खैरागढ़ के गातापार थाना क्षेत्र के गुमानपुर की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 फरवरी। खैरागढ़ जिले के गातापार थाना क्षेत्र के गुमानपुर में चिकन सेंटर चलाने वाली एक महिला की जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी 8 फरवरी को सामने आई। ग्रामीणों ने खेत के किनारे महिला का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई है। हत्या के आरोपी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
गातापार थाना प्रभारी आलोक साहू का कहना है कि महिला की हत्या हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुढ़ीपार की रहने वाली 55 साल की पुनीता सिन्हा का गांव में चिकन सेंटर है। वह चिकन का कारोबार कर अपना परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। उसका पति लकवाग्रस्त है, इसके चलते दुकान का संचालन वही करती थी। वहीं बेटा गांव में ही मोबाइल दुकान चलाता है।
8 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे गुमानपुर के कुछ ग्रामीणों ने गांव के खेत किनारे पड़े पुनीता का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया कि पुनीता का शव खून से सना हुआ था।
आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से पुनीता पर वाकर उसकी हत्या की गई है। इसके बाद शव को खेत में फेंक दिया गया है।
पुलिस ने मृतिका के शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं गातापार पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस कुछ संदेहियों से पूछताछ कर रही है।