छत्तीसगढ़ » सरगुजा
अम्बिकापुर, 30 जनवरी। केन्द्र और राज्य शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो कार्यक्रम 31 जनवरी से 2 फरवरी तक संचालित किया जाएगा। इस दिन जिले के 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। 31 जनवरी को बूथ लगाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया है कि जिले के प्रत्येक निर्धारित बूथ में वैक्सीनेटर की ड्यूटी लगाई गई है जो बूथ में आए बच्चों को पोलियो दवा पिलाएंगे। पहले दिन पोलियो बूथ में दवा पीने से छूट गए। बच्चों को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने आयु समूह के बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाने के लिए अवश्य लाएं। इस दौरान कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए मास्क पहनने के अलावा दो गज की दूरी रखी जाएगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 30 जनवरी। शहीद दिवस पर आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित शहीद जवानों को कमिश्नर कार्यालय में कमिश्नर जी किंडो सहित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने दो मिनट मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित किये। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 73वीं पुण्यतिथि पर कमिश्नर जिनेविवा किंडो ने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें गांधी जी के अहिंसा, शांति, मानवता के आदर्शों का पालन करना चाहिए। इस दौरान कमिश्नर कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी की हत्या हुई थी। हर साल 30 जनवरी को शहीद दिवस पर उन्हें श्रद्धाजंलि देकर याद किया जाता है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 30 जनवरी। खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 के लिए सहकारी समिति द्वारा बनाए गए धान खरीदी केन्द्रों में उठाव नहीं होने से खरीदी के अन्तिम दौर में गुरुवार के दरमियानी रात अचानक हुए बारिश के कारण उपार्जन केन्द्र लखनपुर लहपटरा, पुहपुटरा, जमगला, कुन्नी, चांदो,अमलभिठ्ठी,निम्हा खरीद केंद्रों में खुले आसमान के नीचे रखे धान आंशिक तौर पर भीग गए।
कहीं-कहीं बारिश के पानी जमाव होने कारण उपार्जन केन्द्र परिसर में कीचड़ भी जमा हो गया है। चबूतरा, तिरपाल जैसे संसाधन धान रख रखाव में काफी हद तक मददगार साबित हुए हैं। यदि समय पर समितियों से धान उठाव नहीं होता है तो खराब होने की संभावना जताई जा रही है। खरीदी के आखरी दिन शुक्रवार देर शाम रात तक पंजीकृत टोकन कटे और किसानों के धान खरीदी किए जाने की प्रक्रिया बदस्तूर जारी रहा।
कहा- मूलभूत एवं बुनियादी आवश्यकता ग्राम पंचायत में ही मिलेगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 30 जनवरी। प्रदेश के पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंह देव ने आज सूरजपुर जिले के विकासखंड ओडग़ी के ग्राम पंचायत बैजनपाट, तेलइपाठ एवं लुल्ह के ग्रामीणों से मुलाकात की। रायपुर से सीधे हेलीकाप्टर द्वारा स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव एवं भटगांव विधायक पारस नाथ राजवाड़े बैजनपाठ पहुंचे। बैजनपाठ में स्वास्थ्य मंत्री टी.एस सिंह देव ने बैजनपाठ, तेलइपाठ एवं लुल्ह के ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उनसे चर्चा कर भरोसा दिलाया कि उनको मिलने वाली मूलभूत एवं बुनियादी आवश्यकता उनके ग्राम पंचायत में ही मिलेगी, इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि पीडीएस का लाभ, पेयजल हेतु पानी ये दोनों व्यवस्थाएं शीघ्र ही ग्राम पंचायत में शुरू कर दी जाएगी, ताकि पीडीएस के लिए कई किलोमीटर का सफर तय न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मोहली से बैजनपाठ के लिए जरूरी आवागमन हेतु सडक़ जल्द बनें और यह क्षेत्र पहुँचविहीनता से दूर हो इसके लिए भी प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंह देव ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासकीय योजनाओं का लाभ सभी को तत्काल दिया जाये और उनके ग्राम पंचायतों में ही योजनाओं का लाभ मिले, उन्हें पाठ से नीचे न बुलाया जाये, इसके लिए जिले स्तर से जिम्मेदारी तय कर दी जाए और तत्काल यहां की समस्या के निदान हेतु अधिकारी लग जाये।
ग्रामीणों की कई समस्याओं का निदान वहीं पर हुआ। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 2 महीने का समय है, सरकारी योजनाओं और आपकी समस्याओं को कम करने का। यदि 2 महीने बाद यही स्थिति बनी रही तो मैं स्वयं अपने खर्चे पर राशन-पानी जैसी मूल जरूरतों को पूरा करूँगा।
उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कहा कि आपको कहीं भी जाने की जरूरत नहीं है, यह जमीन आपके अपने लोगों की है, पूर्वजों द्वारा अर्जित है, आपको यहीं रहना है, आप तक योजना पहुंचे, शासन-प्रशासन पहुंचे, समस्याओं का निदान हो यह सब जल्द होगा और आपके पंचायतों से ही योजनाओं का लाभ मिलेगा। पहुँचविहीनता को दूर किया जायेगा। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंह देव से मिलकर उनसे चर्चा कर ग्रामीणों ने अपने ग्राम पंचायत में ही रहने का भरोसा दिया है और शीघ्र व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने हेतु दिए गए निर्देशों के लिए आभार जताया है।
उल्लेखनीय है कि बैजनपाठ, लुल्ह एवं तेलइपाठ पहाड़ी पर बसे ग्राम पंचायत हैं, जहां पर अभी भी साधन-सुविधाओं का अभाव है, ग्राम पंचायत मोहली से इनकी दूरी लगभग 12-13 किमी की है, जहां से पहाड़ी सडक़ के माध्यम से इन ग्राम पंचायतों में जाना पड़ता है, जिससे सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए उन्हें मोहली तक आना पड़ता है, वहीं पेयजल की सुविधाओं का भी अभाव है, ऐसे में काफी संख्या में ग्रामीण अपना ग्राम छोडक़र पहाड़ी से नीचे की ओर रिजर्व फारेस्ट से लगे क्षेत्र ग्राम कछवारी में पहाड़ों के बीच लगभग 50-60 परिवार रहने को आ गये थे, जिससे प्रशासन एवं शासन की चिंता बढ़ गई थी।
उन्हें पुन: अपने ग्राम पंचायत में रहने एवं उनको मिलने वाली सुविधाएं समुचित रूप में मिले इस बात को लेकर आज पंचायत मंत्री टी.एस. सिंह देव सहित भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े बैजनपाठ पहुंचे थे। सकारात्मक बैठक में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में ही रहने की स्वीकृति दी है। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छाया चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 30 जनवरी। जिला स्तरीय वन अधिकार समिति द्वारा स्वप्रेरणा से निरस्त दावों की सुनवाई के दसवें दिन विकासखण्ड सीतापुर के अंतर्गत आने वाले 8 ग्रामों के 1,474 दावाकर्ताओं की सुनवाई की गई, जिसमें 575 दावाकर्ता उपस्थित हुए एवं 335 दावाकर्ताओं द्वारा दावा के समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया है कि 1 फरवरी को उदयपुर विकासखण्ड के ग्राम केशगंवा, सानिबर्रा, उदयपुर, पण्डरीडांड़, रिखी, जजगा, एवं नारायणपुर के दावाकर्ताओं की सुनवाई होगी।
घर पहुंच नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा पाकर दशमनिया खुश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 30 जनवरी। 75 वर्षीय दशमनिया अम्बिकापुर के पटपरिया निवासी है। उनका परिवार रोजी मजदूरी करके जीवनयापन करता है। उनको लकवा की शिकायत तथा चलने में समस्या थी। सुबह मुनादी के माध्यम से उन्हें पता चला कि मुहल्ले में स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित बस आई है जो सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार करते हैं। उन्होंने अपने बेटे के माध्यम से बस में खबर भिजवाया। खबर के पाते ही तत्काल मोबाईल मेडिकल यूनिट में कार्यरत मेडिकल स्टॉफ दशमनिया के घर जाकर उनका उपचार किया। डॉक्टर ने उनकी समस्याओं को सुनकर स्वास्थ्य जाँच किया। तत्पश्चात उनको दवा तथा सीरप के साथ स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया। महँगी डॉक्टरी खर्च नि:शुल्क पाकर दशमनिया बहुत खुश हुई।
नगर निगम के आयुक्त हरेश मण्डावी ने बताया कि मोबाईल मेडिकल यूनिट के द्वारा अम्बिकापुर निगम क्षेत्र में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जा रहा है। अभी तक कुल 174 कैम्प लगाकर 10 हजार 627 मरीजों का स्वास्थ्य जांच सह उपचार किया गया है। मेडिकल टीम के द्वारा दिव्यांग, बुजुर्ग तथा असमर्थ लोगों के घर जाकर नि:शुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। बसों का संचालन चिन्हांकित स्लम एरिया में प्रतिदिन प्रात: 8 से दोपहर 3 बजे तक किया जाता है। बस में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट के साथ और अन्य मेडिकल स्टॉफ मौजूद रहते हैं। बस में कुल 41 प्रकार के स्वास्थ्य जांच के लिए लैब की सुविधा उपलब्ध है। जहाँ पर तत्काल लैब टेस्ट कर रिपोर्ट प्रदान किया जाता है।
अम्बिकापुर शहरी क्षेत्र में बनाए गए 112 पोलियो बूथ
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएस सिसोदिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का आयोजन 31 जनवरी को कोविड-19 गाईडलाईन का पालन करते हुए पालन किया जाएगा। प्रत्येक पोलियो बूथ के बाहर कोविड से सुरक्षा हेतु हैंड सेनेटाईजर, साबुन-पानी की व्यवस्था की जाएगी।
सघन पल्स पोलियो अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। पल्स पोलियो अभियान 31 जनवरी को प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा। इसमें 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी। अम्बिकापुर शहरी क्षेत्र में कुल 112 पोलियो बूथ बनाया गया है जिसमें प्रत्येक वार्ड में दो आंगनबाड़ी केन्द्र, 5 शासकीय चिकित्सालय, 7 निजी चिकित्सालय तथा 4 ट्रांजिट जगहों का चयन किया गया है। इसके सफल संचालन के लिए आरएचओ महिला तथा पुरूष, एवीडीएस, कोल्ड चैन सहायक, मितानिन, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका की ड्यूटी लगाई गई है।
पल्स पोलियो टीकाकरण के संबंध में प्रशिक्षण आयोजित- 29 जनवरी को शहरी बूथ कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण माता राजमोहिनी भवन अम्बिकापुर में आयोजित की गई थी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के विभिन्न आयामों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों तथा अन्य सहयोगियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में जिला शहरी कार्यक्रम प्रबंधक श्री आमीन फिरदौसी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा के चिकित्सा अधिकारी श्री आयुष जायसवाल तथा अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। आगामी 12 से 14 फरवरी तक आयोजित होने वाले मैनपाट महोत्सव की तैयारी जिला प्रशासन द्वारा तेजी से कराई जा रही है। सडक़ किनारे की साफ सफाई, दीवारों एवं पेड़ो पर रंग रोगन के साथ ही सडक़ के दीवारों पर राम वनगमन पथ एवं लोक संस्कृति पर आधारित सुंदर चित्रकारी की जा रही है। इसीप्रकार रोपखार जलाशय के पास मेला स्थल पर भी साफ सफाई, मंच एवं डोम का निर्माण किया जा रहा है।
मैनपाट महोत्सव में पर्यटकों को एडवेंचर स्पोर्ट्स, कठपुतली नृत्य, शिव झांकी, लेजर लाईट एवं साउंड शो, पाईरोटेक्स, मेला, फ़ूड जोन, बोटिंग तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में ख्यातिलब्ध कलाकारों की प्रस्तुति आकर्षित करेंगे।
पहले दिन 12 फरवरी को दोपहर 2 बजे से 2.30 बजे तक तिब्बती समाज द्वारा समाज कार्यक्रम, 2:30 बजे से 3 बजे तक छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेत्री अंजना दास की प्रस्तुति 3.30 से 4 बजे तक मदारी आर्ट्स के द्वारा नुक्कड़ नाटक, सायं 4 बजे से 5 बजे तक उत्कृष्ट शौला दल का प्रदर्शन, सायं 5 से 6 बजे तक स्तुति जायसवाल एवं शीतल यादव की प्रस्तुति, सायं 6 से 7 बजे तक छत्तीसगढ़ के लोक गायक दिलीप षडंगी, की प्रस्तुति, रात्रि 7 बजे से 8 बजे तक पंजाबी सिंगर करन रंधावा की प्रस्तुति तथा रात्रि 8 से 10 बजे तक भोजपुरी सुपर स्टार खेसारी लाल यादव एण्ड ग्रुप की प्रस्तुति होगी। इसी प्रकार दूसरे दिन 13 फरवरी को दोपहर 2 बजे से 2.30 बजे तक स्वप्नील जायसवाल एवं साथियों की प्रस्तुति, 2.30 बजे से 3 बजे तक कोटवार समूह द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, अपरान्ह 3 से 3.30 बजे तक उत्कृष्ट सुग्गा दल का प्रदर्शन, 3:30 से 5 बजे तक पहाड़ी कोरवा, नगेशिया एवं माझी-मझवार सम्मेलन, सायं 5 बजे से 5:30 बजे तक पियानो वादक रजी मोहम्मद एवं साथी की प्रस्तुति, सायं 5.30 से 6 बजे तक अजय अटपटू एण्ड ग्रुप लॉफ्टर शो, सायं 6 से 6.30 बजे तक पंखिड़ा फेम राजेश मिश्रा की प्रस्तुति, सायं 6:30 से 7:30 बजे तक लोकरंग छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम अर्जुन्दा, रात्रि 7.30 से 10 बजे तक भोजपुरी सुपर स्टार अक्षरा सिंह की प्रस्तुति, तीसरे दिन 14 फरवरी को दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक मनप्रीत सिंह एवं साथियों का कार्यक्रम, अपरान्ह 3 से 3.30 बजे तक कविता पाठ आचार्य दिग्विजय सिंह तोमर एवं कविगण, अपरान्ह 3:30 बजे से 4 बजे तक कुमारी सताक्षी वर्मा की प्रस्तुति, सायं 4 बजे से 5 बजे तक उत्कृष्ट करमा दल का प्रदर्शन, सायं 5 से 5.30 बजे तक नासीर एवं निन्दर सुफियाना ग्रुप की प्रस्तुति, सायं 5.30 से 6 बजे तक गायक घनश्याम महानन्द की प्रस्तुति, सायं 6 से 7 बजे तक पद्मश्री अनुज शर्मा नाईट, रात्रि 7 बजे से 8.30 बजे तक पद्मश्री कैलाश खेर की प्रस्तुति तथा रात्रि 8.30 से 10 बजे तक भोजपुरी सुपर स्टार काजल राघवानी की प्रस्तुति होगी।
जिला स्तरीय समिति द्वारा वनाधिकार के निरस्त दावों की समीक्षा
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। कलेक्टर संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अपरान्ह 4 बजे आयोजित की गई। बैठक में निरस्त व्यक्तिगत दावों के पुनरीक्षण उपरांत अनुभाग स्तरीय वन अधिकार समिति में निरस्त दावों के संदर्भ में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति के समक्ष सुनवाई की गई।
कलेक्टर श्री झा ने कहा कि वन भूमि पर काबिज पात्र हितग्राहियों के आवेदन पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाए। वनाधिकार अधिनियम के तहत निर्धारित तिथि तक काबिज पात्र हितग्राहियों को ही वनाधिकार पत्र दें। उन्होंने कहा बड़े झाड़ के जंगल तथा पत्थर-चट्टान वाले वन भूमि के रिजेक्ट प्रकरणों का रिव्यू कराकर उसका निराकरण जल्द से जल्द करें। इस दौरान मैनपाट निवासी गिरीश पाण्डेय के द्वारा सुनवाई में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा गया। उन्होंने बताया कि उन्हें वनाधिकार अधिनियम के तहत वनाधिकार पत्र नहीं मिला है।
सहायक आयुक्त जेआर नागवंशी ने बताया कि व्यक्तिगत दावों की स्वप्रेरणा से सुनवाई में कुल 15 हजार 283 लोगों को सुनवाई में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया था जिसमे 6 हजार 759 लोग उपस्थित हुए तथा 2 हजार 607 लोगों ने दस्तावेज जमा किया। सभी प्रकरणों का परीक्षण कराया जा रहा है। इनमें से अम्बिकापुर अनुभाग के 48 तथा उदयपुर अनुभाग के 42 हितग्राही पात्र पाए गए हैं।
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में जिले में समर्थन मूल्य में 17 लाख 60 हजार 340 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। जिले में पंजीकृत 38 हजार 520 किसानों में से 35 हजार 6 किसानों ने 43 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य में धान बेचा है।
जिला सहकारी केन्द्र बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंक शाखा उदयपुर अंतर्गत 7 हजार 74 किसानों ने 70 करोड 63 लाख 42 हजार 697 रूपए, उदयपुर शाखा अंतर्गत 3 हजार 149 किसानों ने 27 करोड 64 लाख 38 हजार 900 रूपए, अम्बिकापुर शाखा अंतर्गत 7 हजार 92 किसानों ने 71 करोड 31 लाख 10 हजार 558 रूपए, बतौली शाखा अंतर्गत 4 हजार 408 किसानों ने 41 करोड 41 लाख 93 हजार 971 रूपए, लखनपुर शाखा अंतर्गत 7 हजार 411 किसानों ने 64 करोड 8 लाख 62 हजार 584 रूपए, कमलेश्वरपुर शाखा अंतर्गत 951 किसानों ने 9 करोड 83 लाख 844 रूपए तथा धौरपुर शाखा अंतर्गत 4 हजार 921 किसानों ने 48 करोड 22 लाख 12 हजार 241 रूपए का धान बेचा।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में समर्थन मूल्य में धान की खरीदी 1 दिसम्बर से पूरे राज्य में शुरू हुआ था।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 जनवरी। शुक्रवार की सुबह बारिश के साथ क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहे। शीतलहर के कारण लोग दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर रहे।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ घने कोहरे की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार नया पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी की रात से शुरू होगा। शुक्रवार को 6.3 मिमी की वर्षा के कारण सुबह वातावरण में नमी की मात्रा 96 फीसदी तक पहुंची थी, जिसके कारण आज दिन भर कुहासा वातावरण में छाया रहा। कल दिन में धूप की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है।
गुरुवार की रात के साथ-साथ शुक्रवार की सुबह बर्फबारी के बाद समूचा संभाग शीतलहर की चपेट में है। मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं चल रही हैं।
दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और लोग गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। आने वाले दिनों में दिन व रात के तापमान में और गिरावट दर्ज होने की संभावना है। हाड़ कंपकपा देने वाली ठंड का असर सामान्य जनजीवन पर भी पडऩे लगा है।
सरगुजा संभाग में इस बार ठंड ने विलंब से दस्तक दी। बीच-बीच में बादल छाए रहने के कारण सरगुजिहा ठंड का कड़ा तेवर लोगों को महसूस ही नहीं हुआ था। दिसंबर के शुरूआती हफ्ते में ठंड ने जोर पकडऩा शुरू कर दिया था लेकिन बीच में फिर आकाश में बादल छाए रहने के कारण दिन व रात के तापमान में वृद्घि दर्ज होने लगी थी। दिन में सर्द हवाओं का चलना भी बंद हो गया था। सिर्फ सुबह, शाम व रात को ही ठंड अपना असर दिखा रही थी लेकिन शुक्रवार कि सुबह बारिश और बर्फबारी से ठंड एक बार फिर लोगों को परेशान कर दी। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने ठंड का एहसास भले ही थोड़ा कम था परंतु बादल छटने के बाद एक बार फिर ठंड के तेवर तेज होंगे।
एनएसयूआई ने कुलसचिव से दूरभाष पर की चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष ने छात्रों के साथ संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय प्रशासन से चर्चा कर जल्द से जल्द समस्त छात्रों की समस्याओं का निराकरण करने की मांग की। कुलसचिव की अनुपस्थिति में उनसे दूरभाष पर चर्चा कर उनसे छात्रों को हो रही परेशानी से अवगत कराया गया।
जिला अध्यक्ष हिमांशु जायसवाल ने कहा कि छात्र जो असाइनमेंट जमा किये थे उन्हें भी अनुपस्थित या पूरक दिया गया है सामूहिक रूप से विभिन्न कॉलेजों के छात्र उपस्थित थे जिसमें राजीव गांधी पीजी कॉलेज में इतिहास, भूगोल, राजनीति, हिंदी अंग्रेजी से लेकर अन्य संकाय को भी पूरक या अनुपस्थित कर दिया गया है। राजमोहिनी देवी कन्या महाविद्यालय के अधिकांश छात्रों को हिंदी एवं अंग्रेजी में अनुपस्थित किया गया तो कालिदास महाविद्यालय प्रतापपुर के 90 छात्रों को अनुपस्थित कर दिया गया वो भी उन विषयों में जिसमें लॉकडाउन से पहले महाविद्यालय में जाकर परीक्षा दिया था और शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के छात्रों को केमिस्ट्री में पूरक तो कुछ को अनुपस्थित किया गया। जशपुर जिला के कुनकुरी, पत्थलगांव के कॉलेजों के छात्रों का भी यही हाल है। सभी छात्रों के साथ चर्चा कर जल्द निराकरण हेतु पहल की मांग एनएसयूआई ने की।
हिमांशु जायसवाल ने कहा कि किसी भी छात्रों का साल बर्बाद न हो, इसलिए जल्द से जल्द समस्त छात्रों समस्याओं का निराकरण करें। जिसके बाद कुलसचिव ने कहा कि इन समस्याओं का निराकरण करने के लिए अधिसूचना जारी किया जाएगा एवं कहा जो छात्र अपना असाइनमेंट जमा किये हंै उनका फोटोकॉपी या पीडीफ छात्रों के पास हो तो उसे विश्वविद्यालय में जमा कर देवे जिसके बाद ततकाल उनको चेक करवा के परिणाम सुधार दिया जाएगा।
एनएसयूआई ने जल्द से जल्द इस हेतु पहल करने की मांग विश्वविद्यालय प्रशासन से की। मांग करने वालों में हिमांशु जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, आकाश यादव, गौतम गुप्ता, अभिषेक सोनी के साथ विभिन्न महाविद्यालय के छात्र उपस्थित थे।
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव 30 जनवरी को प्रात: 9 बजे शासकीय हेलीकाप्टर द्वारा रायपुर से जिला सूरजपुर, विकासखंड ओडग़ी, बैजनपाठ पहुचेंगे तथा बैजनपाठ में पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। पूर्वान्ह 11.30 बजे हेलीकाप्टर द्वारा बैजनपाठ से उदयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12 बजे उदयपुर पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे तत्पश्चात् दोपहर 1 बजे उदयपुर में जीवनदीप समिति की बैठक में सम्मिलित होने के पश्चात स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री सिंहदेव सायं 5.30 बजे सडक़ मार्ग से उदयपुर से अम्बिकापुर के लिए प्रस्थान करेंगे। सायं 6.30 बजे अम्बिकापुर पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। संयुक्त संचालक एवं मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने बताया है कि सूरजपुर जिले के 40 वर्षीय महिला को 5 दिन के हॉस्पिटलाईजेशन होने के उपरांत लक्षण रहित पाए जाने पर आज डिस्जार्च कर दिया गया है। कोविड अस्पताल अम्बिकापुर में 29 जनवरी की स्थिति में 16 मरीज भर्ती हैं जिनका ईलाज जारी है। इनमे सरगुजा जिले के 6, सूरजपुर जिले के 5, बलरामपुर जिले के 3, कोरिया जिले के 1 एवं जशपुर जिले के 1 मरीज शामिल हैं।
ठेकेदार व अधिकारियों के खिलाफ प्रथम सूचना दर्ज करने 3000 पेजों के साथ सिटी कोतवाली में प्रस्तुत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 जनवरी। नगर में 3 साल बाद भी 11 किमी लंबी करोड़ों की रिंग रोड नहीं बनी है। घटिया एवं गुणवत्ताविहीन रिंग रोड का निर्माण तथा वर्क आर्डर आदेश से ज्यादा राशि का भुगतान एवं शासकीय राशि का मिलीभगत कर गबन करने का आरोप लगाते हुए संलग्न ठेकेदार एवं अधिकारियों के विरुद्ध प्रथम सूचना दर्ज करने हेतु 3000 पेजों के साथ अधिवक्ता डीके सोनी ने सिटी कोतवाली अंबिकापुर में प्रस्तुत किया गया है।
दरअसल छग शासन लोक निर्माण विभाग मंत्रालय रायपुर द्वारा प्रबंधक संचालक छग सडक़ विकास निगम लिमिटेड रायपुर को अंबिकापुर रिंग रोड के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए 9757.49 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। जिसके उपरांत छत्तीसगढ़ रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड रायपुर द्वारा किशन एवं कंपनी शांति नगर रायपुर को अंबिकापुर रिंग रोड के निर्माण हेतु वर्क आर्डर जारी किया गया था। रिंग रोड को 0 किलोमीटर से 10.808 किलोमीटर तक का रोड निर्माण करना था, जिसके लिए किशन एंड कंपनी को 1 वर्ष की समय अवधि दी गई थी। इस काम के लिए वर्क आर्डर 70,60,06,250/-रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी।
अंबिकापुर के रिंग रोड निर्माण प्रारंभ हुए लगभग 3 वर्ष से काफी समय हो गया और ठेकेदार की समयावधि समाप्त हो गई, लेकिन आज तक रिंग रोड कम्पलीट नहीं हो पाया है। बड़ी बात यह भी है कि उक्त कार्य किशन एंड कंपनी को दिया गया था लेकिन किशन एंड कंपनी के द्वारा स्वयं कार्य न करके उक्त रिंग रोड को पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर सूरजपुर के ठेकेदार शंकर अग्रवाल प्रो. जगदंबा कंस्ट्रक्शन को दे दिया गया है जिसके कारण भी उक्त कार्य काफी घटिया स्तर का कराया गया है एवं जो ड्राइंग्स डिजाइन स्वीकृत हुई थी उसके अनुसार कार्य नहीं किया गया है। यह सबसे बड़ी बात है कि ठेकेदार द्वारा रिंग रोड में जो कार्य नहीं कराया गया है और उसकी राशि निकाल ली गई है।
रिंग रोड के दोनों तरफ 3.5-3.5 फीट का फुटपाथ बनाना था, जो मौके पर नहीं बनाया गया है। उसके लिए 5 करोड़ 27 लाख का प्रावधान था। उसे भी ठेकेदार निकाल लिया है तथा नाली के ऊपर फुटपाथ दिखाया गया है, जबकि ड्राइंग डिजाइन में नाली अलग है, फुटपाथ अलग है। स्टीमेट के अनुसार सडक़ नहीं बनाया गया है जिसके कारण गाड़ी चलने पर लहरा रही है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 29 जनवरी। जपं क्षेत्र के सुदुर वनांचल ग्राम पटकुरा में 28 जनवरी को आयोजित वार्षिक गौरा पूजा कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सदस्य विक्रमादित्य सिंह देव जपं उपाध्यक्ष अमीत सिंह देव बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन कर्ताओं ग्रामवासियों को गौरा पूजा छेरछरा पर्व की शुभकामनाएं दी।
आदिवासी लोक संस्कृति के अनुसार प्रत्येक वर्ष ग्राम पटकुरा में गौरा पूजा मनाया जाता है। अपने पारम्परिक भेष-भूषा में सुसज्जित ढोल नगाड़ों के थाप पर थिरकते हुए महिला पुरुष बच्चे उत्साह उल्लास के साथ गौरा पूजा मनाते हैं।
ग्रामवासियों के खुशहाली सुख समृद्धि को लेकर गौरा पूजा किए जाने का चलन बहुत पुरानी रही है। ग्रामवासियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
जपं उपाध्यक्ष अमीत सिंह देव ने सांस्कृतिक जत्था को ड्रेस देने का आश्वासन दिया। ग्रामवासियों ने कार्यक्रम में पधारने के लिए मुख्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान युवा कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष विरेंद्र सिंह देव ,रमेश जायसवाल, पत्रकार मुन्ना पाण्डेय, राम सुजान दुवेदी, अमीत बारी मकसूद हुसैन, मो इरशाद, ग्राम सरपंच सचिव, ग्रामवासी काफी संख्या में उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 29 जनवरी। गणतंत्र दिवस सभी सरकारी गैर सरकारी संस्थाओं में कोविड19 नियम का पालन करते हुए मनाया गया।
जपं कार्यालय में अध्यक्ष मोनिका सिंह पैकरा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जपं उपाध्यक्ष अमीत सिंह देव, चौपाल संस्था प्रमुख गंगा सिंह पैकरा,वरिष्ठ कांग्रेसी नरेन्द्र पांडेय,आई टी सेल मकसूद हुसैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय सिंह, दिलीप मिंज एसडीओ, अभिषेक मिंज कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा,इंजिनियर तकनीकी सहायक जपं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी कड़ी में शासकीय शैक्षणिक संस्थानों बालक कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल प्राथमिक पाठशालाओं के अलावा नीजी शैक्षणिक संस्थानों नेहरू बाल मंदिर, गुरूकुल, सरस्वती शिशु मंदिर आश्रम छात्रावास तहसील कार्यालय, वन परिक्षेत्र महिला बाल विकास कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र , थाना कार्यालय कृषि कार्यालय पशु चिकित्सालय बैंकों सहित अन्य दूसरे संस्थाओं में सस्था प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
सार्वजनिक तौर पर बस स्टैंड नगर पंचायत कार्यालय के समीप काम्प्लेक्स जपं क्षेत्र के तमाम ग्राम पंचायतों में गणतंत्र दिवस सादगी पूर्ण तरीके से पूरे उत्साह उल्लास के साथ मनाया गया। कोरोना काल के मद्देनजर स्कूल संस्थाओं में पूर्व की तरह आयोजित कार्यक्रमों को स्थगित रखते हुए ध्वजारोहण राष्ट्रगान तक ही सीमित रखा गया। एहतियात के तौर पर प्रभातफेरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया कराया गया।
पीपीपी मॉडल के तहत तालाबों को संवारा व विकसित किया जाएगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 29 जनवरी। अंबिकापुर नगर के सभी तालाबों का जीर्णोद्धार होगा। सभी तालाबों में पीपीपी मॉडल के तहत चौपाटी, तालाबों का सौंदर्यीकरण, वोटिंग व देखरेख किया जाएगा। उक्त बातें अध्यक्ष श्रम मंडल आयोग के अध्यक्ष सफी अहमद ने शुक्रवार को अंबिकापुर नगर से बोरीपारा स्थित रूनझुन तालाब के निरीक्षण के दौरान कहा।
श्री अहमद ने बताया कि नगर निगम की आय बढ़ाने व जन सुविधा को देखते हुए शहर में पीपीपी मॉडल के तहत कार्य करने पर जोर है। शहर में तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए विशेष फोकस किया जा रहा है शहर के तालाबों में हम सुविधा विकसित करने पीपीपी मॉडल के तहत कार्य किया जाएगा। तालाबों का सौंदर्यीकरण, वोटिंग की सुविधा प्रारंभ करने व चौपाटी का निर्माण करने की योजना है। श्री अहमद ने बताया कि उक्त सभी योजनाओं को लेकर अगले सामान्य सभा में प्रस्ताव रखा जाएगा, उसके बाद उसका समुचित क्रियान्वयन होगा।
रूनझुन तालाब का शफी ने किया निरीक्षण, समिति को दिया आश्वासन
श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष व अंबिकापुर नगर निगम लोक निर्माण विभाग के प्रभारी शफी अहमद ने आज अंबिकापुर नगर के बौरीपारा स्थित रुनझुन तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां समिति के सदस्यों ने उन्हें अवगत कराया कि रुनझुन तालाब में बाउंड्री वॉल के अभाव में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा वहां की संपत्ति को क्षति पहुंचाई जा रही है व वहां और भी सुविधा उपलब्ध करने की जरूरत है।
श्री अहमद ने तालाब का निरीक्षण करते हुए वहां पर पीपीपी मॉडल के तहत चौपाटी विकसित करने व तालाब में वोटिंग शुरू करने व बाउंड्रीवॉल निर्माण को लेकर आश्वासन दिया। श्री अहमद ने कहा कि यहां अपार संभावनाएं हैं यहां तालाब का सौंदर्यीकरण के साथ यहां वोटिंग की सुविधा उपलब्ध होगी तो लोगों में इस यहां के तालाब में आने को लेकर काफी रुझान होगा। श्री अहमद ने कहा कि रुनझुन तालाब की तरह ही शहर के सभी तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनका मकसद जन सुविधाओं को आगे बढ़ाना है और लोगों को उचित सुविधा उपलब्ध कराना है।
गौरतलब है कि रूनझुन तालाब जो कि पिछले एक दशक से गुमनामी का दंश झेल रहा था। ऐसे में रविशंकर सेवा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह व उनके सहयोगियों ने इस तालाब का जीर्णोद्धार का बीड़ा उठाया। दो साल के अथक प्रयास के बाद इस तालाब की सूरत बदल दी आज वहां सैकड़ों की संख्या में मोहल्लेवासी पहुंचते हैं। श्री सिंह अब वहां और भी सेवा विकसित हो इसके लिए आज नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी शफी अहमद के साथ चर्चा कर विचार विमर्श किए। यह एक ऐसा तालाब है जहां समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह अपने सभी साथियों के साथ प्रत्येक वर्ष वहां लगाए गए पौधों का जन्मदिन मनाते हैं, जिसको लेकर यह तालाब हमेशा चर्चा में बना रहता है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 जनवरी। अलग-अलग दुर्घटनाओं में जहां एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वही मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मणिपुर चौकी क्षेत्र निवासी अनीशा पिता शब्बीर अहमद अटल आवास में रहती थी। वह कॉलेज के प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। बताया जा रहा है कि 2 दिन पहले उसका रिजल्ट आया था, जिसमें उसका दो विषय का रिजल्ट रुका हुआ था। बीती रात उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। संभावना जताई जा रही है कि रिजल्ट से वह परेशान थीं।
दूसरे मामले में रामानुजगंज नवापारा के आरागाही निवासी राजेश राम पिता नामदेव राम (35 वर्ष) 24 जनवरी को 3 बजे दोपहर घर से मोटरसाइकिल पर बाजार के लिए निकला था। ग्राम कंचन नगर पेट्रोल पंप के पास उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई ।गंभीर स्थिति में उसे रामानुजगंज से बलरामपुर और फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 जनवरी। अंबिकापुर नगर के सर्किट हाउस में 26 जनवरी को महिला व उनकी 2 बेटियों द्वारा की गई पिटाई से आहत युवा कांग्रेस नेता ओनिमेश सिन्हा ने आज जहर सेवन कर लिया। परिजनों द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
गौरतलब है कि नगर की एक महिला ने अपनी बड़ी बेटी को रायपुर में बंधक बनाए जाने का आरोप युवा कांग्रेस नेता ओनिमेश सिन्हा पर लगाया था। इसकी शिकायत भी महिला ने कोतवाली थाने के अलावा आईजी से की थी। महिला को पता चला कि 26 जनवरी को ओनिमेश सिन्हा सर्किट हाउस में नगरीय प्रशासन मंत्री से मिलने पहुंचा है।
इसी बीच महिला अपनी 2 अन्य बेटियों के साथ दोपहर में वहां पहुंच गई और उसकी एक बेटी ने उसे सबके सामने थप्पड़ जड़ दिया था। जिस समय यह घटना घटित हुई, उस समय प्रभारी मंत्री डॉ. शिव डहरिया मीटिंग में थे। जिले के एसपी और पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी वहां मौजूद थे,इस घटना से सर्किट हाउस में सनसनी फैल गई थी।
इधर मारपीट की घटना से क्षुब्ध कांग्रेसी नेता ने गुरुवार को जहर सेवन कर लिया। कांग्रेसी नेता का कहना था कि उक्त परिवार के खिलाफ उसने भी कई बार थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कथित बंधक युवती ने रायपुर थाने में दिया बयान, कहा किसी ने नहीं बनाया बंधक
उक्त घटनाक्रम के बाद कथित बंधक युवती ने रायपुर के मोवा थाने में उपस्थित होकर बयान दिया है,उसे किसी ने बंधक नहीं बनाया है,वह अपनी मर्जी से रायपुर में रह रही है। युवती का कहना है कि उसके चाचा व परिवार के अन्य सदस्य उसकी शादी जबरन करने का दबाव डाल रहे है, जिसके चलते वह रायपुर में रह रही है। उसने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता ओनिमेश सिन्हा और उसके बीच भाई-बहन का रिश्ता है। ओनिमेश ने उसकी मदद की थी इसलिए उसके घर वाले उसको परेशान कर रहे हैं।
अम्बिकापुर। महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 20 के चोरका कछार में पाइप लाइन के विस्तार को लेकर कार्य तेजी से कराया जा रहा है। गुरुवार को पार्षद दीपक मिश्रा ने कार्यों की समीक्षा की व मोहल्ले वासियों की परेशानियों को सुना।
छत्तीसगढ़ संवाददाता
उदयपुर, 28 जनवरी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उदयपुर थाना प्रभारी एवं दो सहायक उप निरीक्षक को प्रभारी मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री शिव डहरिया ने वर्ष 2019-20 के लंबित गंभीर मामलों का निकाल एवं आबकारी एक्ट तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के अधिक प्रकरणों में कार्रवाई करने के फलस्वरूप थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा तथा थाना उदयपुर के 75 लंबित मर्ग एवं वर्ष 2019-20 के लंबित अपराधों का चालान पेश कर निराकरण करने के फलस्वरूप सहायक उप निरीक्षक अजित मिश्रा एवं राजेन्द्र प्रताप सिंह तथा चौकी केदमा में पदस्थ आरक्षक जितेन्द्र मिश्रा को अवैध मादक पदार्थां एवं नशीली दवाईयों इंजेक्शन की बिक्री संबंधी अपराधों की पतासाजी में सक्रिय और प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया है। थाना उदयपुर के पुलिस अधिकारी और चौकी केदमा के आरक्षक को पुरस्कार मिलने से पुलिस परिवार में हर्ष का माहौल है ।
अम्बिकापुर, 28 जनवरी। संयुक्त संचालक एवं मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने बताया है कि सरगुजा जिले के 42 वर्षीय पुरूष, 60 वर्षीय महिला को 5 दिन के हॉस्पिटलाईजेशन होने के उपरांत लक्षण रहित पाए जाने पर आज डिस्जार्च कर दिया गया है।
कोविड अस्पताल अम्बिकापुर में 28 जनवरी की स्थिति में 17 मरीज भर्ती हैं जिनका ईलाज जारी है। इनमे सरगुजा जिले के 6, सूरजपुर जिले के 6, बलरामपुर जिले के 3, कोरिया जिले के 1 एवं जशपुर जिले के 1 मरीज शामिल हैं।
बैठक क्षमता एवं प्रवेश मार्ग बढ़ाने के निर्देश
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अम्बिकापुर, 28 जनवरी। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने आज मैनपाट के रोपाखर जलाशय के पास 12 से 14 फरवरी तक प्रस्तावित मैनपाट महोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने दर्शकों की बैठक क्षमता एवं प्रवेश मार्ग की संख्या बढ़ाने तथा मुख्य मंच की लंबाई में वृद्धि करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि डोम की लंबाई 400 फीट कर वीआईपी एवं आम दर्शकों की बैठक क्षमता को बढ़ाएं तथा आम नागरिकों के लिए मेला स्थल पर प्रवेश के लिए एक ही मार्ग होने से आवागमन में परेशानी होगी, इसलिए मरकरी हाउस के पास एक और मार्ग तैयार करें। उन्होंने वाहन पार्किंग के लिए मेला स्थल के आस पास का चयन करने कहा ताकि लोगो को वाहन छोडक़र मेला स्थल तक आने में सुविधा रहे। क्लेक्टर ने कलाकारों के लिए ग्रीनरूम मेकअप, वेटिंग एवं डायनिंग रूम मुख्य मंच के पीछे बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले विशेष कलाकरों के लिए तीन- तीन ग्रीन रूम बनाये। उन्होने मेला स्थल का निरीक्षण कर वीवीआइपी प्रवेश, लोकार्पण एवं शिलान्यास स्थल, विभागीय स्टाल, सामूहिक विवाह ,प्रदर्शनी आदि के लिए स्थल का अवलोकन किया। इस दौरान रोपखार जलाशय में बांध के किनारे रेलिंग को सुधारने तथा जलाशय में बोटिंग, लाइटिंग, फव्व्वारा आदि की व्यवस्था के लिए जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने मंच से संबंधित गतिविधियों जैसे कलाकारों की प्रस्तुति, स्मृति चिन्ह आदि की क्रमिक तैयारी के लिए सतर्कता के साथ योजना बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महोत्सव के दौरान दुर्घटना घटित होने पर तत्काल राहत पहुंचाने के लिए सडक़ के दो-तीन स्थानों पर क्रेन एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
पास की नहीं होगी कमी- कलेक्टर श्री झा ने कहा कि मेला स्थल में प्रवेश के लिए पास की कमी नहीं होगी। जनप्रतिनिधियों से सूची अभी से ले। इसके साथ ही वाहन पार्किंग के पास भी दें। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सूची में उल्लेखित संख्या से 10 प्रतिशत अधिक पास दें।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में नामचीन कलाकारों की होगी प्रस्तुति- इस बार भी मैनपाट महोत्सव में नामचीन कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएगी। इनमे बॉलीवुड के प्रसिद्ध सिंगर पद्मश्री कैलाश खेर, छालीवुड सुपरस्टार पद्मश्री अनुज शर्मा, भोजपुरी सुरस्टार श्री खेसारी लाल, अक्षरा सिंह,काजल राघवानी,छ्त्तीसगढ़ के लोकगायक दिलीप षडंगी,घनशयाम महानंद सहित अन्य कलाकार शामिल है। इसके साथ ही स्थानीय लोक नृत्य कर्मा,शैला और सुआ नृत्य भी होगा।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार लंगेह,डीएफओ पंकज,अपर कलेक्टर द्वय एएल ध्रुव एवं श्रीमती तनुजा सलाम, एसडीएम अजय त्रिपाठी, सुश्री दीपिका नेताम कमल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ संवाददाता
उदयपुर, 28 अगस्त। बुधवार को वन अमला पुलिस बल सहित जेसीबी वाहन व ट्रक लेकर पहुंचे तथा जंगल के किनारे अवैध रूप से कब्जा किए हुए लोगों के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई की गई। जेसीबी से लकड़ी को हटवाया गया तथा 2 ट्रकों में भरकर बेदखली से जब्त लकड़ी को वन परिक्षेत्र कार्यालय उदयपुर लाया गया। वन अमला की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हडक़ंप है।
वन परिक्षेत्र उदयपुर अंतर्गत ग्राम बासेन में दो ग्रामीणों द्वारा 2019 से जंगल की जमीन पर कब्जा की नीयत से लकड़ी की झोपड़ी बना लिया गया था। वन अमला द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा जा रहा था। जबकि अतिक्रमण करने वाले जगरनाथ को कोल खदान से मुआवजा मिला हुआ है। इसके चार बेटे हंै और मुआवजा मिलने के बाद अलग जगहों पर मकान बनाकर निवास कर रहे हंै। एक महिला अतिक्रमणकर्ता श्यामबाई द्वारा भी जंगल में अवैध कब्जा किया जाकर जंगल में झोपड़ी बनाया गया था। उच्चाधिकारियों को मामले से वन अमला उदयपुर द्वारा अवगत कराया गया। डीएफओ पंकज कमल के मार्गदर्शन में एसडीओ एस.एन मिश्रा, रेंजर उदयपुर सपना मुखर्जी एवं रेंजर लखनपुर सूर्यकांत सोनी के नेतृत्व में वन अमला बुधवार को सुबह 10 बजे ग्राम बासेन पहुंचा। उक्त कार्रवाई शाम 4 बजे तक चली।
पुलिस बल सहित जेसीबी वाहन व ट्रक लेकर पहुंचे तथा जंगल के किनारे अवैध रूप से कब्जा किए हुए लोगों के खिलाफ बेदखली की कार्रवाई की गई । जेसीबी से लकड़ी को हटवाया गया तथा 2 ट्रकों में भरकर बेदखली कार्रवाई से जब्त लकड़ी को वन परिक्षेत्र कार्यालय उदयपुर लाया गया।
बेदखली की कार्रवाई के दौरान लोगों की भारी भीड़ इक_ा हो गई थी, देखने वालों का हुजूम लगा हुआ था। अतिक्रमणकारी के पुत्र द्वारा सब के सामने भरी भीड़ में वन विभाग के एक स्टॉफ को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में वन विभाग द्वारा लिखित में थाना में सूचना देने की बात बताई गई है। इन सबके बावजूद वन अमले ने बेदखली की कार्रवाई की।
कार्रवाई में उप वन क्षेत्रपाल परिक्षेत्र सहायक अरूण प्रसाद सिंह, वनपाल जुगेश साहू , श्यामबिहारी सोनी, विश्वास दास वैष्णव, रामनाथ राम, वनरक्षक अमरनाथ राजवाड़े, परमेश्वर राम, बसंत राम, भरत सिंह, नन्द कुमार सिंह, सियाराम वर्मा, महेन्द्र राम, धनेश्वर सिंह आरमो कुमार, विष्णु सिंह, ऋषि कुमार रवि, बुधसाय, बिन्देश्वर, हरिशंकर महिला वन रक्षक अंशुमाला एक्का, फूलमनी एवं पुलिस आरक्षक संजीव पाण्डेय अमित विश्वकर्मा, सौरी शामिल रहे।