सीएम साय ने मानसरोवर भवन का किया उद्घाटन, आवश्यकता के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को राजनांदगांव में नवनिर्मित ब्रह्माकुमारीज ज्ञान मानसरोवर भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री साय एवं विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने राजनांदगांव में नवनिर्मित ब्रह्माकुमारीज ज्ञान मानसरोवर भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथिद्वय ने केक भी काटा। मुख्यमंत्री साय ने राजनांदगांव की आवश्यकता के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव में भव्य ज्ञान मानसरोवर भवन का शुभारंभ किया गया है। निश्चित रूप से इस क्षेत्र के लोगों को हर दृष्टिकोण से आध्यात्म के क्षेत्र में लाभ होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज संस्था अपनी मेहनत से समाज को संस्कारी और सेवाभावी बनाने का कार्य कर रहे है। साय ने कहा कि वर्तमान में बहुत भाग-दौड़ वाला समय है, ऐसे में लोगों को तनाव होना भी स्वभाविक है, ये तनाव केवल परेशान ही नहीं करते, बल्कि शारीरिक, मानसिक रूप से भी मनुष्य को कमजोर करता है और हर क्षेत्र में मनुष्य कमजोर हो जाता है, इसलिए वह आत्मविश्वास के साथ कार्य करने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाता है। ऐसे समय में प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा राज मार्ग, राजयोग का ध्यान बताया गया है। जिससे निश्चित रूप से लाभ मिलता है। अब ध्यान को वैज्ञानिक भी मानने लगे हैं। नियमित रूप से ध्यान करने वाले व्यक्ति शांत और धीर गंभीर होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव दिया और विचार के महत्व को संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा स्वीकारा भी गया। पूरी दुनिया में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने श्री रामलला दर्शन योजना शुरू की है। जिससे प्रदेश के 20 हजार से अधिक श्रीराम भक्त पिछले एक वर्ष में श्री रामलला दर्शन योजना का लाभ ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 5 शक्तिपीठों को जोडक़र तीर्थ यात्रा की शुरूआत की जाएगी।
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज पूरी दुनिया में सेवा भाव से कार्य करती है। ब्रह्माकुमारीज निर्लिप्त भाव से सेवा का संकल्प लिया है। जिसके चलते विश्व के 145 देशों में 8000 से अधिक सेवा केन्द्र संचालित है। संयुक्त राष्ट्र संघ और यूनिसेफ जैसे वैश्विक संगठन के साथ मिलकर विश्व शांति के अभियान में ब्रह्माकुमारीज संस्था कार्य कर रहे हैं। इसके फलस्वरूप ब्रह्माकुमारीज संस्था को संयुक्त राष्ट्रसंघ द्वारा पांच बार शांतिदूत पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
डायरेक्टर ब्रह्माकुमारीज अम्बावाड़ी सब जोन अहमदाबाद राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी शारदा दीदी ने कहा कि यह संस्था व्यक्ति के गुण, चरित्र एवं संस्कारों को परिषकृत करती है। यहां आने वाले लोगों के मन में आध्यात्मिक का दीप प्रज्जवलित किया जाएगा। उनमें ज्ञान का प्रकाश प्रदान किया जाएगा। जिसके माध्यम से वे अपनी सभी समस्याओं का समाधान ढूढ पाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने एक बार कहा था कि उन्हें यदि 100 ब्रम्हचारी मिल जाएं, तो वे विश्व परिवर्तन कर सकते है। आज इस संस्थान में 12 लाख भाई-बहन ब्रम्हचर्य का पालन करते हैं।
क्षेत्रीय निदेशिका इन्दौर जोन राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी, संचालिका राजयोग सेवा केन्द्र भिलाई क्षेत्र राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी, संचालिका राजयोग सेवा केन्द्र उज्जैन क्षेत्र राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उषा दीदी, संतोष पाण्डेय, सचिन बघेल, प्रदीप गांधी उपस्थित थे।
सीएम-विस अध्यक्ष का स्वागत
मुख्यमंत्री साय एवं विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का पीटीएस मैदान हेलीपेड स्थल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सचिन बघेल, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, रमेश पटेल, दिनेश गांधी, नीलू शर्मा, संतोष अग्रवाल, आईजी दीपक झा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख देने की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने रविवार को गायत्री विद्यापीठ स्कूल राजनांदगांव में एकल अभियान अभ्युदय यूथ क्लब संभाग स्तरीय खेलकूद के समापन समारोह में शिरकत की। इस दौरान विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गायत्री विद्यापीठ स्कूल के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।