विस अध्यक्ष व सांसद की अनुशंसा पर पूर्व सांसद के प्रयास से जारी हुआ स्वीकृति आदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 जनवरी। सीएम विष्णुदेव साय द्वारा मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत कैंसर एवं अन्य गंभीर जानलेवा बीमारी से जूझ रहे राजनांदगांव जिले के तीन मरीजो को कुल 25 लाख रुपए की राशि अस्पताल के खाते में भुगतान कर पीडि़त गरीब मरीजों के उपचार की व्यवस्था की गई है। इन तीनों मरीजों ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव से समक्ष भेंट करके अपनी व्यथा से अवगत कराते इलाज हेतु सरकारी मदद दिलाने की गुहार लगाई थी।
निजी अस्पताल में इलाज के दौरान होने वाले लमसम खर्च को वहन करने में असक्षम इन मरीजों के परिजनों से प्राप्त आवेदन पर त्वरित पत्राचार करते पूर्व सांसद मधुसूदन द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को अवगत कराया गया। इन मरीजों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाने एवं इलाज हेतु तत्परता से चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूर्ण करवाने में सांसद संतोष पाण्डे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं समाजसेवी राजेन्द्र जैन का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने भी इन गंभीर मरीजों के प्रकरण में अभिरूचि व्यक्त करते मुख्यमंत्री को मरीज के उपचार हेतु तत्काल राशि जारी करने हेतु अनुशंसा की। जिसके पश्चात सीएम के आदेश पर मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना अंतर्गत इन मरीजों के उपचार हेतु शासन द्वारा राशि जारी की गई है। यह राशि मरीजों को उपचार प्रदान करने वाले संबंधित चिकित्सालयों को, उनके पूर्व प्रदत्त प्राक्कलन के आधार पर कुल 25 लाख रुपए की सहायता राशि चिकित्सालय के बैंक खाते में जारी कर मरीजों को राहत प्रदान की गई है।
इलाज हेतु राज्य शासन से आर्थिक मदद स्वीकृत होने पर सभी मरीजों एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव एवं समाजसेवी राजेन्द्र जैन को धन्यवाद देते आभार जताया।
स्वीकृति आदेश की एक प्रति पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने अपने हॉथों से मरीज पूजा आनंद विश्वकर्मा एवं मरीज हीरूराम साहू को सौंपते मरीज और उनके परिजनों के जीवन में पुन: खुशियॉ बिखेर दी। मरीज पूजा विश्वकर्मा लेबर कॉलोनी राजनांदगांव को लिवर में संक्रमण के कारण लिवर ट्रांसप्लांट हेतु नारायणा हास्पिटल रायपुर में इलाज हेतु 18 लाख रुपए की राशि जारी की गई है। मरीज हीरूराम साहू निवासी ग्राम करमतरा डोंगरगांव को बालको मेडिकल सेंटर नया रायपुर में कैंसर के ईलाज हेतु दो लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी प्रकार एक अन्य मरीज प्रेम नारायण पाण्डे निवासी मिलचाल राजनांदगांव के ब्लड कैंसर के इलाज हेतु टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल मुम्बई को 5 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई है।