‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 12 मार्च। दंतेवाड़ा जिले का वार्षिक महापर्व फागुन मंडई का आठवां नगर भ्रमण बुधवार को पूर्ण हुआ। इस अवसर पर 750 से अधिक देवी-देवताओं और बस्तर आराध्य दंतेश्वरी देवी के छत्र ने नगर का भ्रमण किया।
ज्ञात हो कि फागुन मेले के आठवें सोपान अंतर्गत दोपहर को समूचे जिले के देवी देवताओं और आंगा देव का नगर भ्रमण होता है। उसके उपरांत शाम को आंवलामार की परंपरा का निर्वहन होता है। इस दौरान हजारों ग्रामीण देवी - देवताओं के स्वागत हेतु पहुंचते हैं। भ्रमण के दौरान देवी देवताओं द्वारा दंतेश्वरी मंदिर से आरंभ होकर शीतला माता मंदिर और नारायण मंदिर आदि स्थान से होकर पुन: मंदिर में पहुंचते हैं।
बस्तर राजपरिवार के कमल चंद्र भंजदेव मंगलवार को दंतेवाड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दंतेश्वरी देवी की डोली के साथ नगर भ्रमण किया। इसी क्रम में बुधवार को आठवें नगर भ्रमण में दंतेश्वरी देवी की डोली के साथ रहे। उल्लेखनीय है कि कमल चंद्र भंजदेव प्रतिवर्ष फागुन मेले के दौरान शामिल होते हैं। आठवें नगर भ्रमण की उपरांत होली पर्व की तैयारी शुरू होती है।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जिला पंचायत सदस्या कमल नाग और तहसीलदार विनीत कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।