ताजा खबर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 20 जुलाई। बिलासपुर में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार प्रदर्शन किया। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी (शहर व ग्रामीण) के आह्वान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से नेहरू चौक तक रैली के रूप में पहुंचे, जहां उन्होंने ईडी और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।
जल-जंगल-जमीन किसके नाम?—अडानी के नाम! जैसे नारों के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। पुलिस की मौजूदगी में युवाओं की टोली ने पुतला को आग के हवाले कर दिया, जिससे प्रशासन के प्रयास विफल हो गए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि ईडी की कार्रवाई योजनाबद्ध और राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है। उन्होंने आंकड़ों के साथ दावा किया कि 2014 से 2024 के बीच ईडी ने 7264 छापे मारे, लेकिन सिर्फ 63 लोगों को ही सजा हुई। यह दिखाता है कि ईडी का इस्तेमाल विपक्ष को डराने के लिए किया जा रहा है।
पांडेय ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी तमनार जंगल कटाई मुद्दे से ध्यान भटकाने की रणनीति है। उन्होंने कहा, कि कल ही विधानसभा में तमनार को लेकर सवाल लगा था और उसी दिन यह कार्रवाई हुई। इससे साफ है कि अडानी को बचाने का खेल खेला जा रहा है।
पूर्व महापौर राम शरण यादव, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक सहित अन्य नेताओं ने इस मौके पर सभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद इंग्रिड मैकलाउड, पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, प्रमोद नायक, राजेंद्र साहू, शेख नजीरुद्दीन, गौरव एरी, सीमा घृतेश, पुष्पा शर्मा, राकेश शर्मा, शिवा मिश्रा, स्वर्णा शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।