छत्तीसगढ़ » महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अप्रैल। 21वीं छत्तीसगढ़ राज्य आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्म रेसलिंग एसोसिएशन द्वारा पॉवर जिम सेक्टर 6 भिलाई जिला दुर्ग में बीते 31 मार्च को आयोजित किया गया। जिसमें जिले के खिलाडिय़ों ने भागीदारी करते हुए 3 स्वर्ण पदक और 2 रजत पदक सहित कुल 5 पदक जीता।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के परिणाम लक्की यादव 69 किलो में स्वर्ण पदक, बिन्दा यादव 70 किलो में स्वर्ण पदक, विकास यादव 65 किलो में स्वर्ण पदक, प्रीति यादव 60 किलो में रजत पदक, तोरण यादव 60 किलो में रजत पदक जीतने में सफल रहे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों के शामिल होने व पदक जीतने पर खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, उप संचालक संगीता सिंह, संचालक फॉच्र्यून फाउंडेशन बागबाहरा निरंजन साहू, विश्वनाथ पाणिग्रही, भोज राम वर्मा, मंजू कमल कुंजेकर,आरती गिरिश श्रीवास्तव, तुलसी राम बरिहा, दिलेशवर चंद्राकर,मायाराम पटेल, रश्मि साहू, लक्ष्मी प्रिया साहू एवम् स्टॉफ ने शुभकामनाएं व बधाई दी।
संक्रमण से निपटने तेल मसाला भोजन त्याग ग्रामीण शीतला माता में ठंडई चढ़ा रहे
जिन गांवों में चेचक खसरे का प्रकोप था, वहां होली नहीं जलाई गई और न ही रंग-गुलाल खेले गए
धुआं, धूल, तेल की गंध बहुत ज्यादा संक्रमण बढ़ाता है, यह गांव का विज्ञान है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2 अप्रैल। गर्मी शुरू होते ही गांवों में सीतला माता की पूजा अर्चना शुरू हो चुकी है। जिले के कई गांवों में बच्चों और युवा चेचक, खसरा से पीडि़त हैं। गांव के लोग इसे देवी प्रकोप मानते हैं। पता चला है कि जिन गांवों में चेचक खसरे का प्रकोप था, वहां होली नहीं जलाई गई और न ही रंग-गुलाल खेले गए। विज्ञान कहता है कि होली के बाद बसंत खत्म हाोता है और ग्रीष्म ऋतु प्रारंभ होती है। ऋतु परिवर्तन होने के कारण यह व्याधि के कीटाणुओं के संक्रमण का समय होता है और इस अवधि में चेचक का प्रकोप अधिक होता है। जिसे गांवों में माता के नाम से जानते हैं।
अभी यही काल चल रहा है। गांवों में छोटी माता, बड़ी माता, सेंदरी माता खसरे से बचने के लिए स्वचछता एवं आरोग्य की देवी शीतला माता की उपासना की जाती है। मान्यता है कि जब माता उग्र हो जाती है तो इसका प्रकोप होता है और शीतला माता इस उग्रता को शांत करती हैं। इसीलिए शीतला विग्रह पर जल चढ़ाने की परंपरा रही है। जिससे सप्ताह भर की अवधि में माता का प्रकोप शांत हो जाता है।
इसी उद्देश्य की पूर्ति व माता की शांति के लिए गांवों में स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में गुरुवार और सोमवार को ग्रामीण भीगे चने का दाल, दही, हल्दी आदि लेकर पहुंच रहे हैं। शीतला माता मंदिर में पहुंचने वालों को नीम के पत्तों को भिगाकर उसके ठंडे पानी का छींटा ििदया जाता है। गलवा माता वालों के लिए शीतला से गीली मिट्टी लाकर उसे मरीज के गाल में लगा देते हैं।
खास बात यह है कि परिवार के किसी भी सदस्य को माता आने के बाद उस घर में तेल मसाले खाना बंद कर दिया जाता है। मरीज की बिस्तर में नीम के पत्ते रखे जाते हैं। कल 1 अप्रैल को बड़े ही धार्मिक व परम्परागत रूप से महासमुंद में भी माता शीतला देवी की पूजा अर्चना की गई। माता के मंदिर को नीम के पत्तों से व फूलों से सजाया गया। रात में बनाए गए ठंडे व्यंजनों का भोग लगाया गया। दही, मूंग की दाल, बाजरा की मोई, भीगा हुआ मोठ,बाजरी इत्यादि के साथ कलश में माता को जल चढ़ाया गया। दिन में घरों में बासी भोजन किया गया। कच्चे सूत के धागे की मेखला (करधन) बनाकर बच्चों को पहना दी गी। कई घरों में नए घड़े की पूजा की गई।
शहर के प्रतिष्ठित डाक्टर एस वाय मेमन के मुताबिक विज्ञान और श्रध्दा दोनों मिलकर माता से निपटते हैं। ग्रामीणों द्वारा किए गए पूजा पाठ में विज्ञान शामिल है। माता के दौरान डाक्टर भी तेल मसाले नहीं खाने की सलाह देते हैं। ठंडा पानी पीने की सलाह देते हैं। क्योंकि यह बीमारी गर्मी से पैदा होती है। इसलिए गीली मिट्टी, घड़े का पानी,नीम के पत्ते, चने का दाल दही आदि सर्वोत्तम है। वैसे शीतला माता स्वच्छता की अधिष्ठात्री देवी हैं। अगर हम अपने आस पास को साफ सुथरा रखेगें तो रोगों के कीटाणु हमारे संपर्क में आकर हमें रोगी नहीं बनाएंगे। ज्यादातर बीमारियां खराब खाना खाने से होती हैं। रसोईघर की स्वच्छता बहुत जरूरी है। शीतला माता के हाथ में जल से भरा कलश होना, हमें जल को प्रदूषण से मुक्त रखने के लिए जागरूक बनाता है। रही बात होली नहीं जलाने और रंग गुलाल त्यागने का, तो यह सही है कि ऐसे में धुआं, धूल, तेल की गंध बहुत ज्यादा संक्रमण बढ़ाता है। यह गांव का विज्ञान है, जिसे झुठलााया नहीं जा सकता।
महासमुंद, 1 अप्रैल। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने कल वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल महासमुंद में लोकसभा निर्वाचन 2024 के सुगम संचालन के लिए प्रथम चरण अंतर्गत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। जिले के महासमुंद, बागबाहरा, सरायपाली विकासखंडों में पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी.1 को सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
बोर्ड के एक विद्यार्थी ने उत्तर पुस्तिका में लिखा
गरीब घर से हूं, मुझे उत्तीर्ण कर देना, 100, 50 रुपए का नोट नहीं बल्कि सवाल ही बदल डाला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अप्रैल। इस बार बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों ने पास करने के लिए पेपर जांचने वालों से लिखने का पैटर्न बदल दिया है। इस बार मैं गरीब घर से हूं, मुझे उत्तीर्ण कर देना, उत्तर पुस्तिका का भीतर 100, 50 रुपए का नोट नहीं डाला है बल्कि सवाल ही बदल डाला है। दसवीं व बारहवीं बोर्ड परीक्षा में जो प्रश्न बोर्ड ने पूछे थे, उसे काटकर अनेक छात्रों ने स्वयं प्रश्न लिखकर उसका उत्तर दे दी है। एक उत्तर पुस्तिका में एक छात्र ने बकायदा लिखा था-सर ढाई घंटे बैठकर मैं क्या करता,इसलिये स्वयं प्रश्न बनाकर उसका उत्तर लिख दिया हूं। इस तरह की पुस्तिकाएं जांचने के दौरान मूल्यांकनकर्ताओं को मिल रही है। जांचने वाले शिक्षक भी जमकर ठहाके लगा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में मूल्यांकन के दौरान अंग्रेजी, गणित तथा विज्ञान जैसे विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं में एक से बढक़र एक वाक्य शायरी तथा कविताओं के साथ 100-50 रुपए के नोट निकलते रहे। यह बात अब आम बात हो गई थी। जिसे देखकर मूल्यांकनकर्ता हैरान रहते थे।
इस बार समन्वय केन्द्र आत्मानंद शासकीय उमा विद्यालय में 500 मूल्यांकनकर्ता मूल्यांकन कर रहे हैं। इस दौरान अनेक उत्तर पुस्तिकाओं में स्वयं प्रश्न लिखकर छात्रों ने इसका उत्तर लिखा है। अब यदि मूल्यांकनकर्ता छात्रों की इस स्थिति को दया दिखाते हुए यदि 1-2 नंबर दें भी दें तो मूल्यांकनकर्ताओं के मूल्यांकन पर ही उंगलियां उठने लग जाएगी। फलस्वरूप मूल्यांकनकर्ता अपनी भावनाओं को स्थिर रखकर मूल्यांकन कार्य कर रहे हैं।
आदर्श उमा विद्यालय आत्मानंद के प्राचार्य हेमेन्द्र आचार्य से मिली जानकारी के अनुसार मूल्यांकन कार्य तेजी से जारी है। अब तक दसवीं, बारहवीं की कुल 57430 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। इसके लिए पहले दसवीं की कुल 44543 कॉपियां पहुंची थी। इनमें से 32039 कॉपियां जांची जा चुकी है। वहीं 12504 कॉपियां शेष है। इसी तरह बारहवीं की 27812 कॉपियों में 15491 कॉपियां जांची गई तथा 12322 कॉपियां शेष है। दूसरे लॉट में 13921 कॉपियां फिर पहुंच चुकी हैं।
महासमुंद, 1 अप्रैल। सरायपाली पुलिस ने आत्मानंद स्कूल के पास धारदार हथियार लहराते हुए एक नाबालिग को पकड़ा है। उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि आत्मानंद हाईस्कूल के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर लहरा रहा है। जिससे आने-जाने वाले लोग और स्कूल में परीक्षा देने वाले विद्यार्थी डर कर भाग रहे हैं। सूचना पर बताए स्थान पर पहुंचकर चाकू लहराते हुए एक अपचारी बालक को पकड़ा गया। उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
महासमुंद, 1 अप्रैल। जिले के जगदीशपुर निवासी दंपत्ति ने बच्चों के साथ हिंदू रीति-रिवाज से पूजा-पाठ कर नगर के गायत्री मंदिर में घर वापसी की। जानकारी के अनुसार सरायपाली निवासी दुर्गेश गुप्ता ने प्रेम संबंध में विवाह कर अन्य धर्म अपना लिया था। जिसने अब पुन: मूल धर्म में वापसी की है। इस अवसर पर धर्म जागरण विभाग प्रमुख रामचंद्र अग्रवाल, विश्व हिंदू परिषद के सौरभ अग्रवाल, महिला मंडल की सदस्य आदि उपस्थित थे।
प्राथमिक शाला मोहगांव के 18 छात्रों का चयन नवोदय में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अप्रैल। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2024 हेतु विकासखण्ड पिथौरा, जिला महासमुंद के शासकीय प्राथमिक शाला मोहगांव के 18 छात्रों का चयन हुआ है, जिससे पूरे अंचल में हर्ष का माहौल है।
प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक भोजराज प्रधान के कुशल मार्गदर्शन में इस वर्ष योगिता नायक, सोनी नायक, विराट प्रधान, ओजस प्रधान, अनुनय प्रधान, शुभम नागवंशी, गुलाब नायक, आदित्य चौधरी, चित्रांग कुलदीप, शिखा ठाकुर, पूनम प्रधान, परी पटेल, हिमांशु कुमर्रा, राकेश साहू, सोनाक्षी नाग, डिम्पल प्रधान, रीतेश नायक, वेदान्त बसन्त का चयन हुआ है।
मालूम हो कि भोजराज प्रधान इसके पूर्व शासकीय प्राथमिक शाला भैरोपुर में पदस्थ थे। भैरोपुर स्कूल से भी हर वर्ष बहुत सारे बच्चों का चयन होता था। इनके मार्गदर्शन में अब तक 84 बच्चों का जवाहर नवोदय विद्यालय हेतु चयन हो चुका है। श्री प्रधान अपने विद्यालय में और ऑनलाईन क्लास के माध्यम से बच्चों को नि:शुल्क नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल चयन परीक्षा की तैयारी कराते हैं। इस बात की भी जानकारी मिली है कि श्री प्रधान कमजोर वर्ग के बच्चों को नवोदय परीक्षा गाइड, कॉपी, कलम नि:शुल्क देते हैं।
नवोदय में एक साथ 18 बच्चों के चयन होने से विकास खण्ड पिथौरा के बीईओ के के ठाकुर, बीआरसी गौतम प्रसाद कन्हेर ने बच्चों व विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दी है और कहा है कि प्रधान पाठक भोजराज प्रधान के विद्यालय से हर वर्ष इस प्रकार के परिणाम से पिथौरा विकास खण्ड गौरवान्वित हो रहा है।
ग्राम पंचायत मोहगांव के सरपंच चंद्रमा टिकेलाल भोई, शाला प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष विजय बारीक, सदस्य रोहित प्रधान, प्रणव प्रधान ने शिक्षक प्रधान को गांव का गौरव कहा है और बच्चों को शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय के शिक्षक गौरीशंकर पण्डा,करि बढ़ाई, रविलाल प्रधान, हेमन्त कर, एस.आर.बंजारे हाई स्कूल प्राचार्य, ए के बरिहा, बी.एस भोई, ईश्वरी पटेल, लालसिंह कुर्रे सहित समस्त पालकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित बच्चों को बधाई, शुभकामनाएं दी हैं। मार्गदर्शक शिक्षक भोजराज प्रधान को कुशल मार्गदर्शन के लिए बधाई दी है।
भोजराज प्रधान ने कहा कि इस सफलता के वास्तविक हकदार सभी चयनित बच्चे हैं। जिन्होंने कठिन परिश्रम करके नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में उत्तीर्ण होकर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।
छापामार कर महुआ और कच्ची शराब बरामद
महासमुंद, 1 अप्रैल। बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम भदरसी में महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ मोर्चा खोलते 30 मार्च को देर शाम तक सर्व आदिवासी समाज व सर्व समाज के नेतृत्व में छापेमार कार्रवाई की। इसमें भारी मात्रा में महुआ और कच्ची शराब बरामद की।
महिलाओं ने कहा कि अवैध शराब बिक्री में शामिल लोगों को ग्राम सभा की बैठक में बुलाकर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपा जाएगा।
ज्ञात हो कि गांव में पिछले कई महीनों से कच्ची महुआ शराब की अवैध बिक्री हो रही थी। इसे बंद करने ग्रामीण लगातार चेतावनी दे रहे थे। पुलिस भी कार्रवाई कर रही थी, लेकिन अंकुश नहीं लग रहा था। गांव में शराब उपलब्ध होने से अशांति बनी रहती है और बाहरी लोग भी आते जाते रहते हैं। कुछ असामाजिक तत्व भी होते हैं। जिससे अप्रिय घटना की भी आशंका बनी रहती है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अप्रैल। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू चुनावी दौरा कार्यक्रम के तहत सरायपाली क्षेत्र पहुंचे। वे क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद के साथ सरायपाली विधानसभा के विभिन्न गांवों में पहुंचकर चुनावी चौपाल लगा कांग्रेस पार्टी को जिताने की अपील की।
दौरा कार्यक्रम में श्री साहू सबसे पहले ग्राम कनकेबा पहुंचे जहां उपस्थित ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर किसानों का कर्ज माफ करेंगे। एमएसपी देंगे तथा मनरेगा का मजदूरी भुगतान 400 रुपए करेंगे। कार्यक्रम को विधायक श्रीमती नंद ने भी संबोधित किया और कांग्रेस सरकार आने पर महिलाओं को महालक्ष्मी योजना के तहत सालाना 1 लाख रुपए दिये जाने की बात कही।
इसके पश्चात् श्री साहू ग्राम भंवरपुर, चनाट, कुरमाडीह, बड़े साजापाली पहुंचे। जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में ब्लाक कांग्रेस कमेटी भंवरपुर के अध्यक्ष जितेंद्र सिदार, छुईपाली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बलराम भोई, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अमृत पटेल, कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष लिलाकांत पटेल, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र वैष्णव, नगर पालिका सभापति सुरेश भोई, पूर्व मंडी अध्यक्ष सीता पटेल, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव दीपांजलि बारीक, इंटक जिलाध्यक्ष संतलाल बारीक, कांग्रेस नेत्री तिरिथ मानिकपुरी, हेमा श्रीवास, चनाट सरपंच हेम कुमारी पटेल, सरपंच शांति साहू, सरपंच प्रतिनिधि रमेश पटेल, पदमलोचन पटेल, जनपद सदस्य सोनसाय बरीहा, मनोज साहू, मोहन राजहंस, धर्मेंद्र व सिदार, घसिया सिदार,फ ार्म पटेल, श्रवण पटेल, संत कुमार पटेल,विक्की वैष्णव, बनवारी जगत, पुरुषोत्तम साव, पुरषोत्तम साहू, नरेंद्र साहू, दूधनाथ साहू, गिरवर वारे, नामदेव साहू, अरमान हुसैन, दुष्यंत साहू, विभीषण चौहान, जयंत यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1अप्रैल। जिला भाजपा कार्यालय में प्रदेश भाजपा प्रभारी नितिन नबीन के मार्गदर्शन में लोकसभा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और सदस्यों की बैठक हुई।
प्रदेश प्रभारी के साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, पूर्व केबिनेट मंत्री लोकसभा क्लस्टर प्रभारी कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर, लोक सभा प्रभारी विधायक मोतीलाल साहू, सह प्रभारी विधायक भावना बोहरा, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा,संपत अग्रवाल, रोहित साहू, सम्भाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, प्रदेश मंत्री रामू रोहरा, लोक सभा संयोजक शंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक लक्ष्मी वर्मा, किशोर महानन्द ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया।
प्रस्तावना रखते हुए क्लस्टर प्रभारी पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने कहा कि हम सभी का लक्ष्य और संकल्प है कि छग की सभी 11 सीट जीतकर मोदी जी को देंगे। हम सबको स्वयं कार्ययोजना बनाकर समर्पित भाव से जिम्मेदारी से अपने लक्ष्य के लिए समर्पि रहना होगा। परम वैभव की प्राप्ति के लिए केंद्र में मोदी जी की सरकार बनाना हमारी प्राथमिकता है।
छग प्रभारी नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों से ही आज देश सुशासन और विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़ की जनता ने मोदी जी की दी हुई गारंटी पर विश्वास व्यक्त करते हुए भाजपा के समर्थन में जनादेश दिया है।
श्री नवीन ने कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट और शक्ति केंद्र स्तर पर किये जाने वाले कार्यों को चुनाव जीतने का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि हमारा संकल्प हर बूथ पर ज्यादा से ज्यादा वोट भाजपा को दिलाना है। यह भी कहा कि लोकसभा प्रत्याशी रूपकुमारी के विजय अभियान के सभी सारथी एक मंच पर उपस्थित है।
चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि चुनाव के माहौल में भ्रामक और कई प्रकार की अफवाहें चुनावी माहौल को बिगाडऩे के लिए भी की जाती है। हम सबको ऐसी अनर्गल टीका टिप्पणी से दूर रहकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक जुटे रहना है। चिट पर्ची वितरण से लेकर मतदान सम्पन्न होने तक कामों पर मार्गदर्शन देते हुए श्री शर्मा ने कहा कि पूरे देश का वातावरण मोदीमय और भाजपा के पक्ष में है।
लोकसभा प्रबंधन समिति की बैठक का संचालन महासमुंद प्रभारी जिलाध्यक्ष संजय शर्मा एवं आभार प्रदर्शन गरियाबंद जिलाध्यक्ष राजेश साहू ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से लोकसभा सह संयोजक पूर्व विधायक सन्तोष उपाध्याय, पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा, परेश बागबाहरा, प्रीतम दीवान, गोवर्धन मांझी, त्रिलोचन पटेल, डमरूधर पुजारी, रंजना साहू, रामलाल चौहान, आइटी सेल प्रदेश पदाधिकारी दीपक म्हस्के,प्रदेश सदस्य इंद्रजीत सिंह गोल्डी, जिला सहप्रभारी संध्या परगनिहा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राकेश चंद्राकर, जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा, अमरजीत छाबड़ा, मीडिया प्रबंधन प्रभारी एतराम साहू, पूर्व महापौर अर्चना चौबे, अलका चंद्राकर आदि अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित थे।
महासमुंद, 1 अप्रैल। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने कल वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल महासमुंद में लोकसभा निर्वाचन 2024 के सुगम संचालन के लिए प्रथम चरण अंतर्गत चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। जिले के महासमुंद, बागबाहरा, सरायपाली विकासखंडों में पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी.1 को सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने निरीक्षण के दौरान कहा कि मतदान दल में निर्वाचन कार्य संपन्न कराने नियुक्त पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी-1 गंभीरतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए यह जरूरी है कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण के दौरान बताई गई बातों को ध्यानपूर्वक सुनें एवं अमल में लाएं। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को ईवीएम और वीवीपैट, बैलेट यूनिट मशीन की गतिविधियों को स्वयं संचालित कर देखने कहा। उन्होंने मास्टर ट्रेनर को कहा कि मतदान कराने में होने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में अच्छे से जानकारी दें।
कलेक्टर श्री मलिक ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन कार्य में उत्साहपूर्वक भाग लेने कहा। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी.1 की नियुक्ति संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए मतदान केन्द्र पर की गई व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ.साथ वहां पर नियुक्त कर्मचारियों की निष्पक्षता, सजगता और कार्यकुशलता पर निर्भर करता है।
इसके लिए मतदान केन्द्र के प्रमुख अधिकारी के रूप में पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी.1 को मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया का पूरा ज्ञान होना चाहिए। ताकि वह सहयोगी कर्मचारियों को मार्गदर्शन देने के साथ-साथ कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
न्होंने कहा कि मतदान केन्द्र में सारी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी.1 की होती है। प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार की आशंका होती है तो उसे जरूर प्रश्न करें, उसका समाधान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी.1 का प्रथम चरण प्रशिक्षण जिले के सभी विकासखंडों में दिया जा रहा है। जिसके अंतर्गत 31 से 4 अप्रैल तक पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मतदान दलों का प्रथम चरण प्रशिक्षण अंतर्गत महासमुंद विकासखण्ड में वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल महासमुंद में कुल 550 पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी.1 को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं बागबाहरा और सरायपाली में 400-400 मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। निरीक्षण के दौरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू, महासमुंद अनुविभागीय अधिकारी उमेश साहू भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण प्रभारी एमके सिन्हा एवं मास्टर ट्रेनर तोषण गिरी गोस्वामी ने सरायपाली में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन से संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
———----
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अप्रैल। खबर है कि बोर्ड परीक्षाओं के कुछ प्रश्नों में गलती की वजह से माध्यमिक शिक्षा मंडल छात्र-छात्राओं को गलत प्रश्नों पर बोनस अंक देकर इस गलती की भरपाई करेगा।
इस साल हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा में कुछ प्रश्नों में त्रुटि हो गई थी। इसका खुलासा परीक्षा खत्म होने के बाद हुआ। इसके बाद जिन विषयों के सवालों में त्रुटि सामने आई हंै, उसके लिए बोनस अंक देने का फैसला लिया गया और जहां बोर्ड का मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं उनको किस सवाल पर कितना बोनस अंक देना है, यह निर्देश भेजा गया है।
इसमें कक्षा 10वीं के विज्ञान और 12 वीं के अंग्रेजी, रसायन और संस्कृत में त्रुटि होने की बात कही जा रही है। 12 वीं के तीनों विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं खुली नहीं है। इसके कारण कौन के सेट में कौन से प्रश्न में त्रुटि है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। जांच के लिए बंडल खुलने के बाद ही उसके अंदर से निर्देश की कॉपी मिलेगी। तब पता चलेगा किस सवाल पर गलती है।
हालांकि जो जानकारी सामने आ रही है उसमें सवालों के हिंदी और अंग्रेजी अनुवाद ही त्रुटि है। इसके लिए बोनस अंक निर्धारित की गई है। दसवीं के विज्ञान विषय के सेट ए तथा बी सेट दो सवाल और सी सेट में एक सवाल के अंग्रेजी अनुवाद में गलत है। इसके लिए इन सवालों का जवाब देने वाले परीक्षार्थियों को 1-1 अंक बोनस दिया जाएगा। इससे परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी। जानकारी अनुसार 12 वीं संस्कृत में भी कुछ त्रुटि होने की बात कही जा रही है। दूसरी ओर 12 वीं के रसायन के एऔर सी सेट, अंग्रेजी के ए बी और सी सेट, भूगोल के ए सेट में त्रुटि होने की बात कही जा रही है। जांचकर्ता को गंभीर अध्ययन के बाद अंक देने का आदेश दिया गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अप्रैल। शहर के सडक़ों पर आवारा घूम रहे पशु के घायल होने, मौत होने पर उनके इलाज-अंतिम संस्कार के लिए शहर के कुछ युुवा दौड़े चले आते हैं। इनमें से सभी विहिप,बजरंग दल और हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता हैं।
31 मार्च को विहिप,बजरंग दल और हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने कुत्ते काटने के बाद तड़पते बछड़े का इलाज कराया, सडक़ दुर्घटना में मृत बंदर को सद्गति दी, गाय के पेट के अंदर मृत बछड़े को किसी तरह डॉक्टरों के सहयोग से बाहर निकवाया, ट्रेन की चपेट में आकर मृत गाय का कफन-दफन किया और एक गहरी नाली में गिरी गाय को क्रेन के जरिए बाहर निकाला।
रविवार सुबह हिंदू युवा वाहिनी के लोगों को शहर के विक्रम ठाकुर ने सूचना दी कि गांधी चौक में गाय के साथ एक बछड़ा है जिसे कुत्ते ने एक जगहों पर काट लिया है। विहिप,बजरंग दल और हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने खबर सुनते ही गांधी चौक पहुंचकर आसपास के लोगों के सहयोग से गाय के बच्चे को पकड़ा और बछड़े को पशु चिकित्सालय ले जाकर रेबीज का इंजेक्शन आदि लगवाया, मरहम पट्टी की और ऑटो रिक्शे में लादकर बछड़े की मां के पास छोड़ा।
इसी तरह 15 मार्च को रायपुर रोड़ तिवारी बिल्डिंग के आगे में एक बंदर सडक़ दुर्घटना मृत हो गया। सूचना मिलते ही विश्व हिन्दू परिषद्, बजरंग दल और हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता वहां पहुंचे। इस घटना की जानकारी मुख्य नगर पालिका परिषद महासमुंद को दी।
नगरपालिका की जेसीबी मशीन वहां पहुंची और फिर बजरंग दल के जिला गौ सेवा प्रमुख सुमन सेंन्द्रे ने गाड़ी में लादकर शमशान घाट ले जाकर उसका अंतिम संस्कार किया।
हाल ही में 27 मार्च को बिजली विभाग के एक कार्यालय के अंदर में गाय बच्चा जन रही थी लेकिन दो दिनों तक वह एक ही स्थान पर दर्द से छटपटा रही थी। इसकी जानकारी विश्व हिन्दू परिषद्, बजरंग दल और हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को मिली। तत्काल वे वहां पहुंचे और पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी। अधिकारी विभाग के डॉक्टर के साथ घटनास्थल पहुंचे। जांच के बाद पता चला कि गाय के पेट में ही बछड़ा खत्म हो चुका है।
डॉक्टर ने किसी तरह पेट अंदर मर चुके बछड़े को बाहर निकाला। इसके बाद से गाय सुरक्षित है। इससे पहले 21 मार्च को कलेक्टोरेट रोड में एक बंदर करंट की चपेट में आकर मर गया था। सूचना मिलते ही वहां भी विश्व हिन्दू परिषद्, बजरंग दल और हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता पहुंचे थे। उसके बाद उन्होनें स्कूटी में लादकर बंदर को श्मशान घाट ले जाकर उसका अंतिम संस्कार किया। इससे पहले इन सभी ने 28 फरवरी को महासमुंद शंकर नगर के बीच ट्रेन के चपेट में आकर मृत गाय को नगरपालिका के जेसीबी से हटाकर अंतिम संस्कार किया। इन सभी कामों में भुनेश्वर कुमार, मुकेश कुमार, राकेश साहू का विशेष सहयोग रहा।
एसडीएम ने कहा-केंद्र प्रभारी से एनओसी ली है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अप्रैल। आत्मानंद हिंदी हाई स्कूूल में इस वक्त 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा के छात्रों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन जारी है। तीन अप्रैल को इसी स्कूल के मैदान में भाजपा की चुनावी सभा है। सभा के दिन भी शोरगुल के बीच में उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने का काम जारी रहेगा। तीन अप्रैल को शहर के इसी मैदान में भाजपा की नामांकन रैली के पहले यहां सभा होगी। इस चुनावी कोलाहल के बीच यहां हजारों छात्र-छात्राओं के आंसरशीट पर शिक्षक उनकी योग्यता का मूल्यांकन करेंगे।
गौरतलब है कि मूल्यांकन अवधि में स्कूल परिसर व उसके आसपास आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। ताकि मूल्यांकन कार्य में किसी भी तरह की बाधा न पहुंचे, न निष्पक्षता प्रभावित हो। लेकिन शहर में और भी खुले मैदान होने के बावजूद यहां सभा की अनुमति दे दी गई है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उमेश साहू का कहना है कि उन्होंने स्कूल के प्राचार्य की एनओसी मिलने के बाद ही सभा की अनुमति दी है।
मालूम हो कि स्वामी आत्मानंद हिंदी उच्चतर माध्यमिक स्कूल जिले में बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए समन्वयक केंद्र हैं। जहां 23 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जा रही है। इसके लिए 317 रजिस्टर्ड शिक्षक हैं। अलग-अलग विषयों के शिक्षकों को मिलाकर करीब 500 शिक्षकों को मूल्यांकन ड्यूटी में लगाया गया है।
21 मार्च को पहली खेप में 72 हजार 373 उत्तर पुस्तिकाएं माध्यमिक शिक्षा मंडल से यहां पहुंची थीं। 29 मार्च को ही उत्तरपुस्तिकाओं की दूसरी खेप भी पहुंची है। जिसमें 13921 कॉपियां है। जिसका मूल्यांकन कार्य जारी है। आगामी 10 अप्रैल तक मूल्यांकन का काम पूरे करना है।
इस बीच प्रतिदिन एक शिक्षक को अधिकतम 40 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करनी है। बच्चों के सालभर की मेहनत और उनके भविष्य को तय करने वाली मूल्यांकन व्यवस्था में इस तरह डाले गए व्यवधान को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि शहर में और भी कई मैदान हैं। जहां यह राजनीतिक आयोजन हो सकता था। लेकिन बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन कार्य को प्रभावित कर आयोजन करना ठीक नहीं है।
भाजपा शहर अध्यक्ष संजय शर्मा का कहना है कि शिक्षा विभाग, प्रशासन से अनुमति ली है। परीक्षा हो रही होती तो हम वहां राजनीतिक आयोजन नहीं करते। अभी वहां बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन चल रहा है। किसी को कोई परेशानी नहीं होगी।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर ने कहा कि हाई स्कूल मैदान में बोर्ड के पेपर जांचे जा रहे तो वहां किसी भी आयोजन की अनुमति नहीं देना था। मूल्यांकन बच्चों का भविष्य तय करता है। व्यवधान या अन्य कारणों से मूल्यांकन कार्य प्रभावित हुआ, तो खमियाजा बच्चों को भुगतना पड़ेगा।
स्कूल के प्राचार्य व मूल्यांकन केंद्र प्रभारी हेमेंद्र आचार्य ने कहा कि मूल्यांकन कार्य में शांति की जरूरत तो होती है। पहली खेप में पहुंची करीब 72 हजार में से 52922 कॉपियां जांच ली गई है। मूल्यांकन की गति से विश्वास है कि जांच समयावधि पूरी की जा रही है। इसलिए एनओसी जारी कर दिया।
एसडीएम उमेश साहू ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन में परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए स्कूल के प्राचार्य व मूल्यांकन केंद्र प्रभारी से एनओसी ली गई है। उनके एनओसी मिलने के बाद ही हमने हाई स्कूल मैदान में नामांकन रैली पूर्व सभा की अनुमति दी है।
आम चुनाव के मद्देनजर तीन दिनों में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अप्रैल। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लगते ही पुलिस अधीक्षक ने थाना-चौकी प्रभारियों को अवैध शराब निर्माण, बिक्री एवं परिवहन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिसके तहत् तीन दिनों में जिले की पुलिस ने 42 प्रकरण बनाकर 558 लीटर अवैध शराब जब्त कर 42 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
जिसमें थाना बसना में 11 प्रकरणों में 11 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 201.4 लीटर शराब कीमती 42000 रुपए, थाना बागबाहरा में 10 प्रकरणों में 10 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 160.8 लीटर शराब कीमती 34480 रुपए, थाना सरायपाली में 5 प्रकरणों में 5 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 111 लीटर शराब कीमती 22200 रुपए, थाना तेन्दूकोना में 4 प्रकरणों में 4 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 27.3 लीटर शराब कीमती 10060 रुपए, थाना पिथौरा में 04 प्रकरणों में 04 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 14.2 लीटर शराब कीमती 3000 रुपए, थाना पटेवा में 2 प्रकरणों में 2 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 12.3 लीटर शराब कीमती 4600 रुपए, थाना सांकरा में 2 प्रकरणों में 2 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 6.5 एमएल शराब कीमती 1300 रुपए, थाना सिंघोड़ा में 02 प्रकरणों में 2 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 14.5 लीटर शराब कीमती 3200 रुपए, थाना बलौदा में 1 प्रकरणों में 01 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 10 लीटर शराब कीमती 2000 रुपए, थाना महासमुंद में 1 प्रकरण में 1 आरोपी को गिरफ्तार कर कुल 6.3 लीटर शराब कीमती 2800 रुपए जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 31 मार्च। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ग्राम जामली में आयोजित रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर विधायक निधि से सामुदायिक भवन निर्माण के लिए पांच लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की। जिस पर ग्रामीणों ने विधायक श्री यादव का आभार जताया है।
जामली में ग्रामवासियों द्वारा रामायण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अतिथि के रूप में विधायक द्वारिकाधीश यादव शामिल हुए। विधायक श्री यादव ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि हम सभी को भगवान श्रीराम के बताए मार्ग पर चलने की जरूरत हैं रामायण हमें जीवन जीने की कला सीखाती है। छग प्रदेश मर्यादा पुरूषोत्तम राम का ननिहाल है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में जहां-जहां श्रीराम पधारे थे, वहां-वहां जगहों को चिन्हित कर जीर्णोद्धार करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मर्यादित जीवन जीकर भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए। श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने से जीवन का कल्याण सुनिश्चित होगा। श्रीराम के आदर्श वर्तमान युग में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने की रामायण काल में हुआ करते थे। भगवान राम का जीवन अपने वचन पर कायम रहने के साथ त्याग, तपस्या, भक्ति का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रामायण हमें सत्य के मार्ग पर चलने की सीख देता है, अंधरे से प्रकाश की तरफ ले जाता है, हमें बुराई से अच्छाई की तरफ ले जाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से बलराम चंद्राकर, जीवराखन सिन्हा, दयाराम साहू, खम्हन दीवान, राजेंद्र प्रसाद, पुनीत राम साहू, धनसिंग ठाकुर, देवचरण ध्रुव, अक्तुराम दीवान, सोनूराम ध्रुव, पुनाराम ठाकुर, तोषण ठाकुर, मोतीराम दीवान, गैंदूराम चंद्राकर, नारायण देवदास सहित ग्रामवासी मौजूद रहे।
पिथौरा, 31 मार्च। समीप के बार अभ्यारण्य में जंगल सफारी के दौरान एक पर्यटक डॉ. अवनीश कौर ने अपने मोबाइल से यह दुर्लभ तस्वीर ली। वन विभाग के अनुसार अक्सर पर्यटकों की वाहन देख कर भागने लगते हंै, परन्तु यह गौर (बायसन) डॉ. अवनीश को देख कर कुछ देर स्वयं पहले आराम से डबरी का पानी पिया, उसके बाद आराम से अपने बछड़े को दूध पिलाती रही। इस मौके पर डॉ. अवनीश ने अपने मोबाइल कैमरे में यह तस्वीर कैद कर ली।
कलार समाज के वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए विधायक
बागबाहरा, 31 मार्च। छग कलार समाज परिक्षेत्र खल्लारी का वार्षिक सम्मेलन ग्राम पोटिया में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव थे। अध्यक्षता मंडलेश्वर खल्लारी दानेश्वर प्रसाद सिन्हा ने की। अतिथि के रूप में कांगेस कमेटिबके शहर अध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर, सरपंच श्रीमती बेला द्वारिका प्रसाद सिन्हा, कलार समाज के अध्यक्ष युवराज सिन्हा, महिला मंच अध्यक्ष प्रमिला सिन्हा, प्रदेश युवा मंच के डागेश्वर सिन्हा, हुमन सिन्हा, पुनीत सिन्हा, रामकुमार डडसेना, शिवप्रसाद, भगवानी सिन्हा, राजेश सिन्हा, परस सिन्हा, देवेंद्र सिन्हा मौजूद थे।
मुख्य अतिथि विधायक श्री यादव ने कहा कि किसी भी समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा बहुत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही किसी समाज का मूलमंत्र है। किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। शिक्षा सिर्फ नौकरी तक ही सीमित नहीं है, बेहतर जीवनयापन के साथ राजनीति, व्यापार के क्षेत्र में जाने के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण साधन है।
उन्होंने कहा कि समाज को संगठित करने के लिए सामाजिक आयोजन व सामाजिक परिचर्चा की आवश्यकता है। विधायक श्री यादव ने समाज के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी सहित समाजिकगण बड़ी संख्या में मौजूद थ
महासमुंद, 31 मार्च। पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर में पुरानी रंजिश की बात पर आरोपियों ने प्रार्थी से गाली-गलौज की। पश्चात हाथ मुक्का से मारपीट कर चोट पहुंचाया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने प्रार्थी को जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना को लेकर प्रार्थी भागीरथी निषाद 62 वर्ष ग्राम सिंघनपुर ने रिपोर्ट लिखाई है। जिस पर पटेवा पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश उर्फ बालाराम निषाद के साथ उसके दो अन्य साथियों ग्राम सिंघनपुर निवासी के खिलाफ भादवि की धारा 294, 323, 506, 34 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।
महासमुंद, 31 मार्च। भारत सरकार की मुख्यमंत्री पोषण शक्ति आहार योजना के अंतर्गत पीएम बृजराज प्राथमिक शाला महासमुंद में अजय चोपड़ा ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर तथा पालक देवेश गोस्वामी ने स्वेच्छा से बच्चों को न्योता भोज कराया। इस अवसर पर संस्था प्रमुख गोमती साहू, संकुल समन्वयक सुरेन्द्र चन्द्राकर, शिक्षक देवेंद्र ठाकुर, मनीषा साहू, बिमलेश्वरी दुबे, नेहा चन्द्राकर, सुशान्त शेखर धराई, सुश्री दिव्या भारती साहू उपस्थित थे।
महासमुंद, 31 मार्च। लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत द्वितीय चरण के निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नाम निर्देशन के दूसरे दिन लोकसभा संसदीय क्षेत्र 9 महासमुंद के लिए 8 अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन फार्म खरीदे गए। जिन अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र खरीदे, उनमें रेखराम बाघ ग्राम बकमा बागबाहरा निर्दलीय, कालिया प्रसाद सेठ ग्राम तोरेसिंहा भारत विकास पार्टी, ताम्रध्वज साहू ग्राम पऊवारा दुर्ग इंडियन नेशनल कांग्रेस, मणिक लाल निषाद ग्राम नारी धमतरी निर्दलीय, मुकेश अग्रवाल सरायपाली निर्दलीय, विरेन्द्र चौधरी ग्राम बालसी सरायपाली भारतीय शक्ति चेतना पार्टी, बसंत सिन्हा ग्राम बावनकेरा बहुजन समाज पार्टी एवं आत्मानवरत्न नयापारा महासमुंद बहुजन समाज पार्टी शामिल है।
पहली से पांचवीं तक की परीक्षाएं 6 से 12 अप्रैल तक, छठवीं से आठवीं की परीक्षा को लेकर कोई आदेश नहीं आया-सावंत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31मार्च। जिले में भी चालू शिक्षण सत्र में अब पांचवीं, आठवीं की परीक्षाएं पूर्ववत सामान्य पुराने पैटर्न पर ही होगी। कहा जा रहा है कि आचार संहिता लागू होने के बाद पांचवीं, आठवीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर संचालनालय में किसी भी प्रकार का निर्णय नहीं लिया जा सका है। फलस्वरूप इस साल सामान्य परीक्षाएं ही होगी। आगामी 6 अप्रैल से लोकल परीक्षाएं प्रारंभ होने जा रही है। इसे लेकर स्कूलों में तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग 5वीं एवं 8 वीं बोर्ड परीक्षा आयोजित करने वार की तैयारी कर रहा है। पहली से 8 वीं तक की स्थानीय परीक्षाएं जिले में 6 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। ये परीक्षाएं 6 से 15 अप्रैल तक संचालित होंगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस भी संबंध में बोर्ड संबंधी प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया है। लेकिन लोक सभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने की वजह से इस पर अब तक अंतिम निर्णय नहीं हो सका।
प्रस्ताव के अनुसार 5वीं की परीक्षा जिला और 8 वीं की परीक्षा संभाग स्तर पर आयोजित की जानी है। माना जा रहा है कि देश में नि:शुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने के बाद से कक्षा पहली से आठवीं तक फेल-पास सिस्टम बंद कर दिया गया है। इसी के चलते 5 वीं एवं 8 वीं बोर्ड परीक्षा भी बंद हो गई है। इस सिस्टम के कारण शिक्षा गुणवत्ता में आ रही गिरावट और पढ़ाई को लेकर बच्चों, पालकों एवं शिक्षकों आरटीई लागू होने की बाद से फेल पास की जगह ग्रेडिंग सिस्टम द्वारा गंभीरता नहीं दिखाए जाने के कारण अब पुन: परीक्षा व्यवस्था लागू करने पांचवी एवं आठवीं की फिर से की तैयारी चल रही है।
महासमुंद के जिला शिक्षा अधिकारी मोहन राव सावंत का कहना है कि स्कूल शिक्षा मंत्री ने बोर्ड परीक्षा शुरू करने की घोषणा की थी। बोर्ड परीक्षा की नई व्यवस्था संभवत: आगामी शिक्षा सत्र से लागू की जाएगी। स्थानीय परीक्षाएं अधिकांश जिलों में प्रारंभ होने वाली हैं। पता चला है कि रायपुर जिले में पहली से 4थीं तक की परीक्षाएं 1 अप्रैल से प्रारंभ हो रही हैं। जिला शिक्षा कार्यालय ने परीक्षा की समय सारणी भी जारी कर दी है। पहली से पांचवीं तक की परीक्षाएं 6 से 12 अप्रैल और छठवीं से आठवीं की परीक्षा को लेकर कोई आदेश नहीं आया है। संभावना है अगले साल नई सत्र से बोर्ड हो जाए। फिलहाल 6 अप्रैल से सामान्य परीक्षा होगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मार्च। लोकसभा चुनाव के लिए दोनों प्रमुख दल भाजपा कांग्रेस अपने-अपने पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए जुटे हुए हैं और प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में दोनों ही दलों के प्रत्याशी धुंआधार जनसम्पर्क कर रहे हैं।
भाजपा है कि प्रवेश करने वाले काग्रेस नेताओं के कारण उत्साहित है। लेकिन पार्टी छोडक़र भाजपा प्रवेश कर रहे नेताओं को लेकर कांग्रेस में कोई भी चिंतित दिखाई नहीं दे रहे हैं। बल्कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार में जुटी है। भाजपा मोदी के चेहरे पर और कांग्रेस जातिगत मुद्दों के साथ मैदान में हैै। भाजपा में भी यही खेल चल रहा है। इनमें से भी कई लोग कांग्रेस प्रवेश कर रहे हैं। यह काम दोनों ही दलों में तेजी से रोजाना जारी है। इस बार का लोकसभा चुनाव भी बीते अन्य चुनावों की तरह ही है। दोनों ही दलों के कार्यकर्ता अपने नेताओं से संतुष्ट नहीं है।
गौरतलब है कि देश के सबसे बड़े चुनाव में महासमुंद लोकसभा हमेशा ही हाई प्रोफाइल सीट रही है। इस बार भी प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू व भाजपा सरकार की पूर्व संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी आमने-सामने चुनाव मैदान में हैं।
कांग्रेस अभी 100 दिन पहले तक प्रदेश की सत्ता में थी और भाजपा अभी प्रदेश के साथ केंद्र की सत्ता में भी काबिज है। भाजपा पूर्व में भी लगातार 15 वर्षों तक डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सरकार चला चुकी है। इतने लंबे समय तक प्रदेश में सरकार चलाने व वर्तमान में आदिवासी मुख्यमंत्री नियुक्त करने के बावजूद यह चुनाव प्रदेश स्तर के नेताओं को दरकिनार कर भाजपा मोदी के चेहरे पर लड़ रही है। जबकि कांग्रेस जातिगत समीकरण के अनुसार चुनावी मैदान में है। जिले में काफी समय से भाजपा बढ़त लेती आई है, पर इस बार संपन्न विधानसभा चुनाव में जिले की चार सीटों में भाजपा महासमुंद व बसना सीट ही जीत पाई। सरायपाली व खल्लारी सौट भारी अंतर से कांग्रेस ने जीती है।
भाजपा में जिस तरह रातों रात लोकप्रिय मुख्यमंत्री हो या संगठन पदाधिकारी, उन्हें बदल दिया जाता है। ठीक इसी तर्ज पर भाजपा इस लोकसभा चुनाव में करती दिख रही है। पूरे लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के पुराने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी से लगभग अलग कर उन्हें नई जिम्मेदारी के आश्वासन के साथ कांग्रेस से आए हुए नवप्रवेशी भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाने का काम जारी है। इससे भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता नाराज हैं।
भाजपा के कद्दावर हैं कि उन्हें मोदी के चेहरे पर इतना ज्यादा भरोसा है कि वे पुराने व वरिष्ठ नेताओं की भी परवाह नहीं करते हुए सुनियोजित चुनाव की तैयारियों में जुटे हंै। तैयारी चाहे जैसी भी हो लेकिन इस बार अजीत जोगी और विद्याचरण शुक्ल जैसी उम्मीदवारी देखने के लिए नहीं मिल रही है। भाजपाई मतदाताओं से अपील कर रहे हैं-मोदी को जिताना है। कांग्रेसी कह रहे हैं संविधान बचाना है। संविधान और मोदी के मुद्दे के बीच का रहस्य मतदाताओं की समझ से बाहर है।
महासमुंद, 31 मार्च। लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिए जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में मतदान दलों का प्रशिक्षण 31 मार्च से प्रारम्भ होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक द्वारा जिले में कुल 80 मास्टर ट्रेनर्स की नियुक्ति की गई है। इन मास्टर ट्रेनर्स के लिए वन प्रशिक्षण शाला महासमुंद में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू ने बताया कि मतदान दलों को प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए प्रपत्र 12 क भरवाया जाना है। इसके लिए उन्हें अपना मतदाता परिचय पत्र की फोटो कॉपी तथा चुनाव ड्यूटी आदेश की कापी लाना होगा।
प्रशिक्षण कक्ष में सभी को उनके मोबाइल में वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड कर अपना नवीनतम भाग संख्या तथा सरल क्रमांक पता कर फार्म में भरना होगा। इस अवसर पर जिला मास्टर ट्रेनर तोषण गिरि गोस्वामी ने पावर पॉइंर्ट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण देते हुए मतदान दलों को मतदान के पूर्व, मतदान के दौरान तथा मतदान के पश्चात किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार मतदान प्रारंभ होने का समय प्रात: 7 बजे से है। इसके डेढ़ घंटे पहले अर्थात 5.30 बजे मतदान दलों को मॉकपोल की प्रक्रिया प्रारंभ करना होगा।
बताया कि मॉक पोल में कम से कम 50 वोट डाले जाएंगे। मतदान समाप्ति के पश्चात पीठासीन अधिकारी कंट्रोल यूनिट का क्लोज बटन दबाना बिल्कुल ना भूलें। सामग्री वापसी स्थल पर मतपत्र लेखा की दो प्रतियां तथा पीठासीन अधिकारी की डायरी की दो प्रतियां जांच करवाने के बाद ही सामग्री जमा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह दोनों सर्वाधिक महत्वपूर्ण दस्तावेज हंै अत: इन्हें बहुत ही सावधानीपूर्वक तैयार किया जाना चाहिए और इन पर ओवर राइटिंग या काट छांट बिल्कुल ना हो।
प्रशिक्षण के दौरान सभी मास्टर ट्रेनर को मॉक पोल की प्रक्रिया, सी आर सी करना, वास्तविक मतदान के लिए मशीन की सीलिंग करना, हरी पत्र मुद्रा तथा स्पेशल टैग लगाने की विधि को प्रैक्टिकल करके बताया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री सावंत, प्रशिक्षण नोडल अधिकारी नंदकिशोर सिन्हा,संजय मांझी,आर के बारले उपस्थित थे।
————----
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मार्च। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा महासमुंद लोकसभा क्रमांक 09 के महासमुंद, खल्लारी, बसना व सरायपाली के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक मनीष कुमार दबास आई आर एस ने कल महासमुंद अंतर्गत चेक पोस्ट एसएसटी कनेकेरा एवं चिंगरौद का औचक निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने यहां तैनात स्थैतिक निगरानी टीम से जानकारी लेकर संधारित पंजी का अवलोकन भी किया। उन्होंने 24 घंटे सतत निगरानी के निर्देश दिए तथा किसी भी तरह के अवैध परिवहन और निकासी पर कड़ी नजर रखते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान लाइजनिंग अधिकारी एवं उप वनमंडलाधिकारी अब्दुल वहीद खान मौजूद थे।