‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 11 जनवरी। राजिम कुंभ कल्प मेला 2025 के आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ शासन ने 5 अधिसूचना जारी करते हुए राजपत्र में प्रकाशित किया है। अधिसूचना में राजिम कुंभ कल्प मेला का 15 जनवरी से 15 मार्च 2025 तक मेला अवधि घोषित किया है। इसी तरह रायपुर कमिश्नर को मेला अधिकारी बनाया गया है। रायपुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को राजिम कुंभ कल्प मेला के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नियुक्त किया है। इसी प्रकार स्थानीय समिति का गठन करते हुए प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल को समिति का अध्यक्ष एवं प्रताप पारख उप संचालक को समिति का सदस्य नियुक्त किया है। स्थानीय समिति 8 अन्य अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।
वहीं मार्गदर्शक के रूप में केन्द्रीय समिति का गठन किया गया है। इस केन्द्रीय समिति में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय संरक्षक सह अध्यक्ष, डिप्टी सीएम अरूण साव सह संरक्षक बनाए गए है। इस केंद्रीय समिति में मंत्री, सांसद, विधायक समेत अधिकारियों और साधु-संतो विशिष्ट सदस्य एवं सदस्य बनाया गया है।
शासन द्वारा गठित केन्द्रीय समिति में प्रतिवर्ष स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाज सेवी, पत्रकारों को भी जोड़ा जाता था, लेकिन इस वर्ष गठित समिति में सिर्फ नेताओं और अधिकारियों को रखा गया है। स्थानीय लोगों को उपेक्षा से लोगों में आक्रोश है। बताया जा रहा है कि मेला आयोजन में सभी वर्गों को जोडक़र उनके मार्गदर्शन व सहयोग लिया जाता है। कांग्रेस सरकार एवं पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने भी केंद्रीय समिति में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाज सेवियों और बुद्धिजीवियों को जोडक़र समिति का गठन किया जाता था। केन्द्रीय समिति में जुड़े होने के कारण लोग भी अपने आप को गर्व महसूस करते हुए मेला में सहयोग करते थे, लेकिन इस बार सरकार ने स्थानीय लोगों को न जोडक़र स्थानीय लोगों को दरकिनार कर दिया है।