राजनांदगांव

भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल व सौरभ बनाए गए महामंत्री
12-Jan-2025 4:14 PM
भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल व सौरभ बनाए गए महामंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जनवरी।
भाजपा के जिला संगठन का चुनाव शनिवार को कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच भाजपा कार्यालय में संपन्न हुआ। इसमें सर्वसम्मति से कोमल सिंह राजपूत को जिलाध्यक्ष और जिला महामंत्री के रूप में सौरभ कोठारी का नाम सर्वसम्मति से चयनित किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को संगठन चुनाव प्रभारी संजय श्रीवास्तव जिला भाजपा अध्यक्ष का विधिवत चुनाव कराने पहुंचे थे। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश पटेल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां बताते लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मिले सहयोग का कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।  तत्पश्चात प्रदेश चुनाव पर प्रभारी खूबचंद पारख ने   बताया कि आज 4 माह के कार्यकाल में वह संगठन महापर्व के तहत  छत्तीसगढ़ में 60 लाख 70 हजार  सदस्य बनाए गए हैं, जो छत्तीसगढ़ की जनसंख्या का एक तिहाई है। उन्होंने कहा कि आने वाली चुनौतियों में सफल होने संगठन की मजबूती बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि  479 मंडल में 418 मंडल के चुनाव संपन्न हो चुके हैं तथा 36 जिलों में से 35 जिले के चुनाव संपन्न हो चुके हैं।

सांसद संतोष पांडे ने रमेश पटेल के कार्यकाल की प्रशंसा करते कहा कि उनके नेतृत्व में दो चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुए। सांसद पांडे ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक कार्यपद्धति अपने आप में विशिष्ट होती है। जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व होता है, लेकिन कार्यकर्ता अपने संगठन की सफलता के उद्देश्य को लेकर चलता है। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा राष्ट्र मंदिर की परिकल्पना के अंतर्गत 2047 में भाजपा संगठन को सबसे मजबूत बनाने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि नई ताजगी और नई टीम के साथ नए उत्साह के साथ कम से कदम बढ़ाकर हम सभी एक दिशा में चले तो देश ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा ।

बलिदान से भाजपा इस मुकाम पर पहुंची-संजय
चुनाव प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन पर्व के तहत हमारी चुनाव प्रक्रिया को संस्कारधानी में पूर्ण करने का उन्हें सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि संगठन के मुख्य आधार और पूंजी कार्यकर्ता होते हैं और संगठन चुनाव हमारी स्वस्थ परंपरा है। श्रीवास्तव ने कहा कि दायित्व चुनौती को स्वीकार करने की मानसिकता से लेना चाहिए, आत्म चिंतन के साथ-साथ जिन बूथों पर हम पहले हारे हैं, उन पर चिंतन करें कि उसे कैसे जीता जाए।

6 प्रदेश प्रतिनिधि बनाए गए
बैठक में चुनाव प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि जिला भाजपा अध्यक्ष के बाद अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव जल्द ही होंगे। जिसमें सभी जिलों में 6 प्रतिनिधियों की घोषणा की जानी है। इसके तहत राजनांदगांव में रमेश पटेल, मधुसूदन यादव , भरत वर्मा, अभिषेक सिंह, रामजी भारती, गीता साहू को आगामी प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए राजनांदगांव से प्रतिनिधि के रूप में चुना गया। 

आतिशबाजी कर निकाली रैली
कोमल सिंह राजपूत का नाम अध्यक्ष के रूप में घोषित किया गया। वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने एक स्वर में जय घोष के नारे लगाए। बैठक के पश्चात  कार्यकर्ताओं ने रैली के माध्यम से जुलूस निकाला और नए अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत के साथ महावीर चौक स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां से सभी कार्यकर्ता मानव मंदिर चौक पहुंचकर खुशी में पटाखे फोडे और मिठाई बांटी। बैठक में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह का भी स्वागत किया गया। 
बैठक का संचालन राजेंद्र गोलछा तथा आभार प्रदर्शन रविंद्र वैष्णव ने किया।
 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news