दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 6 मई। दंतेवाड़ा में नक्सली उन्मूलन अभियान में पुलिस को कामयाबी मिली है। संयुक्त पुलिस दल द्वारा कटेकल्याण थाना अंतर्गत मुनगा के जंगलों से डीएकेएमएस अध्यक्ष सहित दो नक्सलियों को बुधवार को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि पुलिस को मुनगा के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस दल को रवाना किया गया। पुलिस दल के जंगलों में पहुंचने पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। उक्त संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। इनकी शिनाख्त डीएकेएमएस अध्यक्ष हिड़मा कोवासी (21) निवासी ग्राम चिकपाल के रूप में हुई। नक्सली विभिन्न अपराधों में भागीदार था। शासन द्वारा उक्त कैडर के नक्सली की गिरफ्तारी पर 1 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। इसी कड़ी में केएएमएस सदस्या मोटली माड़वी(20) निवासी ग्राम गादम को भी गिरफ्तार किया गया।