रायगढ़

22 किलो गांजा संग दो आरोपी गिरफ्तार
10-Mar-2025 7:32 PM
22 किलो गांजा संग दो आरोपी गिरफ्तार

  कार, बाइक समेत 21 लाख की संपत्ति जब्त  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 मार्च। लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम सोनाजोरी में 22 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 21 लाख से अधिक की संपत्ति भी जब्त की गई है।

विदित हो कि 2 मार्च को साइबर सेल और लैलूंगा पुलिस की टीम ने ग्राम चिटकानारा में रेड कर आरोपी गोजा यादव से 9 किलो गांजा जब्त किया था। आरोपी से मिली अहम जानकारी पर क्षेत्र में गांजा बेचने वालों पर पुलिस निगाह रखी हुई थी कि कल पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी केशव यादव और उसका साथी नत्थू उर्फ लुदरो अवैध रूप से गांजा की बिक्री में संलिप्त हैं।

बीते 1 मार्च को दोनों ने ओडिशा के रेडाखोल बौध इलाके से गांजा खरीदकर लाने की योजना बनाई और क्रेटा कार से ओडिशा जाकर गांजा लेकर आए थे। आरोपियों ने गांजा लाकर इसकी बिक्री शुरू की।

उन्होंने कुछ गांजा बेचा, लेकिन पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते गांजा बेच नहीं पा रहे थे और करीब 22 किलो गांजा ग्राम सोनाजोरी स्थित नवनिर्मित मकान में छिपाकर रखा गया था।

मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के बाद साइबर सेल डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के नेतृत्व में लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी केशव यादव और नत्थू को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 22 किलो गांजा (11-11 किलो की दो बोरियों में रखा हुआ), एक क्रेटा कार  (कीमत 17 लाख), एक दोपहिया वाहन (कीमत 2 लाख), और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य 21.20 लाख आंकी गई है।

पूछताछ में केशव यादव ने कबूल किया कि गांजा बिक्री के मुनाफे से उसने एक क्रेटा कार, एक दोपहिया वाहन, और ग्राम सोनाजोरी व रूडेकेला में करीब 51 लाख की जमीन खरीदी है।

लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर अपराध कायम किया है। पुलिस मामले की आगे भी जांच कर रही है।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news