धमतरी

गौरी-गौरा विसर्जन के बीच विवाद, हत्या
03-Nov-2024 2:21 PM
गौरी-गौरा विसर्जन के बीच विवाद, हत्या

 2 दिन में 2 हत्या 

जनवरी से अब तक 13 हत्या  जिले में बीते 5 साल में 108 लोगों की हत्या हुई है। इनमें साल 2019 में 22, 2020 में 18, 2021 में  16, 2022 में 27, 2023 में 25, 2024 में जनवरी से अब तक 13 हत्या हो चुकी है।

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,  3 नवंबर। 
जिले में कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। पिछले 48 घंटे के भीतर दो लोगों की हत्या हो गई। शनिवार को पीड़ी नाला के पास नेशनल हाइवे पर 2 लोगों पर चाकू से तबाड़तोड़ जानलेवा हमला हो गया। बदमाशों के हमले में एक युवक की मौत हो गई,  जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। जिसे रायपुर रेफर कर दिया है। एक अन्य घटना मुजगहन में हुई है। 

बताया गया कि गौरा गौरी विसर्जन के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद बदमाशों ने 2 लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। वारदात वाली जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि बदमाश युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने की कोई कोशिश ही नहीं की। मृतक का नाम युवराज 18 वर्ष है, जबकि घायल नाबालिग है।  

स्थानीय लोगों को कहना है कि जिस शख्स की मौत हुई और जो घायल है दोनों सुभाष नगर वार्ड के रहने वाले हैं। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जिला अस्पताल में जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। 

पोस्टमार्टम के लिए शव जिला अस्पताल के चीरघर भेज दिया। डॉक्टरों ने देर-शाम ओपिनियन रिपोर्ट पुलिस को दिया, जिसमें हत्या की पुष्टि हो गई। इसके बाद पुलिस घटना की जांच शुरू की। टीआई सन्नी दुबे ने बताया कि डॉक्टर से मिली ओपिनियन रिपोर्ट के आधार पर पुलिस घटना की जांच शुरू की। ग्रामीणों से पूछताछ हुई। मृतक अमित पुरी गोस्वामी की मोबाइल कॉल डिटेल्स निकाली गई। इसके बाद संदेही दीपांशु उर्फ दीप साहू व विकास कुमार साहू दोनों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ हुई। तब दोनों युवकों ने हत्या को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस को बयान दिया कि मृतक अमितपुरी गोस्वामी आए दिन विवाद करता था, जिससे परेशान होकर उसकी योजना बनाकर हत्या की। लाश तालाब में फेंक दिया। तालाब से फिलहाल कपड़े बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी दीपांशु उर्फ दीप साहू (19) पिता चंद्रशेखर साहू व विकास कुमार (23) पिता चंद्रहास साहू मुजगहन निवासी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 238 बीएनएस व 3(5) के तहत मामला दर्ज कर रिमांड पर भेजा है। आरोपी दीपांशु कॉलेज का छात्र है। वहीं उसका पिता चंद्रशेखर साहू मुजगहन का सरपंच है। इधर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गांव में एक जनप्रतिनिधि की 2 नवंबर को पिटाई भी हो गई। इसकी शिकायत अर्जुनी थाने में हुई है। पुलिस जांच कर रही है।

पत्थर से सिर कुचलकर हत्या
31 अक्टूबर को अमित पुरी गोस्वामी घर से अकेला निकला था, जिसका शव आबादीपारा स्थित नया तालाब बाईपास किनारे 1 नवंबर को सुबह करीब 10.30 मिला। इसकी सूचना अर्जुनी पुलिस को दी गई। टीआई सन्नी दुबे समेत अन्य पुलिस अधिकारी, जवान मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव तालाब से बाहर निकाला। परिजनों के सामने पंचनामा की कार्रवाई की गई। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। प्रारंभिक जांच में ही पुलिस ने हत्या की संभावना जताई। 

कैसे पहुंच रहे हैं हथियार?
धमतरी में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं के बीच पुलिस की चिंता इस बात की भी है कि आखिर बड़े पैमाने पर चाकू या धारदार हथियार लोगों तक पहुंच कैसे रहे हैं। जानकारों के मुताबिक  ऑनलाइन डिलीवरी करने वालों की बैठक करके समझाइश दी जाए। उनके सामान की रोज मेटल डिटेक्टर से जांच की जाए। चाकू, खंजर, गुप्ती, तलवार जैसे धारदार हथियार होने के संकेत मिलेंगे। शंका होने पर ऑनलाइन खरीदारी करने वाले के घर जाकर सामानों को चेक किया जाए और जब्त करें।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news