कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 जनवरी। कोण्डागांव आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार व केंद्र सरकार के विरोध में जिला मुख्यालय में 24 जनवरी को जिला कार्यालय में चेतावनी धरना दिया।
धरने में किसान नेता महरु नेताम के नेतृत्व में प्रदेश व अन्य किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
ब्लॉक अध्यक्ष राम देव नेताम ने सख्त लहजे में कहा कि, अब तक केंद्र सरकार अपने कारोबारी मित्रों के हित में कानून बनाती रही। हम इन्हें उखाड़ कर फेंकने के लिए तैयार हैं। इधर राज्य सरकार सिर्फ दिखावा कर किसान हितैषी बनने का ढोंग कर रही है। भाजपा अपनी ओछी हरकतों से बाज आएं व अन्नदाताओं से तुरंत माफी मांगे। बारदाने की व्यवस्था कर एकमुश्त रकम अदायगी की व्यवस्था की जाना चाहिए, नहीं तो हम अपनी आवाज और बुलंद कर जनता के बीच जाएंगे।
आम आदमी पार्टी के साथ आमजन की भी भागीदारी रही है और सभी ने अधिक से अधिक संख्या में इस आंदोलन में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाया।