‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 7 मार्च। गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम गुरेदा में एक युवक ने बीती रात आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अर्जुंदा निवासी महेंद्र कुमार देवांगन के रूप में हुई। युवक की उम्र 28 साल है। बताया जा रहा है कि वह पत्नी से मिलने ससुराल गुरेदा आया था।
महेंद्र कुमार देवांगन चंद्रपुर में अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहता था। रोजी मजदूरी का काम करता था। तीन साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था।लेकिन शादी के बाद अक्सर झगड़े के चलते उसकी पत्नी पिछले सालभर से मायके में ही रह रही थी। वह अक्सर पत्नी से मिलने ससुराल गुरेदा जाया करता था। बुधवार को भी वह पत्नी से मिलने ससुराल गुरेदा गया था।रात में ही उसने ससुराल के पीछे खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
गुरुवार सुबह होते ही गांव वालों को इसके बारे में पता चला। घटना की खबर मिलते ही गुंडरदेही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।लोगों से पूछताछ की।पुलिस को मृतक की जेब से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है. जिसके बारे में पुलिस ने फिलहाल खुलासा नहीं किया है।
गुंडरदेही थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि दुखद घटना घटी है। जांच में ये बात सामने आई है कि आपसी पारिवारिक विवाद था और उसकी पत्नी सालभर से मायके में रहती थी। युवक बार-बार पत्नी को मायके से लाने के लिए गांव जाता था लेकिन उसकी पत्नी आने से मना कर देती थी, जिसके कारण युवक ने ये घातक कदम उठाया है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।