‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 दिसंबर। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कल अपने निवास पर देश का प्रकृति परीक्षण अभियान के तहत अपना परीक्षण कराया। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रवीण चंद्राकर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रजीत साहू और प्रकृति परीक्षण हेतु डा.सर्वेश दुबे उपस्थित थे। विधायक श्री सिन्हा ने अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया और इसे स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवम आयुर्वेद दिवस के अवसर पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता और गैर.संचारी रोगों की रोकथाम है। यह अभियान 26 नवंबर से 25 दिसंबर तक पूरे देश में संचालित हो रहा है।
आधुनिक जीवनशैली के कारण बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं जैसे तनाव,अनिद्रा, अवसाद और चिड़चिड़ापन को आयुर्वेद के माध्यम से कम किया जा सकता है। आयुर्वेद में बताए गए शारीरिक और मानसिक प्रकृति का परीक्षण करके इन समस्याओं का समाधान प्राप्त किया जा सकता है। यह अभियान नागरिकों को नि:शुल्क प्रकृति प्रमाण पत्र प्रदान करता है। जिसे सीधे उनके मोबाइल पर डाउनलोड किया जा सकता है। परीक्षण के बाद, नागरिकों को उनके लिए उपयुक्त आहार और जीवनशैली का चार्ट भी दिया जाता है। महासमुंद जिले में संचालित सभी आयुष संस्थाओं में यह परीक्षण नि:शुल्क उपलब्ध है।