गरियाबंद

किसान हितैषी होने का ढोंग मात्र कर रही है भूपेश सरकार
20-Jun-2021 6:38 PM
 किसान हितैषी होने का ढोंग मात्र  कर रही है भूपेश सरकार

   भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजिम, 20 जून। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार भाजपा किसान मोर्चा राजिम मंडल के नेतृत्व में भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलटुकरी स्थित सहकारी समिति अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। 

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष राहुल सेन, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष लाला साहू ने बेलटुकरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में वहां के प्रभारी से चर्चा कर जानकारी मांगी। उन्होंने इस उपार्जन केंद्र अंतर्गत विगत विपणन वर्ष में खरीदी और उठाव के बारे में चर्चा की। उपार्जन केंद्र प्रभारी ने बताया कि 1711 किसानों से 64625 क्विंटल धान खरीदी किया गया, जिसमें 49152 राईस मिलर्स को एवं 15300 क्विंटल धान संग्रहण केंद्र में भेजा गया। इसके अलावा 172 क्विंटल धान अभी भी उपार्जन केंद्र में पड़ा हुआ है तथा देरी से उठाव करने के कारण 77 क्विंटल धान सुखत आया है।
 जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने कहा कि प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार किसान हितैषी होने का ढोंग मात्र कर रही है और किसान की मेहनत को उपार्जन केंद्रों में सड़ाकर व सूखाकर सहकारी समितियों को कर्ज के बोझ तले दबाने पर विवश कर रही है। यह तो सिर्फ  एक ही उपार्जन केंद्र की स्थिति है, ऐसी हालत पूरे प्रदेश में निर्मित हो चुकी है। प्रदेश भर में सरकार की गलत विपणन नीतियों के कारण हजारों टन धान खराब होने की कगार पर है और सहकारी समितियां कंगाल होने की कगार पर खड़ी है। 

भाजपा जिला कोषाध्यक्ष राहुल सेन ने कहा कि सरकार जानबूझकर उपार्जन केंद्रों में धान को सड़ा रही है, जिससे वो भ्रष्टाचार को अंजाम दे सके, लेकिन भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार की प्रत्येक जनविरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला करेगी। बेलटुकरी जैसे छोटे से संग्रहण केंद्र में 77 क्विंटल सुखत आने से सहकारी समितियों पर अतिरिक्त भार आएगा। इसी प्रकार कई समितियां डूबने के कगार पर है और उनके पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने तक के पैसे नहीं है। 
इस दौरान किसान मोर्चा मंडल महामंत्री शेखर साहू, कोषाध्यक्ष लखन साहू, जनपद सदस्य दीपक साहू, कमलनारायण देवांगन, हरिश्चन्द साहू, चंद्रिका साहू, नारायण साहू, कोमल साहू, मोहित साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news