बालोद

मूणत ने गिनाईं राज्य सरकार के एक साल की उपलब्धियां
14-Dec-2024 9:47 PM
मूणत ने गिनाईं राज्य सरकार के एक साल की उपलब्धियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बालोद, 14 दिसंबर। छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और रायपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक, राजेश मूणत ने शनिवार को प्रदेश में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक प्रेस कांफें्रस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हुए कार्यों और उपलब्धियों का ब्यौरा दिया।

राजेश मूणत ने कहा, 13 दिसंबर को हमारी सरकार का पहला साल पूरा हो गया है और इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कई नए आयाम स्थापित किए गए हैं। हमारी सरकार ने प्रदेश के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर काम किया है, खासकर उन लोगों के लिए जो सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से पिछड़े हुए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश में भ्रष्टाचार और पारदर्शिता का घोर अभाव था, जबकि भाजपा सरकार ने इन दोनों मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा,  हमने सुशासन स्थापित करने का जो वादा किया था, उसे निभाया और भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कदम उठाए हैं ।

 

मुख्य उपलब्धियां

1. किसानों के लिए रिकॉर्ड समर्थन मूल्य: सरकार ने किसानों से किए गए वादे के अनुसार 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान की रिकॉर्ड खरीदी की है और 3716 करोड़ रुपए का बकाया दान पुन भुगतान भी किया है।

2. महतारी वंदन योजना: इस योजना के तहत 70 लाख माता बहनों को लाभ मिल रहा है, जिसमें अब तक 6530 करोड़ रुपए वितरित किए जा चुके हैं। 

3. आवास योजना: 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण प्रारंभ किया गया, जिसमें सरकार ने बड़े पैमाने पर राशि जारी की है।

4. गरीबों के लिए राशन: सरकार ने प्रदेश के 68 लाख गरीब परिवारों को 5 साल तक मुफ्त राशन देने की योजना शुरू की है।

5. लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन: लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन को बहाल करने के साथ-साथ 5 वर्षों का एरियाज भुगतान भी किया गया है।

जनजाति समाज के लिए कदम

राजेश मूणत ने बताया कि प्रदेश में जनजाति समाज के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। जनजाति समाज के गौरव को बढ़ाने के लिए तेंदूपत्ता संग्रहण दर को 4000 से बढ़ाकर 5500 मानक पूरा किया गया। इसके अलावा, जनजाति क्षेत्र में सडक़, रेल और हवाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है। अंबिकापुर से हवाई सेवा की शुरुआत एक बड़ी उपलब्धि है।

पर्यटन के क्षेत्र में विकास

राजेश मूणत ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र में विकास की दिशा में किए गए प्रयासों को भी साझा किया। बस्तर में पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से राज्य में पर्यटन के नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। कानगिर घाटी के गांव धुड़मारस को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा दुनिया के चुनिंदा 20 पर्यटन गांवों में शामिल किया गया है।

नक्सलवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

राजेश मूणत ने नक्सलवाद के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में 213 नक्सलियों को मार गिराया गया और लगभग 1750 नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने या गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। हमने बस्तर के अंदरूनी गांवों तक लोकतंत्र और विकास की पहुँच बनाने के लिए योजनाएँ बनाई हैं, उन्होंने कहा।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना

राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थ स्थलों की यात्रा को बढ़ावा देने की बात भी की। इसके साथ ही राज्य में पांच शक्तिपीठों के विकास और श्री राम लाल दर्शन योजना की शुरुआत का भी उल्लेख किया, जो छत्तीसगढ़ को भगवान राम के इतिहास से जोडऩे के उद्देश्य से शुरू की गई है।

राजेश मूणत ने कहा कि सरकार का पहला वर्ष छत्तीसगढ़ के विकास और कल्याण के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ है। उनकी सरकार ने सभी वर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता दी है और आने वाले वर्षों में भी यही संकल्प लेकर काम करेगी।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news