जशपुर

खाद संकट को ले भाजपा का धरना-प्रदर्शन
26-Jul-2021 8:49 PM
    खाद संकट को ले भाजपा का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पत्थलगांव, 26 जुलाई। किसानों को हो रही खाद संकट को लेकर हरियाणा पंचायती धर्मशाला के पास आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाजपाईयों ने राज्य की भूपेश सरकार के  खिलाफ जमकर हमला बोला। जशपुर जिले के प्रभारी गुरूपाल सिंह भल्ला, पूर्व अजजा आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष नन्दकुमार साय, जशपुर के युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला महामंत्री सुनील गुप्ता, जिपं सदस्य सालिक साय, किसान मोर्चा के अध्यक्ष मुनेश्वर केसर पत्थलगांव भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल सहित भाजपा किसान मोर्चा, भाजपा महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा एवं अन्य  कार्यकर्ता काफी संख्या में मौजूद रहे।

 गुरूपाल सिंह भल्ला ने राज्य की सरकार को हर मोर्चे पर असफल होकर काम करने किसानों को खाद जैसी महत्वपूर्ण चीजो को सही तरीके से नही देने को लेकर जम कर हमला बोला। कहा कि आज प्रदेश में किसानों की हालत जिस तरह राज्य सरकार ने की है,  उसके लिए भूपेश सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। जबकि किसान हमारे अत्र दाता है। उन्हीं के अथक मेहनत से राज्य सहित देश के लोगों को अन्न मिल पाता है। जिस तरह से किसानों को आज खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। उसे देख कर हमें बहुत दु:ख होता है। हम किसानों के बेहतरी के लिए कुछ भी कर सकते हैं। किसान हमारे अन्नदाता हैं।

नन्द कुमार साय ने भूपेश सरकार की नीतियों की जम कर आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य सहित जशपुर जिले के अन्न दाता को आज खेती के लिए सबसे ज्यादा जरूरी चीज खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। भूपेश सरकार खाद तक किसानों को उपलब्ध नहीं करा पा रही है। जबकि भूपेश सरकार सत्ता में आने से पहले किसानों के लिए ढेरों वादे किए थे, जिसे पूरा करने में राज्य सरकार पूरी तरह विफल रही है। हमारी पार्टी शुरू से ही किसानों के लिए काम करती रही है। देश का हर किसान अपनी मेहनत से देश के अत्र उगाता है। हर किसान के साथ पार्टी हमेशा से खड़ी है।

       यश प्रताप सिंह जूदेव ने मंच से भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि आप ही हमारी पार्टी की ताकत हो, अब समय आ गया है कि कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों को हर गांव हर शहर तक पहुँचा कर इनकी करनी और कथनी की पोल खोली जाए। आज किसान को खाद से लेकर सडक़ पानी जैसी चीजों के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि किसान अपने खेतों में दिन रात मेहनत कर अन्न पैदा करने जी जान लगाते हैं और उन्हीं किसानों को राज्य की सरकार खाद तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

भाजपा जिला महामंत्री सुनील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में बैठी कांग्रेस की सरकार किसान विरोधी सरकार है, जो सिर्फ अधिकारी के तबादले करने में मस्त है। जिससे राज्य के अधिकारी से लेकर कर्मचारियों में खासा रोष है। जल्द से जल्द अगर किसानों को राहत नहीं मिलती है, तो पूरे जिले के साथ प्रदेश भर में भाजपा इससे भी अलग अंदाज में आंदोलन लगातार करती रहेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news