ताजा खबर
तिरंगा यात्रा में उमड़े लोग, कहा पाकिस्तान से बदला पूरा
14-May-2025 10:37 PM
.jpg)
Join WhatsApp Group 1 यहाँ क्लिक करे
मोदी जी के नेतृत्व में भारत का लोहा दुनिया ने माना: साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि आतंकवाद के विरुद्ध छेड़े गए निर्णायक संघर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन किया है। श्री साय ने कहा कि जिस तरह से शत्रु के सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को हमारी सेना ने चोट पहुंचाई, जिस तरह से आतंकवादियों के ठिकानों पर चुन-चुनकर सेना द्वारा प्रहार किया गया, उस अद्भुत पराक्रम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश का मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। श्री साय बुधवार को सर्वसमाज मंच के तत्वावधान में आयोजित तिरंगा यात्रा को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस निर्णायक लड़ाई में भारत की कूटनीति का लोहा भी दुनिया ने माना है। पूरी दुनिया में भारत का कद एक जिम्मेदार राष्ट्र के रूप में बढ़ा है। पाकिस्तान पूरी तरह से एक्सपोज हुआ है। यह लड़ाई भारत के युद्ध कौशल का भी यह बड़ा उदाहरण है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा सभी देशों ने माना है कि निर्णय लेने की क्षमता किस प्रकार होती है भारत से सीखना चाहिए।
देश की सेना ने पूरी दुनिया को दिखा दिया कि हमारे देश की तरफ कोई भी आँख उठाकर देखेगा तो ऐसे ही सबको बहुत मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से पाकिस्तान को यह संदेश है अगर तुम हाथ उठाओगे तो तुम्हारे हाथ काटने की ताकत हममें है, अगर तुम गोली चलाओगे तो हम गोला दागेंगे और तुमको समाप्त कर देंगे। ऐसी सेना को यह छत्तीसगढ़ संदेश देना चाहता है।
इससे पहले सर्व समाज मंच के तत्वावधान में राजधानी के तेलीबांधा मरीन ड्राइव से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई जो भारत माता, भारत सरकार और भारतीय सेना के लिए गगनभेदी जयघोष करती और हम सेना के साथ हैं और ऑपरेशन सिंदूर के साथ राष्ट्र के नारे लगाती हुई नगर घड़ी चौक तक आई। हाथों में तिरंगा झंडा लिए शहरवासी हमारे सेना के जवानों के चित्र लेकर चल रहे थे और सेना के जवानों को धन्यवाद दे रहे थे।
यात्रा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप ,ओपी चौधरी ,श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरम लाल कौशिक ,विधायक मोती साहू,सुनील सोनी,पुरंदर मिश्रा,अनुज शर्मा,गुरु खुशवंत समेत सैकड़ों भाजपा नेता कार्यकर्ता सामान्य जन शामिल हुए।
Join WhatsApp Group 2 यहाँ क्लिक करे