बलौदा बाजार

लॉकडाउन के 22 दिनों में 113 मौतें, 16 हजार संक्रमित मिले, पाबंदियों से आर्थिक संकट से जूझ रहे व्यापारी
04-May-2021 5:42 PM
लॉकडाउन के 22 दिनों में 113 मौतें, 16 हजार संक्रमित मिले, पाबंदियों से आर्थिक संकट से जूझ रहे व्यापारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 4 मई।
बलौदाबाजार जिले में 11 अप्रैल से तीन फेस में लगाया गया लॉकडाउन दो दिन बाद 6 मई को खत्म हो जाएगा। गुरुवार से पूरी नहीं तो कम से कम आंशिक छूट मिलने की उम्मीद सभी कर रहे हैं, लेकिन इसका फैसला लॉकडाउन के दौरान संक्रमण की स्थिति का आंकलन करने के बाद ही किया जाएगा। जिले में अभी कोरोना नियंत्रित होता जा रहा है, लेकिन मौतों का आंकड़ा कम नहीं हो पा रहा है। अगले 24 घंटे की स्थिति को देखने के बाद ही छूट या लॉकडाउन को बढ़ाने पर निर्णय किया जाएगा।

लॉकडाउन के 22 दिनों में 113 लोगों की जान गई है, जबकि इस अवधि में कुल 16 हजार 231 नए संक्रमितों की पहचान की गई है, मगर इसी अवधि में 11 हजार 571 मरीज ठीक भी हुए हैं। अच्छा संकेत यह है कि लगभग 8 हजार मरीज तो केवल पिछले 6 दिनों में ही ठीक हुए हैं। लॉकडाउन बढ़ाने या नहीं बढ़ाने को लेकर प्रशासन की समीक्षा में इन आंकड़ों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। अगले 24 घंंटे की स्थिति अहम होगी। संक्रमण नियंत्रण दर कम होने के साथ स्वस्थ होने वाले मरीजों की रफ्तार भी ऐसी ही रही तो आंशिक राहत मिल सकती है।

बाजार खोलने के पक्ष में चैंबर
चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष जुगल भट्टर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बाजार को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक छूट दी जाए। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से चर्चा के बाद निर्णय लेने की बात कही है। बाजार को सुबह 6 से 2 बजे तक छूट मिलने की संभावना है।

आर्थिक संकट से परेशान कारोबारी
कोरोना विस्फोट के बाद जिले में लागू पाबंदियों के दौरान आर्थिक संकट से गुजर रहे व्यापारियों का कहना है कि कोरोना नहीं उन्हें आर्थिक संकट मार रहा है। सावधानियों के साथ आर्थिक गतिविधियों को शुरू किया जा सकता है। लगातार 2 साल से लॉकडाउन की भेंट चढ़ रहे शादियों वाले इस सीजन में हमें थोड़ी बहुत उम्मीद अब 14 मई को होने वाले त्योहार अक्षय तृतीया से है। अगर सीमित समय के लिए भी बाजार खुलता है तो बड़े आर्थिक संकट से जूझ रहे हम व्यापारियों को भी कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

11 अप्रैल से लगाया गया है लॉकडाउन
जिले में कोरोना की स्थिति बेकाबू होने के बाद कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने 11 अप्रैल से 21 अप्रैल तक पहली बार लॉकडाउन के आदेश दिए थे। कोरोना पॉजिटिव की संख्या में कमी नहीं आने पर दोबारा लॉकडाउन की अवधि बढ़ाकर 29 अप्रैल तक की गई। इसके बाद भी रोज करीब 500 से ज्यादा केस आ रहे थे, जिससे लॉकडाउन को 6 मई की सुबह 6 बजे तक बढ़ाया गया, लेकिन बीते 4-5 दिनों से कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में तेजी से गिरावट आई है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन लॉकडाउन में आंशिक छुट दे सकती है।

अध्ययन के बाद प्रशासन फैसला लेगा-कलेक्टर
कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने कहा 6 मई से छूट मिलेगी या लॉकडाउन और आगे बढ़ेगा या फिर इस पर आंशिक राहत दी जाएगी, इसका फैसला लॉकडाउन के 26 दिनों में तब और अब की स्थिति से राज्य शासन को अवगत कराने के बाद ही प्रशासन फैसला लेगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news