महासमुन्द

तुमगांव में चौंकाने वाले नतीजे, कांग्रेस तीसरे नंबर पर
17-Feb-2025 3:00 PM
 तुमगांव में चौंकाने वाले नतीजे,  कांग्रेस तीसरे नंबर पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 फरवरी।
नगर पंचायत तुमगांव में निर्दलीय प्रत्याशी बलराम कांत साहू ने भाजपा, कांग्रेस को पछाड़ते हुए बड़ी जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। 

भाजपा ने नगर पंचायत के निवर्तमान सभापति धर्मेंद्र यादव को अपना प्रत्याशी बनाया था। वहीं कांग्रेस ने पूर्व एल्डरमेन हर्ष शर्मा को पर भरोसा जताया। बलरामकांत साहू को कुल 2974 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव को 1255 वोट प्राप्त हुए। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के हर्ष शर्मा रहे। उन्हें 634 मतों पर संतोष करना पड़ा। 

मालूम हो कि बलराम कांत साहू ने मतदान के हफ्ते दिन पहले ही एक प्रेसवार्ता कर जानकारी दी थी कि रात में उनके घर में कुछ लोग बलात घुस आए थे और उन्हें मारपीट करते हुए नाम वापस लेने की धमकी दे रहे थे। इस बाबत उन्होंने भाजपा के कुछ बड़े पदाधिकारियों के खिलाफ तुमगांव थाने में मारपीट का आरोप लगाया था। 

अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बलरामकांत ने जनता को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि निर्दलीय रूप से चुनावी रण में उतरने पर उन्हें तरह-तरह से परेशान किया गया। लोगों ने परिवार पर भी चुनाव मैदान छोडऩे का दबाव बनाया लेकिन जनता के प्यार व विश्वास ने उन्हें चुनावी मैदान में डटे रहने की हिम्मत दी। तुमगांव के लोगों के प्यार व आशीर्वाद ने मुझे अध्यक्ष बनाया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस व भाजपा को लोगों ने पसंद नहीं किया। यहां 26 लोगों ने अध्यक्ष प्रत्याशियों के खिलाफ और 50 लोगों ने पार्षदों को नापसंद करते हुए नोटा का बटन दबाया। सर्वाधिक वार्ड 5 के 11 लोगों ने नोटा का बटन दबाया है। वहीं वार्ड 6 के 10 और वार्ड 15 के 5 लोगों ने नोटा का चयन किया है। इस प्रकार 76 लोगों को अध्यक्ष व पार्षद प्रत्याशियों को नापसंद करते हुए नोटा में मतदान किया है।

मालूम हो कि नपं तुमगांव अध्यक्ष पद हेतु कुल 4 प्रत्याशी मैदान में थे। निर्दलीय एमआर कुरें भी मैदान में उतरे थे। उन्हें केवल 30 वोट ही मिले। तुमगांव में कांग्रेस के केवल 4 पार्षद ही जीते हैं। इस पर नवनिर्वाचित नपं अध्यक्ष बलरामकांत साहू ने कहा कि नगर विकास के लिए कांग्रेस.भाजपा या निर्दलीय मायने नहीं रखता। हम सभी एक ही नगर के निवासी हैं। तुमगांव का विकास हम सभी की जिम्मेदारी है। दलगत राजनीति से उपर उठकर सभी को साथ लेकर नगर का विकास करेंगे। जनप्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए बनते हैं। आपसी खींचतान के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार मिला। अब उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। 

नगर पंचायत तुमगांव चुनाव में जीते हुए अध्यक्षों एवं पार्षदों में अध्यक्ष बलराम कांत साहू निर्दलीय, 1 वार्ड चोवाराम टांडेकर निर्दलीय, 2 गौतम सिन्हा कांग्रेस,3 गौरी साहू कांग्रेस,4 लता यादव कांग्रेस,5 शिव यादव कांग्रेस,6 राकेश धीवर बीजेपी,7 धनेश्वरी साहू बीजेपी,8 भारती शुभम टंडन बीजेपी,9 भुनेश्वर साहू बीजेपी,10 फत्ते निर्मलकर बीजेपी,11रामशरण निर्मलकर निर्दलीय,12रोहित साहू निर्दलीय, 13 सावित्री उत्तम निर्मलकर निर्दलीय,14 शत्रुघ्न निषाद निर्दलीय,वार्ड 15 से दुकालू ध्रुव बीजेपी शामिल हैं। 
 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news