रायपुर

त्रिकाल संध्या में होगा हिरण्यकश्यप का वध
04-May-2023 6:48 PM
त्रिकाल संध्या में होगा हिरण्यकश्यप का वध

भगवान नृसिंह लीला का होगा मंचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 मई। अमरत्व  का  वरदान पाकर हिरण्यकश्यप ने  पृथ्वी पर  असंख्य अत्याचार किए। धर्माचरण करने वालों को और विष्णु की पूजा करने वालों को सताने लगा। अपने पुत्र प्रहलाद को जो कि विष्णु भगवान का अनन्य भक्त था , उस पर भी अत्याचार करने लगा।

अपने भक्तों पर होते अत्याचार को समाप्त करने और पृथ्वि को हिरण्यकश्यप के प्रकोप से मुक्त करने श्री हरी विष्णु ने खंभा फाडक़र श्री नृसिंह का अवतार लिया। श्री नृसिंह और हिरण्यकश्यप में भयंकर युद्ध हुआ और फिर भगवान श्री नृसिंह ने अपने नाखुनों से हिरण्यकश्यप का पेट फाडक़र पृथ्वि को उसके अत्याचारों सु मुक्त किया और अपने भक्तों की रक्षा की।

श्री भगवान नृसिंह जी की इस लीला का मंचन का आयोजन विगत कई वर्षों से श्री रायपुर पुष्टिकर समाज द्वारा किया जा रहा है।  आज  यह आयोजन किया जाएगा। श्री नृसिंह जी का अवतार बैशाख मास की चतुर्दशी को हुआ था। श्री रायपुर पुष्टिकर समाज के ट्रस्टी राजेश व्यास ने बताया कि गुरूवार को प्रात: 9.00 बजे भगवान श्री नृसिंह का पूजन और दुग्धाभिषेक किया गया।। तत्पश्चात आरती एवं प्रसाद वितरण होगा। संध्या 4.00 बजे समाज के सदस्य हिरण्यकश्यप का स्वरूप धारण कर एवं सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर से हिरण्यकश्यप एक जुलुस के रूप में आम जन मानस पर प्रतिकात्मक रूप से कोड़े बरसाते हुए, अत्याचार करते हुए बुढ़ेश्वर मंदिर पहुंचेगा । यहां पर श्री नृसिंह जी के, खम्भा फाडक़र प्रकट होने को दृश्य मंचन किया जाएगा एवं हिरण्यकश्यप और श्री नृसिंह का प्रतिकात्मक रूप से युद्ध की लीला का मंचन होगा। तत्पश्चात त्रिकाल संध्या में यानी संध्या 6.34 मिनट पर हिरण्यकश्यप का प्रतिकात्मक वध होगा । इस वर्ष श्री नृसिंह की भूमिका रमेश पुरोहित एवं हिरण्यकश्यप की भूमिका राजकुमार व्यास निभाएंगे।

 समाज के मुख्य ट्रस्टी चंद्रप्रकाश व्यास एवं प्रबंधक ट्रस्टी श्रीमति विजय लक्ष्मी बोहरा ने आम जन से अधिक अधिक संख्या में इस धार्मिक और ऐतिहासिक उत्सव में आमंत्रित किया है।


अन्य पोस्ट