‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 मार्च। श्रमिकों को अब 5 रूपए में भरपेट खाना मिलेगा, जिससे उनके समय में बचत होगी। इसके लिए जिले में 19 मार्च को शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना की शुरूआत हो गई है। तहसील कार्यालय के पास गांधी मैदान धमतरी में नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने इसकी शुरूआत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वकर्मा जयंती पर 17 सितम्बर को इस योजना की शुरुआत की थी। धमतरी जिले में योजना की शुरुआत हुई है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों का उत्थान ही हमार संकल्प है। योजना के तहत श्रमिकों को 5 रुपये में पौष्टिक और स्वादिष्ट भरपेट खाना मिलेगा। अब श्रमिकों को टिफिन लाने की जरूरत नहीं है, इससे श्रमिकों के समय की बचत होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रहे हैं। गरीबों को दिए जाने वाले नि:शुल्क चावल भी उन्हीं की देन है। इस अवसर पर महापौर रोहरा सहित जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित श्रमिकों को खाना भी परोसा।
समारोह में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा अनुरूप प्रदेश में श्रमिकों, महिलाओं, युवाओं, किसानों आदि के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं। इससे सभी को सम्मान और समानता का अधिकार मिलेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने कहा कि शासन द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसमें एक और योजना जुड़ गई है, वह है शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना। इससे श्रमिकों को 5 रूपए में भरपेट खाना मिलेगा, जिससे उनके समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बिना विकास और निर्माण कार्य संभव नहीं हैं और उनके बिना विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती। प्रकाश बैस ने कहा कि शासन की योजनाओं से लोग अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे आना होगा। इसके लिए बच्चे अपने आत्मविश्वास को मजबूत करें। कार्यक्रम में श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत एक हजार से ज्यादा श्रमिकों को एक करोड़ 54 लाख प्रदाय किए गए। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शहरवासी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।