कांकेर

कांकेर नपा: शहर सरकार चुनने मतदाताओं ने दिखाया उत्साह, 81.13 फीसदी मतदान
11-Feb-2025 9:59 PM
कांकेर नपा: शहर सरकार चुनने मतदाताओं ने दिखाया उत्साह, 81.13 फीसदी मतदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 11 फरवरी। कांकेर नगरपालिका परिषद अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र ठाकुर और भाजपा प्रत्याशी अरूण कौशिक के मध्य कांटे की टक्कर है। नगरपालिका कांकेर में कभी पराजित नहीं हुई कांग्रेस  व दो- दो बार  जीत दर्ज करने वाले ठाकुर दंपति के लिए यह चुनाव आसान नहीं होगा। परिणाम चौंकाने वाला भी हो सकता है।

नगर चुनाव में जिले के मतदाताओं ने काफी उत्साह दिखाया। जिले में आज संध्या पांच बजे तक मिली रिपोर्ट के अनुसार लगभग 81.13 प्रतिशत मतदान हुआ। छिटपुट विवादों के अलावा  शांति पूर्वक मतदान हुआ।

   जिला मुख्यालय के पालिका परिषद के हुए चुनाव में चार प्रत्यासी मैदान में हैं। जिसमें भाजपा प्रत्यासी अरूण कौशिक और कांग्रेस के जितेंद्र ठाकुर के मध्य सीधा मुकाबला है। आमआदमी पार्टी के मोहन सेनापति और निर्दलीय प्रत्यासी संजयपुरी गोस्वामी भी चुनाव मैदान में  हैं। मतगणना के बाद ही पता चलेगा कि कौन कितने पानी में है। नगरपालिका परिषद में दो बार अध्यक्ष पद रह चुके  कांग्रेस के ठाकुर दंपति और प्रमुख प्रतिद्वंदी भाजपा के कौशिक दंपति के मध्य इस बार भी सीधा  टक्कर है।

 दो बार ठाकुर दंपति ने आसान जीत दर्ज कर ली है मगर इस बार माहौल श्री ठाकुर के लिए कड़ी चुनौती होगा। आरहा है। मतदाताओं का फैसला चौंकाने वाला भी हो सकता है। कांटे की टक्कर में परिणाम को लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। चुनाव परिणाम  दोनों ही प्रत्याशियों के राजनैतिक भविष्य का भी फैसला तय करेगा। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र ठाकुर के रणनीतिकार कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी और भाजपा प्रत्यासी अरूण कौशिक के सारथी आशाराम नेताम की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है।

नगरपालिका कांकेर में 80.49 प्रतिशत, नगरपंचायत चारामा में 88.42 प्रतिशत, भानुप्रतापपुर में 78.32 अंतागढ में 81.18 और पखांजूर में 77.92  प्रतिशत मतदान हुआ।

 कुंवर बाई की शारीरिक अक्षमता वोट डालने में नहीं बनी बाधा

शरीर की अशक्तता मन की शक्ति को पराजित नहीं कर सकती है। आज यह जज्बा कांकेर शहर के के जवाहर वार्ड की वयोवृद्ध मतदाता श्रीमती कुंवर बाई ध्रुव ने। लकवा रोग से ग्रसित श्रीमती ध्रुव का शरीर काफी अशक्त और निष्क्रिय है, बावजूद इसके उन्होंने सुबह से ही व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान केंद्र पहुंचीं और पूरे जोश और उत्साह के साथ मतदान किया। श्रीमती कुंवर बाई ने यह सिद्ध कर दिया कि शारीरिक अक्षमता मताधिकार का प्रयोग करने के आड़े नहीं आती।

पहली बार वोट डाला आस्था और रानू ने

नगरीय निकाय आम निर्वाचन के तहत आज सुबह 08 बजे से मतदान प्रारंभ हो गया। इसी क्रम में कांकेर नगर के माहुरबंदपारा वार्ड स्थित आदर्श मतदान केन्द्र में पहली बार मतदान करनेआस्था नेताम और रानू गुप्ता पहुंची थी। मतदान करने के बाद उन्होंने पूरे उत्साह के साथ बताया कि वे फस्र्ट टाइम वोटर हैं । 

आस्था ने यह भी बताया कि वह शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय जगदलपुर में सिविल ब्रांच के साथ अध्ययनरत हैं इसी तरह 18 वर्षीय कु. रानू गुप्ता ने बताया कि वह भी पहली बार वोट करने यहां आई हैं और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम से प्रभावित होकर उन्होंने आज सुबह मतदान किया।

89 बरस की फूलबासन और 72 बरस की जयलाल ने किया मतदान

शहर के कन्या हाई स्कूल मांझापारा के मतदान केन्द्र में भंडारीपारा निवासी 89 वर्षीया फूलबासन बाई अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंची थी। उन्होंने बताया कि चाहे विधानसभा चुनाव हो, लोकसभा चुनाव हो या नगरीय निकाय, हर बार वह अपना वोट देती हैं। इसी तरह अघननगर वार्ड के शहीद रामकुंवर कन्या शाला मतदान केन्द्र में वोट देने पहुंचे 72 वर्षीय श्री जयलाल यादव को स्काउट गाईड्स के द्वारा व्हील चेयर पर बैठाकर मतदान कराया गया। इसके अलावा माहुरबंदपारा वार्ड मतदान केन्द्र में माधवसिंह ठाकुर अपनी पत्नी श्रीमती लेमन ठाकुर दम्पति ने बूथ  पहुंचकर एक साथ मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news