ताजा खबर

बृजमोहन ने छग में भर्ती पूछी तो रेल मंत्री ने देश भर के आंकड़े दिए ...!
02-Apr-2025 5:00 PM
 बृजमोहन ने छग में भर्ती पूछी तो रेल मंत्री ने देश भर के आंकड़े दिए ...!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अप्रैल ।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने संसद में छत्तीसगढ़ में रेलवे में  नौकरियां(भर्ती)  को लेकर प्रश्न किया तो रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छत्तीसगढ़ के बजाए देशभर की भर्तियों 

के आँकड़े दिए।

अग्रवाल ने  रेल मंत्री से रेलवे, विशेषकर छत्तीसगढ़ में रिक्तियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी। साथ ही, उन्होंने इन रिक्तियों को भरने की समय-सीमा और नए भर्ती कर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाया।  

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि  कोविड-19 प्रतिबंधों में ढील देने के बाद रेलवे ने दो प्रमुख परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया, जिसमें 2.37 करोड़ से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया और 1,30,581 अभ्यर्थियों की भर्ती की गई।  

रेल मंत्री ने बताया कि केंद्र में कांग्रेस के 10 वर्ष के कार्यकाल (2004-2014) में 4.11 लाख भर्तियां हुई थीं, वहीं भाजपा के 10 वर्ष के शासनकाल (2014-2024) में 5.2 लाख भर्तियां हुई हैं।  

 

रेल मंत्रालय ने 2024 से समूह 'ग' पदों की भर्ती के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है, जिससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आएगी। रेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी राज्य या क्षेत्र के उम्मीदवारों को विशेष प्राथमिकता नहीं दी जाती और न ही भर्ती प्रक्रिया को किसी राज्य तक सीमित किया जाता है।  
छत्तीसगढ़ में रेलवे कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए  बिलासपुर क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान और रायपुर, मिलाई, बिलासपुर, उसलापुर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्र अपनी भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही, तकनीकी कौशल को उन्नत करने के लिए पुनश्चर्या और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं।


अन्य पोस्ट