छत्तीसगढ़ » जशपुर
अव्यवस्था पर भाजपा पदाधिकारियों ने जताई नाराजगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 11 जनवरी। धान खरीदी केंद्र केराकछार में अव्यवस्था से भाजपा पदाधिकारी नाखुश दिखे। उनका कहना है कि बगैर ड्रेनेज जमीन पर रखने से बारिश की स्थिति में धान खराब हो सकते हैं, जबकि धान को खरीद कर उसे बेहतर तरीके से ड्रेनेज के ऊपर धान रखने का स्पष्ट आदेश सभी धान खरीदी केंद्र को है। वहीं केराकछार धान खरीदी केंद्र को एक ऑपरेटर के भरोसे ही छोड़ दिया गया है।
सांसद गोमती साय के द्वारा भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष खेमानिधि और महामंत्री हेमंत कुमार को केराकछार धान केंद्र जाकर किसानों से खरीदे गए धान के रख रखाव एवं धान खरीदी की जांच करने भेजने पर वहां की अव्यवस्था से नाखुश दिखे। ग्रामीण मंडल अध्यक्ष ने कहा कि सांसद से धान के रखरखाव में बेहद अनियमितता बरतने एवं ऑपरेटर के भरोसे ही धान खरीदने की बात की जानकारी देने की बात कही। इस तरह तो बिना डे्रनेज के धान रखने से तो धान के खराब होने के आसार है।
केरा कछार धान खऱीदी केंद्र के नोडल अधिकारी एवं प्राधिकृत अधिकारी अंतरंग पांडे से जब बिना ड्रेनेज के धान रखने की बात पूछी गई तो उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा प्रबंधक गोविंद यादव को दस दिनों में दो बार नोटिस काट कर बिना डेनेज के रखे धान का उठाव कराने एवं उन धानों को सुरक्षित रखने कहा है। पर अब तक प्रबंधक द्वारा धान को सुरक्षित रखने किसी तरह की कोशिश नहीं की गई है। अब इन बातों को मैं अपने उच्च अधिकारियों को सूचित कर प्रबंधक के ऊपर धान के रखरखाव में बरती जा रही लापरवाही की जानकारी देने एवं कार्रवाई के लिए कहूंगा। साथ ही केराकछार धान खरीदी केंद्र को एक ऑपरेटर के भरोसे धान खरीदी की बात पर उन्होंने कहा कि शासन के आदेश पर ही पूर्व प्रबंधक को ही प्रभारी प्रबंधक बनाया गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 11 जनवरी। सोमवार को पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों ने मिलकर जनपद में अपने हड़ताल की जगह पर भैंस के आगे बीन बजाई। ज्ञात हो कि प्रदेश के पंचायत सचिव कई दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, साथ ही रोजगार सहायक संघ भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल में शामिल हो गए हैं।
आंदोलनकारी अब तरह-तरह के तरीके निकाल कर प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को तो संघ ने भीख मांगकर राशि इक_ा किया था, वहीं 9 जनवरी को घंटी और थाली बजाकर प्रशासन का विरोध जताया गया।
सचिव संघ ने अब आगे क्रमिक भूख हड़ताल करने की बात कह रहे हंै। पंचायत सचिवों का कहना है कि राज्य सरकार अपने ही चुनाव घोषणा पत्र की बात को अमल में नहीं ले रही है, जबकि सत्ता में आने के बाद जल्द ही प्रदेश के सचिवों को दो साल की अवधि में उनका शासकीयकरण कर देना चाहिए था।
पत्थलगांव, 11 जनवरी। आज पत्थलगांव साप्ताहिक बाजार में जिला आयुर्वेद अधिकारी जसपुर के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तरीय निशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ स्थानीय पार्षद के द्वारा किया गया इस शिविर में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से 513 मरीजों का निशुल्क उपचार एवं दवा वितरण किया गया जिसमें 403 रोगियों को उपचार आयुर्वेदिक पद्धति से एवं 110 रोगियों का उपचार होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति से किया गया।
शिविर में चिकित्सक डॉक्टर नवीन होता, अंकुर जैन ,श्याम चरण साहू ,शशिकांत साहू आदि ने चिकित्सा सेवाएं शिविर में प्रदान की वही नेपाल साहू ,पितांबर कुमार, प्रेम एक्का,मूलचंद भारद्वाज का भी विशेष योगदान रहा। डाक्टरहोता ने शिविर के माध्यम से लोगों को बताया कि कोरोनावायरस की रोकथाम एवं उपचार इम्यूनिटी बूस्टर एवं 2 गज की दूरी मास्क है जरूरी के नारे को बुलंद करते हुए आयुष का काढ़ाका भी वितरण किया गया ।
इस शिविर में हिमोग्लोबिन शुगर जांच मलेरिया जांच भी किया गया। इस शिविर से काफी लोगों को इसका लाभ प्राप्त हुआ एवं चिकित्सा से संबंधित कई जानकारियां प्राप्त हुई।
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जशपुरनगर, 10 जनवरी। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने आज जशपुर विकासखंड के टिकैतगंज में स्व. भीखराम भगत की 83वीं जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए एवं सामाजिक कुडूख मासिक पत्रिका पड़हा पुंप का विमोचन किया और समाज को स्व. भीखराम भगत जी के जयंती के लिए 3 लाख रूपए देने की घोषणा की।
प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि आज हम सभी समाज के लोग स्व.भीखराम भगत की जयंती के अवसर पर शामिल हुए है। समाज के क्षेत्र में कार्य करने वाले विभिन्न विभूतियों को याद किया और समाज के लोगों को उनके आदर्शों पर चलने के लिए आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज के लोग प्रकृति के पुत्र है प्रकृति के गोद में जन्म लिए है, प्रकृति की पूजा करते है। उन्हीं के आशीर्वाद से सभी लोग सुख समृद्धि के साथ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
अमरजीत भगत ने स्थानीय कुडूख भाषा में संबोधित किया और स्थनीय गीत गाकर सभी को प्रोत्साहित किया। समाज के लोगां के साथ मादर की थाप पर नृत्य किया एवं अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस दौरान झारखंड के वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने सभी समाज के लोगों को संबोधित करते हुए शिक्षा स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्र में भी पढ़ लिखकर आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया। विधायक विनय भगत, प्रितम राम भगत,गुलाब कमरो ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर झारखंड के वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव, जशपुर विधायक विनय भगत, लुंड्रा विधायक प्रितम राम भगत, कोरिया के सोनहत विधायक गुलाब कमरो, राजी देवान रामचंद्र प्रधान, राजी कहतो बसंत कुमार भगत,सुखदेव भगत बेल,रामकुमार भगत देवान,मांगे एक्का बेल, मंचन उरॉव देवान, खुदी भगत दुखी बेल,परमेश्वर भगत देवान,रन्जू उरॉव बेल,शिव टोप्पो देवान कलेक्टर महादेव कावरे, जिला पुलिस अधीक्षक बालाजीराव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष संजीव भगत, मनोजसागर यादव, अजय गुप्ता, सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 10 जनवरी। छतीसगढ़ पंचायत संचिव संघ के आह्वान पर एक सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन कलम बन्द काम बंद कर हड़ताल कर रहे पंचायत सचिवों का 16वे दिन भी जारी रहा।
शनिवार को लगातार पंचायत सचिव अपनी मांगों को लेकर 15 दिन हड़ताल में बैठे रहे सचिवों की अपनी मांग जिसमे उन्हें शासन से जल्द शासकीयकरण करने की मांग की है।
पंचायत सचिव रमेश जायसवाल ने कहा कि राज्य की भूपेश सरकार को हमारी मांगो पे जल्द विचार कर हम लोगो का शासकीयकरण कर देना चाहिए आज हम लोगो के हड़ताल का 15 वा दिन है। जो मांग के न माने जाने तक अनवरत आगे भी इसी तरह कलम बन्द काम बंद जारी रहेगा।
रोजगार सहायको भी अपनी मांगों को लेकर वही जनपद प्रांगण में ही अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। रोजगार सहायकों के भी हड़ताल में चले जाने से काफी कार्य प्रभावित हो रहे है। अपनी मांगों को जल्द सरकार से मनवाने के लिए रोजगार सहायकों ने हड़ताल के माध्यम से अपनी बात सरकार तक पहुचा रहे है। और जल्द भूपेश सरकार से मांगे मानने की बात कह रहे है। पाकरगांव की सरपंच धनमती प्रधान ने कहा कि पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों के हड़ताल में चले जानेे से सभी ग्राम पंचायत के विकास कार्यो में रुकावटे आ रही है। जल्द ही राज्य सरकार।को पँचायत सचिवो एवं रोजगार सहायकों के हड़ताल समाप्त करवाने विचार करने की आवश्यकता है। जिससे ग्रामीण स्तर के रुके कार्यो को गति दी जा संके। अगर इसी तरह आगे भी हड़ताल जारी रहता है तो ग्रामीण स्तर पर काफी मुश्किले आएंगी।
पत्थलगांव/तपरकरा, 10 जनवरी। रविवार को दो बाइक के भिड़ंत में तपकरा के कांग्रेसी नेता मनोज ताम्रकर समेत दो घायल हो गए।
तपकरा के भंडारडीपा पंचर दुकान के पास दो बाइक के आमने सामने भिड़ंत होने से कांग्रेसी नेता तपकरा निवासी मनोज ताम्रकार गम्भीर रूप से घायल हो गए है। ताम्रकार के सर पैर एवं सीने पर गम्भीर चोट आने की सूचना मिली है। वही दूसरे बाइक में सवार राजेश कुमार यादव पंडरीपानी कंवरटोली निवासी को भी नाक मुंह पैर सहित शरीर के अन्य भागों में भी काफी चोटें आई है।
दोनों बाइक में दो-दो लोग सवार थे, जिसमें पीछे बैठने वालों को चोट नही आई। घटना की सूचना पाते ही पुलिस भी तत्काल मौके पे पहुंच कर प्राथमिकि उपचार हेतु अस्पताल भेजा।
पत्थलगांव , 10 जनवरी। आज दिनदहाड़े पत्थलगांव के सिविल अस्पताल के लैब रूम के सामने से बाइक चोरी हो गई।
पीडि़त ग्राम बिलडेगी निवासी योगेश कुमार यादव ने बताया कि वह अपने मां को इलाज के लिए अस्पताल लाए थे। मोटरसाइकिल को बाहर लगाकर मां को चेकअप कराने के लिए अंदर गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मोटरसाइकिल की चोरी कर ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त जगह पर एक 18-20 वर्ष का युवक सुबह से घात लगाए हुए था। मालूम हो कि इसके पहले चोर ने शहर के बंदियाखार के एक व्यक्ति की कार की टायर चोरी कर ली थी। विदित हो कि क्षेत्र में बढ़ते चोरी की घटनाओं में संलिप्त चोरों को पत्थलगांव पुलिस ने बीते 2 जनवरी को चोरों को पकडऩे में सफलता प्राप्त की थी। लेकिन एक के बाद एक लगातार बाइक चोरी की घटना एक बार फिर पत्थलगांव पुलिस के सामने चोरों ने चुनौती दे दी है ।
पत्थलगांव टीआई संतलाल आयाम ने कहा कि जल्द ही मोटरसाइकिल चोर पुलिस के शिकंजे में होगा। सभी दुकानदार कम से कम एक सीसीटीवी कैमरे को सडक़ की ओर लगावे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 10 जनवरी। सरगुजा संभाग एवं जिलाध्यक्ष जशपुर की कमान विपिन कुमार ओझा को मिली। प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा हुई।
संविलियन की 1 सूत्रीय मांग को लेकर लड़ाई लडऩे वाले और जीत हासिल करने वाले संविलियन अधिकार मंच का स्वरूप अब एक संगठन के रूप में हो गया है और प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि संविलियन अधिकार मंच अब सर्व शिक्षक संघ के नाम से जाना जाएगा जिसका पंजीयन क्रमांक 122202038655 है। उन्होंने कहा है। कि संविलियन अधिकार मंच के बैनर तले हमने 1, सूत्रीय मांग संविलियन को लेकर लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की, हम से जुड़े साथियों की इच्छा थी कि आगे भी हम संगठित होकर रहे और इसके लिए एक संगठन की आवश्यकता महसूस हो रही थी।
अत: सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए सर्व शिक्षक संघ का गठन किया गया है, जो शिक्षक हित में आगे भी अपना प्रयास जारी रखेगा। और प्रदेश कार्यकारिणी घोषित कर दी है, जिसमें अनुभवी सहायक शिक्षक प्रदीप पाण्डेय को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है जो संगठन विस्तार समेत अन्य जिम्मेदारियों को सम्हालेंगे लेंगे। प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी विनय मौर्य को दी गई है। वही जशपुर जिले के विपिन कुमार ओझा को जिला अध्यक्ष के साथ साथ सरगुजा संभाग प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
संघ से मिले दायित्वों पे विपिन ओझा ने कहा कि वह संगठन को सशक्त बनाने और शिक्षकों को उनका हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। अभी भी शिक्षकों की ऐसी अनेक समस्याएं हैं, जिनका निराकरण अति आवश्यक है। और इस दिशा में हमारे द्वारा आवश्यक पहल किए जाएंगे। संविलियन अधिकार मंच ने संविलियन की, सूत्रीय लड़ाई लडक़र और जीत हासिल करके प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है, और इस पहचान को कायम रखना और बढ़ाना अब सर्व शिक्षक संघ का भी उद्देश्य रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष विवेक दुबे और टीम ने मुझ पर भरोसा दिखाया है। इसके लिए मैं उनका धन्यवाद अदा करता हूं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 9 जनवरी। शनिवार को धान उठाव में तेजी नहीं होने के कारण किसानों की तौलाई कम हो गई है। शासन द्वार निर्धारित समयावधि में पंजीकृत किसानों से धान खरीदी करना मुश्किल दिख रहा है।
समिति में पहले एक दिन में 45 से 55 किसानों की धान खरीदी हो रही थी, लेकिन अब धान उठाव में तेजी नहीं होने के कारण अब केवल 15 से 20 किसानो का ही टोकन जारी कर खरीदी की जा रही है।
ज्यादा मात्रा में धान होने से अब रखने की जगह नहीं बच रही है। अगर आज कल ही में धान का उठाव जल्द नहीं हुआ, तो किसानों से खरीदी जाने वाली धान रखने की जगह ही नहीं बचेगी। जिले के विपणन अधिकारियों के सुस्त रवैये के कारण धान समिति को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि शनिवार और रविवार को ज्यादा से ज्यादा धान का उठाव होना चाहिए, ताकि सोमवार से आने वाले किसानों का धान ज्यादा खरीदा जा संके।
समिति के अध्यक्ष सुरेश तिग्गा ने बताया कि दिसंबर महिने में कुल 700, किसानों का धान खरीदी किया गया था, किंतु जनवरी में अब तक केवल 121 किसानों से ही धान की खरीदी की जा सकी है। समिति में बफर लिमिट से तीन गुना अधिक धान पडा है। अभी तक समिति में 49000, क्विंटल धान की खरीदी हुई है। जिसमें से केवल 23700, क्विंटल धान का ही उठाव हुआ है।
अभी वर्तमान में समिति में 25120, क्विंटल धान है। समिति पत्थलगांव में कुल 1335, पंजीकृत किसान है। जिसमें से 821, किसानों से धान की खरीदी हुई है। अगर आज या कल में पर्याप्त धान का उठाव नहीं होता है, तो किसानों से धान की खरीदी और धीमी हो जाएगी। जिससे निर्धारित समयावधी में पंजीकृत किसानों से धान खरीदी कर पाना मुश्किल हो सकता है।
इसलिए जल्द धान का उठाव होने की व्यवस्था जिले के अधिकारियों को करने की आवश्यकता है।
पत्थलगांव, 8 जनवरी। जशपुर मार्ग पर सडक़ किनारे एनएच विभाग के द्वारा बनाये जा रहे नाली से लोगों की आफत कम होने का नाम नहीं ले रही है। नाली निर्माण कर रहे ठेकेदार के द्वारा फिर से बीती रात को नाली निर्माण के लिए गड्ढा करते हुए पानी आपूर्ति पाइप लाइन को ध्वस्त कर दिया और फिर वहां से जेसीबी लेकर निकल गया जैसे ही सुबह जल आपूर्ति के लिए पम्प चालू किया गया तो उन गड्ढों में पानी भर गया, तब जाकर पता चल पाया कि ठेकेदार फिर से नल जल आपूर्ति के पाइप लाइन को तोड़ कर लोगों को पानी के लिए भटकने को मजबूर कर दिया। बीते एक महीने से पाइप लाइन बार-बार ध्वस्त होने से लोगो को पानी के लिए सुबह से ही परेशान होना पड़ रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 8 जनवरी। फरसाबहार विकासखंड के भेलवा पंचायत के ग्रामीणों ने यहां के सचिव को नहीं हटाए जाने को लेकर काफी आक्रोशित हैं। जिला पंचायत से लेकर जिला पंचायत सीईओ कलेक्टर सहित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कार्रवाई की मांग की जाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत के ग्रामीणों ने जनपद में आकर जमकर प्रदर्शन किया।
7 जनवरी को बड़ी संख्या में ग्रामीण सडक़ पर उतर आए और रैली निकाली। आरोप है कि पंचायत सचिव की मनमानी से ग्रामीण परेशान हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव के द्वारा काफी भ्रष्टाचार किया जाता रहा है और जांच में कार्रवाई के बाद यहां से हटाने की बात भी अधिकारियों के द्वारा कही गई लेकिन सुनीता पूर्ववत पंचायत में डटी हुई है और उनके कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने पूर्व में ज्ञापन देते हुए 7 जनवरी को प्रदर्शन की बात कही थी लेकिन मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद ग्रामीण इस प्रदर्शन के लिए मजबूर हुए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 8 जनवरी। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना के तमता में दुर्गा मंदिर के पास आज दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार पत्थलगांव थाना क्षेत्र के चन्दागढ़ गांव निवासी मंगलू पैकरा तमता के एक व्यक्ति की ट्रैक्टर पर धान लोडकर मंडी जा रहा था। इसी बीच तमता दुर्गा मंदिर के पास सडक़ पर गिर गया और ट्रैक्टर पहिया के नीचे आ गया। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों के सहयोग से युवक को तमता उपस्वास्थ्य केंद पहुँचाया गया, जहां अस्पताल में युवक का अधिक रक्तस्राव से मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पत्थलगांव, 5 जनवरी। जशपुर मार्ग पर नाली निर्माण करने सडक़ किनारे गड्ढा करने जेसीबी ने लगातार दूसरे दिन पाइप लाइन को पूरी तरह से तोड़ दिया जिससे नल जल सप्लाई पूरी तरह ठप्प हो गया जिससे दो दिनों तक नल जल आपूर्ति पूरी तरह बन्द है।
ज्ञात हो कि एक हफ्ते पहले ही शारदा मंदिर के पास इसी तरह रोजाना तीन दिनों तक नल जल पाइप लाइन को इसी तरह रात के अंधेरे में गड्ढा खोदते हुए तहस नहस कर दिया था रोजाना रात के अंधेरे में ही इन ठेकेदारों के द्वारा कार्य किया जाता है। पाइप के टूटने से पानी आपूर्ति बंद हो जाती है।
10 दिन पहले पत्थलगांव एसडीएम योगेन्द्र श्रीवास ने मौके पे पहुच कर ठेकेदार के कर्मी को पाइप लाइन न तोडऩे की हिदायत दी और बिछाई गई पाइप लाइन से एक से दो फिट दूर से नाली निर्माण के लिए गड्ढा खोदने के निर्देश दिए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्देश के बाद भी ठेकेदार पाइप लाइन से सटा कर ही नाली निर्माण की जिद्द में है। जिससे स्थानीय लोगो को पानी के रोजाना भटकना पड़ रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव जशपुर, 5 जनवरी। सम्वेदना और राष्ट्रीय कवि संगम के मंच पर कविता, गीत, गजलों को बिखरी सतरंगी छँटा, किसी ने हंसाया तो किसी ने कर दिया भाव विभोर, दमदार रचनाओं के सहारे सुखऩ की महफि़ल में चार चाँद लगाने कवियित्रियों ने भी।
जिला मुख्यालय के जिला पंचायत आडोटोरियम में शानदार काव्य गोष्ठी का आयोजन संवेदना फ़ाउंडेशन और राष्ट्रीय कवि संगम के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शिरकत करने जि़ले भर से आए कवि / कवयित्रियों ने अपनी दमदार रचनाओं के सहारे सुखऩ की महफि़ल में चार चाँद लगा दिया। पूरा ऑडिटोरियम दर्शकों से भरा रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर महादेव कांवरे व विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सीईओ मंडावी, डीएफओ कृष्ण जाधव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व ओजस्वी के द्वारा सम्वेदना के ध्येय गीत से किया गया। जिसके बाद विविध रसों में कविता, गीत और गजलों की बौछार हुई।
जहां पर गज़़लकार अनिल सिंह की इन पंक्तियों ने समाजिक सरोकार से जुड़े युवाओं को समर्पित करते हुए कहा कि ये कारवाँ वक़्त के साथ गुजऱ जाएगा, अकेला आया था तू अकेला ही जाएगा, ये ताजोतख्त अमानत हैं रैनबसेरे की, क्या करोगे इसका अगर मिल भी जाएगा..
वहीं पर छत्तीसगढ़ी के लोकप्रिय गीतकार मिलन मलरिहा जी की गीतों ने सबका दिल मोह लिया। उनकी एक गीत के बोल ने जशपुर की प्राकृतिक विशेषताओं को व्यक्त करते हुए भाव विभोर कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि खेत खारे तीर तीर, टपकत हे महुवा रे, चल चल बीने जाबो डोंगरी के पार.......।
वरिष्ठ कवि विश्वबंधु की हास्य कविता ने लोगों को खूब गुदगुदाया। शायर मनव्वर अशरफ़ी की शायरी का अंदाज़ लाजवाब रही जब उन्होंने कहा कि काम छोटा ही सही पर दिल से अंजाम देता हूँ, आमनों-चैन की ख़ातिर इश्क़ का पैगाम देता हूँ,
पत्थलगांव से आई सरिता लहरे माही ने बेटियों के दर्द को बयां करते हुए कहा कि तेरी गलियों की मिट्टी से मैं,
सपनों के महल बनाती थी। दूजे के घर जा के बाबुल, वो सपना क्यों तोड़ जाऊँ मैं। नए बनाने रिश्ते बाबुल, क्यों सारे नाते तोड़ जाऊँ मैं।
युवा कवि नीलकमल यादव ने पूरे राज्य की विशेषताओं को बयां करते हुए अपनी कविताओं में कहा कि
कवियों की धरती किसानों की माटी ए बीरों की भूमि जवानों की घाटी
सहज ही यहां कोई हो जाता अपना यहां आके देशी भी हो जाता खाटी, आओ कभी ऐसा मेरा छत्तीसगढ़...
शासन की योजनाओं पर सार्थक प्रकाश डालते हुए कवि राजेश जैन ने कहा कि शासन की योजना चली, नरवा गरवा घुरवा बाड़ी, गुरुआ भी हंसने लगे अब आई मेरी बारी बहुत अनाचार सह लिया अब ना सहेंगे मार मेरे दिन भी बदल गए जब से बनी भूपेश सरकार। कवि प्रफुल्ल ठाकुर ने जीवन की सार्थकता पर अभिव्यक्ति दी और कहा कि इंसान जब दुनियां में आता है, दोनों मु_ियां बंद करके आता है, क्या आप जानते हैं, इंसान उन बंद मु_ियों में क्या लेकर आता है ?
गीतांजली सिंह कवियत्री ने जशपुर की प्रकृति और मौसम को सहेजते हुए कहा कि
हाय। आयी मौसम इतराई ये शीत की रीत और ये शरद की हद,,ये मौसम मौसमानी..हाय जशपुर सुहानी!
बेटियों के संरक्षण पर वरिष्ठ कवि श्रीमती शुभा मिश्रा ने जिले की सामयिक घटना को इंगित करते हुए कहा कि इधर बेटी दिवस बेटी बचाव की ज्वलंत समस्या पर भाषण चल रहा था, उधर केरसई में पुलिस उठा रही थी खून, आलूदा मिट्टी, सनी देह...
कोमल हृदय कवियत्री अनिता गुप्ता ने मां की महिमा की बखान करते हुए अपनी पंक्तियों में कही की स्नेह शून्य संसार में एक ही प्रेम का धाम, सरल सहज ममतामयी मां है जिनका नाम...
वहीं युवा कवियत्री शैली मिश्रा ने लेखकों को संबोधित करते हुए कहा कि वो पल जी लो जिसकी तुम अपनी कल्पनाओं में गीले रंगों से तस्वीर बनाते हो।। युवा कवि पुष्पेंद्र शर्मा ने अपनी रचना में जशपुर की खासियत बताई और गीतों में कहा कि
ये जशपुर की माटी को मैं सलाम करता हूं,कि मैं जशपुरिया हूं कुछ जरा बखान हो जाए ,कि राहें जिंदगी में, कुछ जरा कलाम कहता हूं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर जि़ला कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने संबोधित करते हुए कहा कि इसप्रकार के कार्यक्रम होने चाहिये और वे ऐसे कार्यक्रम व साहित्य को बढ़ावा देने सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में अनिकेत भारती, अनिल सिंह ‘अनल’, श्रीमति शुभा मिश्रा, श्रीमति अनीता गुप्ता, मनव्वर अशरफी, मिलन मलरिहा, राजेश जैन, पुषपेन्द्र शुक्ल, श्रीमति सरस्वती चौहान, श्रीमति रुखसार अशरफ़ी, सुश्री सरिता लहरे, सुश्री शैली मिश्रा, सुश्री गीतांजलि सिंह, मुकेश कुमार, प्रफुल्ल ठाकुर, अंकित गुप्ता, मो. वसीम ने अपनी रचनाएं पढ़ी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए और कवियों ने तालियों बटोरी।
पत्थलगांव, 3 जनवरी। चोरों ने रात में घर की दीवार तोडक़र बाइक चोरी कर ली।
ज्ञात हो कि हाल ही में दर्जन भर बाईक समेत अन्तर्राजीय बाईक चोर गिरोह पत्थलगांव पुलिस के हत्थे चढ़ा था। यह गिरोह पत्थलगांव समेत आसपास के अन्य शहरों में सक्रिय था। इस गिरोह के पर्दाफाश होने के बाद क्षेत्र में बाईक चोरी की घटनाओं में अंकुश लगनेकेआसारदिख रहे थे गिरोह के अधिकांश सदस्य को पुलिस ने जेल के हवाले कर दिया है इसके बावजूद पुलिस को एक बार फिर बाईक चोरों ने चुनौती देते हुवे बाईक चोरी के खुलासे के दूसरे ही रात पत्थलगांव के कोलढोढ़ी से दीवाल तोडक़र बाइक चोरी कर पुलिस को फिर से चुनौती दे डाली है,।
मिली जानकारी के मुताबिक़ कोलढोढ़ी निवासी अलफ्रेड कुजूर की घर में रखे पल्सर बाईक को चोरो ने दीवार तोडक़र चोरी कर लिया। पत्थलगांव थाना प्रभारी संत लाल आयाम ने कहा कि बाईक चोरी की वारदात बढ़ गई है इस पर अंकुश लगाने के लिए सभी की सतर्कता जरूरी है । थाना प्रभारी आयाम ने बताया की गिरोह के कई सदस्य के पकड़े जाने से बाइक चोरी में सलिप्त चोरों में हडक़ंप मचा है। उन्होंने बताया कि पकड़े गये चोरो के निशानदेही पर पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी ने बाईक चोरी के मामले को लेकर कहा किचोर कितना ही शातिर क्यों न हो, पुलिस के हाथ उस तक पहुंच ही जायेंगे ,उन्होंने कहा की देर से ही सही सभी चोर पुलिस के गिरफ्त में होंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 2 जनवरी। पत्थलगांव पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले 3 नाबालिग समेत 6 को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि इनमें से एक मुख्य सरगना मनोज सिंग पूर्व में पत्थलगांव स्थित टाटा शिवम मोटर्स में बतौर मैनेजर लाखों के गबन के मामले में भी संलिप्त है। बताया जाता है कि सरगना मनोज द्वारा नाबालिग बच्चों को नशे की लत लगवाकर उन्हें कम समय मे ज्यादा पैसे कमाने की लालच देकर चोरी जैसे संगीन वारदात में शामिल करवाता था।
पत्थलगांव पुलिस अनुविभागीय अधिकारी योगेश देवांगन ने बताया कि पत्थलगांव क्षेत्र में आये दिन हो रही मोटरसायकिल चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जशपुर बालाजी राव (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक संतलाल आयाम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मुखबीर के सहयोग से बाइक चोरी की पतासाजी में पकड़ाए सरगना आरोपी मनोज कुमार सिंह से कड़ी पूछताछ करने पर उसके अन्य 5 साथियों अनमोल सिदार, मिथलेश तिवारी उर्फ माईकल व 3 नाबालिक बालकों को अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से कुल 11 नग चोरी की मोटर सायकिल कीमत लगभग 5 लाख रूपये है, जब्तकिया गया। जब्त मोटर सायकिल थाना-पत्थलगांव क्षेत्र एवं अन्य क्षेत्रों का होना पाया गया। बताया गया कि इन चोरों के द्वारा मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उन गाडिय़ों के फर्जी आरसीबुक तक बना लेते थे।
पत्थलगांव, 2 जनवरी। कोरोना के खौफ के बीच लोगों ने नववर्ष का स्वागत उत्साह के साथ किया । लोग सुबह से ही मंदिर, चर्च ,गुरुद्वारे में पहुंचते रहे यह सिलसिला शाम तक चलता रहा।
शहर से लगी पिकनिक स्पॉटों में भारी संख्या में लोगों की भीड़ वनभोज के लिए जुटी रही ।पिकनिक स्पॉट में पूरे परिवार के साथ लोग पहुंचे एवं नए वर्ष का स्वागत किया। प्रशासन द्वारा गाइडलाइन तैयार किया गया था जिसके कारण लोगों ने इसका पालन किया और कहीं भीड़ एकत्रित नहीं हुई ।
देर रात 12 बजे ही लोगों ने नव वर्ष का स्वागत पटाखे फोड़ कर किया एवं जगह-जगह केक काटकर नववर्ष की खुशियां मनाई गई । एक जनवरी को शहर की सडक़ों पर दिखा सुबह से मंदिरों में घंटियां बजने शुरू हो गई थी। पत्थलगांव से कुछ दूरी पर स्थित किलकिलेश्वर धाम, तमता के समीप बनभौरी मंदिर, सीतापुर के समीप मंगरेलगढ़ जैसे पिकनिक स्पॉटों में सुबह से शाम तक मेले जैसा माहौल रहा।
सैकड़ों की संख्या में बाजे गाजे के साथ लोगों ने नए वर्ष का स्वागत किया। पत्थलगांव में ईश्वरीय प्रज्ञा पिता ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय में ब्रह्मकुमारी बहनों द्वारा केक काटकर नव वर्ष का स्वागत किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 2 जनवरी। शनिवार को लगातार पंचायत सचिव अपनी मांगों को लेकर आठवे दिन हड़ताल में बैठे रहे । सचिवों की अपनी मांग जिसमे उन्हें नियमितीकरण करने की मांग रखी है।
प्रदेश के सभी पंचायत सचिव 26,दिसम्बर से अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में है।
पूर्व ब्लाक सचिव संघ के अध्यक्ष टिपेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार के अपने जन घोषणा पत्र में ये कहा था कि सभी पंचायत सचिव के दो वर्ष सेवा अवधि पश्चात शासकीय कर्मचारि घोषित किये जायेंगे पर अब तक इस भूपेश सरकार ने इस तरफ कोई ध्यान नही दिया जल्द हमारी मांगो को सरकार पूरा करे ये हम सचिवों का हक है। इसे जल्दी से पूरा करे सरकार पंचायत सचिवों को कलम बन्द हड़ताल के लिए बाध्य होना पड़ा है।
हड़ताल में बैठे सचिवों ने कहा कि हमारे पास इसके अलावा और कोई चारा नही है। हड़ताल में बैठे सचिवो ने कहा की जब तक हमारी मांगो को राज्य शासन न मान ले तब तक हम सभी सचिव हड़ताल करते रहेंगे।
पंचायत सचिव विजय डनसेना ने कहा कि भूपेश सरकार को हमारी मांगो पे जल्द विचार कर हम लोगो का नियमितीकरण करना चाहिए आज हम लोगो का हड़ताल का आठवा दिन है। जो मांग के न माने जाने तक अनवरत जारी रहेगा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 2 जनवरी। प्रदेश छतीसगढ़ ग्राम रोजगार सहायक सचिव संघ के आह्वान पर पत्थलगांव ब्लाक इकाई के सभी रोजगार सहायक कर्मी अपनी मांगों को लेकर जनपद कार्यालय में हड़ताल कर रहे हैं।
शनिवार को अपने हड़ताल के तीसरे दिन ब्लाक इकाई के अध्यक्ष तरुण कुमार बेहरा ने बताया कि हमारी मांगे जिसको प्रांतीय संघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश के भूपेश सरकार को पत्र देकर हड़ताल में जाने का फैसला किया जिमसें हमारी मांग है कि हम 13-14 वर्षो से मनरेगा के साथ साथ शासन के अन्य योजनाओ के लिए अल्प मानदेय पर सेवा दे रहे है। जब छतीसगढ़ राज्य में कांग्रेस की भूपेश सरकार बनी तो हम सभी को विश्वास हुवा की अब इतने दिन कार्य करने का प्रतिफल हमे जरूर मिलेगा परन्तु दो वर्ष पूर्ण होने पश्चात भी हमारे भविष्य उज्ज्वल हो संके इस तरह की पहल नही की गई। हमारी भवनाओ को नही समझा गया। हमारी प्रमुख मांग जिसमे ग्रेड पे निर्धारण कर नियमितीकरण प्रदान की जावे। जिन ग्राम पंचायतों को नगर निगम नगर पँचायत में शामिल जा रहा है। वहा के रोजगार सहायकों को सबंधित निकाय में शामिल किया जाए या अन्य रिक्त ग्राम पंचायत में रखा जाए। ग्राम सहायकों को सचिव पद पर वरीयता के आधार पर सीधी भृतिनकी जावे, एवं ग्राम रोजगार सहायक सचिवो को सहायक सचिव घोषित किया जाए।
शनिवार को हड़ताल में आये रोजागर सहायक महिला कर्मी जिसमे उन्हें अपने छोटे छोटे बच्चे को साथ लेकर हड़ताल में आना पड़ रहा है। वे भी इन बातों की परवाह किये बगैर गोद मे लिए बच्चे के साथ सुबह से हड़ताल में बैठी रही।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 1 जनवरी। बीती रात पत्थलगांव में बीटीआई चौक के समीप एक 14 चक्का ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार महिला एवं उसके चचेरे भाई को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए घायल कर दिया। पुलिस ने एक्सीडेंट कर भाग रहे ट्रक को काफी मशक्कत के बाद रात में ही 10 किमी से ज्यादा दूरी पर धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार 31 दिसंबर की रात को लैलूंगा से कमला नागेशिया व उसके चचेरे भाई बुधन साय मोटरसाइकिल से सीतापुर अपने घर वापस लौट रहे थे। बीटीआई चौक के समीप मोटरसाइकिल से दूसरे ट्रक को क्रास करते समय 14 चक्का ट्रक क्रमांक पीबी 23 यू 47 47 के चालक सुरजीत सिंह द्वारा लापरवाही पूर्वक ट्रक चलाते हुए कमला नागेशिया व बोधन साय को ठोकर मार दी। जिससे कमला के ऊपर दोनों पैरों से ट्रक के पहिए गुजर गए।
दोनों घायलों को 108 के माध्यम से पत्थलगांव सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए कमला को अन्य अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने एक्सीडेंट कर भाग रही ट्रक को काफी मशक्कत के बाद रात में ही 10 किमी से ज्यादा दूरी पर धर दबोचा। ट्रक चालक एक्सीडेंट कर बहुत ही तेज गति से वाहन चला रहा था।
थाना प्रभारी संतलाल आयाम ने बताया कि हमारे द्वारा अपनी जान की परवाह न करते हुए ट्रक को ओवरटेक कर सुखरापारा के समीप पकड़ा। पूरे मामले पर धारा 279, 337 के तहत मामला कायम कर विवेचना में लिया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 30 दिसंबर। शहर के युवाओं ने बालक स्कूल परिसर की जमीन को बेतरतीब कब्जा से बचाने के लिए अनूठी पहल की है। यहा के युवा स्कूल परिसर के खाली पड़े जमीन पर आपसी सहयोग से बच्चों के लिए मैदान और गार्डन बना दिए है।
युवाओं ने बची खुची जमीन को बचाने के लिए यह निर्णय लिया। उन्होंने पूरी जमीन पर पहले तो लोहे की जाली से घेरा बनाया। अब वे इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए यहा पौध रोपण कर जमीन पर खेल मैदान और गार्डन का विकास कर रहे हैं। अच्छे काम में लोगों का सहयोग भी मिल रहा है। रोज सुबह यहां युवाओं को काम करते देखा जा सकता है।
जिस गति से काम किया जा रहा है उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मैदान और गार्डन महीने भर के भीतर भव्यता व आकर्षक दिखने लगेगा ,मदद के लिए कुछ समाजसेवी नागरिक भी सामने आ रहे हैं। मैदान के एक हिस्से में वॉलीबाल कोर्ट, कबड्डी और फुटबाल के लिए ग्राउंड दूसरे हिस्से में गार्डन विकसित किया जा रहा है। जिसमें नागरिक सुबह शाम चहल कदमी कर स्वास्थ्य लाभ ले ले रहे है।
इस गार्डन का स्वरूप देख नागरिक युवाओ के पहल की सराहना करते नजर आ रहे है युवाओं ने बताया कि गार्डन व मैदान विकसित करने समय समय पर स्कूल के शिक्षक अनिल श्रीवास्तव का भी सुझाव व मार्गदर्शन मिल रहा है। विदित हो की रेस्ट हॉउस के समीप में बना उद्यान नगर पंचायत की उदासीनता के चलते बर्बाद हो गया है, ऐसे में पत्थलगांव शहर में एक भी गार्डन नहीं होने की वजह से युवाओं द्वारा सहयोग से निर्मित यह गार्डन आम लोगों के सैर व व्ययाम के लिए बेहतर साबित हो रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव , 30 दिसंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांतीय पदाधिकारी एवम जिला पदाधिकारियों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल जिला स्तरीय समस्याओं के समाधान को लेकर जिला के प्रमुख अधिकारियों कलेक्टर जशपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जशपुर, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक राजीव गांधी शिक्षा मिशन जशपुर, को शिक्षक पंचायत संवर्ग के 2012 से 2017, तक लम्बित सीपीएस कटौती एवम नियोक्ता अंशदान की राशि जिले के विभिन्न विकास खण्डों में सर्वशिक्षा अभियान विभाग का लंबित है, जिसके सम्बन्ध में मांग पत्र प्रस्तुत किया गया।
शिक्षक पंचायत संवर्ग जो विभागीय अनुमति लेकर निम्न से उच्च पदों पर नियुक्त हुए हैं उनके लम्बित वेतन एरियर्स राशि भुगतान के संबंध में बजट आबंटन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जशपुर को विशेष रूप से मांग पत्र दिया गया । संघ के प्रतिनिधिमंडल को मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि विभिन्न विकास खंडों में शिक्षक पंचायत संवर्ग के 1नवम्बर 2020,को संविलियन पूर्व के वेतन भुगतान पश्चात बचत राशि की जानकारी सभी विकास खंडों से मंगाई जा रही हैं। उपलब्ध राशि अनुसार सीपीएस नियोक्ता अंशदान एवम लम्बित वेतन एरियर्स का भुगतान किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी जिला जशपुर ने प्रतिनिमण्डल को आश्वस्त किया कि लम्बित सीपीएस नियोक्ता अंशदान एवम वेतन एरियर्स भुगतान के सम्बंध में टी एल बैठक में विशेष रूप से चर्चा किया जायेगा। जिला मिशन समन्वयक राजीव गांधी शिक्षा मिशन जशपुर ने संघ के प्रतिनिधिमंडल को बताया कि सीपीएस नियोक्ता अंशदान के सम्बंध में शीघ्र ही शासन को पत्र लिखा जाएगा और इस समस्या का निराकरण किया जाएगा।
संघ के प्रतिनिधिमंडल में अर्जुन रत्नाकर प्रदेश उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ संयुक्त शिक्षक संघ, संतोष कुमार टांडे जिलाध्यक्ष छत्तीसगढ़ संयुक्त शिक्षक संघ जिला शाखा जशपुर,भुवनेश्वर सूर्यवंशी मीडिया प्रभारी छत्तीसगढ़ संयुक्त शिक्षक संघ जिला शाखा जशपुर उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 30 दिसंबर। बुधवार को सरगुजा संभाग की कमिश्नर जिनेविवा किंडो ने पत्थलगांव सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों से मरीजों की सुविधा उनके इलाज की व्यवस्था के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल में चल रहे जीर्णोद्धार के निर्माण कार्य को लेकर समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अस्पताल की साफ सफाई सहित कोविड महामारी का ध्यान रखते हुए एक-दूसरे से दूरी बना कर रखने के निर्देश दिए।
पत्थलगांव के पाकरगांव में हो रहे गोठान का निरीक्षण किया। इस दौरान पाकरगांव की सरपंच धनमती प्रधान, एसडीएम योगेंद्र श्रीवास मौजूद रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 30 दिसंबर। पत्थलगांव के नजदीक गांव की एक नाबालिग को उसकी फुफेरी बहन द्वारा दो लोगों को बेचने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत पत्थलगांव थाने में परिजनों ने की तो पुलिस ने नाबालिगबालिका को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया एवं चारों आरोपियों को जेल भेजा।
पुलिस के अनुसार फुफेरी बहन ने अपनी नाबालिग ममेरी बहन को शहर घुमाने और काम दिलाने के नाम पर उज्जैन ले जाकर हजारों रुपये में एक के बाद एक 2 लोगों को बेच दिया। मामला प्रकाश में आने के बाद जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत इसका संज्ञान लेते हुए पत्थलगांव पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिक को बेचने वाली उसकी फुफेरी बहन एवं उसके पति और खरीदने वाले राकेश पारेगी, परमेश्वर चौहान निवासी उज्जैन मप्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसडीओपी योगेश देवांगन ने बताया कि बीते दिनों नजदीकी ग्राम से प्रार्थी की शिकायत में नाबालिग बेटी को उसकी फुफेरी बहन एवं उसके पति ने अच्छी नौकरी एवं पैसों का लालच देकर जबरन अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गए थे एवं नाबालिग को उज्जैन ले जाकर एक युवक को 80,000 में नाबालिग को बेच दिया। उसके बाद कुछ दिनों बाद फिर से फुफेरी बहन व जीजा ने नाबालिग को 45,000 में बेच दिया। प्रकरण के चारों आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं। पुलिस ने उनके विरुद्ध धारा 366, 376 , 368, 370 और 4-6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 29 दिसंबर। छतीसगढ़ पंचायत संचिव संघ के आह्वान पर एक सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन कलम बन्द हड़ताल का चौथा दिन मंगलवार को फिर से सभी पंचायत सचिव अपनी मांगों को लेकर हड़ताल में बैठ गए। सचिवों ने नियमितीकरण करने की मांग रखी है।
पंचायत सचिवों का कहना है कि कांग्रेस सरकार के जन घोषणा पत्र में कहा गया था कि सभी पंचायत सचिव के दो वर्ष सेवा अवधि पश्चात शासकीय कर्मचारी घोषित किये जायेंगे पर अब तक इस तरफ राज्य की भूपेश सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। अब हड़ताल के माध्यम से पंचायत सचिव ने मांगों को जल्द पूरा करने की मांग रखी है। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी मांग को राज्य शासन न मान ले, तब तक सचिव हड़ताल करते रहेंगे।
1995 से पंचायत सचिव की नौकरी कर रहे सचिवों को कहना है कि हमारी नौकरी ही एक से दो वर्ष बची है। कम से कम नियमितीकरण हो जाये तो शासकीय कर्मचारी बन कर तो रिटायर हो।
आखिर शासन ने अब तक पंचायत सचिवों का नियमितीकरण क्यों नहीं किया है। छतीसगढ़ पंचायत सचिव संघ ब्लाक इकाई के अध्यक्ष अरुण ने राज्य के मुखिया भूपेश बघेल से अपील करते हुए कहा कि हमारी मांग को जल्द मानकर सचिवों का नियमितीकरण करें। जिससे हम शासकीय कर्मचारी बन सके।