भखारा में रिकॉर्ड 92.63 फीसदी, सबसे कम धमतरी में 71.28 फीसदी मतदान
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
धमतरी, 12 फरवरी । नगर निगम धमतरी समेत 5 नगर पंचायतों के अध्यक्ष, महापौर समेत 325 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। मतदान के इस महापर्व पर सभी 6 निकायों में 76.10त्न मतदान हुआ है। सबसे अधिक नगर पंचायत भखारा में 92.63त्न और सबसे कम नगर निगम धमतरी में 71.28त्न मतदान हुआ।
नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत जिले के सभी नगरीय निकायो में शांतिपूर्ण मतदान के बाद मतदान दलों की वापसी शुरू हो गई है। वितरण केंद्र बीसीएस कॉलेज परिसर में कलेक्टर नम्रता गांधी ने वापस लौट रहे मतदान दलों का स्वागत किया। धमतरी नगर निगम और सभी 5 नगर पंचायतों में मंगलवार को कुल 76.10 प्रतिशत मत पड़े।
जिले के नगरीय निकाय निर्वाचन में 77.10 प्रतिशत पुरुष और 75.19 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने नगर सरकार चुनने के लिए वोटिंग की। सबसे अधिक मतदान भखारा नगर पंचायत में हुआ। भखारा में 92.63 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
धमतरी नगर निगम क्षेत्र में 71.28 प्रतिशत, नगर पंचायत आमदी में 89.47 प्रतिशत,नगर पंचायत कुरुद में 82.66 प्रतिशत वोट पड़े। मगरलोड नगर पंचायत में 89.43 प्रतिशत और नगर पंचायत नगरी में 83.41 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। जिले में नगर पंचायत भखारा में सबसे अधिक 94.20 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने वोटिंग की, वहीं भखारा नगर पंचायत में ही सबसे अधिक 91.14 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने वोट डाले।
देर-रात तक लौटे वोटिंग के बाद स्ट्रांग रूम
धमतरी नगरीय निकायों में शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया के बाद मतदान दल स्ट्रांग रूम लौट रहे हैं। कलेक्टर नम्रता गांधी ने मतदान दलों का स्वागत किया। नगर निगम के महापौर, अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्वक संपन्न हुई। कलेक्टर गांधी ने सभी मतदान दलों को शांतिपूर्वक मतदान कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर बधाई दी।
ईवीएम मशीनें स्ट्रांग रूम में जमा
धमतरी कलेक्टर ने बताया कि मतदान केंद्रों से मत पेटियों को स्ट्रांग रूम तक ले जाया जा रहा है। वहां इनका मिलान किया जाएगा और फिर ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रूप से जमा कर दिया जाएगा। इसके बाद, मत पेटियों को सील कर दिया जाएगा। मतगणना के दिन स्ट्रांग रूम को खोला जाएगा और ईवीएम मशीनों को बाहर निकालकर काउंटिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मतदान केन्द्रों का एसपी ने किया निरीक्षण
एसपी आंजनेय वाष्र्णेय ने नगर निगम स्कूल समेत अन्य मतदान केन्द्रों पर निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। उन्होंने लगातार मतदान केन्द्रों का निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की। चुनाव के पूर्व जिला पुलिस बल द्वारा कुरूद अनुभाग में पैदल पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च किया था। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के चलते नगरीय निकाय चुनाव-2025 में लोगों ने स्वतंत्र और निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में जिला पुलिस बल, डीएसएफ, होमगार्ड, फारेस्ट गार्ड, कोटवार, सेक्टर अधिकारी, पुलिस आदि ने पेट्रोलिंग कर शांति पूर्ण चुनाव संपन्न कराया।
भखारा नपं में रिकॉर्ड 92.63 फीसदी मतदान
नगर पंचायत- 2014- 2019- 2025
भखारा- 92.01- 93.00- 92.63 फीसदी
कुरूद- 83.51- 86.20- 82.66 फीसदी
मगरलोड- 88.95- 91.99- 89.43 फीसदी
नगरी- 80.51- 82.25- 83.41 फीसदी
आमदी- 90.16- 90.59- 89.47 फीसदी