महासमुन्द

कांग्रेस का धान खरीदी केंद्र चलो अभियान आज से
03-Dec-2024 3:22 PM
 कांग्रेस का धान खरीदी केंद्र चलो अभियान आज से

महासमुंद, 3 दिसंबर। प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीदी में अव्यवस्था तथा किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर आज 3 दिसंबर से पूरे प्रदेश में कांगेस द्वारा धान खरीदी केंद्र चलो अभियान शुरू किया जा रहा है। जिसके तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने जिलेवार प्रभारियों की नियुिक्त की है। श्री बैज ने महासमुंद जिले के लिए पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर, बसना के पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, सरायपाली विधायक चातुरी नंद तथा विनय जायसवाल को प्रभारी बनाया है। पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने बताया कि धान खरीदी शुरु होने के 15 दिन बाद भी पूरे प्रदेश में लगभग चार लाख किसान ही अपना धान बेच पाए हैं।

जबकि इस साल धान बेचने के लिए 27 लाख से ज्यादा किसान पंजीकृत हैं। इस स्थिति में 160 लाख टन का टारगेट सरकार इतने कम समय में पूरा करेगी, इस पर संशय है। इसके अलावा किसानों को धान बेचने के लिए समितियों में टोकन भी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पीसीसी के निर्देशानुसार ज्यादा से ज्यादा सोसाइटियों में जाकर वहां की स्थिति से प्रदेश कार्यालय को अवगत कराया जाएगा। श्री चंद्राकर ने बताया कि जिले के सभी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के सोसायटी में जाकर निरीक्षण करेंगे तथा वस्तुस्थिति से अवगत होकर समाधान के लिए प्रयास करेंगे। आज 3 दिसंबर को विनय जायसवाल के साथ सुबह 8 बजे बिरकोनी धान खरीदी केंद्र पहुंचकर निरीक्षण करेंगे तथा 9 बजे तुमगांव, 10 बजे पटेवा, 11 बजे झलप खरीदी केंद्र जाकर किसानों से रू-ब-रू होंगे।

इसके अलावा विधायक द्वारिकाधीश यादव के साथ पिथौरा क्षेत्र के सोनासिल्ली खरीदी केंद्र में 12 बजे, घोंच में 12.30 बजे तथा मुढ़ीपार खरीदी केंद्र में दोपहर 1 बजे निरीक्षण कर किसानों से मिलेंगे।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news