टैक्स के अलावा होगा जो टैक्स हम देते हैं और अगर कांग्रेस जीतती है तो यह टैक्स भी बढ़ जाएगा।"
दरअसल, सैम पित्रोदा ने कहा है कि अमेरिका में 55 फीसदी विरासत टैक्स लगता है। सरकार 55 फीसदी हिस्सा ले लेती है।
उन्होंने कहा कि संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। अगर किसी व्यक्ति के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है तो उसके मरने के बाद 45 फीसदी संपत्ति उसके बच्चों को और 55 फीसदी संपत्ति सरकार की हो जाती है।
उन्होंने कहा कि भारत में ऐसा कानून नहीं है। ऐसे मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए और वे ऐसी नीतियों की बात कर रहे हैं, जो लोगों के हित में हो न कि सिर्फ अमीरों के हित में।
(आईएएनएस)
लखनऊ, 24 अप्रैल । लखनऊ से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सगे भतीजे ने जमीन के विवाद के बाद टोना टोटका के शक में अपने ही चाचा को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद ग्राणीणों में आक्रोश है।
ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उधर, मृतक की बेटी मालती ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हम लोग भिंडी, करेला तोड़ने खेत में गए थे। इसके बाद घर वापस आ रहे थे। लेकिन, इस बीच रास्ते में हरीराम ने हमारे पिता को साइकिल से गिरा दिया और मारने लगे और वो मेरे पिता को लाठी से डंडे से बुरी तरह पीटने लगा। मैंने उसने दया की भीख मांगी कि मेरे पिता को छोड़ दो, लेकिन उसने मेरी एक नहीं सुनी और मेरे पिता को बेरहमी से पीटता रहा।
मालती ने आगे कहा, "इसके बाद उसने मेरे पिता पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, मैंने उसे बहुत रोका, लेकिन उसने मेरे बाल पकड़कर मुझे पीछे की ओर धकेल दिया और मेरे पिता पर ताबड़तोड़ हमला करने लगा। इस बीच, कई लोगों की मदद लेने की कोशिश की थी, लेकिन मुझे कोई भी नहीं मिला और जब तक मैं वहां पहुंची, तब तक वो लोग मेरे पिता को बुरी तरह से जख्मी कर चुके थे।"
मृतक की बेटी ने मीडिया को बताया कि हमलावरों को शक था कि हम लोग उन पर टोना टोटका कराते हैं, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था। पिछले महीने भी उन्होंने हमसे झगड़ा किया था।
उधर, पुलिस ने मीडिया से बातचीत के दौरान स्पष्ट कर दिया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का लगता है। जांच जारी है। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
(आईएएनएस)
हैदराबाद, 23 अप्रैल । भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव ने मंगलवार को कहा कि किसी भी गठबंधन को केंद्र में सरकार बनाने के लिए बीआरएस जैसे दलों के समर्थन की जरूरत होगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में 'इंडिया' ब्लॉक 100-150 सीट से अधिक नहीं जीतेगी।
केटीआर ने चेवेल्ला लोकसभा क्षेत्र में बीआरएस उम्मीदवार कसानी ज्ञानेश्वर के लिए चुनाव प्रचार के दौरान यहां राजेंद्रनगर में एक रोड शो को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को 100-150 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी और किसी भी गठबंधन को केंद्र में सरकार बनाने के लिए बीआरएस जैसी पार्टियों का समर्थन लेना होगा।"
यह कहते हुए कि पहली बार पिछड़े वर्ग का कोई उम्मीदवार चेवेल्ला में चुनाव मैदान में है, बीआरएस नेता ने कहा कि कासनी ज्ञानेश्वर एक मजबूत नेता हैं जिन्होंने कमजोर वर्गों को एकजुट किया है।
उन्होंने तेलंगाना के लोगों से बीआरएस उम्मीदवारों को चुनने की अपील की ताकि पार्टी केंद्र में अपनी भूमिका निभा सके।
उन्होंने दावा किया, "अगर बीआरएस आठ से 10 सीटें जीतती है, तो केंद्र सरकार हमारी बात मानेगी।" उन्होंने दावा किया कि अकेले बीआरएस ही तेलंगाना के हितों की रक्षा कर सकती है।
केटीआर ने बीआरएस छोड़ने वाले कांग्रेस उम्मीदवार रंजीत रेड्डी की भी आलोचना करते हुए कहा कि कुछ लोग जिस थाली में खाते हैं उसी में छेद करते हैं।
पिछली बार 2019 में चुनाव जीतने वाले रंजीत रेड्डी बीआरएस द्वारा कासनी ज्ञानेश्वर को मैदान में उतारने के फैसले के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए।
केटीआर ने लोगों से उन दलबदलुओं को सबक सिखाने का आग्रह किया, जिन्होंने कठिन समय का सामना करते समय पार्टी छोड़ दी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी झूठे वादे करके राज्य की सत्ता में आयी है। उन्होंने लोगों से अपने वादों को पूरा करने में विफल रहने के लिए सत्तारूढ़ दल से सवाल करने का आग्रह किया।
वह जानना चाहते थे कि सत्ता में आते ही किसानों का कर्ज माफ करने के कांग्रेस के वादे का क्या हुआ।
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी एक बार फिर लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने पिछले 10 वर्षों के दौरान केसीआर के नेतृत्व वाली बीआरएस सरकार द्वारा लागू की गई कई कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया।
(आईएएनएस)
कानपुर, 23 अप्रैल । कानपुर से कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्रा की नामांकन दाखिल करते समय पुलिस के साथ कहासुनी हो गई। पुलिस का कहना था कि आलोक मिश्रा पांच से अधिक प्रस्तावक लेकर नामांकन दाखिल करने नहीं जा सकते, जबकि उन्होंने कहा कि वो प्रस्तावक नहीं, बल्कि प्रत्याशी हैं।
उन्होंने कहा कि उनका पांचवां प्रस्तावक अभी तक आया नहीं है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया। पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक लिया, जिसके बाद वो अपना रोष जाहिर करने के लिए अपने समर्थकों के साथ सड़क पर बैठ गए।
इसके बाद, उन्होंने अपने प्रस्तावक अमिताभ बाजपेई को फोन कर कहा कि आप जल्दी आइए। आप अभी तक आए नहीं हैं, इसलिए मुझे अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है।
जब कोई भी प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने जाता है, तो उसके साथ पांच प्रस्तावक होते हैं। बता दें कि आलोक मिश्रा दो सेट पहले ही फाइल कर चुके हैं, बाकी दो सेट फाइल करने के लिए पहुंचे थे।
कानपुर हमेशा से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है। इस बीच, कांग्रेस ने यहां से 28 साल बाद किसी ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाया है, जिसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
आलोक मिश्रा कानपुर के बड़े चेहरों में शुमार हैं। उनका मुकाबला बीजेपी के रमेश अवस्थी से है।
(आईएएनएस)
खूंटी, 23 अप्रैल । झारखंड की खूंटी लोकसभा सीट पर मंगलवार को एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों ने अपनी ताकत दिखाई। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा और कांग्रेस के प्रत्याशी कालीचरण मुंडा ने करीब एक घंटे के अंतराल में नामांकन के पर्चे दाखिल किए। इस दौरान दोनों गठबंधनों के कई बड़े दिग्गज मौजूद रहे।
दोनों तरफ से रोड शो और जनसभा भी आयोजित हुई। अर्जुन मुंडा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो के साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष नामांकन करने पहुंचे। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा और खूंटी के भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा भी मौजूद रहे।
उन्होंने खूंटी में रोड शो भी किया। इसके बाद पतरा मैदान में जनसभा हुई, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खास तौर पर मौजूद रहे। नेताओं ने लोगों को 'अबकी बार 400 पार' के संकल्प की याद दिलाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
कांग्रेस के प्रत्याशी कालीचरण मुंडा राज्य के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, झारखंड के कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री आलमगीर आलम के साथ नामांकन करने पहुंचे। इसके पहले रोड शो और को-ऑपरेटिव मैदान में जनसभा आयोजित हुई, जिसमें गठबंधन के नेताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।
इस सीट पर 13 मई को मतदान होना है। पिछले चुनाव में भी इन दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ था। भाजपा के अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस के कालीचरण मुंडा को लगभग 1,500 मतों के फासले से पराजित किया था।
(आईएएनएस)
लखनऊ, 23 अप्रैल । लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में प्रवर्तन एजेंसियों और उड़नदस्तों द्वारा अवैध शराब, नकदी आदि की जब्ती पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी, आयकर, पुलिस और नार्कोटिक्स विभाग के साथ अन्य प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से एक मार्च से 22 अप्रैल 2024 तक कुल 31,898.16 लाख रुपए की शराब, ड्रग, बहुमूल्य धातुएं और नगदी बरामद किए गए हैं।
इसमें 3123.56 लाख रुपए नकद धनराशि, 4279.08 लाख रुपए कीमत की शराब, 21,177.55 लाख रुपए कीमत की ड्रग, 2,161.59 लाख रुपए कीमत की बहुमूल्य धातुएं और 1,156.38 लाख रुपए कीमत की अन्य सामग्री जब्त की गई है।
(आईएएनएस)
गोरखपुर, 23 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की उपलब्धियों से कांग्रेस, सपा और अन्य कई दलों में बौखलाहट है।
उन्होंने कहा कि इसी बौखलाहट के चलते कांग्रेस, सपा और उसके सहयोगी दल चुनाव में सामाजिक वैमनस्यता फैलाने की विभाजनकारी राजनीति पर आमादा हैं। जनता इनके मंसूबे को जानती है। इन्हें डकैती डालने की छूट नहीं देगी। पहली बार देश के अंदर 'पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस' पीएम मोदी के कारण आया है। इसका सर्वाधिक लाभ गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को मिला है।
योगी ने कहा कि कांग्रेस ने 1970 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया था लेकिन छह दशक से अधिक शासन करने के बावजूद वह कभी गरीबी हटा नहीं पाई। छह दशक से अधिक समय तक 'दादी से लेकर पोते तक' इसी नारे से देश की जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं। सही मायने में अगर देखा जाए तो गरीबी हटाने और गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ईमानदारी से, बिना भेदभाव हर व्यक्ति तक पहुंचाने का काम प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री मोदी के दस साल के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से उबरकर खुशहाल जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में चार करोड़ गरीब परिवारों को मकान मिला और अगले पांच साल में तीन करोड़ और लोगों को मकान देने का लक्ष्य भाजपा के संकल्प पत्र में है। पीएम मोदी के शासन में गरीब कल्याण के कार्यों की एक लंबी श्रृंखला है। वास्तव में गरीब कल्याण की उपलब्धियां सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का साकार रूप हैं।
विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति करके इंडी गठबंधन देश के साथ धोखा और गद्दारी कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस का परिवार सुपर पीएम बना होता था तो उस समय के प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने किसके इशारे पर कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमान का है।
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस देश को मुसलमान और गैर मुसलमान, अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक के नाम पर बांटना चाहती है। यह देश 1947 में विभाजन की त्रासदी को देख चुका है और कांग्रेस की मंशा कभी पूरी नहीं होगी।
कांग्रेस के घोषणा पत्र पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह लोग गरीबी तो नहीं हटा पाए, लेकिन जिन्होंने अपनी मेहनत से मकान बनाए हैं, जमीन का प्लॉट लिया है, माताओं- बहनों ने अपने लिए जेवर बनाए हैं, कांग्रेस की कुदृष्टि उस पर पड़ी हुई है। कांग्रेस धार्मिक स्थलों की संपत्ति पर, बहन-बेटियों, माताओं की संपत्ति पर, लोगों द्वारा परिश्रम से अर्जित संपत्ति पर डकैती डालने की कुचेष्ठा करने का प्रयास कर रही है।
(आईएएनएस)