‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को राजधानी निगम में 15 वर्ष काबिज रही कांग्रेस के कार्यकाल पर आरोप पत्र जारी किया है। पिछले सप्ताह कांग्रेस ने जारी किया था। प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि यह कांग्रेस शासनकाल के भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और कुशासन का पत्र है।
कांग्रेस के 15 साल के शासन में नगर निगम रायपुर में भ्रष्टाचार और लूट के सारे कीर्तमान टूटे।तालाबों के सौंदर्यीकरण के नाम पर भी कांग्रेस के महापौरों ने जमकर लूट मचाई। करोड़ों रुपए में खरीदे गए फव्वारे चंद दिनों में ही बंद पड़ गए जिसमें बुढ़ा तालाब का 5 करोड़ रु. लागत का म्यूजिकल फाउंटेन भी शामिल है जो केवल एक सौ दिन ही चला तेलीबांधा से वीआईपी रोड तक का सौंदर्यीकरण बिना टेंडर के ही पूर्ण कर दिया गया था, जिसे जनता ने वॉल ऑफ करप्शन का नाम भी दिया।
27 करोड़ का यूनीपोल घोटाला किसी से छिपा नहीं है। नरैया तालाब के सौंदर्यीकरण में भी 27 लाख का फर्जी वेतन, 40 लाख का टेंडर घोटाला भी सामने आया। ?100 की चीजों को हजारों रुपए में खरीदा गया।वित्त आयोग से 10 इलेक्ट्रॉनिक बस की खरीदी के लिए 22 करोड रुपए आवंटित किए गए लेकिन राजधानी में एक भी बस नहीं दौड़ी। 2 साल से बंद पड़ी कंपनियों को बिना जांच और एनओसी के ठेके दिए गए, जिसमें जमकर भ्रष्टाचार हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि संप्रदाय विशेष को संरक्षण के कारण लगातार अपराध हो रहे, सभ्य नागरिकों का जीना मुहाल रहा। महापौर के रिश्तेदारों का आतंक न केवल आम निवासियों बल्कि पुलिस वालों तक पर चलता रहा।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रवक्ता अमित साहू, तौकीर रजा, पैनलिस्ट सुनील चौधरी, डॉ. किरण बघेल की मौजूदगी रही।
सरकार में होते विपक्ष के लिए आरोप पत्र हास्यास्पद- शुक्ला
इस आरोप पत्र पर कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह बीजेपी की बेशर्मी की पराकाष्ठा है।एक साल एक महीने जो गए बीजेपी की सरकार है राज्य में, केंद्र भी बीजेपी की सरकार है।सरकार में होते हुए विपक्ष के लिए आरोप पत्र लाना हास्यास्पद है।