आतिशबाजी व ढोल-नगाड़े से स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 6 जनवरी। सूरजपुर भाजपा के मुरली मनोहर सोनी नए जिलाध्यक्ष घोषित किए गए। मुरली सोनी के भाजपा जिलाध्यक्ष घोषित होते ही मंचासीन अतिथियों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। भाजपा कार्यालय में जमकर आतिशबाजी व ढोल नगाड़े के साथ नए जिलाध्यक्ष का अभिनंदन स्वागत किया गया।
संगठन महापर्व के कार्यक्रम के तहत नए जिलाध्यक्ष के निर्वाचन प्रक्रिया जिला भाजपा कार्यालय अटल कुंज में जिला चुनाव अधिकारी चंपा देवी पावले, पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक भूलन सिंह पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, प्रदेश मंत्री परमेश्वरी राजवाड़े, वरिष्ठ भाजपा नेता भीमसेन अग्रवाल, पूर्व विधायक रजनी रविशंकर त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकृपाल साहू की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई।
भाजपा के नए जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी पेशे से अधिवक्ता हंै तथा भाजपा में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1992 में बूथ अध्यक्ष के रूप में की। श्री सोनी भाजपा मंडल सूरजपुर के महामंत्री व अध्यक्ष के दायित्वों का निर्वहन कर चुके हंै। सरल व सौम्य छवि के मुरली सोनी अविभाजित सरगुजा में सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व सूरजपुर जिले में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 2016 से लगातार सूरजपुर जिला भाजपा मे जिला महामंत्री का दायित्व निभा रहे थे। विधानसभा चुनाव 2023 मे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव संयोजक बनाए गए थे जहाँ भाजपा प्रत्याशी भूलन सिंह मरावी को बड़ी जीत मिली थी।
आखिरकार मुरली सोनी के नाम पर लगी मुहर
भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी के पास लंबा राजनीतिक अनुभव है । लेकिन श्री सोनी हमेशा शांत व लो-प्रोफाइल रहने वाले व्यक्ति माने जाते हैं। उनकी सहजता ही उनके चयन का मुख्य आधार बनी और आखिरकार मुरली सोनी के नाम पर संगठन ने अपना मुहर लगाया। मुरली सोनी को लंबे समय तक संगठन के विभिन्न पदों पर काम करने का अनुभव है। लगातार दो अलग-अलग जिलाध्यक्षों की टीम मे काम करने के बावजूद उन्हें कभी असहजता महशूस नहीं हुई।
संगठन की कठिन से कठिन चुनौतियों को सहजता से हल करने वाले मुरली भाजपा संगठन की पहली पसंद बनकर उभरे और सूरजपुर भाजपा की कमान उनके हाथों सौंपी गई।