‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 12 मार्च। भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री और एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल के निवास सहित 14 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 11 मार्च को जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) ने नेहरू चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईडी का पुतला दहन किया। दोपहर में कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता एकत्र हुए और ईडी मुर्दाबाद, तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाते हुए नेहरू चौक पहुंचे। पुलिस ने पुतला जब्त करने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चकमा देते हुए दो बार पुतला दहन कर दिया।
इस दौरान शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को लांघने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र सरकार डर और दमन की राजनीति कर रही है। ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने सवाल उठाया कि ईडी की छापेमारी भूपेश बघेल पर हुई, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के परिवार से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने और विपक्ष को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि देश अघोषित आपातकाल से गुजर रहा है और भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक रश्मि आशीष सिंह, पूर्व महापौर रामशरण यादव, प्रदेश संयुक्त महामंत्री देवेंद्र सिंह, पंकज सिंह, समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।