छत्तीसगढ़ » बेमेतरा
बेमेतरा10 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सभी को शपथ दिलाते हुये कहा की ’हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने कि शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ टेकचन्द्र अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष रीना मिथलेश वर्मा, अपर कलेक्टर द्वेय डॉ. अनिल वाजपेयी, गुड्डू लाल जगत, सहित सर्व एसडीएम, जिले के अधिकारी कर्मचारी सहित स्कूल के छात्रा व स्थानीय महिलायें उपस्थित थे।
बेमेतरा 10 मार्च। सर्वतोमुखी समाधान शिक्षा संस्कार समिति द्वारा संचालित समाधान महाविद्यालय एवं समाधान आईटीआई में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से किया गया। अतिथियों का सम्मान स्वागत गीत एवं तुलसी के पौधे व तिलक से किया गया।
समिति की अध्यक्ष डॉ. अलका तिवारी ने स्वागत भाषण में कहा कि महिलाओं की सफलता में परिवार, समाज व आसपास के वातावरण का महत्वपूर्ण योगदान होता हैं। स्त्रियों को निरंतर खुश रहने का आग्रह किया क्योंकि जब आप खुश रहते हैं तो आपके कार्य करने की क्षमता बढ़ जाती हैं।अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति निरंतर जागरूक रहने का मार्गदर्शन दिया।
महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ.अवधेश पटेल ने नारी शक्ति के महत्व को साझा करते हुए कहा कि महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, राजनीति व व्यवसाय के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं । एक स्त्री बेटी, बहन, पत्नी व माता सभी रूपों में पूजनीय होती हैं । शरीर के आधार पर स्त्री व पुरुष अलग हैं, लेकिन जीवन की समझ के आधार पर दोनों एक ही हैं । इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव जसविंदर कौर अजमानी मलिक रही।
उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि महिलाएं अपने जीवन में निरंतर संघर्ष कर आगे बढ़ रही हैं। आप अपना आत्मसम्मान करें व स्वयं से प्रेम करें तभी समाज आपका सम्मान करेंगा। जब आप मानसिक रूप से शांत रहते हैं, तब आप कठिन परिस्थितियों में रहते हुए भी उस समस्या का समाधान प्राप्त कर पाते हैं। अपराध की शुरुआत विकृत मानसिकता के कारण होती हैं।हमें स्वयं की वास्तविक पहचान प्राप्त कर जीवन में आगे बढऩा हैं। आप जिस चीज से भरे होते हैं वही उभर कर सामने आता हैं। जीवन में आने वाली सभी चुनौतियों को स्वीकार करें। अच्छे विचारधाराओं को अपनायें व उससे स्वयं को उन्नत करें।
पुलिस उपअधीक्षक कौशल्या साहू ने कहा कि संविधान में महिलाओं व पुरुषों को समानता का अधिकार प्रदान किया गया हैं । इस जागरूकता के बाद शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में महिलाएं आत्मनिर्भर हुई हैं। समानता का सही प्रकार से प्रयोग करने का दायित्व स्वयं पर निर्भर करता हैं। हमें समाज की सोच में परिवर्तन लाना होगा, तभी कानून का सही सदुपयोग हो पाएगा।
जिला अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉ. खुशबू देवांगन ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि प्रत्येक नारी को सम्मान दें व उनके द्वारा प्राप्त उपलब्धियों पर उत्सव मनायें। कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहकर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने का भी सुझाव दिया। बेमेतरा जिले के प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से शशि दीदी ने कहा कि नारी के अंदर जन्मजात गुण हैं।
महिलाएं ही परिवार में संस्कार, प्रेरणा व शक्ति को परिपूर्ण करती हैं। बस उनका एक कार्य करना शेष रह गया है कि वह अपनी स्वयं की विशेषताओं को पहचान कर आत्मसात करें व अपने कर्तव्यों को पूर्ण करें।
स्वराज्य परिसर से चेतना विकास मूल्य शिक्षा की शिक्षाविद अनामिका वरु ने महिलाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विकास में स्त्री व पुरुष दोनों की अहम् भूमिका होती है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 10 मार्च। विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा के तत्वावधान में बेमेतरा जिला न्यायालय में आयोजित नेशनल लोक अदालत के अवसर पर परिवार न्यायालय बेमेतरा की प्रधान न्यायाधीश नीलिमा सिंह बघेल के द्वारा परिवारिक मामले में 2 दम्पत्तियों को एक साथ सुलाह-समझौता कर न्यायालय से राजी-खुशी घर भेजा गया।
पहले प्रकरण में पति राजेश (परिवर्तित नाम) ने अपनी पत्नी मोहिनी (परिवर्तित नाम) के विरूद्ध वैवाहिक जीवन की पुनस्र्थापना का वाद पेश किया था। दोनों का विवाह वर्ष 1995-96 में सम्पन्न हुआ था और दोनों की 5 बालिग संतान है। वर्ष 2018 से दोनों के मध्य गंभीर विवाद होने से पत्नी ने अपने पति को घर से निकाल दी थी तथा पति दूसरी बस्ती में घर बनाकर रह रहा था। पति हर प्रकार से अपनी पत्नी और बच्चों को मनाने का प्रयास कर चुका था। असफल होने पर उसने परिवार न्यायालय में वाद पेश किया था। परिवार न्यायालय खंडपीठ की पीठासीन अधिकारी नीलिमा सिंह बघेल ने दोनों पति-पत्नी को उनके आयु, उनके और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों के बीच सुलह कराई। राजीनामा के आधार पर समाप्त किया गया। दोनों पक्ष राजी-खुशी अपने घर लौट गए।
वहीं दूसरे मामले में पत्नी पूनम (परिवर्तित नाम) ने अपने पति विमल (परिवर्तित नाम) के विरूद्ध भरण-पोषण का केश किया था। उसने महिला सेल में भी शिकायत की थी। उक्त प्रकरण में दोनों पति-पत्नी लगभग 8 माह से अलग-अलग रह रहे थे। न्यायाधीश नीलिमा सिंह बघेल द्वारा दोनों पक्षों को विवाह के महत्व को समझाते हुए उन्हें एक-दूसरे का साथ न छोडऩे एवं हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाने का वचन लेते हुए न्यायालय से विदा किया गया। परिवार न्यायाधीश द्वारा दोनों प्रकरण के पक्षकारों को विदाई के समय तुलसी का पौधा तथा नारियल दिया गया, एक-दूसरे को माला पहनवाकर एवं मिठाई खिलाकर अच्छा जीवन जीने के लिए शुभकामनाएं देकर विदा किय गया। इस पूरे प्रयास के दौरान सदस्य अधिवक्तागण लाल बहादूर शर्मा एवं पी. राजेश्वरी तथा परिवार न्यायालय के समस्त स्टाफ भी उस सुखद पल के साक्षी बने।
मृतक की 3 पत्नियों व संतानों के बीच 12 लाख रुपए का किया बंटवारा
जिला न्यायालय में आयोजित नेशनल लोक अदालत में मोटर दुर्घटना अधिकरण खंडपीठ के पीठासीन अधिकारी पंकज कुमार सिन्हा द्वारा मोटर दुर्घटना में मृतक की तीन पत्नियों एवं उनके संतानों को क्षतिपूर्ति राशि राजीनामा के माध्यम से कानूनी आधार पर प्रदान करने का अवार्ड पारित किया।
मृतक की तीनों पत्नियों ने अपने संतान के लिए भी क्षतिपूर्ति राशि का दावा किया था। इस प्रकरण के निराकरण में नेशनल लोक अदालत के खंडपीठ कमांक 3 श्री पंकज कुमार सिन्हा, प्रथम मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण बेमेतरा के न्यायालय में मोटर दुर्घटना से मृत मृतक की तीनों पत्नियों सहित उनके सभी संतानों के बीच न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के साथ कुल 12 लाख रूपया में समझौता किया गया और उक्त 12 लाख रूपये को मृतक की तीनों पत्नियों एवं उनके संतानों के बीच कानूनी अंश के अनुसार बंटवारा किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा,10 मार्च। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद शनिवार को पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे के गृह निवास मौहाभाठा पधारे, मंत्री ने सह परिवार उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, पुत्र अविनाश चौबे अपने परिवार सहित जगतगुरू का श्रीपाद पूजन किया। वहीं भारी संख्या में अनुयाई शंकराचार्य के दर्शन करने पहुंचे हुए थे।
इस अवसर पर गुरु शंकराचार्य ने आम जनमानस को गुरु चरण की महिमा को बताया। उन्होंने अपने उपदेश के माध्यम से आधुनिक भौतिकता एवं विलासिता को सब कुछ मानने वालों को एवं धन में सुख शांति खोजने वाले जीव को अधम बताया। शंकराचार्य ने जीव मं निहित आत्मा को सास्वत सुख एवं शांति का स्वरूप बताया। पूर्व मंत्री चौबे को भाग्यशाली बताते हुए ब्रम्हलीन जगत गुरु शंकराचार्य श्री स्वरूपानंद सरस्वती का कृपा पात्र शिष्य बताया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक बेमेतरा आशीष छाबड़ा, लोकसभा दुर्ग के कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू, पूर्व विधायक प्रतिनिधि विनोद कुंजाम सहित आम जन जनप्रतिनिधिगण आशीर्वाद लेने पहुंचे।
अब दयालदास, ईश्वर, दीपेश की होगी परीक्षा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 10 मार्च। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सांसद विजय बघेल को एवं कांग्रेस ने जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र साहू को प्रत्याशी घोषित करने के बाद बेमेतरा जिले के तीनों विधानसभा के तीनों विधायक को भाजपा की लीड बढ़ाने की चुनौती है।
कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ नहीं है, भाजपा के पास तीनों सीट है। नवागढ़ विधानसभा से दयालदास बघेल राज्य सरकार में मंत्री है। वे सतनामी समाज के धर्म गुरु रुद्र गुरु को कड़े मुकाबले में पराजित किए हैं। नवागढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा खेमे की गुटबाजी, के साथ बहुजन समाज पार्टी के कमजोर प्रदर्शन के चलते मुकाबला करीबी हो गया था। इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता खोने के बाद प्रदर्शन बरकार रखना चुनौती होगी।
गुरु रुद्र कुमार के करीबी सौरभ निर्वाणी भाजपा में चले गए हैं। दूसरी ओर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के लिए यह चुनाव अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। यदि समाजिक वोट बैंक का ध्रुवीकरण हुआ तो परेशानी आ सकती है। जिले के सबसे अधिक चर्चा वाली सीट साजा में ईश्वर साहू की भी इस लोकसभा चुनाव में परीक्षा होगी।
28 फरवरी तक जिले में एक दाना मक्का नहीं बिका
बेमेतरा,10 मार्च। सरकारी तौर पर धान के साथ मक्का खरीदी के लिए तीन साल पहले घोषणा किए जाने के बाद भी खरीदी को लेकर अब तक प्रक्रिया को बेहतर तरीके से अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है। धान की तरह खरीदी के लिए पंजीयन से लेकर परिवहन की स्थिति साफ नहीं होने की वजह से जिले में खरीफ सीजन के दौरान मक्का की खेती करने वाले किसानों की संख्या लगातार कम होती जा रही है।
किसानों के अनुसार प्रदेश भर में सरकार प्रति एकड़ 10 क्विंटल के मान से मक्का खरीदी करती है, जबकि प्रति एकड़ मक्का का उत्पादन 30 से 40 क्विंटल होता है। जानकारी हो कि सरकारी तौर पर धान के एवज में दीगर फसल लेने के लिए किसानों को प्रेरित करने के लिए प्रयास जारी है। दूसरी तरफ धान का बेहतर विकल्प होने के बाद भी जिले में मक्का की खेती को बढ़ावा नहीं मिल रहा है। हालांकि सरकार द्वारा खरीफ सीजन के दौरान मक्का खरीदी के लिए प्रति क्विंटल 2090 रुपए की दर से समर्थन मूल्य जारी किया गया था।
मक्का की खरीदी जिले में धान खरीदी पूर्ण होने के बाद 1 नवंबर से 28 फरवरी तक की जानी थी। इस अवधि के दौरान जिले में एक दाना मक्का की खरीदी नहीं हुई। जिले में बीते खरीफ सीजन के दौरान बेमेतरा ब्लॉक में 40 हेक्टेयर, साजा ब्लॉक में 3 हेक्टेयर, बेरला व साजा में 82 हेक्टेयर मिलाकर 125 हेक्टेयर में मक्का की पैदावारी हुई थी। इससे पूर्व जिले में मक्का का कुल रकबा 192 हेक्टेयर व 2021 के दौरान 266 हेक्टेयर में मक्का की खेती की जा रही थी। तीन साल बाद जिले में मक्का की खेती आधे से भी कम हो चुकी है। किसानों ने कहा कि यह कटु अनुभव है। मक्का की खेती से बचा हुआ मक्का कहां बेचें।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता से चर्चा करते हुए किसानों ने बताया कि मक्का की खेती में सबसे अधिक समस्या धान की तरह इसका समर्थन मूल्य व खरीदी का मात्रा को नहीं बढ़ाना है।
सावतपुर के किसान संदीप महेश्वरी ने बताया कि मक्का की पैदावारी प्रति एकड़ करीब 30 से 40 क्विंटल की होती है जबकि सरकार केवल 10 क्विंटल मक्का खरीदती है, वो भी बेहतर किस्म के होने पर। दूसरी तरफ किसानों के लिए बचे हुए व रिजेक्ट मक्का बेचने की चुनौती है। इस वजह से खरीफ सीजन में किसानों ने मक्का की खेती करना छोड़ दिया है।
मक्का की खेती को लेकर ग्राम जहाजपुर के किसान व्यासनारायण शर्मा ने बताया कि मक्का को समर्थन मूल्य पर बेचना भारी पड़ता है। बाजार नहीं होने की वजह से व्याप्त हो रही विपरीत स्थिति को देखते हुए उन्होंने भी मक्का की फसल लेना बंद कर दिया है।
मोहन वर्मा ने बताया पूर्व की अपेक्षा कई किसान मक्का की खेती करना छोड़ चुके हैं। किसान प्रदीप गुप्ता मानते हैं कि एक समय सोयाबीन की खेती धान से अधिक लाभ देने वाली थी पर किसानों ने अनुकूल माहौल नहीं मिलने की वजह से इसकी खेती करनी छोड़ दी है। उन्हें संदेह है कि जिले में सोयाबीन की तरह मक्का की खेती की हालत न हो जाए। जिले में अभी भी ग्राम बीजा, बहेरा, गांगुपर, संडी, सल्धा, डगनिया, सावतपुर व बैजी समेत कई गांव के किसान मक्का का उत्पादन कर रहे हैं। सभी केन्द्रों में बोर्ड लगाया गया था पर धान के बाद सन्नाटा पसरा रहा।
धान खरीदी के दौरान जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों में धान के अलावा मक्का का समर्थन मूल्य 2090 तय कर बकायदा बोर्ड लगाया गया था। 1 नंवबर से जारी प्रक्रिया के बाद से 20 फरवरी तक जिले के किसी भी किसान ने मक्का बेचने के लिए न पंजीयन कराया है न मक्का लेकर केन्द्र तक पहुंचे हैं। धान खरीदी के बाद समितियों में सन्नाटा पसरा रहा है। धान की तरह मक्का बेचने के लिए सरकारी तौर पर किसानों को प्रोत्साहित भी नहीं किया गया है। हालांकि कृषि विभाग ने मक्का का बीज किसानों को वितरित किया था।
मंडी वालों को खरीदी के बारे में पता नहीं
जिले की कृषि उपज मंडी व उपमंडियों में भी मक्का बेचे जाने को लेकर रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। कृषि उपज मंडी सचिव ब्रह्मराम मरावी ने बताया कि जिले में मंडी के माध्यम से मक्का खरीदी का रिकॉर्ड नहीं है। बहरहाल जिले में विपरीत हालत होने की वजह से जिले के किसान खरीफ सीजन के दौरान मक्का का उत्पादन करने से हाथ खींच रहे हैं।
किसी ने पंजीयन नहीं कराया
डीएम नागरिक आपूर्ति निगम अल्का शुक्ला ने बताया कि जिले में इस बार भी एक भी किसानों ने मक्का बेचने के लिए पंजीयन नहीं कराया है। बीते सत्र में भी यही स्थिति रही।
जिले में मक्का की खेती की स्थिति
--------------------------------------------------
2023 में -- 125 हेक्टेयर
2022 में -- 161 हेक्टेयर
2021 में -- 266 हेक्टेयर
-------------------------------------------------
मक्का का समर्थन मूल्य -- 2090
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य के लिए महिला पुलिस अधिकारी कौशिल्या साहू को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को नगद इनाम से पुरस्कृत कर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस दौरान अति. पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह, एसडीओपी बेमेतरा मनोज तिर्की, निरीक्षक संतोषी ग्रेस सहित अन्य अधीकारी उपस्थित थे।
इन महिला पुलिस अधिकारियों का हुआ सम्मान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डीएसपी कौशिल्या साहू, निरीक्षक संतोषी ग्रेस, उप निरीक्षक चित्रलेखा शर्मा, प्रधान आरक्षक बालमती नायक, रीना गायकवाड, महिला आरक्षक निकिता वैष्णव, ऋतु यादव, सरला नामदेव, केशर जहां एवं अन्य महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियो का सम्मान हुआ। अभिव्यक्ति नारी के सम्मान महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित चार दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है
पुलिस अधीक्षक ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में समुचित कार्य कर महिलाओं एवं बच्चो को न्याय दिलाने, सरंक्षण प्रदाय करने की बात कही। महिलाओं द्वारा अपनी हुनर, काबिलियत और मजबूत इच्छाशक्ति से हर चुनौती का सामना करने के साथ सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, प्रशासनिक क्षेत्र में भागीदारी सुनिश्चित की है।
पूजा-अर्चना के लिए सुबह से भक्तों का लगा तांता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 मार्च। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। ओम नम: शिवाय के मंत्र के साथ पूजा अर्चना एवं आशीर्वाद श्रद्धालुओं के द्वारा लिया गया। इस अवसर पर कई शिव मंदिरों में जहां अखंड पाठ का आयोजन किया गया। जिले के पिकरी वार्ड समेत कई स्थानों पर मेला का भी आयोजन हुआ। जहां पर रात में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी संपन्न हुए। शुक्रवार को जिलेवासियों ने श्रद्धा भक्ति एवं आस्था के साथ महाशिवरात्रि पर्व मनाया। जहां पर ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़ शिव मंदिरों में लगना शुरू हो गया था।
शिव की विशेष पूजा-अर्चना
श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव के शिवलिंग पर पंचगव्य, दूध, दही, घी, का मंत्र के साथ अर्पण किया गया। चंदन अक्षत फूल, फल एवं श्रीफल चढ़ाया। वहीं महिलाओं ने सिंगार सामग्री भी भेंट चढ़ाए। माता भद्रकाली मंदिर प्रांगण में आयोजित भगवान शिव शंकर की रुद्राभिषेक हुआ। जिला मुख्यालय में स्थित नया बस स्टैंड, गौरव पथ, राधा कृष्ण मंदिर, श्री राम मंदिर, मां भद्रकाली मंदिर सहित विभिन्न वार्डों में स्थित शिव मंदिरों में विशेष पूजा किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में मेले का आयोजन
महाशिवरात्रि के अवसर पर जिला मुख्यालय में स्थित वार्ड नंबर 2 में मेले का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा जिले के ग्राम बहेरा, भेडऩी, मरका दही मही सहित अन्य स्थानों पर मेला का आयोजन किया गया। भक्तों ने दिनभर मेले का आनंद उठाया गया। इस मौके पर रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
शिव बारात का किया भव्य स्वागत
मां भद्रकाली मंदिर से भगवान शंकर की बरात धूमधाम बाजे गाजे के साथ निकली। जो नगर के नवीन बाजार, गौरव पथ, गस्ती चौक, घड़ी चौक होते हुए प्रताप चौक से बिजली ऑफिस शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने शिव बारात का भव्य स्वागत किया।
बेमेतरा, 9 मार्च। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के बालिकाओं और महिलाओं के लिए जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता शुभारम्भ किया। उन्होंने बच्चों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उपस्थित खेल प्रेमियों ने भी खिलाडिय़ों का तालियाँ बजाकर हौसला बढ़ाया। खेल कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित पीजी कॉलेज में हुआ। कलेक्टर शर्मा ने सुबह 8 बजे कार्यक्रम को हरी झंडी दिखायी। उन्होंने ने महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी।
जिला मुख्यालय में जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं और महिलाओं को खेलो के प्रति प्रोत्साहित करने और बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगता का आयोजन कराया गया। कॉलेज मैदान में कबड्डी, खो-खो,, एथलेटिक्स 100 मीटर दौड़, गोला फेंक, तवा फेंक, लम्बीकूद, रस्साकसी आदि खेलो का आयोजन किया है। महिलाओं के लिए आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओ में भाग लेने के लिए जिले के बेमेतरा सहित चारों विकासखण्ड नवागढ़, साजा और बेरला के बालिका और महिला प्रतिभागी खेल प्रतियोगिताओं में शामिल हुए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 मार्च। महाकाल भक्त समिति की ओर से महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर में धूमधाम से भगवान शिव की बारात निकाली गई। शिव बारात में शहर समेत आसपास गांवों के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। गाजे-बाजे व भव्य झांकी के साथ शाम 7 बजे मां भद्रकाली मंदिर प्रांगण से भगवान शिव की बारात निकाली गई।
समिति की ओर से आयोजन का यह पांचवा वर्ष है। सर्वप्रथम सुबह 10 बजे माता भद्रकाली मंदिर प्रांगण में रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। आचार्य अंकुल तिवारी के मार्गदर्शन में हुए हवन पूजन में बेमेतरा विधायक आशीष छाबड़ा भी शामिल हुए दोपहर 1 बजे से भोजन प्रसादी का वितरण शुरू हुआ यहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बारात में महेंद्र गुप्ता, हरीश वर्मा, प्रणीश रजक, विनय सिन्हा, निखिल साहू, तुषार चौहान, शुभम परमार, सुमित पुरी गोस्वामी, शुभम तिवारी, कौशल दीप सिन्हा, प्रांजल गौतम, महितोश सलूजा, संकर्षण मिश्रा, आदित्य पांडे, जीवेश तिवारी, तुषार साहू, आदित्य अग्रवाल, आकाश गुप्ता समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे ।
बारात का जगह-जगह हुआ स्वागत
भगवान शिव की बारात का शहर में जगह-जगह स्वागत हुआ। भव्य आतिशबाजी व पुष्प वर्षा कर शिव बारात का स्वागत किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्व हिंदू सनातन संगठन योगेश तिवारी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिव बारात का स्वागत किया। बारात में शामिल श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार व पेयजल का वितरण किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों ने आयोजन समिति की सराहना की।
उत्तर प्रदेश का अघोरी झांकी रहा आकर्षण का केंद्र
रात 7 बजे मां भद्रकाली मंदिर प्रांगण से भगवान शिव की बारात निकली। यात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र उत्तर प्रदेश से आए महाकाल अघोरी झांकी, जबलपुर मध्य प्रदेश से आए रिदम स्टार ग्रुप दुलदुल घोड़ी एवं मयूर नृत्य, फूलों से सजे बाबा महाकाल का शिवलिंग, माता रानी का नौ कन्या रूप, महाकाल की पालकी एवं ढोल, बाहुबली हनुमान समेत अन्य कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान भक्त भगवान शिव के जयकारा लगा रहे थे।
शहर के मुख्य मार्गो से होकर गुजरी शिव की बारात
भगवान शिव की भव्य बरात के दर्शन के लिए शहरवासी उमड़ पड़े। बारात नवीन बाजार, नयापारा, गस्ती चौक, गुरु गोविंद सिंह चौक, परशुराम चौक होते हुए बिजली ऑफिस शिव मंदिर पहुंची।
यहां विशेष पूजा-अर्चना से कार्यक्रम का समापन हुआ। मार्ग पर श्रद्धालु हाथों में पूजा की थाली लेकर भगवान शिव की पूजा अर्चना कर रहे थे। इस दौरान भगवान शिव के भजनों पर युवा, बच्चे जमकर थिरक रहे थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 मार्च। महाशिवरात्रि पर सपाद लक्षेश्वर धाम सल्धा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा हैं। भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालु आस-पास से ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ से पहुंचे थे। शंकराचार्य अविमुक्तश्वेरानंद सरस्वती महाराज की उपस्थिति ने तो महाशिवरात्रि की पावन पर्व को और भी दिव्य बना दिया। उल्लेखनीय है कि जिले के ग्राम सल्धा वह स्थान है, जहां एशिया का सबसे बड़े निर्माणाधीन शिवलिंग मंदिर हैं। यहां पर रुद्राभिषेक व विशेष आरती में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
काशी से आए आचार्य ने हजारों जोड़ों को कराया जलाभिषेक
प्राप्त जानकारी के अनुसार शंकराचार्य के सानिध्य में 20 हजार श्रद्धालुओं ने महादेव का रुद्राभिषेक किया। दोपहर 01 बजे शंकराचार्य महाराज आश्रम से प्रस्थान कर सवा लाख शिवलिंग सपाद लक्षेश्वर धाम निर्माणाधीन मंदिर परिसर में पहुंचे, जहां काशी से आए आचार्यों ने मंत्रोच्चार किया और शंकराचार्य के सानिध्य में लगभग 20 हजार जोड़ों ने सपरिवार मिलकर नर्मदेश्वर शिवलिंग का जलाभिषेक कर श्रृंगार आरती की।
रुद्राभिषेक में पूर्व विधायक व किसान नेता हुए शामिल
इस दौरान सभी भक्तगण हर हर महादेव के नारे, शंकराचार्य महाराज की जय का उद्घोष करें। इसके साथ में पूरा माहौल शिव भक्ति के रंग में डूबा रहा। इस अवसर पर ब्रह्मचारी ज्योतिर्मयानंद, ज्योतिर्मठ सीईओ चंद्रप्रकाश उपाध्याय, पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा, योगेश तिवारी, अविनाश तिवारी, ललित विश्वकर्मा, अतुल देशलहरा, रघुराज सिंह ठाकुर, बंटी तिवारी, सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहें।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 मार्च। श्रीराम सेवा समिति के तत्वाधान में श्रीराम मंदिर परिसर में शहर के युवाओं ने श्रीराम रसोई का शुभारंभ किया। महाशिवरात्रि के पर्व पर इसका शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा व श्रीराम मंदिर के पुजारी रामनारायण पाठक के मुख्य अतिथि में किया गया।
शहर के युवाओं की टीम ने श्रीराम सेवा समिति के अंतर्गत राम रसोई का शुभारंभ किया है। इस रसोई में गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार के लोगों को सिर्फ 20 रुपए में भरपेट भोजन मिलेगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर राम मंदिर प्रांगण में राम रसोई शुरू की गई। इसके लिए टोकन की व्यवस्था की गई है। जहां लोग 20 रुपए देकर टोकन लेकर भरपेट भोजन कर सकते हैं। सुविधा के शुरू होने से आम लोगों में हर्ष का माहौल है। जहां श्रद्धालुओं को 20 रुपए के न्यूनतम मूल्य पर प्रतिदिन सुबह 12 बजे से 2 बजे तक स्वादिष्ट भोजन परोसा जाएगा। रविवार के दिन अवकाश रहेगा। समिति के सदस्य संगम दुबे ने बताया कि प्रथम दिन 201 लोगों ने भोजन किया।
समिति के सदस्य रमन काबरा ने बताया कि समिति के द्वारा आम लोगों से भी यह अपील की गई है कि वह अपने जन्मोत्सव या शादी की सालगिरह सहित अन्य आयोजन व श्रद्धांजलि के रूप में भी इस समिति में दान देकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं। इसके लिए 50 रुपए प्रति थाली की दर भी निर्धारित की गई है।
समिति के सदस्यों ने आर्थिक सहयोग कर शुरू की रसोई
वर्तमान में राम रसोई को शुरू करने समिति के सदस्यों ने अपने स्तर पर आर्थिक सहयोग किया है। अब आगे रसोई के निरंतर संचालन के लिए समिति ने आर्थिक सहयोग की अपील की है। आम लोग इस पुनीत कार्य के लिए आर्थिक सहयोग कर सकते हैं। जिसमें मंथली व सालाना आर्थिक सहयोग शामिल है।
शहर के युवा करेंगे रसोई का संचालन
राम रसोई का संचालन रमन अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, मन्टू अग्रवाल, रितेश तापडिय़ा, संगम दुबे, अमित राठी गौरव शर्मा, अनुज अग्रवाल, रवि कुमार अग्रवाल, प्रणीश रजक, अमित अग्रवाल, नवीन जैन, नेहल शर्मा, रजत दुबे, सौरभ क्षत्रिय समेत अन्य युवा शामिल हैं। अमित राठी बिज्जू, रवि अग्रवाल, सौरभ सिंह क्षत्रिय नेहल शर्मा, अमित अग्रवाल ने राम रसोई में अपनी सेवाएं दी।
राम रसोई का शुभारंभ सराहनीय पहल
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिंह राम रसोई पहुंचे और 20 रुपए का टोकन कटाकर भरपेट भोजन किया। उन्होंने राम रसोई के शुभारंभ को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि रसोई के संचालन की जिम्मेदारी सिर्फ समिति के सदस्यों पर नहीं, बल्कि पूरे शहर वासियों पर है। इस पुनीत कार्य के आगे निरंतर संचालन के लिए हम सभी को समिति का सहयोग करना है।
जूठन छोडऩे पर दो सौ का अर्थदंड
समितियां के द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि खाना व्यर्थ न जाए इस उद्देश्य से थाली में जूठन छोडऩे पर 200 का अर्थ धन का प्रावधान भी किया गया है। ताकि जो भी 20 रुपए का टोकन लेता है वह भरपेट खाना खा सके, और थाली में झूठ ना छोड़े ताकि व्यर्थ फेंकना न पड़े।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 मार्च। ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए और नदी का जल आम निस्तारी के लिए उपयोग, आरक्षित करने के लिए जल संसाधन संभाग बेमेतरा द्वारा पहल शुरू कर दी गयी है। जल संसाधन विभाग बेमेतरा नए शिवनाथ नदी से मछली पालन के लिए लगातार जल का आहरण करने वाले 7 मछली कृषकों तापस मण्डल, स्वपन मण्डल, सुकदेव मण्डल, कैलाश मण्डल, आशा मण्डल, झुमुर मण्डल और बिजोली मण्डल को पत्र जारी किया गया है।
ग्रीष्म ऋतुु में शिवनाथ नदी में जल की कमी को दृष्टिगत रखते हुए नदी के जल को आम निस्तारी के लिए आरक्षित रखा जाना आवश्यक है। जारी पत्र में कहा गया है कि दो दिवस के भीतर शिवनाथ नदी से पम्प निकालकर जल प्रदाय संबंधी विभागीय अनुमति एवं समस्त दस्तावेजो सहित अधोहस्ताक्षरकर्ता के कार्यालय में उपस्थित हो। अन्यथा नदी से पानी लेते पाये जाने पर विभाग द्वारा पम्प जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। शिवनाथ से पंप द्वारा अवैध रूप से पानी का उपयोग करने वाले मछली पालकों का पंप बंद करवाया जा रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 मार्च। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों का राज्य स्तरीय पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन आगामी 11 मार्च को आयोजित होगा। सम्मेलन में पंचायती राज संस्थाओं को अधिक मजबूत एवं स्वावलंबी बनाए जाने हेतु जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाएगी।
छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के सभी जिला पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य, जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी सदस्य तथा ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं उपसरपंचों को सम्मेलन में सम्मिलित होने को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 12 से प्रारंभ होगा।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिशा-निर्देश जारी किए है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी टेकचन्द्र अग्रवाल ने बताया कि आयोजन स्थल में चिन्हांकित अच्छे कार्य करने वाले पंचायतों को सम्मानित भी किया जाएगा। प्रत्येक जिले के लिए आयोजन स्थल में बैठक की अलग-अलग व्यवस्था रखी गयी है। उन्होंने जिला प्रशासन ओर से उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सम्मेलन में अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों को शामिल होने की अपील की है।
( फोटो संलग्न — 03387 )
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 मार्च। कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, अपर कलेक्टर डॉ. अनिल वाजपेयी, डिप्टी कलेक्टर पिंकी मनहर सहित समिति के सदस्य व अधिकारीगण उपस्थित थे।
जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक में वर्षवार दर्ज प्रकरण की जानकारी। स्वीकृत, अस्वीकृत राहत प्रकरणों की जानकारी प्राप्त अंतर्जातीय विवाह स्वीकृत, अस्वीकृत प्रकरण की जानकारी और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई पर चर्चा की गई।
अनुसूचित जाति जनजाति विकास विभाग के अधिकारी ने स्वीकृत ,अस्वीकृत राहत प्रकरणों की जानकारी देते हुये बताया की वर्तमान में इसके अंतर्गत कुल 21 प्रकरण प्राप्त हुये हैं जिसमे 14 प्रकरण स्वीकृत किये गए हैं, जिसके अंतर्गत 05 प्रकरणों में प्रथम एवं द्वितीय किस्त जारी किया गया है। 03 प्रकरणों में द्वितीय किस्त जारी किया गया है। 02 प्रकरणों में प्रथम किस्त जारी किया गया हैं और 4 प्रकरणों में तृतीय किस्त जारी किया गया है। तथा 6 प्रकरण अस्वीकृत प्रकरण प्राप्त हुये है।
अंतरजातीय विवाह स्वीकृत ,अस्वीकृत प्रकरण की जानकारी देते हुये बताया की इसके अंतर्गत कुल 28 प्रकरण प्राप्त हुये हैं जिसमे 15 स्वीकृत किए गए हैं तथा 13 प्रकरण अस्वीकृत किए गए हैं जिसमे अस्वीकृत प्रकरण अंतर्गत 5 प्रकरण मूलत: वापिस किये गए हैं 7 अमेक्सर-ढ्ढ के लिए पत्राचार की गई हैं तथा 7 प्रकरण में स्वीकृति की कार्रवाई जारी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 मार्च। नवागढ़ विधानसभा को पिछड़े हुए क्षेत्र की नजरिए से देखने वालो के लिए यह बड़ा संदेश है की इस विधानसभा में महिला सशक्तिकरण की नींव मजबूत हो चली है। वर्तमान में जो स्थिति इसका दूरगामी परिणाम आएगा। शुभ संकेत यह की शिक्षा, सेवा, एवम राजनीति में महिलाओं के कदम बहुत आगे निकल चुके हैं।
नवागढ़ विधानसभा की बेटियों ने पढ़ाई के क्षेत्र में बेटों को हाशिए में खड़ा कर दिया है। सामाजिक चेतना में ऐसा बदलाव की नवागढ़ कालेज में अनुसूचित जन जाति के 11 लडक़ों के मुकाबले 40 लड़कियां अध्ययनरत है। नवागढ़ कालेज में 30 फीसदी लडक़ों के मुकाबले 70 फीसदी लड़कियां है तो दाढ़ी के नवीन कालेज में 37 प्रतिशत लडक़ों के मुकाबले 63 फीसदी लड़कियां है, वर्तमान रिकार्ड पर यदि गौर करे तो नवागढ़ कॉलेज में अनुसूचित जनजाति के 11 लडक़ों के मुकाबले 40 लड़कियां, अनुसूचित जाति के 126 लडक़ों के मुकाबले 305 लड़कियां, पिछड़े वर्ग के 226 लडक़ों के मुकाबले 491 लड़कियां, सामान्य वर्ग के 16 लडक़ों के मुकाबले 36 लड़किया है।
दाढ़ी कालेज में अनुसूचित जन जाति के 2 लडक़ों के मुकाबले 6 लड़कियां, अनुसूचित जाति के 7 लडक़ों के मुकाबले 9 लड़कियां, पिछड़े वर्ग के 46 लडक़ों के मुकाबले 81 लड़कियां है। शिक्षा के प्रति रूझान यह प्रमाणित करता है की अब तस्वीर बदल चुकी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 मार्च। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने और समाज में महिलाओं की स्थिति को ऊपर उठने में मदद करने उन्हें सबल बनाने के लिए केंद्र सरकार अनेक प्रकार की योजनाएं बनाती है फिर उन्हें सफलतापूर्वक समय पर संचालित भी करती रहती हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी इसी कड़ी में अनेक योजनाओं का संचालन कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से गरीब महिलायें समृद्धि की ओर कदम बढ़ाते हुए, अपने क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन की एक और उदाहरणपूर्वक कहानी स्थापित करेंगी।
लक्ष्मी रंगारे की कहानी भी उन्हीं में एक है। उन्हें सरकार का पूरा साथ मिला। लक्ष्मी के पति की मृत्यु वर्ष 2021 में हो गयी थी। उनके बेटा और बेटी हैं। पति टेलर्स की दुकान में काम करते थे। पति के देहांत के बाद लक्ष्मी ने सिलाई का कामकाज सीखा। इसी आमदनी से घर का गुजारा करती है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना की पूरी राशि सुकन्या समृद्धि योजना की किस्त जमा करेंगी । जो पति की मृत्यु के बाद जमा नहीं कर पायी है पिछले तकरीबन तीन साल से पैसों की तंगी के कारण किश्त नहीं दे पायी। नई सरकार से आस जगी जो पूरी होगी। अब 1000 राशि का इंतजार है। इस योजना में जिले से तकरीबन ढाई लाख महिलाओं ने आवेदन किए हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 मार्च। कलेक्टर रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति की बैठक हुई। बैठक को कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के शासकीय योजनाओं के तहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर नव नियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टेकचन्द्र अग्रवाल, अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी, डिप्टी कलेक्टर पिंकी मनहर, सहायक विकास आयुक्त आदिम जाति विकास, सहित समिति के सदस्य भी उपस्थित थे।
बैठक में स्कूलों की पढ़ाई के लिए आबंटित पदों पर शिक्षकों की भर्ती की स्थिति, भवनों की स्थिति की जानकारी ली गई। इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाएं, जैसे सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सुखद सहारा पेंशन, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों की विभिन्न योजनाओं के तहत अल्पसंख्यकों को लाभ दिलाने किये जा रहे कार्यों की प्रगति समीक्षा की गई।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग आरएस टंडन ने समिति की पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन की जानकारी दी। इसके अलावा बैठक में प्रधानमंत्री नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम एवं केन्द्रीय सेवाओं में भर्ती और ग्रामीण आवास योजना में उचित हिस्सेदारी सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में समिति के सदस्यों ने भी विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे और आवश्यक सुझाव दिए।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 मार्च। एससीईआरटी के निर्देश पर डाइट में पांच दिवसीय योग शिक्षा उन्मुखीकरण प्रशिक्षण का कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दूसरे दिवस मंगलवार की सुबह-सुबह 6 से 8 बजे तक मास्टर ट्रेनर्स भरत लाल साहू, दीपक कुमार यादव और एला राम देवांगन ने प्रशिक्षाणार्थियों ने योग अभ्यास किया। डॉ.अवधेश पटेल ने योग के द्वारा मानसिक क्षमता विकसित करने के बारे में स्लाइड शो और लघु फिल्म के माध्यम से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के लिए सफलता यही है कि वे अपने जिस बच्चे को पढ़ा रहे हैं वह बच्चा पीरियड के बाद भी वैसा ही उत्साह जनक व्यवहार करें। उन्होंने चेतन व अवचेतन मन के बारे में भी बताया। प्राचार्य जे के घृतलहरे ने कहा कि योग ही हम सबके जीवन का आधार है। अपने शरीर को स्वस्थ रखना के लिए और जीवन भर प्रसन्न चित्त रहने के लिए हमें पूरे दिन में कम से कम एक घंटे का समय हमारे शरीर को देना बहुत आवश्यक है। जिला नोडल अधिकारी थलज कुमार साहू ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर रामकुमार साहू, गोपेश्वरी साहू, अर्चना ढोबले, भावना टंडन, बलराम निर्मलकर, बाल हरि देवांगन, शंकर लाल साहू, हेमलता साहू, मदनलाल साहू, तुलसीराम वर्मा सहित चारों विकासखंड के शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मार्च। संबलपुर में 9 माह पूर्व हुए जिस ट्रेक्टर से बैटरी चोरी हुई थी उसी ट्रेक्टर से रविवार की दरम्यानी रात बैटरी चोरी करते चोरों की करतूत सीसी कैमरे में कैद हुई है। मामला नांदघाट थाना के ग्राम संबलपुर का है। साहू पारा निवासी राघवेंद्र साहू के घर के सामने खड़ी ट्रेक्टर से सुबह लगभग साढ़े चार बजे तीन चोर बैटरी निकालते कैमरे में कैद हुए हैं।
साहू ने इसकी सूचना नादघाट पुलिस को दी है। 9 माह पहले इसी जगह से दो ट्रेक्टर एक पिकअप से बैटरी पार होने के बाद किसान ने कैमरा लगवाया था। संबलपुर में इस घटना के कोई पखवाड़े भर पहले खड़ी हाइवा से डीजल चोरी हुई है जिसकी लिखित शिकायत नवागढ़ के हाईवा मालिक ने की है। जानकारों की माने तो कुरा के आसपास के ग्राम पक्षी विहार की जगह 52 पत्ती विहार करने वालों के लिए सुरक्षित हो गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मार्च। मंगलवार को कार्यालय कलेक्टोरेट में कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन होता है। इस जनदर्शन में जिले के अलग-अलग क्षेत्र के लोग अपनी-अपनी मांग, समस्याएं एवं शिकायतें लेकर आते हैं। जनदर्शन मे आने वाले सभी लोगों की समस्या और उनके समाधान का निराकरण भी किया जाता है।
समस्याओं को गौर से सुना और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर और समक्ष बुलाकर संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। कुछ आवेदन मौके पर ही निराकरण किए गए। आज के जनदर्शन में 74 आवेदन विभिन्न शिकायत एवं समस्याओं से संबंधित थे जिन्हे संबंधित विभाग के अधिकारियों को निराकरण हेतु भेजा गया। जनदर्शन में दूरदराज के गांवों से अपनी समस्याओं के समाधान हेतु पहुँचे लोगों में से तहसील देवकर के वार्ड नं. 13 के निवासी शकुन बाई साहू ने आवासीय भूमि का पट्टा जारी करने के संबंध में आवेदन दिया। तहसील बेमेतरा के वार्ड नं. 15 के निवासी लता यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के रकम के संबंध में आवेदन दिया। तहसील देवकर नगर पंचायत परपोड़ी निवासी हेमपुष्पा साहू ने हॉस्टल और कॉलेज के पढ़ाई के लिए अनुदान राशि देने के संबंध में आवेदन दिया। तहसील बेमेतरा के वार्ड नं. 06 मोहभ_ा के निवासी रामबाई वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास हेतु जमीन आवंटन करने के संबंध में आवेदन दिया। तहसील नांदघाट ग्राम ढ़ाबा निवासी संतोष जांगड़े ने स्वास्थ्य केंन्द्र में वाहन चालक के पद पर नियुक्त होने के संबंध में आवेदन दिया। जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत मोहतरा के समस्त ग्रामवासीयों ने शासन के जमीन पर व्यवसायिक परिसर बनाकर सरपंच द्वारा बेचने के संबंध में आवेदन दिया। तहसील नवागढ़ के ग्राम गाड़ामोर के निवासी गनेशिया तेली ने प्रधानमंत्री आवास में नाम बदलवाने के संबंध में आवेदन दिया। तहसील थानखम्हरिया ग्राम देवरबीजा के निवासी महेन्द्र पटेल ने अपनी पुत्री की हाई टेंशन विद्युत के चपेट में आने से मौत हो जाने के उपरांत आर्थिक सहायता राशि दिलाने के संबंध में आवेदन दिया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मार्च। छत्तीसगढ़ की सर्वोच्च प्राथमिकता की महतारी वंदन योजना की राशि महिलाओं के खातों में 7 मार्च को उनके बैंक खाते में आ जाएगी। जिला स्तर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम और जिले के हर ब्लॉक में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने बीते सोमवार देर यहाँ कलेक्ट्रेट के दिशा सभाकक्ष में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला अधिकारियों की बैठक ली।
कलेक्टर ने कहा कि यह सरकारी महत्वपूर्ण योजना है। इसलिए सभी गुवात्तापूर्ण तैयारियाँ समय रहते पूरी कर ली जाये। उन्होंने जिला और विकासखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के लिए नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नामांकित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली संबोधित कर सकते है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करेंगे। महिला हितग्राहियों एसई भी बातचीत करेंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास बीडी पटेल ने बैठक में बताया कि महतारी वंदन योजना का जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण मैं आयोजित 7 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे से होगा। वहीं ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियाँ शुरू कर दी गयी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मार्च। ग्राम पिपरोलडिह में आयोजित संत शिरोमणि रविदास जयंती एवं लोकार्पण समारोह में मुख्यअतिथि के रूप में आशीष छाबड़ा पूर्व विधायक बेमेतरा हुए शामिल। संत शिरोमणि रविदास जी की छायाचित्र में माल्यार्पण कर 05 लाख रुपए की लागत से निर्मित मेहर समाज सामुदायिक भवन का फीता काट लोकार्पण कर भवन की चाबी समाजजनों को सौंपी।
समाज में फैली ऊंच-नीच की भावना को लोगों के मन के अंदर से दूर किया। संत रविदास की पंक्ति ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ को ज्यादातर लोगों को बोलते हुए सुना होगा।
इस कहावत का अर्थ है अगर व्यक्ति का मन शुद्ध है, किसी काम को करने की उसकी नीयत अच्छी है तो उसका हर कार्य गंगा के समान पवित्र है। अपने विधायक निधि से भवन निर्माण कार्य हेतु 05 लाख रुपए की राशि स्वीकृत किया था। आज बढिय़ा भवन बनकर तैयार है। पांच वर्षों तक आप सभी की सेवा करने का अवसर मिला। इस अवसर पर गणेश सिवारे अध्यक्ष जिला मेहर समाज, विजय पारख, रामेश्वर देवांगन, इंद्रचंद जैन, धनेस्वरी चंदेल, विरेन्द्र पाठक, चिंता कोशले, भावसिंह राज, दिनेश जोशी, मोहित पाठक, हरिशंक्त तुरकाने, रंजल लाल मिरझा, मोहन लहरे, केशव मिर्झा, पुनाराम मीर्झा, भोजराम लेसल, पंचराम शिवारे, अर्जुन पठारी, रतिराम पाठक सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारिगण, ग्रामवासी उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मार्च। जिले में आगामी लोकसभा निर्वाचन को लेकर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन रणबीर शर्मा ने कलेक्ट्रेट के दृष्टि सभाकक्ष में बैठक के माध्यम से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सहायक मतदान केंद्र पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं लोकसभा निर्वाचन-2024 हेतु पेयजल, दरी, फैन, पंडाल,खाद्य पदार्थ आदि जैसे विभिन्न सामग्रियों के साथ वाहन, नाचा दल, आदि के दर का निर्धारित हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा निर्वाचन-2023 अनुमोदित की गयी दर की सहमति दी गयी। प्रचार सामग्री वाहन के संबंध में बताया कि अनुमति लेकर कार्य करें, इसके साथ ही बैनर में मुद्रक एवं प्रति अनिवार्य रूप से अंकित किया आवश्यक हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू विशेष रूप से उपस्थित थे। साथ ही अपर कलेक्टर डॉ.अनिल बाजपेयी, संयुक्त कलेक्टर डीआर रात्रे और विभिन्न राष्ट्रीय राजनीतिक दल के प्रतिनिधि इंडियन नेशनल कांग्रेस से वंशी पटेल, और नवीन ताम्रकार, भारतीय जनता पार्टी से ओमप्रकाश जोशी, राजेंद्र शर्मा, योगेश नरेंद्र वर्मा एवं बहुजन समाज पार्टी से हरि प्रसाद साहू आदि उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मार्च। ग्राम चंडीभाठा में 10 दिन पूर्व हुई अधेड़ महिला की हत्या के मामले में पुलिस को आरोपी को पकडऩे में सफलता मिली है। ग्राम चंडीभाठा निवासी महिला मीनाबाई पाटले (50) की हत्या 25 फरवरी की रात अज्ञात आरोपी ने कर दी थी।
पुलिस की पड़ताल में महिला का हत्यारा पूर्व चौकीदार दिलीप यादव ही निकला। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दिलीप कुमार पाटले ने मीनाबाई पाटले पति स्व. अश्वनी कुमार पाटले (50) चंडीभाठा निवासी की मौत को लेकर बेरला थाना में रिपोर्ट लिखाई थी।
प्रकरण की विवेचना के दौरान शव पंचनामा व पीएम रिपोर्ट में मृतका की मौत गला दबाने से होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले में धारा 302 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। मृतका के परिजनों व गवाहों के साथ पहुंचकर पुलिस ने संदेही दिलीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने जुर्म कबूल किया।