महासमुन्द

तुमगांव नपं अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पर एफआईआर
20-May-2025 3:23 PM
तुमगांव नपं अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 मई। तुमगांव नगर पंचायत में तिरंगा यात्रा के ठीक पहले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच विवाद के मामले में उपाध्यक्ष सावित्री निर्मलकर की शिकायत पर अध्यक्ष के खिलाफ पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू पर अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप में उनके खिलाफ  बीएनएस की धारा 296, 351-2 के तहत अपराध दर्ज किया है। इसी तरह अध्यक्ष की रिपोर्ट पर उपाध्यक्ष के खिलाफ भी काउंटर मामला दर्ज है।

 

इस मामले मेंं नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से क्षेत्र में पिचिंग कार्य कराया गया था। काम पूरा होने के बाद कुछ पत्थर बच गए थे। पुराने मद की समय खत्म हो जाने के कारण मुनादी कराकर पत्थरों को एक रुपए प्रति नग की दर से बेच दिया गया है। जिसने पत्थर खरीदे हैं, उसके पास रखने की जगह न होने के कारण उन्होंने मेरे कार्यालय के समीप खाली जमीन पर सारे पत्थर रखवाए हंै। आरोप बेबुनियाद है। अध्यक्ष ने बताया कि थाने में हमारी ओर से भी पुलिस के पास उपाध्यक्ष के खिलाफ आवेदन दिया गया तो उनके खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है।

तुमगांव पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 13 निवासी व नगर पंचायत उपाध्यक्ष सावित्री उत्तम निर्मलकर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू व उनके पूरे परिवार ने नगर पंचायत कार्यालय में तिरंगा यात्रा के दौरान सभी पार्षद व कार्यालय के कर्मचारियों के सामने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने पर उतारू हो गया और इसके पहले भी मेरे चारपहिया वाहन को रोककर बीच रास्ते में जान से मारने की धमकी दे चुका है। इनके द्वारा शासकीय संपत्ति को बिना नीलाम, बिना सूचना, बिना रसीद कटवाए चोरी कर ले जाता है। मेरे द्वारा मना करने पर जान से मारने की धमकी देता रहता है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच कर रही है। जानकारी अनुसार बीते शनिवार को तुमगांव में तिरंगा यात्रा निकलने से पहले यहां के नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू और उपाध्यक्ष सावित्री निर्मलकर के बीच विवाद हो गया। जिसके आधे घंटे बाद अध्यक्ष बलरामकांत साहू के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गयी। इधर उपाध्यक्ष सावित्री निर्मलकर व उनके समर्थक यात्रा में शामिल नहीं हुई और मामले की शिकायत लेकर वे एसपी कार्यालय पहुंच अध्यक्ष के खिलाफ अश्लील गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी की शिकायत की। बाद पुलिस ने अध्यक्ष साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया।


अन्य पोस्ट