दन्तेवाड़ा

म्युनिसिपल चुनाव: गीदम पालिका में भाइयों में जंग
07-Feb-2025 10:12 PM
म्युनिसिपल चुनाव: गीदम पालिका में भाइयों में जंग

दंतेवाड़ा,  7 फरवरी। दंतेवाड़ा की व्यावसायिक नगरी गीदम नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद हेतु मुकाबला रोमांचक हो गया है। इस पालिका में अध्यक्ष पद की दावेदारी दो भाइयों द्वारा की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष पद हेतु अधिकृत रूप से रजनीश सुराना को चुनावी दंगल में उतारा गया है। व्यापारिक पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले रजनीश द्वारा प्रचार अभियान तेज गति से चला जा रहा है। प्रचार अभियान की कमान पूर्व उपाध्यक्ष, जिला पंचायत मनीष सुराना द्वारा संभाली जा रही है, जो पूर्ववर्ती चुनावी और सियासी अनुभव को झोंक रहे हैं।

घोषणा पत्र में विकास का मुद्दा अहम भारतीय जनता पार्टी द्वारा नगरी चुनाव हेतु घोषणा पत्र जारी किया गया है जिसमें नगर में पार्क, जिम, सांस्कृतिक भवन और खेल मैदान को तवज्जो दी गई है। इसी कड़ी में जल स्रोतों के सौंदर्यीकरण और व्यापारिक वर्ग को भी प्राथमिकता के केंद्र में रखा गया है।

जिला अध्यक्ष भाजपा संतोष गुप्ता ने जानकारी में बताया कि भाजपा का मुख्य फोकस विकास पर रहेगा। जनता इसी मुद्दे पर प्रत्याशी को विजय का उपहार देगी।

कांग्रेस से रबीश सुराना

इस नगर पालिका से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा रबीश सुराना को अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर चुनावी दंगल में उतारा गया है। इससे पूर्व उनकी पत्नी साक्षी सुराना पालिका अध्यक्ष के तौर पर कार्य कर चुकी हैं।

इस दृष्टिकोण से उन्हें पालिका क्षेत्र में कार्य करने का व्यापक अनुभव प्राप्त है। कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा नगर पालिका क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के आधार पर वोट मांगे जा रहे हैं। इनमें सडक़, पुल - पुलिया और सामाजिक भवनों का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है। रोचक तथ्य यह है कि, दोनों ही दलों के उम्मीदवार एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। इस पालिका क्षेत्र में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news