बलरामपुर

बलरामपुर जिलाध्यक्ष व पूर्व जिलाध्यक्ष ने बृहस्पति के बयान पर जताई कड़ी आपत्ति
26-Jul-2021 9:11 PM
बलरामपुर जिलाध्यक्ष व पूर्व जिलाध्यक्ष ने बृहस्पति के बयान पर जताई कड़ी आपत्ति

कहा आज जिनकी बदौलत खड़े हैं, उन्हीं पर उठा रहे उंगली, कार्रवाई की मांग

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलरामपुर, 26 जुलाई।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के ऊपर बृहस्पति सिंह द्वारा दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। दोनों ने साफ लफ्जो में कहा कि विधायक बृहस्पति सिंह आज जिनके बदौलत खड़े हैं, उन्हीं पर उंगली उठा रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं। पूरा सरगुजा संभाग जानता है कि सिंहदेव का क्या स्वभाव है।

बलरामपुर कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए घटना को निंदनीय बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव पर लग रहे आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खुद ही शांति का दूत है वह क्या किसी को जान से मारने की साजिश रचेगा। जिस तरीके से विधायक बृहस्पति सिंह स्वास्थ्य मंत्री के ऊपर आरोप लगा रहे हैं, वह गलत है, मैं इसके लिए निंदा करता हूं। घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किस तरीके से विधायक स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। अगर वह अपने मांग पर डटे हैं तो हम भी विधायक से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता ने कहा कि रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह पर हुए हमले की हम निंदा करते हैं और नियम और कानून अनुसार कार्रवाई प्रशासन करे, इससे कोई परेशानी नहीं है, गलत हुआ है तो कार्रवाई  होगी। किन्तु विधायक बृहस्पति सिंह द्वारा दिये जा रहे उस बयान से कड़ी आपत्ति है, जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और सरगुजा महाराज टी.एस. सिंह देव पर हमला करवाने और जान से मरवाने का आरोप लगाया है। वे इस मामले में जबरन सियासत कर प्रदेश में स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंह देव की छवि को खराब करना चाहते हैं। आज वे यदि इतना बोल पा रहे हैं तो यह भी सरगुजा महाराज टी.एस. सिंह देव की ही देन है। चुनाव के दौरान कोई भी बृहस्पति सिंह के लिए काम करने को तैयार नहीं था, सब उनका विरोध कर रहे थे, दोनों ही विधानसभा चुनाव में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महाराज साहब के कहने पर कार्य किया है, नहीं तो वे चुनाव तक नहीं जीतते और आज आदिवासी शोषण की बात करते हैं। बृहस्पति सिंह को दोनों चुनाव में मिली उनकी जीत सरगुजा महाराज की देन है। यदि आदिवासियों का शोषण करते और उन्हें परेशान करते तो आज ये विधायक भी नहीं बनते।
सरगुजा राजपरिवार से हमारा पीढिय़ों से नाता रहा है, ये परिवार हमेशा से सौम्य, ईमानदार एवं लोगों को प्यार और प्रेम देने वाला है, इस तरह का बिना किसी तथ्य के गंभीर आरोप लगा कर पता नहीं बृहस्पति सिंह को क्या हासिल होना है और रही बात ढाई-ढाई साल की तो इसमें सब कुछ हाईकमान को तय करना है, इस मामले को यहाँ लेकर वे क्यों तूल दे रहे हैं, मुझे लगता है यह महाराज के खिलाफ कोई षडय़ंत्र है।

बलरामपुर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष रिपूजित सिंह ने कहा कि विधायक पर हमले में कार्रवाई हुई है, लेकिन इसके बाद भी विधायक बृहस्पति लगातार महाराज सरगुजा पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जो कि निंदनीय है और मैं तो सरगुजा महाराज से निवेदन करूंगा कि वे ऐसे आरोप लगाने वालों पर मानहानि का मुकदमा दायर करें। राजपरिवार के साथ हमारा ही नहीं पूरे सरगुजा का पीढिय़ों से नाता है, कभी इस परिवार ने इस तरह का कोई कृत्य नहीं किया, जिससे उनकी छवि खराब हो। रही बात जातिवाद की तो सरगुजा में अधिकतर पुराने लोगों की जमीन की जांच करिये सरगुजा सैटलमेंट के तहत राजपरिवार की देन है, उन्होंने हमेशा से सरगुजा के लोगों का हित किया है, उन पर अनर्गल आरोप लगाना और राजनीति करना बेहद निंदनीय है। हम ऐसे बयान का विरोध करते हैं।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के साथ विभिन्न समाज एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बृहस्पति सिंह पर निलंबन की कार्रवाई हो-नरेश राजवाड़े
सूरजपुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव नरेश राजवाड़े ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर बृहस्पति सिंह पर निलंबन की कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक बृहस्पति सिंह के बयान पर आपत्ति जताते हुए नरेश राजवाड़े ने कहा कि बृहस्पति सिंह किसी बड़े षड्यंत्र के तहत सरल, सौम्य व शांति के दूत टीएस सिंह देव पर आरोप लगा रहे हैं। विधायक बृहस्पति सिंह पर निलंबन की कार्रवाई हो। 

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष जफर हैदर ने भी बृहस्पति सिंह के बयान पर आपत्ति जताते हुए संगठन से बृहस्पति सिंह के ऊपर कार्रवाई की मांग की है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news