मुंगेली

शराब के लिए रुपये उधार मांगने पर उपजे विवाद में जघन्य हत्या, 24 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार
17-Aug-2024 1:37 PM
शराब के लिए रुपये उधार मांगने पर उपजे विवाद में जघन्य हत्या, 24 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मुंगेली, 17 अगस्त।
सरगांव थाना क्षेत्र में एक पान ठेले के पास हुए इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दौलत पात्रे की हत्या कर दी गई। मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पेशे से ड्राइवर पिंटू पात्रे बिलासपुर से अपने गांव चिरौटी लौट रहा था। बारिश के कारण वह धरदेई चौक पर रुक गया और वहां दौलत पात्रे से मुलाकात हुई। दोनों गोलू के पान ठेले के पास बैठे थे। इसी दौरान, दौलत ने पास की ऑटो पार्ट्स दुकान के मालिक मनोज से शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। दुकान पर मौजूद प्रीतम, जिसने दौलत के साथ पुरानी दुश्मनी पाल रखी थी, ने उसे पैसे देने से इंकार कर दिया, जिससे विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ता गया, और प्रीतम ने अपने रिश्तेदार निक्कु उर्फ सूर्यकांत बरगाह, लिखेश बरगाह, और प्रवीण बरगाह को बुला लिया। सभी आरोपी लाठी, डंडा और कुदाली लेकर दौलत पर टूट पड़े। शाम 7:30 से 8:00 बजे के बीच, धरदेई चौक पर दौलत की हत्या कर दी गई और आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गिरिजा शंकर जायसवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। 6 विशेष टीमों ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की और इलेक्ट्रॉनिक साधनों एवं सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया। अंतत:, 24 घंटे के भीतर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रीतम (18 वर्ष), खिलेश बरगाह (28 वर्ष), प्रवीण बरगाह (21 वर्ष), और निक्कु उर्फ सूर्यकांत बरगाह (30 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी धरदेई गांव के निवासी हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि मृतक दौलत पात्रे और आरोपी निक्कु के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों और मृतक के बीच भी पुरानी रंजिश थी।

 

अन्य पोस्ट