क्रॉस वोटिंग की आशंका, अलर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 16 मार्च। स्थानीय नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए 18 मार्च को निर्वाचन होगा।
ज्ञात हो कि अध्यक्ष पद पर सिधे चुनाव में देवसिंह निषाद ने शानदार जीत दर्ज की थी।इसके अलावा 8 पार्षद कांग्रेस एवं 7 पार्षद भाजपा के जीते थे जिसमें वार्ड क्र 12 की महिला पार्षद ने चुनाव जितने के 24 घँटे के भीतर ही भाजपा प्रवेश कर लिया था जिससे परिषद में पार्षदो की संख्या भाजपा 8 और अध्यक्ष मिला कर 9 जबकि कांग्रेस के पार्षदो की संख्या घट कर 7 रह गयी थी।
अधिकृत आंकड़े देख कर तो लगता है कि उपाध्यक्ष पद भाजपा की झोली में ही जायेगा परन्तु विगत दिनों एक कांग्रेस पार्षद की जीत की बधाई देते फ्लैक्स में भाजपा के युवा नेताओ का दबदबा था। इस कांग्रेस पार्षद को बधाई देने में कांग्रेस से अधिक भाजपा के नेता दिखे। इस बैनर में भाजपा कांग्रेस का अद्भुत संगम दिखाई दिया।
क्रॉस वोटिंग की आशंका
वैसे भाजपा में उपाध्यक्ष पद हेतु 5 बार के पार्षद आदिवासी तेज तर्रार नेता मन्नू लाल ठाकुर एवं दूसरी बार पार्षद बने वीरेंद्र तिवारी का नाम चर्चा में है। परन्तु इन सबसे हटकर भाजपा के ही एक शक्तिशाली गुट ने कांग्रेस के एक पार्षद आशु अग्रवाल को भाजपा प्रवेश करवा कर उसे उपाध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा था। परन्तु नगर पंचायत अध्यक्ष एवम संगठन के नेताओ ने भाजपा की टिकट पर जीते पार्षद को ही उपाध्यक्ष बनाने की मांग रखी थी।
उक्त चर्चाओं के बाद नगर में लगे फ्लैक्स में भाजपाइयों के चेहरे देखकर क्रॉस वोटिंग की यह सम्भावना भी कही न कही देखी जा रही है। बहरहाल, अब 18 मार्च को ही पता चलेगा कि भाजपा संगठन किसे उम्मीदवार घोषित करेगा और घोषित उम्मीदवार जीत पायेगा या नहीं।