बेमेतरा

बारिश से खड़ी फसलों को नुकसान, किसान नहीं बेच पा रहे धान
08-Dec-2023 2:55 PM
बारिश से खड़ी फसलों को नुकसान, किसान नहीं बेच पा रहे धान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 7 दिसंबर। जिले में बुधवार को भी बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित रहा। लगातार दूसरे दिन बारिश होने की वजह से शहर के रहवासी इलाके में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में गुरूवार को भी बारिश होने का अनुमान है। बारिश की वजह से किसान खेत में काम नहीं कर पा रहे और ना ही धान बेच पा रहे हैं।

बारिश के कारण स्कूलों में भी स्टूडेंट्स की संख्या भी कम होने लगी है। कार्यालयों में आचार संहिता हटने के बाद भी पहुंचने वाले आम नागरिकों की संख्या कम रही।

दो दिनों में 7 हजार किसान धान नहीं बेच पाए

127 धान खरीदी केन्द्रों में मंगलवार को 3950 किसान और शनिवार को 3604 किसानों को टोकन जारी किया गया था। दो दिनों के दौरान केवल 12 टोकन धान खरीदा गया। बचे 7492 किसानों से बारिश की वजह से धान खरीदी नहीं हो सकी। धान खरीदी केन्द्रों में बुधवार को हमाल खाली बैठेे रहे। वहीं काटाबाट को पूर्व की तरह ही बांध कर रखा गया। जिले में प्रभािवत किसानों को आगामी दिनों का टोकन समिति व एप से जारी किया जाएगा। बहरहाल आसमान पर छाए बादल और हो रही बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभवित हुई है।


अन्य पोस्ट