सरगुजा
युकां के पदाधिकारियों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 7 मार्च। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा नवनियुक्त युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों के सम्मान में शनिवार की शाम कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र तिवारी ने कहा कि युवा साथियों ने कोविड-19 संक्रमण के दौरान दिखा दिया है कि हम काफी कुछ अच्छा कर सकते हैं और आप सभी अच्छा काम कर भी रहे हैं, अच्छे काम को और आगे बढ़ाने की जरूरत है और बेहतर तरीके से करने की जरूरत है। अपनी ऊर्जा और अपनी ताकत को पूरी क्षमता के साथ लगाना है। हर बूथ पर 10 युवक तैयार करना और सरकार के कामकाज को पूरी तरह से लोगों को बताना है ताकि युवाओं के माध्यम से बेहतर और प्रभावी ढंग से लोगों तक अपनी बात पहुंचा सके और आने वाले समय में आप सभी के काम का बेहतर नतीजा निकल कर के आए, ऐसा प्रयास होना चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि हम सब को गर्व है कि हम उस पार्टी के सदस्य हैं पदाधिकारी हैं, जिस पार्टी में कभी महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, गोपाल कृष्ण गोखले जैसे कई महान लोग शामिल थे। उस दौर में लड़ाई अलग थी कांग्रेस का काम अलग था आज कांग्रेस का काम अलग है। आज हमारी लड़ाई भाजपा से है और भाजपा की तरह विचारधारा रखने वाले लोगों से है, भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिस तरह से भ्रामक प्रचार कर रहे हैं सोशल मीडिया पर गलत बातें फैला रहे हैं, उनके खिलाफ हमें खुलकर तथ्यात्मक बातें रखते हुए लोगों तक सच को पहुंचाना होगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में जो काम हमारी सरकार कर रही है, उसके बारे में भी भ्रामक प्रचार फैलाया जा रहा है, लोगों को गुमराह किया जा रहा है भ्रम फैलाया जा रहा है, इन सभी बातों पर कांग्रेस के पक्ष को सोशल मीडिया से लेकर सडक़ों चौक-चौराहों पर भी रखने की जरूरत है। हमें अपने काम पर ध्यान देना है जनता की परेशानियों में हर वक्त साथ खड़ा होना है।
युवक कांग्रेस के सामरी विधानसभा अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि युवक कांग्रेस के हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता को उसके नाम से लोग जाने, इसके बजाय काम से लोग जाने, हम सभी को ऐसा काम करना है। कांग्रेस के नीति को जन-जन तक पहुंचाना है, सरकार के कार्यक्रमों को पहुंचाना है और हमें अपना बेहतर से बेहतर प्रदर्शन पार्टी में करके दिखाना है, इस संकल्प के साथ हम सभी को आने वाले समय में काम करना है।
कार्यक्रम को नगर पंचायत पार्षद व जिला योजना समिति के सदस्य पूरनचंद जायसवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जितेंद्र गुप्ता,जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष श्रीमती खोरेन खलखो सहित सुरेश सोनी व सोशल मीडिया संयोजक रवि सोनी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन ब्लॉक युवक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल भारती ने किया। इस दौरान विकास बंसल विद्यानंद दुबे, बबलू खान, प्रमोद ठाकुर बृजेश मिश्रा उर्फ चिटु एवं युवक कांग्रेस के जिला व विधानसभा स्तरीय राजपुर ब्लॉक के दुर्गेश जयसवाल, नूतन खलखो, अंकुर गुप्ता, सरजू राम, आलोक सिंह अर्जुन यादव, सुश्री इंजर कुजुर, रूपेश यादव दिनेश यादव, नरेंद्र शांडिल्य, राहुल भारती भी मौजूद थे।